Friday 26th of June 2026 09:55:56 PM
Home Blog Page 435

बेंगलुरु : पुलिस फायरिंग में तीन लोगों की मौत, दो क्षेत्रों में लगा कर्फ्यू

0

हिंसा फैलाने में एसडीपीआई के नेता मुजम्मिल पाशा गिरफ्तार-

भड़काऊ पोस्ट करने वाले विधायक के भतीजे को भी पुलिस ने पकड़ा

बेंगलुरु । मंगलवार देर रात तक केजी हल्ली तथा डीजी हल्ली क्षेत्र में हुए बवाल में पुलिस फायरिंग में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि इस दौरान करीब 60 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने इस हिंसा के मामले में एसडीपीआई के नेता मुज़म्मिल पाशा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने भड़काऊ पोस्ट करने वाले आरोपित विधायक के भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि सरकार भड़काने की कार्रवाई और अफवाहों को बर्दाश्त नहीं करेगी। घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। बेंगलुरु शहर पुलिस आयुक्त कमल पंत ने बताया कि घटना को देखते हुए केजी हल्ली और डीजी हल्ली क्षेत्रों में कर्फ्यू तथा शहर में धारा 144 लागू कर दी है। करीब 110 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रभावित क्षेत्रों में आरएएफ, सीआरपीएफ तथा सीआईएसएफ को लगाया गया है। पूरे क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है।

कांग्रेस विधायक अखण्ड श्रीनिवासमूर्ति के भतीजे नवीन ने सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक पोस्ट डाली थी जिसके चलते यह बवाल शुरू हुए। गुस्साए उपद्रवियों ने 4 घंटे तक आगजनी, तोड़फोड़, हंगामा मचाया। विधायक के घर से पुलिस स्टेशन तक उपद्रवियों ने जमकर बवाल काटा।.बेंगलुरु के जीडे हल्ली इलाके में उपद्रवियों ने कांग्रेस विधायक श्रीनिवास मूर्ति के घर को निशाना बनाया जिसके बाद हिंसा भड़की। सैकड़ों की संख्या में लोगों ने पुलिस स्टेशन पर हमला किया। हमले में एडिश्नल पुलिस कमिश्नर समेत 60 पुलिस वालों को चोटें आई। बवाल रोकने के लिए की गई पुलिस फायरिंग में 3 उपद्रवियों की मौत हो गई। पुलिस ने भड़काऊ पोस्ट करने वाले विधायक के भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है। हिंसा फैलाने के आरोप में अब तक 110 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने हिंसा फैलाने के आरोप में एसडीपीआई नेता मुजम्मिल पाशा गिरफ्तार को भी गिरफ्तार कर लिया है।

पुलवामा में आतंकियों से मुठभेड़ में शहीद हुआ जौनपुर का लाल

0

तीन माह पूर्व ही एक बच्चे का पिता बना था अपने मां-बाप का इकलौता जिलाजीत यादव

जौनपुर । जम्मू-कश्मीर में पुलवामा जिले के कमराज़ीपोरा इलाके में बुधवार सुबह आतंकियों से हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया है, जबकि इस दौरान एक जवान शहीद हो गया। आतंकियों से मुठभेड़ में शहादत देने वाला यह जवान 2014 में सेना में भर्ती हुआ जौनपुर का बेटा जिलाजीत यादव है। देश की रक्षा करने वाला वीर सपूत अपने मां-बाप का इकलौता पुत्र था। अभी वह तीन माह पूर्व ही एक बच्चे का पिता बना था। जिलाजीत के शहीद होने की मनहूस खबर मिलते ही परिवार सहित पूरे गांव में कोहराम मच गया है। 

जिले के बहादुरपुर सिरकोनी गांव के निवासी कांता यादव के तीन बेटियां व एक पुत्र जिलाजीत यादव है।जिलाजीत भारत मां की रक्षा के लिए 2014 में सेना में भर्ती हुए थे। ​पुलवामा जिले के कमरा​जीपोरा इलाके के एक बाग में सुरक्षाबलों को आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली। सूचना मिलने के आधार पर सेना, पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने आतंकियों की धर-पकड़ के लिए तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों को पास आते देख गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया है। इस दौरान जौनपुर का सैनिक जिलाजीत शहीद हो गया। 

