Saturday 27th of June 2026 09:08:04 AM
Home Blog Page 426

झारखंड का लगभग 50 हजार करोड़ रुपये का बकाया चुकाए केंद्र सरकार

0

उज्ज्वल दुनिया \रांची। झारखंड के वित्तमंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में जीएसटी कौंसिंल की हुई वर्चुअल मीटिंग में हिस्सा लिया। जीएसटी कौंसिंल की बैठक में राज्य सरकार की ओर से अपनी बात रखते हुए डॉ. उरांव ने जीएसटी का बकाया करीब 2500 करोड़ रुपये के साथ ही केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों को दी गयी 50 हजार एकड़ भूमि के एवज में बकाया लगभग 45 हजार करोड़ रुपये का भुगतान चरणबद्ध तरीके से करने की मांग की।

जीएसटी कलेक्शन का 75 फीसदी पहले ही ले चुकी है केंद्र सरकार 

डॉ. उरांव ने केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण को बताया कि झारखंड छोटा और गरीब राज्य है।केंद्र सरकार को जीएसटी कंप्लशेसन के रूप में करीब 2500 करोड़ रुपये का बकाया भुगतान झारखंड को करना है। उन्होंने बताया कि वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण काल में झारखड की स्थिति अच्छी नहीं है, जीएसटी कौंसिल को बकाया भुगतान को लेकर अपनी वचनबद्धता निभानी चाहिए। 14 प्रतिशत ग्रोथ के हिसाब से अनिवार्य रुप से केन्द्र को राज्यों को देना है जो कानूनी बाध्यता भी है। उन्होंने बताया कि जीएसटी कलेक्शन का केंद्र सरकार 75 प्रतिशत पहले ही ले चुकी है । राज्यों के पास राजस्व संग्रहण का कुछ भी नहीं है । झारखंड को भी कलेक्शन में हिस्सा प्रत्येक महीने मिलना चाहिए। 

झारखंड ने केंद्र को 50 हजार एकड़ भूमि दी, हमें हमारे हक का पैसा लौटाए केंद्र 


वित्त मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों के लिए झारखंड सरकार की ओर से 50 हजार एकड़ जमीन उपलब्ध करायी गयी है,जहां खनन कार्य भी निरंतर हो रहा है, इसके एवज में लगभग 45 हजार करोड़ रुपये का बकाया है, कुछ दिन पहले केंद्रीय कोयला मंत्री झारखंड आये थे और इसके एवज में 250 करोड़ रुपये का भुगतान किये है, लेकिन यह पर्याप्त नहीं है। केंद्र सरकार जमीन के एवज में बकाया करीब 45 हजार करोड़ रुपये को चरणबद्ध तरीके से झारखंड को उपलब्ध कराने में मदद करें।

​देश की मजबूती के लिए रक्षा उद्योग को ‘आत्मनिर्भर’ बनाना जरूरी : मोदी

0

उज्ज्वल दुनिया \नई दिल्ली, 28 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज़ादी मिलने के बाद भारत के रक्षा उद्योग पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा सका। अब तक हथियारों के कारखानों को सरकारी विभागों की तरह ही चलाया जाता रहा है जिससे देश के साथ ही रक्षा उद्योग के कर्मचारियों को भी बहुत नुकसान हुआ है। इसलिए बीते कुछ सालों से हमारी कोशिश है कि देश के रक्षा उद्योग को मजबूत किया जाए। रक्षा उत्पादन से जुड़े स्टेक होल्डर्स की मौजूदगी में ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लिए पीएम मोदी ने कहा कि आधुनिक उपकरणों में आत्मनिर्भरता के लिए तकनीकी अपग्रेडेशन जरूरी है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारा उद्देश्य भारत में ही उत्पादन बढ़ाना, नई तकनीक भारत में ही विकसित करना और इस उद्योग में प्राइवेट सेक्टर का अधिकतम विस्तार करना है, जिसके लिए कई अहम कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि आज यहां हो रहे मंथन से जो परिणाम मिलेंगे उससे आत्मनिर्भरता के हमारे प्रयासों को गति मिलेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि दशकों से आयुध कारखानों को सरकारी विभागों की तरह ही चलाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि सीमित विजन के कारण देश का नुकसान होने के साथ ही वहां काम करने वाले मेहनती, अनुभवी और कुशल श्रमिक वर्ग का भी बहुत नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि बहुत लंबे समय से देश में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ की नियुक्ति पर निर्णय नहीं हो पा रहा था, लेकिन मेरी सरकार का यह निर्णय नए भारत के आत्मविश्वास का प्रतीक है।

