उज्ज्वल दुनिया /रांची । झारखंड विधानसभा मानसून सत्र के दूसरे दिन सत्र से पहले विपक्ष ने जम कर सदन के बाहर प्रदर्शन किया। मौके पर विपक्ष के नेताओं ने सहयकक पुलिसकर्मियों पर हुए लाठी चार्ज, लैंड म्युटेशन बिल को वापस लेने, विधि व्यवस्था को दुरुस्त करने, भूख से हुई मौत की न्यायिक जांच करने, चंदनकियारी इंजीनियरिंग कॉलेज को चंदनकियारी में ही बनाने, मधुपुर में पत्रकार हमले के आरोपी को निलंबित करने, जर्जर सड़क, नृसिंह मंदिर पर असामाजिक तत्व द्वारा किये पथराव के आरोपी की गिरफ्तारी आदि जैसे जन मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया।
मौके पर नेताओं ने कहा कि झारखंड में महागठबंधन की सरकार अपनी नाकामी को छिपाने का प्रयास कर रही है। जबकि यहां के युवा, महिला, दलित, किसान, गरीब आदि सरकार के रवैये से त्राहिमाम कर रहे है। नेताओं ने कहा कि हेमंत सरकार फेल है।
लैंड म्यूटेशन बिल और सहायक पुलिस कर्मियों पर लाठीचार्ज के विरोध में विपक्ष का प्रदर्शन
अमर बाउरी ने चंदनकियारी इंजीनियरिंग कॉलेज और भूखल घासी की मौत को लेकर दिया धरना
उज्ज्वल दुनिया /रांची । चंदनकियारी विधायक अमर कुमार बाउरी ने सोमवार को विधानसभा मानसून सत्र के दूसरे दिन सत्र शुरू होने से पहले चंदनकियारी के इंजीनियरिंग कॉलेज को वापस करने और दलित परिवार भूखल घासी के परिजनों को मुआवजा और सुरक्षा देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
मौके पर उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार लाठी और गोली के बल पर यहां की जनता, दलित, गरीब के अधिकारों को छीनने का प्रयास कर रही है। वहीं उन्होंने कहा कि चंदनकियारी अनुसूचित जाति आरक्षित क्षेत्र है। ऐसे में पिछली सरकार ने वहां के युवाओं को उच्च शिक्षा और आर्थिक रूप से समृद्ध करने के लिए चंदनकियारी में एक इंजीनियरिंग कॉलेज की स्वीकृति प्रदान की थी। बावजूद इसके हेमंत सरकार ने चंदनकियारी से इंजीनियरिंग कॉलेज को रद्द कर कहीं और स्थापित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने सरकार से मांग किया कि चंदनकियारी में बनने वाले इंजीनियरिंग कॉलेज को चंदनकियारी में ही स्थापित किया जाए।
वहीं उन्होंने भूख से हुई भूखल घासी की मौत को लेकर सरकार से मांग किया कि पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये की सहायता राशि, एक आश्रित को सरकारी नौकरी, पीड़ित परिवार को सुरक्षा और वहां बसे अन्य घासी परिवार के लिए नौकरी और अन्य योजनाओं का लाभ दिया जाए।
किसानों के लिए काला कानून, कांग्रेस करेगी विरोध
उज्ज्वल दुनिया /रांची । झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं खाद्य आपूर्ति सह वित्त मंत्री डा रामेश्वर उरांव ने कृषि उत्पाद व्यापार एवं वाणिज्य विधेयक, कृषि आश्वासन समझौता और कृषि सेवा पर करार विधेयक कानून का व्यापक विरोध करने का फैसला किया है। डा उराँव ने कहा यह बिल हिंदुस्तान के इतिहास में काली स्याही से लिखा जाएगा ।किसानों और राज्यों के खिलाफ इस कानून का कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे राज्य में व्यापक विरोध करेंगे।
गलत तरीके से पास करवाया गया