जिलाजीत के शहीद होने की खबर प्रशासन से मिलते ही मां-बाप के बुढ़ापे की लाठी टूट गई और तीन माह के दुधमुंहे बच्चे के सिर से पिता का साया उठ गया। शहीद जिलाजीत के दोस्त अमित यादव ने बताया उसके अंदर बचपन से देशभक्ति का जज्बा था। उसने सेना में भर्ती होने के लिए जमकर खून पसीना बहाया था। उसके शहीद होने का गम होने के साथ ही हम लोगों का सीना फक्र से चौड़ा हो गया है कि उसने देश के दुश्मनों से लड़ते हुए अपनी जान कुर्बान कर दी।

जन्माष्टमी पर सूने पड़े मंदिर, पहली बार बिना श्रद्धालुओं के मनेगा कृष्ण जन्मोत्सव

0

भोपाल । मध्यप्रदेश में बुधवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्साह के साथ मनाई जा रही है। सुबह से ही लोग पूजा-पाठ में जुटे हुए हैं, लेकिन कोरोना के चलते मंदिर सूने पड़े हुए हैं। कोरोना संक्रमण के चलते लोग कृष्ण जन्मोत्सव अपने-अपने घरों में मना रहे हैं। ऐसा पहली बार हो रहा है, जब मंदिरों में लोगों की भीड़ नहीं उमड़ी। वहीं, रात में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव भी मंदिरों में सीमित संख्या में लोगों की उपस्थिति में मनाया जाएगा। अधिकांश मंदिरों में कृष्ण जन्मोत्सव का सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारण होगा और श्रद्धालु घर पर ही रहकर भगवान के ऑनलाइन दर्शन करेंगे।

राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के सभी बड़े शहरों में जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर बाजारों में भीड़ दिखाई दी। लोगों ने भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमाएं, मोरपंख व बांसुरी, मुकुट, वस्त्रों व पूजन सामग्री की खरीदी की। वहीं, बुधवार को सुबह अपने-अपने घरों में लोगों ने शासन की गाइडलाइन के नियमों का पालन करते हुए भगवान का पूजन-अर्चन किया। श्रद्धालुओं ने इस कोरोना के चलते मंदिरों से दूरी बनाई, जिसके चलते मंदिर सूने पड़े रहे। केवल पुजारियों और मंदिर के कर्मचारियों ने ही सुबह भगवान की पूजा-आरती की। वहीं, रात में भी मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव सामाजिक दूरी का पालन करते हुए मनाया जाएगा। सीमित संख्या में पुजारी व पंडित ही भगवान का अभिषेक और पूजन करेंगे। रात 12 बजे जन्मोत्सव आरती होगी। इसके साथ जयकारों व बधाई गीत गूंजने लगेंगे और माखन-मिश्री व पंजीरी का प्रसाद वितरित किया जाएगा।

रिया ने कहा

0

मुंबई । फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह मामले की गहन जांच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) बुधवार को भी कर रहा है। पूछताछ के दौरान रिया चक्रवर्ती ने ईडी को बताया है कि इटली के होटल में गोया नामक चित्रकार की पेंटिंग देखकर सुशांत की तबियत बिगड़ गई थी। इसके बाद सुशांत का हर स्तर पर इलाज करवाया गया लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी तबियत खराब हो गई थी। इतना कहते-कहते रिया ईडी के समक्ष रोने लगी। फिलहाल इस मामले में ईडी ने रिया चक्रवर्ती, सौविक व इंद्रजीत चक्रवर्ती का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। सुशांत के रूम पार्टनर सिद्धार्थ पिठानी से पूछताछ जारी है। मंगलवार को ईडी ने सुशांत की बहन मीतू सिंह से भी पूछताछ की थी और उनका बयान दर्ज किया है। 