वेबिनार को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता का हमारा अभियान सिर्फ बातचीत या कागजों तक ही सीमित नहीं है। इसके कार्यान्वयन के लिए भी कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि सीडीएस के गठन के बाद सेना के तीनों अंगों में समन्वय बेहतर हुआ है। आने वाले दिनों में घरेलू रक्षा उद्योग को काफी ऑर्डर्स मिलने वाले हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक उपकरणों में आत्मनिर्भरता के लिए तकनीकी अपग्रेडेशन जरूरी है। मौजूदा समय में बन रहे उपकरणों की अगली पीढ़ी तैयार करने की भी जरूरत है। इससे लिए डीआरडीओ के अलावा निजी क्षेत्र और अन्य संस्थानों में भी काम किया जा रहा है। पीएम ने कहा कि डिफेंस कॉरिडोर पर तेजी से काम चल रहा है। उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु सरकारों के साथ मिलकर स्टेट ऑफ आर्ट इंफ्रास्टक्चर तैयार किया जा रहा है। इसके लिए आने वाले 5 वर्षों में 20 हजार करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य रखा गया है।

किराएदार और मकान

0

उज्ज्वल दुनिया \नई दिल्लीः मोदी सरकार अगले महीने तक आदर्श किराया कानून को मंजूरी दे सकती है। इस कानून के अमल में आने के बाद मकान मालिक अब बेवजह किराएदारों को धौंस नहीं दिखा सकेंगे। इस कानून में मौजूद प्रावधान से किराया चुकाने वालों को काफी राहत मिलेगी। इस कानून के बनने से किराएदार और मकान मालिक दोनों के हितों की रक्षा हो सकेगी।

आवास और शहरी मामलों के सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा के मुताबिक अगले एक महीने में कानून को मंजूरी के बाद इसे राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों को भेजा जाएगा, ताकि राज्य इसके आधार पर अपने राज्यों में कानून बनाकर उसे अमल में ला सकें। साल 2011 की जनगणना के अनुसार 1.1 करोड़ घर खाली पड़े हैं, क्योंकि लोग उन्हें किराए पर देने से डरते हैं। लेकिन अब हम सुनिश्चित करेंगे कि एक वर्ष के भीतर हर राज्य इस आदर्श कानून को लागू करने के लिए जरूरी प्रावधान करें।

रघुवंश प्रसाद मेरे चाचा हैं, रोज होती है उनसे बात

0

उज्ज्वल दुनिया \रांची । तेज प्रताप यादव ने गुरुवार को रांची में पार्टी अध्यक्ष और अपने पिता लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की। लालू प्रसाद से मिलकर रिम्स निदेशक के बंगले से बाहर निकलने पर तेज प्रताप ने कहा कि रघुवंश प्रसाद सिंह पार्टी के बड़े नेता है और उनके चाचा हैं। उन्होंने दावा किया कि रघुवंश प्रसाद सिंह की नाराजगी की खबर सिर्फ मीडिया की अफवाह है।

सुबह ही हुई है रघुवंश चाचा से बात 


तेज प्रताप ने बताया कि आज सुबह ही रघुवंश प्रसाद से उनकी बात हुई है, वे किसी तरह से नाराज नहीं है, नाराजगी की अफवाह सिर्फ मीडिया में उड़ रही है। बिहार विधानसभा चुनाव में महुआ सीट पर चुनाव लड़े जाने के संबंध में पूछे गए एक प्रश्न को टालते हुए तेज प्रताप ने कहा कि वे पूरे बिहार में चुनाव लड़ंगे। करीब डेढ़ घंटे से अधिक समय से चली मुलाकात के संबंध में तेज प्रताप ने बताया कि वे अपनी पिता के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने पहुंचे, अभी कोरोना संक्रमण का खतरा है, इसलिए सभी को सतर्कता बरतने की जरूरत है।

लालू प्रसाद यादव ने खुद मैसेज भेज कर तेज प्रताप को रांची बुलाया था!


पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, तेज प्रताप ने हाल ही में रघुवंश प्रसाद की नाराजगी की खबर के बीच बिना किसी का नाम लिए यह बयान दिया था कि आरजेडी समुद्र है और अगर एक लोटा पानी इसमें से निकल जाता है, तो पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ता है। बताया गया है कि बिहार विधानसभा चुनाव के ठीक पहले दिए गए इस तरह के बयान के बाद लालू प्रसाद यादव ने खुद मैसेज भेज कर तेज प्रताप को रांची बुलाया था।

लालू ने तेज प्रताप समेत पार्टी के अन्य नेताओं को दी बयानबाजी से बचने की सलाह!