रामेश्वर उरावं ने कहा कि लोकसभा और राज्यसभा से भारी विरोध के बावजूद गलत तरीके से पास हुए इस बिल को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारियों की एक बैठक आज दिनांक 21 सितंबर को कांग्रेस भवन में आहूत की गई ।बैठक में कहा गया है कि इस बिल को लेकर पूरे देश के किसानों को डर है कि न्यूनतम समर्थन मूल्य आधारित खरीद प्रणाली का अंत होगा और निजी कंपनियों द्वारा शोषण बढेगा । प्रदेश कांग्रेस ने कहा है कि मानसून सत्र के बाद राज्यव्यापी कार्यक्रमों की रणनीति तय की जाएगी, लेकिन इतना तो तय है की किसानों के अहित कर इस बिल का उसी प्रकार विरोध होगा जिस तरह भूमि अधिग्रहण कानून के साथ केंद्र की सरकार ने छेड़छाड़ करने की कोशिश की थी ।
पूंजीपतियों के लिए लाया गया है किसान बिल- आलोक दूबे
बैठक में अपने विचार रखते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा भारतीय खाद्य एवं कृषि व्यवसाय पर हावी होने की इच्छा रखने वाले बड़े उद्योगपतियों के अनुरूप इस कानून को बनाया गया है जो किसानों की मोलतोल करने की शक्ति को कमजोर करेगा।इसके अलावा बड़ी निजी कंपनियों, निर्यातकों, थोक विक्रेताओं और प्रोसेसर को इससे कृषि क्षेत्र में बढ़ सकती है।किसानों के विरुद्ध विधेयक से नाराज इनके कैबिनेट के मंत्री शिरोमणि अकाली दल की नेता और केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने इस्तीफा तक दे दिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक दूबे ने कहा कि यह काला कानून संविधान के स्प्रिट पर प्रहार किया गया है क्योंकि जो स्टेट सब्जेक्ट था ट्रेडिंग के नाम पर सेंट्रल गवर्नमेंट ने कानून पास करने की कोशिश की है ।
प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा पहले भी केन्द्र सरकार एक्वीजिशन एक्ट लाए थे,काफी हंगामा हुआ,किसान भी काफी नाराज थे,विरोध को देखते हुए कानून वापस लेना पड़ा।केन्द्र की सरकार कोरपोरेट सेक्टर को जमीन देने की कोशिश में जब विफल हुई तो फिर से कृषि संशोधन विधेयक के माध्यम से केन्द्र सरकार पूंजीपति मित्रों को लाभ पहुंचाना चाहती है जिसका व्यापक विरोध होगा। किशोर शाहदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर भी भारत का कोई किसान शामिल नहीं था, बड़ा उद्योगपति जो कृषि क्षेत्र में घुसकर अपना मुनाफा कमाना चाहते हैं उनके लिए कल का दिन जश्न का दिन था लेकिन देश का किसान कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में काले कानून का व्यापक विरोध करेगी
कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डा राजेश गुप्ता छोटू ने भारत के प्रधानमंत्री से पूछा है कि न्यूनतम समर्थन मूल्य कहां से देंगे और कैसे देंगे क्योंकि मंडियां तो खत्म हो जाएंगी ,मंडियों में जब किसान की उपज आएगी ही नहीं तो क्या फ़ूड कारपोरेशन ऑफ़ इंडिया 62 करोड़ किसानों के खेत में जाएगी एमएसपी देने के लिए। राजेश गुप्ता ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री किसान विरोधी हैं, खेत मजदूर विरोधी हैं खेत खलिहान पर आक्रमण कर रहे हैं, खेती पर अतिक्रमण कर रहे हैं ।एक तरफ करोना महामारी से देश परेशान है दूसरी तरफ किसानों पर हमला देश कभी माफ नहीं कर सकता प्रधानमंत्री के इस षड्यंत्र का कांग्रेस पार्टी चरणबद्ध तरीके से आंदोलन कर विरोध करेगी।