सूत्रों के अनुसार रिया चक्रवर्ती ने ईडी को बताया कि अक्टूबर 2019 में वह सुशांत व भाई सौविक के साथ इटली गई थीं। वह लोग वहां के फ्लोरेंस शहर में 600 वर्ष पुराने होटल में ठहरे थे। रिया ने बताया कि वह व उसका भाई एक कमरे में ठहरे थे और सुशांत अलग कमरे में ठहरा था। सुशांत के कमरे में चित्रकार गोया की पेंटिंग लगी हुई थी। इस पेंटिंग में राक्षस एक बच्चे को खा रहा है। रिया ने बताया कि इसी पेंटिंग को देखने के बाद सुशांत की तबियत खराब हो गई थी और वह रुद्राक्ष की माला लेकर जाप करने लगा था। इसके बाद टूर आधे पर छोडक़र सभी लोग मुंबई लौट आए थे। इसके बाद उसने सुशांत का कई जगह इलाज करवाया लेकिन सुशांत का स्वभाव चिड़चिड़ा हो गया था। इसी वजह से 8 जून को सुशांत का उसके साथ विवाद हो गया था। दोनों ने एक दूसरे के साथ बात न करने की ठान ली थी। इसके बाद रिया पूछताछ के दौरान रोने लगी थी। फिलहाल इस मामले की गहन जांच ईडी कर रही है, अभी तक किसी भी नतीजे पर ईडी नहीं पहुंच सकी है।  

करोड़ों रुपये की जालसाजी का आरोपी इंजीनियर राम विनोद सिन्हा के परिवार को मिली बेल

0

उज्ज्वल दुनिया/रांची ।  झारखंड हाइकोर्ट के जस्टिस एके चौधरी की अदालत ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपी जूनियर इंजीनियर राम विनोद सिन्हा की पत्नी शीला कुमारी समेत परिवार के अन्य सदस्यों को बड़ी राहत दी है.  हाइकोर्ट ने करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने के आरोपी जेई राम विनोद सिन्हा की पत्नी शीला कुमारी, बेटी पूजा सिन्हा व बेटे राहुल सिन्हा को जमानत की सुविधा प्रदान की है.

गैर जमानतीय वारंट निरस्त

इसके साथ ही अदालत ने निगरानी कोर्ट के गैर जमानतीय वारंट व इश्तेहार के आदेश को निरस्त कर दिया. वहीं अदालत ने इस मामले में एसीबी को नियमानुसार जांच जारी रखने की छूट प्रदान की है. आय से अधिक संपत्ति के मामले में जेई राम विनोद सिन्हा पर एसीबी ने प्राथमिकी दर्ज की थी, जांच के दौरान एसीबी ने उनकी पत्नी, पुत्री और बेटे को भी अभियुक्त बनाया है.

सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के द्वारा अदालत को बताया गया कि विनोद सिन्हा व उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ वारंट लेने में सभी प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया है. इसके बाद अदालत ने गैर जमानतीय वारंट व इश्तेहार के आदेश को निरस्त करते हुए याचिका को निष्पादित कर दिया.

ईडी ने मनी लांड्रिंग मामले के आरोपी बर्खास्त इंजीनियर राम विनोद प्रसाद सिन्हा को बीते 18 जून को कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया था. वह दो साल से फरार चल रहा था. गौरतलब है की ईडी ने 12 दिसंबर 2018 को 2.79 करोड़ की मनी लांड्रिंग के आरोप में विनोद सिन्हा पर चार्जशीट दाखिल किया था. मालूम हो कि राम विनोद सिन्हा ने खूंटी जिला परिषद में पदस्थापित रहते हुए करोड़ों की अवैध संपत्ति अर्जित की थी.

18 करोड़ से अधिक रुपये के फर्जीवाड़े का है आरोप

बर्खास्त इंजीनियर राम विनोद सिन्हा पर खूंटी जिला परिषद की मनरेगा योजना से जुड़े 18 करोड़ 76 लाख रुपये के फर्जीवाड़े का आरोप है. एसीबी की जांच में इसकी पुष्टि हुई थी. फर्जीवाड़ा का यह मामला वर्ष 2006 से 2010 के बीच का है.