सांसद मिमी चक्रवर्ती को आपत्तिजनक इशारे करने वाला कैबी गिरफ्तार
कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस की सांसद मिमी चक्रवर्ती पर कथित रूप से अभद्र टिप्पणी और आपत्तिजनक इशारे करने पर एक टैक्सी ड्राइवर को गिरफ्तार किया गया है। अभिनेत्री से राजनेता बनीं मिमी चक्रवर्ती अपनी कार में सोमवार की रात घर वापस आ रही थीं, जब यह घटना गरियाहाट-बल्लीगंज फेरी इलाके के पास हुई। अभिनेत्री मिमी जिम से अपने दक्षिणी कोलकाता स्थित निवास की ओर जा रही थीं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एक टैक्सी ने जादवपुर के सांसद की कार को ओवरटेक किया और अभिनेत्री पर कुछ भद्दी टिप्पणियां कीं। उसने तुरंत कैबी को बीच रास्ते में रोक दिया और पुलिस को सूचित किया।
मिमी चक्रवर्ती ने ड्राइवर के खिलाफ गरियाहाट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। ड्राइवर की पहचान लक्षमण यादव के रूप में की गई है, जिसको गिरफ्तार कर लिया गया है।
मधुर भंडारकर ने की सीएम योगी से फिल्म सिटी पर चर्चा
लखनऊ । फिल्मकार मधुर भंडारकर ने रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान दोनों ने गौतमबुद्ध नगर जिले में देश के ‘सबसे बड़े और सबसे खूबसूरत फिल्म सिटी’ के बनाए जाने को लेकर मुख्यमंत्री की घोषणा पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने फिल्म निर्माता को भेंट स्वरूप एक सिक्का दिया, जिसमें भगवान राम की तस्वीर उकेरी गई थी और इसके साथ ही रामचरितमानसकी एक प्रति, तुलसी के बीजों की एक माला व एक भव्य कुंभ कॉफी टेबल भी दी, जिसे पिछले साल प्रयागराज में आयोजित किया गया था।
सरकार की तरफ से एक प्रवक्ता के मुताबिक, भंडारकर ने मुख्यमंत्री को फिल्म सिटी की योजना के लिए बधाई दी और फिल्म बिरादरी से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
आदित्यनाथ ने एनसीआर में फिल्म सिटी की परियोजना के लिए अधिकारियों को उपयुक्त जमीन ढूंढने को कहा है।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जारी एक बयान में कहा गया, “सीएम ने गौतमबुद्धनगर जिले में देश की सबसे बड़ी और सबसे खूबसूरत फिल्म सिटी स्थापित करने की घोषणा की है। उन्होंने अधिकारियों को नोएडा, ग्रेटर नोएडा या यमुना एक्सप्रेसवे में या उसके आसपास एक उपयुक्त जमीन ढूंढने और इस पर काम शुरू करने के निर्देश दिए है।”
साजिश के तहत बढ़ रहे लव जिहाद के मामले
लखनऊ । उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री मोहसिन रजा ने प्रदेश में बढ़ते लव जिहाद के मामलों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में साजिश के तहत लव जिहाद के मामले बढ़ रहे हैं। कोरोना वायरस के संक्रमण से राहत पाने के बाद मंत्री रजा ने शनिवार को बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह तो तय है कि प्रदेश में साजिश के तहत लव जिहाद फैलाया जा रहा है। प्रदेश के कुछ दल भी तुष्टिकरण की राजनीति करने के लिए इसको बढ़ावा दे रहे हैं। मासूम लड़कियों को गुमराह किया जा रहा है। विवाह के बाद उनका धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि अब धर्म परिवर्तन करवाकर शादी करने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी। मोहसिन ने कहा कि प्रदेश में एक साजिश के तहत भोली-भाली लड़कियों को शिकार बनाया जा रहा है। बीते कुछ दिनों में लव जिहाद की घटनाएं बढ़ी हैं। इसमें अधिकांश हिंदू लड़कियों को मोहरा बनाया जा रहा है।
चौका में युवक पर अपराधियों ने की फायरिंग, टीएमएच में हुई मौत
सरायकेला-खरसावां जिला के चौका थाना अंतर्गत खूंटी गांव के समीप रविवार देर शाम को अज्ञात अपराधियों ने राजू महतो नामक युवक पर जानलेवा हमला किया है। वैसे गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन में टाटा मुख्य अस्पताल लाया गया। जहां उसकी उसकी मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने युवक पर 6,7 फायरिंग की जिमसें से 4 गोलियां उसके शरीर मे लगी। घटना के संबंध में युवक के पिता ने बताया कि घर के पास सड़क पर उनका बेटा बैठा हुआ था, इसी बीच अपराधियों ने उसे गोली मार दी। युवक के पिता ने अपने बेटे की किसी के साथ दुश्मनी से इनकार किया है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही चौका थाना की पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है। मृतक युवक चौका थाना क्षेत्र के खूंटी पहाड़धार का बताया जा रहा है।
भारतीय सेना ने 6 नई चोटियों पर किया कब्जा
पिछले 20 दिन में भारतीय सेना को मिली सफलता, हावी होने को चोटियों पर चीन कब्जा करना चाहता था, चोटियों पर कब्जे के बाद भारत को चीन पर मिली बढ़त
उज्ज्वल दुनिया/नई दिल्ली । पूर्वी लद्दाख में चीन सीमा पर भारतीय सेना ने पिछले 20 दिनों में बड़ी कामयाबी हासिल की है. भारतीय सेना ने पिछले 20 दिनों में पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के मंसूबों पर पानी फेरते हुए चीन की सीमा पर छह नई पहाड़ियों पर कब्जा कर लिया है. चीनी सेना भारतीय सेना पर हावी होने के वास्ते इन पहाड़ियों पर कब्जा करना चाहती थी.
सरकार के उच्च सूत्रों ने बताया, ‘हमारे जवानों ने छह नई बड़ी पहाड़ियों पर कब्जा कर लिया है जिसमें मागर हिल, गुरुंग हिल, रेजांग ला राचाना ला, मोखपारी और फिंगर 4 रिज लाइन पर सबसे बड़ी चोटियां शामिल हैं.’
भारत को मिली चीन पर बढ़त
सूत्रों ने बताया कि ये पहाड़ियां दक्षिण से उत्तरी किनारे तक फैली हुई हैं. इस कामयाबी ने जारी संघर्ष के बीच भारत को विशिष्ट क्षेत्रों में चीन पर बढ़त दिला दी है.
सूत्रों ने बताया कि भारतीय और चीनी सेना के बीच लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल के साथ ऊंचाइयों पर कब्जा करने के लिए संघर्ष 29 अगस्त के बाद शुरू हुआ, जब चीनी ने पैंगोंग झील के दक्षिणी तट के पास थाकुंग क्षेत्र के दक्षिण में ऊंचाइयों पर कब्जा करने की कोशिश की.
चीन के मंसूबे नाकाम
सूत्रों के मुताबिक उस दौरान चीनी सेना की पहाड़ियों पर कब्जा करने की कोशिशों को नाकाम करने के लिए पैंगोंग के उत्तरी तट से लेकर झील के दक्षिणी किनारे तक कम से कम तीन मौकों पर हवाई फायरिंग करनी पड़ी थीं.