4.25 करोड़ की संपत्ति जब्त हो चुकी है

ईडी की टीम मनी लांड्रिंग मामले में बर्खास्त इंजीनियर राम विनोद सिन्हा की 4.25 करोड़ की संपत्ति जब्त कर चुकी है. राम विनोद सिन्हा ने मेसर्स अरुणाचल प्रदेश मिनरल डेवलपमेंट एंड ट्रेडिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड के नाम से एक कंपनी बना कर राशि डिपोजिट की थी.

वेंटिलेटर सपोर्ट पर कोरोना पॉजिटिव प्रणब मुखर्जी, हालत गंभीर

0

कोलकाता । भारत के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के कोरोना संक्रमित होने के बाद से उनकी तबियत लगातार बिगड़ती जा रही है।

मंगलवार को अस्पताल की तरफ से जारी एक हेल्थ बुलेटिन में बताया गया कि तबियत ज्यादा बिगड़ने की वजह से अब पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। बता दें कि कोरोना पॉजिटिव प्रणब मुखर्जी की आर एंड आर अस्पताल में सफल ब्रेन सर्जरी की गई ।

ReplyForward

रिम्स में कोविड वार्ड में बेड से गिरे मरीज पर सीएम हेमंत सोरेन ने लिया संज्ञान

0

उज्ज्वल दुनिया/रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रिम्स कोविड में बेड से गिरे एक मरीज की तत्काल मदद नहीं करने के मामले को गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य मंत्री को मामले में संज्ञान लेने का अनुरोध किया है। साथ ही रिम्स प्रबंधन को इस तरह के मामलों की पुनरावृत्ति भविष्य में न हो। यह सुनिश्चित करने का निदेश दिया है।

कोविड वार्ड में अव्यवस्था की मिली जानकारी

मुख्यमंत्री को बताया गया कि रिम्स स्थित कोविड वार्ड में एक कोविड एवं कैंसर पीड़ित मरीज बेड से नीचे गिर गया। लेकिन घंटों गुहार लगाने के बाद भी उसकी मदद नहीं की गई।

समुचित इलाज की व्यवस्था करें

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गोमिया प्रखण्ड के महुआटाँड थाना क्षेत्र के चगड़ी गांव निवासी दिलीप करमाली के संपूर्ण स्वास्थ्य लाभ होने तक समुचित इलाज की व्यवस्था करने का निदेश रिम्स प्रबंधन को दिया है। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य मंत्री को भी मामले पर संज्ञान लेने का अनुरोध किया है।

इलाज कराने में हैं असमर्थ

मुख्यमंत्री को जानकारी दी गई कि गोमिया प्रखण्ड के महुआटाँड थाना क्षेत्र स्थित चगड़ी गांव निवासी दिलीप करमाली के रीढ़ की हड्डी में ट्यूमर है, जिससे उनका दोनों पैर शिथिल हो गया है। दिलीप को रिम्स के चिकित्सकों ने एडमिट करने से इंकार कर दिया। घर वाले निजी अस्पताल में इलाज कराने में असमर्थ हैं। मामले की जानकारी के बाद मुख्यमंत्री ने उपरोक्त निदेश दिया है।

सुप्रीम कोर्ट का फैसला: पिता की संपत्ति पर शादी के बाद भी बेटी का हक

0

उज्ज्वल दुनिया नई दिल्ली, 12 अगस्त (हि.स.)। सुप्रीम कोर्ट ने हिंदू अविभाजित परिवार की संपत्तियों में बेटियों के पक्ष में फैसला सुनाया है। जस्टिस अरुण मिश्रा की अध्यक्षता वाली बेंच ने कहा कि 9 सितम्बर 2005 के संशोधन के बाद बेटी का भी संपत्ति पर हिस्सा होगा, भले ही संशोधन के समय पिता जीवित था या नहीं। कोर्ट ने कहा कि बेटियां जीवन भर के लिए होती हैं औऱ एक बार जो बेटी होती है वह हमेशा बेटी ही रहती है।

उल्लेखनीय है कि साल 2005 से पहले हिंदू उत्तराधिकार कानून में बेटियों को शादी से पहले तक ही हिंदू अविभाजित परिवार का हिस्सा माना जाता था लेकिन 2005 में संशोधन के बाद बेटी की शादी होने के बाद भी संपत्ति में समान उत्तराधिकारी माना गया है। यानी बेटी की शादी होने के बाद भी वह पिता की संपत्ति में अपना दावा कर सकती है और हिस्सा ले सकती है। 

रूस ने बनाई विश्व की पहली कोरोना वैक्सीन

0

– पुतिन ने बताया, उनकी बेटियों को भी लगाया जा चुका है यह टीका 

उज्ज्वल दुनिया  नई दिल्ली, 12 अगस्त (हि.स.)। दुनिया की पहली कोरोना वायरस वैक्सीन रूस की होगी। आज रूस ने इस वैक्सीन का पंजीकरण भी करा दिया। रूस के राष्ट्रपति ब्लामिदिर पुतिन ने तमाम आशंकाओं के बीच वैक्सीन के पंजीकरण की घोषणा की। रूस अगले महीने तक इस वैक्सीन का उत्पादन बड़े पैमाने पर शुरू करेगा और दुनिया को यह वैक्सीन जनवरी 2021 में मिलने लगेगी। 

रूस के गैमालेया रिसर्च इंस्टीट्यूट ने पिछले हफ्ते ही इस वैक्सीन के तीसरे चरण का परीक्षण हजारों लोगों पर किया था। रूस के स्वास्थ्य मंत्रालय का दावा है कि अगले महीने तक इस वैक्सीन का उत्पादन बड़े पैमाने पर शुरू हो जाएगा और अक्टूबर से लोगों को टीका लगाने का काम भी युद्ध स्तर पर किया जाएगा। 

रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने मंगलवार को सुबह एक टेलीविजन प्रसारण में कहा कि कोरोना वायरस को मारने वाला दुनिया की पहली वैक्सीन पंजीकृत कर ली गई है। उन्होंने दावा किया कि यह वैक्सीन पूरी तरह असरकारक है और इससे बनने वाली इम्यूनिटी लंबे समय तक बरकरार रह सकती है। रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन ने जानकारी दी कि उनकी दोनों बेटियों को इस वैक्‍सीन की डोज लगाई जा चुकी है। उन्‍होंने कहा कि वे दोनों ठीक महसूस कर रही हैं और किसी तरह के साइड इफेक्‍ट्स नहीं हैं। इसका पंजीकरण सर्टिफिकेट स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है। 

मशहूर शायर राहत इंदौरी का दिल का दौरा पड़ने से निधन, कोरोना का भी चल रहा था इलाज

0

उज्ज्वल दुनिया/नई दिल्ली ।  मशहूर शायर राहत इंदौरी का दिल का दौरा पड़ने से मंगलवार को निधन हो गया. वे कोरोना वायरस से भी संक्रमित थे, जिसके उपचार के लिए उन्हें मध्य प्रदेश के इंदौर में 10 अगस्त की देर रात अरविंदो अस्तपाल में भर्ती कराया गया था. राहत इंदौरी के बेटे सतलज ने इस बात की जानकारी दी थी, बाद में खुद भी राहत इंदौरी ने इस बारे में ट्वीट किया था.
राहत इंदौरी ने खुद भी ट्विटर पर इस बात की जानकारी दी.

उन्होंने लिखा, ‘कोविड के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर कल मेरा कोरोना टेस्ट किया गया, जिसकी रिपोर्ट पॉज़िटिव आई है. ऑरबिंदो हॉस्पिटल में एडमिट हूं, दुआ कीजिये जल्द से जल्द इस बीमारी को हरा दूं. एक और इल्तेजा है, मुझे या घर के लोगों को फ़ोन ना करें, मेरी ख़ैरियत ट्विटर और फेसबुक पर आपको मिलती रहेगी.’