सैमफोर्ड हॉस्पिटल पर किडनी चोरी का आरोप, हंगामा
उज्ज्वल दुनिया/ रांची के सैमफोर्ड हॉस्पिटल में मरीज की मौत के बाद किडनी निकाल लेने का एक मामला प्रकाश में आया है। बताया गया है कि मरीज ब्रेन हैमरेज का मरीज था। उसकी मौत के बाद परिजनों ने मृत मरीज के पेट में चीरा देखा। पेट में चीरा देखने के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के ऊपर किडनी निकाल लेने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। बॉडी को रिम्स ले जाया गया है। जांच जारी है। रिम्स में शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। मरीज के परिजन रिम्स के बाहर मौजूद हैं।
रुल बुक फाड़ी, धक्का
उज्ज्वल दुनिया/नई दिल्ली । राज्यसभा में सरकार के पास बिल पास कराने के लिए बहुमत का आंकड़ा कहां से आएगा, कौन कौन दल पक्ष में वोट डालेंगे और कौन वॉकआउट कर बिल पास करने का रास्ता साफ करेंगे? इन सब चर्चाओं के बीच सरकार ने राज्यसभा में दो कृषि बिल ध्वनिमत से पास करवा लिए। विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। जानकारों के मुताबिक राज्य सभा में इस तरह का हंगामा इससे पहले महिला आरक्षण बिल को लेकर हुआ था।
रूल बुक फाड़ी, माइक तोड़ा, धक्का- मुक्की
बिल पर चर्चा के बाद उस वक्त विपक्ष ने हंगामा शुरू किया जब उपसभापति हरिवंश ने दोनों बिलों को सिलेक्ट कमिटी में भेजे जाने के प्रस्ताव पर मतविभाजन की मांग पर गौर नहीं किया। इससे पहले नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद ने मांग की कि दोनों बिलों पर हुई चर्चा का जवाब सोमवार के लिए स्थगित कर दिया जाए क्योंकि रविवार को बैठक का निर्धारित समय खत्म हो गया था। विपक्ष मत विभाजन चाहता था लेकिन बिल ध्वनिमत से पास कराया जाने लगा तो टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन सहित टीएमसी और कांग्रेस सदस्य वेल पर आ गए। डेरेक डिप्टी उपसभापति के आसन के एकदम पास आकर उन्हें रूल बुक दिखाने लगे तो किसी ने पीछे से रूल बुक आसन पर फेंकी भी।
माइक खींच कर फेंकते दिखे डेरेक-ओ-ब्रायन
मार्शल ने डेरेक को रोकने की कोशिश की। टीएमसी सांसद माइक खींचते भी दिखे। इसी बीच माइक टूट भी गया और राज्यसभा में कागज (बिल की कॉपी) के टुकड़े उड़ते दिखे। राज्यसभा टीवी की आवाज बंद हो गई और बाद में विपक्षी सांसदों ने आरोप लगाया कि देश उनकी बात न सुन सके इसलिए आवाज बंद की गई। विपक्षी सांसदों और मार्शल्स के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। हंगामे के बाद कुछ देर सदन की कार्यवाही स्थगित की गई लेकिन कार्यवाही शुरू होने पर फिर विपक्ष की नारेबाजी जारी रही। इसी नारेबाजी के बीच ही दोनों बिल ध्वनिमत से पास कराए गए।
तार-तार हुई संसदीय मर्यादा
विपक्षी दल चाहते थे कि मतविभाजन के जरिए यह साफ हो कि कौन इस बिल के पक्ष में है और कौन विरोध में। बिल के पक्ष में जाने वालों को वह किसान विरोधी बता रहे थे। लेकिन सरकार ने ध्वनिमत से बिल पास कराकर विपक्ष की इस रणनीति को चित्त कर दिया। बिल पास होने के साथ बीजेपी के चुनावी घोषणापत्र का एक और वादा पूरा हुआ।
किसानो को बिचौलियों से आजादी- नड्डा
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने किसानों को पिछले 70 सालों के अन्याय से आजादी दिलाई है। हमारी विपक्षी पार्टियां किसान विरोधी हैं जिन्होंने किसानों को मिली नई आजादी को रोकने की कोशिश की। नड्डा ने कहा कि राज्यसभा में जो कुछ हुआ उसकी मैं निंदा करता हूं। इस घटना ने साबित कर दिया है कि जो सभ्य आचरण एक सांसद का होना चाहिए और जो पार्टियां बार बार सभ्यता की बात करती हैं, उन्होंने सभ्यता को ताक पर रखकर जो किया वह दुर्भाग्यपूर्ण है।
लालटेन में न तो तेज है और न ही प्रताप
एक लोटा जल से ही होगा राजद का राजनैतिक तर्पण : संबित पात्रा