गौरतलब है कि राहत इंदौरी मशहूर शायर हैं, साथ ही वह बॉलीवुड के लिए भी कई गाने लिखते आए हैं. राहत की उम्र 70 साल थी.

चिकित्सक की पिटाई मामले में तिलैया थाना प्रभारी समेत कांड में शामिल सभी पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

0

उज्ज्वल दुनिया/कोडरमा: चिकित्सक के साथ मारपीट की घटना के खिलाफ इंडियन मेडिकल एसोसिएशन और विभिन्न राजनीतिक दलों के भारी विरोध को देखते हुए मामले को कोडरमा एसपी ने गंभीरता से लिया और तिलैया थाना प्रभारी सहित सभी कांड में शामिल पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। इस घटना के बाद पुलिस महकमे हड़कंप मच गया है। मामले की जांच कोडरमा एसडीपीओ को दे दी गई है। जांच रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। तिलैया का नया थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह को बनाया गया है।

बता दें कि घटना के खिलाफ आईएमए के चिकित्सकों का प्रतिनिधि मंडल ने एसपी से मिला था और उन्हें घटना से अवगत कराते हुए कार्रवाई की मांग की थी।

तमाम दलों के नेताओं ने की पुलिस कार्रवाई की आलोचना

दूसरी ओर तमाम दलों के राजनीतिक नेताओं ने भी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर मुखर विद्रोह शुरू कर दिया था। जिसके बाद मामला गंभीर होते देख एसपी ने थाना प्रभारी, पैंथर के जवान अरविद कुमार तथा ट्रैफिक के शामिल जवानों को लाईन हाजिर कर दिया।

जनता के प्रति पुलिस का रवैया डराने-धमकाने वाला-नीरा यादव

बता दें कि विधायक डॉ. नीरा यादव ने भी घटना की कड़ी निदा करते हुए दोषी थाना प्रभारी व कांड में शामिल पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों तक भाजपा के शासनकाल में किसी भी आम नागरिक के साथ पुलिस के द्वारा अभद्र व्यवहार नहीं किया गया। वहीं शासन बदलते ही पुलिस पूरी तरह से निरंकुश हो गई है। एक प्रतिष्ठित डॉक्टर की इस तरह अमानवीय और बर्बरतापूर्ण पिटाई वर्तमान सरकार का चेहरा को परिलक्षित करता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से भी इस संबंध में बात की जाएगी। यदि इसमें देर हुई तो जोरदार आंदोलन किया जाएगा।

अवैध वसूली का सरगना है तिलैया थानेदार- रामचंद्र सिंह

वहीं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामचंद्र सिंह गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि तिलैया थाना के सभी पैंथर के जवान चोरों के सरगना हैं। शहर के व्यवसायियों से अवैध वसूली, चोरों को संरक्षण देने, शराब के कारोबारियों से अवैध वसूली व जंगल के आनेवाले माइका, ढिबरा के वाहनों को यहीं पैंथर के जवान स्कॉट करते हैं। ऐसे पुलिसकर्मियों के आतंक से आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

एक करोड़ फिरौती नहीं देने पर बीआइटी के छात्र की हत्या

0

उज्ज्वल दुनिया \रांची । देवघर में अपराधियों का मनोबल इस कदर बढ़ा है कि फिरौती की रकम नही मिलने छात्र राहुल चौधरी की हत्या कर दी। सोमवार देर रात पुलिस ने शव को जसीडीह अंतर्गत केनमनकाठी के पास डढ़वा नदी में बरामद किया है। मृतक राहुल चौधरी रांची स्थित बीआईटी से पढ़ाई कर रहा था। घटना के दिन राहुल अपनी दादी से मिलने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में अपराधियों ने अपहरण कर लिया था। अपराधियों ने फिरौती की रकम 1 करोड़ नहीं मिलने पर घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने जब राहुल की बॉडी बरामद की, तो उसका हांथ शरीर में रस्सी से बंधा था। हालांकि, पूरे मामले में देवघर एसपी पीयूष पांडेय ने कहा कि अपहरण मामले में कुछ अपराधी की गिरफ्तारी हुई है। शेष की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयासरत है। जल्द ही उनकी भी गिरफ्तारी होगी।

7 अगस्त की रात ही अपराधियों ने कर दी थी हत्या

देवघर एसपी ने बताया कि अपराधियों ने घटना के दिन 7 अगस्त को ही अपहरण के बाद रात में हत्या कर शव फेंक दिया था। पुलिस की जांच को भटकाने के लिए अपराधियों ने परिजनों से 1 करोड़ फिरौती की रकम मांगा था। फिरौती की रकम को लेकर बार-बार अपना लोकेशन बदल कर कॉल कर रहे थे। इसी दौरान कुछ अपराधी को पकड़ा गया। जिसके बाद शव को बरामद किया गया।

क्या है मामला

सलौनाटांड़ मोहल्ला निवासी पप्पू चौधरी का 22 वर्षीय पुत्र राहुल चौधरी का शुक्रवार की शाम अपराधियों ने अपहरण कर लिया था। युवक रांची स्थित बीआइटी का छात्र था। शाम के समय युवक अपनी दादी से मिलने गया था। परिजनों को शाम में युवक का मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। परिवार के लोगों ने रात भर युवक की तलाश की, लेकिन युवक का पता नहीं चला। जिसके बाद 8 अगस्त को गायब युवक के परिजनों को एक फोन कॉल आया और 1 करोड़ रुपये फिरौती की मांग की गयी। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को भी दी।

मेघा डेयरी ने रमजान मुबारक का विज्ञापन दिया, पर राम जन्मभूमि शिलान्यास पर मिठाई बांटने वाले को दी धमकी

0

राज्य सरकार ने तुष्टीकरण की सारी सीमा पार कर दी है- भाजपा

उज्ज्वल दुनिया \रांची ।  भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा की हेमंत सरकार ने तुष्टिकरण की सारी सीमाओं को पार कर दिया है। उन्होंने कहा की एक ओर झारखंड सरकार की मेघा डेयरी रमजान मुबारक का विज्ञापन देती है और अपने कार्यालय में इफ्तार पार्टी मनाने की छूट देती है। तो दूसरी ओर भगवान श्री राम मंदिर भूमि पूजन के शिलान्यास के अवसर पर कार्यालय में मिठाईयां बांटने वाले व्यक्ति को वार्निंग लेटर दे दिया जाता है। पत्र में ऐसा दुबारा करने पर कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी जाती है और कहा जाता है की कार्यालय में दूसरे धर्म के भी लोग हैं इसलिए ऐसा करना गैर वाजिब है।

मेघा डेयरी प्रबंधन माफी मांगे

प्रतुल ने कहा की भाजपा इस दोहरी नीति की कड़ी निंदा करती हैं और सरकार से मांग करते हैं की वह अविलम्ब इस पत्र को वापस लें। साथ ही  इसे जारी करने वाले अधिकारी को बर्खास्त करें। प्रतुल ने आश्चर्य प्रकट किया की जब माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय आने के बाद प्रधानमंत्री ने भगवान श्री राम जन्म भूमि का भूमिपूजन किया तो यह पूरा कार्यक्रम कैसे सांप्रदायिक हो सकता है ? उन्होंने कहा की प्रभु श्रीराम पूरे राष्ट्र के लिए आस्था के प्रतीक हैं।इस तरह का पत्र पूरे राष्ट्र की भावना को आहत करता है। सरकार को अपने इस कुकृत्य के लिए माफी भी मांगनी चाहिए।

देश में कोरोना के एक्टिव मामले हुए कम, रिकवरी रेट बढ़ा: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