उज्ज्वल दुनिया/पटना । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीयप्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा ने कहा कि पूर्व मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह को दलीय सीमा से ऊपर देखा जाता है। उनका अंतिम पत्र वेदना से भरा था, लेकिन उनके बारे में यह कहना कि एक लोटा पानी निकल जाने से कोई फर्क नहीं पड़ता, बड़ा ही दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने राजद के प्रतापी नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि इस चुनाव में इसी एक लोटा पानी से उनका राजनैतिक तर्पण होगा। डॉ. पात्रा शुक्रवार को यहां प्रदेश भाजपा के कैलाशपति मीडिया सेंटर में मीडिया से बात कर रहे थे।
बिहार विधानसभा चुनाव विकास बनाम जेल की लड़ाई
भाजपा के के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संबितपात्रा ने करोड़ो के चारा घोटाले के चार मामलों में सजायाफ्ता लालू प्रसाद यादव का नाम लिये बगैर कहा कि बिहार विधानसभा का चुनाव विकास बनाम जेल की लड़ाई है।। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकास पुरुष हैं तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विकास बाबू। दोनों का एजेंडा बिहार का विकास है, लेकिन एक ऐसे भी हैं जिन्हें कानून ने जेल में डाल दिया है। उनके लालटेन में न तो तेज है और न ही प्रताप। उन्होंने कहा कि संपत्तियों को लेकर राज कुमार और राजकुमारियों में लड़ाई चल रही है। दिल्ली में भाई-बहन के बीच है तो बिहार में भाई-भाई के बीच। ऐसे लोग क्या विकास की बात कहेंगे।
किसान बिल पास होना देश के संसदीय इतिहास का काला दिन
उज्ज्वल दुनिया/रांची । झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह राज्य के वित्त तथा खाद्य आपूर्ति डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा है कि राज्यसभा में किसान संबंधी विधेयक को जिस तरह से पारित कराया गया है, असंवैधानिक तथा किसानों के खिलाफ है और इससे आज के दिन को देश के इतिहास में ‘काला दिन’ के रूप में याद किया जाएगा। इन विधेयकों के माध्यम से भाजपा नेता अपने करीबी पूंजीपति मित्रों के लिए खेती को कॉरपोरेट क्षेत्र के रूप में तब्दील कर देना चाहते है।
डॉ. उरांव ने कहा कि कृषि संबंधी महत्वपूर्ण विधेयक को राज्यसभा में जिस तरह से पारित कराया गया है वह लोकतंत्र की हत्या है। उन्होंने कहा कि यह कानून पूरी तरह से किसानों के खिलाफ है और इससे उन्हें भारी नुकसान होगा। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कोरोना संक्रमण काल में इस विधेयक को जल्दबाजी में लाना एक बड़ी साजिश को दर्शाता है।
राज्यों से सहमति नहीं ली गई
डॉ. उरांव ने कहा कि कृषि का मसला राज्य से भी जुड़ा विषय है और इस मसले पर कोई भी फैसला लेने के पहले केंद्र सरकार को राज्यों से भी सहमति लेनी चाहिए थी, लेकिन जिस तरह से कें्रद्र सरकार द्वारा बार-बार देश के संघीय ढांचे पर प्रहार किया जा रहा है, वह दुःखद है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर ठीक उसी तरह से देशव्यापी विरोध करेगी, जिस तरह से भूमि अधिग्रहण कानून 2013 में छेड़छाड़ का विरोध किया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि भूमि अधिग्रहण कानून में बदलाव करने से असफल हो जाने के कारण ही भाजपा नेतृत्व वाली सरकार ने अपने पूंजीपति मित्रों के लिए दूसरे रास्ते से किसानों की जमीन लेने की रणनीति बनायी है, लेकिन यह कोशिश भी नाकाम साबित होगी।
पुलिस गेस्ट हाउस में नाबालिग के साथ बलात्कार पर राज्यपाल गंभीर, प्रभारी डीजीपी को किया तलब
उज्ज्वल दुनिया/रांची । राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने राज्य के कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक एम.वी. राव को राज भवन बुलाकर विगत माह लोअर बाजार, रांची के थानांतर्गत पुलिस लाइन के समीप पुलिस गेस्ट हाउस में एक नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि यह हमारे समाज को बेहद शर्मसार करनेवाली घटना है।
दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ हो सख्त कार्रवाई
इस घटना से उन्हें अत्यन्त पीड़ा हुई है। पुलिस गेस्ट हाउस में पुलिस कर्मियों द्वारा इस प्रकार के कृत्य किये जाने से समाज को अच्छा संदेश नहीं जाता है। पुलिस प्रशासन को शासन की छवि माना जाता है। उन्हें समाज का रक्षक माना जाता है। ऐसे में पुलिसकर्मी ही इस प्रकार के कार्य करेंगे तो कुछ गलत पुलिस कर्मियों के कारण लोगों का पुलिस औऱ शासन पर से विश्वास को ठेस पहुँच सकता है।
सहायक पुलिस कर्मियों पर लाठीचार्ज को बताया गलत
राज्यपाल ने उक्त प्रकरण में संलिप्त सभी अपराधियों को त्वरित गति से पकड़ते हुए उन पर कार्रवाई का निदेश दिया। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटना न घटित हो, इसके प्रयास हों। राज्यपाल महोदया ने उक्त अवसर पर कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक से विगत दिनों सहायक पुलिसकर्मियों पर किये गये लाठीचार्ज की निंदा करते हुए कहा कि आपलोग उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए बेहतर तरीके से संवाद स्थापित करें।
जमीन विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की हत्या के लिए दी सुपारी
उज्ज्वल दुनिया /गढ़वा । पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई की जमीन विवाद संबंधित मामले में एक पक्ष के द्वारा दूसरे पक्षों को जान से मारने हेतु सुपारी दी गई है। सूचना के आलोक में मेराल थाना द्वारा तत्परता से उक्त सुपारी किलर/अपराधी गुड्डू अंसारी, पिता- सुलेमान अंसारी, ग्राम- पेंदली, थाना- मेराल, जिला- गढ़वा को गिरफ्तार किया गया एवं उसके पास से 315 का दो पिस्तौल,5 गोली, 9400 रुपया नगद तथा एक बैग बरामद किया गया। पूर्व में यह अपराधी नक्सल/बस डकैती/आर्म्स एक्ट/अपहरण जैसे गंभीर कांडों में भी जेल जा चुका है।
किसानों केलिये स्वतंत्र भारत का सबसे हितकारी विधेयक
उज्ज्वल दुनिया /रांची । लोकसभा और राज्यसभ में ऐतिहासिक कृषि सुधार विधेयकों का पारित किये जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री प्रदीप वर्मा ने कहा कि यह विधेयक देश के किसानों और कृषि क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण है।
कृषि उपज व्यापार एवं वाणिज्य विधेयक और कृषि कीमत आश्वासन और कृषि सेवा कर करार विधेयक सही मायने में किसानों को बिचौलियों और तमाम अवरोधों से मुक्त करेगा। इस कृषि सुधार से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए नए-नए अवसर मिलेंगे, जिससे उनका मुनाफा बढ़ेगा। इससे हमारे कृषि क्षेत्र को जहां आधुनिक टेक्नोलॉजी का लाभ मिलेगा, वहीं अन्नदाता सशक्त होंगे।
किसानों को भ्रमित करने में बहुत सारी शक्तियां लगी हुई हैं। मैं अपने किसान भाइयों और बहनों को आश्वस्त करता हूं कि एमएसपी और सरकारी खरीद की व्यवस्था बनी रहेगी। ये विधेयक वास्तव में किसानों को कई और विकल्प प्रदान कर उन्हें सही मायने में सशक्त करने वाले हैं। स्वामी नाथन कमेटी की सिफारिशों को आधार बनाकर यह विधेयक लाया गया है।
उन्होंने देश के अन्नदाताओं के हित में उठाये गए कदम की सराहना करते हुए कहा कि इन महत्वपूर्ण कृषि विधेयकों के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक ट्रेडिंग और ट्रांजैक्शन प्लेटफार्म का मार्ग प्रशस्त होगा, जो एक व्यापार क्षेत्र में राज्य के अंदर या दूसरे राज्यों के साथ व्यापार में किसानों के लिए पारदर्शी व्यवस्था स्थापित करने में सहायक होगा। किसान बेहतर मूल्य पर अपने कृषि उत्पाद को अपनी पसंद के स्थान पर बेच सकता है। जिससे संभावित खरीदारों की संख्या में बढ़ोतरी होगी।
प्रेसवार्ता में प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू एवम प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक उपस्थित थे।