0

प्रधानमंत्री ने की 10 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक

नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कोरोना के सबसे ज्यादा मामले वाले दस राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक की। उन्होंने इन राज्यों में कोरोना से निपटने के लिए किए जा रहे उपायों की समीक्षा की। बैठक में आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, पंजाब, बिहार, गुजरात, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और तेलंगाना के मुख्यमंत्री शामिल हुए। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश में एक्टिव मामलों का प्रतिशत कम हुआ है और रिकवरी रेट बढ़ा है। इसका मतलब है कि केन्द्र के प्रयास कारगर साबित हो रहे हैं। सबसे अहम बात है कि देश के लोगों के बीच एक भरोसा बढ़ा है, आत्मविश्वास बढ़ा है और कोरेाना को लेकर डर कम हुआ है।

उन्होंने कहा कि कोरोना से हुई मौत का प्रतिशत कम हुआ है और संतोष की बात है कि यह लगातार कम हो रहा है। अगर इन दस राज्यों ने कोरोना को हरा दिया तो देश कोरोना के खिलाफ इस जंग को जीत जाएगा। पीएम ने कहा कि देश में कोरोना की जांच की संख्या बढ़कर हर दिन 7 लाख तक पहुंच गई है और लगातार बढ़ भी रही है। अस्पताल में बेहतर प्रबंधन, आईसीयू बेड्स की संख्या बढ़ाने जैसे प्रयासों ने कोरोना को नियंत्रित करने में बहुत मदद की है। जिन राज्यों मे टेस्टिंग दर कम है और जहां पॉजिटिविटी रेट ज्यादा है, वहां टेस्टिंग बढ़ाने की जरूरत सामने आई है। खासतौर पर बिहार, गुजरात, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और तेलंगाना। यहां टेस्टिंग बढ़ाने पर खास बल देने की बात इस समीक्षा में उभरकर सामने आई है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एक्सपर्ट्स के मुताबिक अगर हम शुरुआत के 72 घंटों में ही केस की पहचान कर लें, तो ये संक्रमण काफी हद तक धीमा हो जाता है। उन्होंने कहा कि आज टेस्टिंग नेटवर्क के अलावा आरोग्य सेतु ऐप भी हमारे पास है। आरोग्य सेतु की मदद से हम यह काम आसानी से कर सकते हैं। इन राज्यों में जमीनी हकीकत की निरंतर निगरानी करके जो नतीजे पाए गए, सफलता का रास्ता उसी से बन रहा है। उन्होंने कहा कि राज्यों के अनुभव की ताकत से देश यह लड़ाई पूरी तरह से जीतेगा और एक नई शुररुआत होगी।

गुजरात : मुख्यमंत्री कार्यालय में कोरोना की दस्तक, एक कर्मचारी को हुआ कोरोना

0

गांधीनगर/अहमदाबाद । राज्य में बेकाबू होते कोरोना के संक्रमण ने अब मुख्यमंत्री कार्यालय में भी दस्तक दे दी है। स्वर्णिम संकुल-1 में स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय का एक कर्मचारी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। राहत की बात यह है कि कोरोना पॉजिटिव युवक पिछले कई दिन से कार्यालय नहीं आया था। 

बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय में एक एजेंसी के तहत काम करने वाला एक कर्मचारी कार्य करता था। आज इस युवक की कोरोना रिपोर्ट पाजिटिव आई है। यह युवक पिछले चार-पांच दिन से कार्यालय नहीं आया था। इस मुख्यमंत्री कार्यालय के किसी अन्य कर्मचारी के संक्रमित होने की संभावना कम ही है।

उल्लेखनीय है कि 15 दिन पहले स्वर्णिम संकुल- 2 में मंत्री जयद्रथ सिंह परमार के कार्यालय का एक कर्मचारी भरत सिंह डाभी की भी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद मंत्री के कार्यालय में सभी कर्मियों को गृह एकांतवास कर दिया गया। इससे पहले 10 जून को स्वर्णिम संकुल में आने वालों, कर्मचारियों और मंत्रियों के स्वास्थ्य की जांच के लिए एक स्वचालित थर्मल स्कैनर स्थापित किया गया है। यह स्कैनर स्वर्णिम संकुल में आने वाले का फोटो खीचता है और उसका तापमान भी मापता है। यदि किसी व्यक्ति का तापमान अधिक है, तो उसे परिसर में प्रवेश करने की अनुमति नहीं है।