सूत्रों का यह भी कहना है कि लालू प्रसाद ने तेज प्रताप समेत पार्टी के अन्य सभी प्रमुख नेताओं को इस तरह की बयानबाजी से बचने की सलाह दी है और निर्देश दिया है कि एकजुटता के साथ सभी चुनाव मैदान में उतरे। बताया गया है कि लालू प्रसाद को इस बात की खासी चिंता है कि अगर चुनाव के ठीक पहले इस तरह की बयानबाजी होती है, तो इसका नुकसान पार्टी को उठाना पड़ सकता है।

कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर सफल रूप प्रदान करना हमारी प्राथमिकता

0

उज्ज्वल दुनिया \रांची ।  ग्रामीण विकास के द्वारा मनरेगा योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा सभी उप विकास आयुक्त एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की गई। अपनी सभा कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के उप विकास आयुक्तों  सचिव ग्रामीण विकास विभाग से मुखातिब थे। सचिव ने कही की महत्मा गाँधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना काम आधारित योजना है ,निबंधित मजदूर को काम मांगने का अधिकार है और काम मांगते ही यह कानून क्रियाशील हो जाता है। राज्य सरकार द्वारा राज्य में जरूरतमंद लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए माकूल व्यवस्था की गई है। ग्रामीण विकास विभाग झारखण्ड सरकार ने यह जिम्मेवारी सोशल ऑडिट यूनिट को सौंपी ताकि वह काम की मांग मजदूर मंच के माध्यम से  करवाएं ।

इस अभियान के तहत 4 लाख  मजदूरों ने काम माँगा था ,अब इस अभियान के तहत 16 अगस्त से 16 सितम्बर तक 10 लाख मजदूरों तक पहुँचने का लक्ष्य है ,जिससे झारखण्ड राज्य में अभी  की तुलना में दुगुना काम हो पायेगा ,मजदूरों को काम और उत्पादक परिसंपत्ति के निर्माण से झारखण्ड के विकास का सपना सच हो पायेगा ।

 इस अभियान के तहत अब तक झारखंड में 4 लाख मजदूरों  ने काम मांगा है और उन्हें मनरेगा के तहत काम उपलब्ध करा दिया गया।

समीक्षा के क्रम में नीलाम्बर-पिताम्बर जल समृद्धि योजना के तहत टीसीबी, फील्ड बण्ड आदि के संबंध में सचिव  द्वारा बताया गया कि जल संचयन के लिए यह सरकार की अति महत्वपूर्ण योजना है। योजना के तहत बरसात के पानी को संरक्षित करना है तथा टीसीबी के माध्यम से भूमि की नमी एवं तरलता को बनाए रखना है। चर्चा के क्रम में बताया गया कि पोटो हो खेल विकास योजना जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों की गतिविधि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सरकार द्वारा यह योजना लाई गई है। इस योजना के तहत दिए गए लक्ष्य को पूर्ण करने हेतु सम्बन्धित पदाधिकारी को उचित दिशा-निर्देश दिए गए।  
     

  वीडियो कांफ्रेंसिंग में ये थे शामिल


मनरेगा योजना की प्रगति की  समीक्षात्मक बैठक को लेकर  ग्रामीण विकास विभाग सचिव  श्रीमती  आराधना पटनायक  की अध्यक्षता में राज्य के तमाम उप विकास आयुक्त संग संपन्न वीडियो कांफ्रेंसिंग में श्री सिद्धार्थ त्रिपाठी मनरेगा आयुक्त  , एमआईएस नोडल ऑफिसर श्री पंकज राणा, व अन्य शामिल थे।

हमनें कांग्रेस को मजबूत करने के लिए सुझाव दिए, लेकिन हमें गद्दार कहा गया

0

उज्ज्वल दुनिया \नई दिल्ली । कांग्रेस नेतृत्व में बदलाव के लिए पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखने वाले 23 नेताओं में से एक गुलाम नबी आजाद ने गुरुवार को कहा कि उनकी मंशा केवल पार्टी को मजबूत बनाने की थी। बता दें कि बीते सोमवार को हुई कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में यह पत्र विवाद की बड़ी वजह बना था। 

क्या जो सुझाव देंगे वे गद्दार माने जाएंगे ?


आजाद ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि हमारी मंशा कांग्रेस को मजबूत करने की थी। मैं पिछले 34 साल से कार्य समिति में हूं। जिनको कुछ भी नहीं मालूम और अप्वाइंटमेंट वाला कार्ड मिल गया है वो सब विरोध करते हैं, वो सब बाहर जाएंगे। मैंने कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति में लोगों को सेलेक्ट करने की बजाय चुनाव कराया जाए । क्या ये इतना बड़ा गुनाह है ?

कांग्रेस से प्यार होता तो हमारा समर्थन करते, लेकिन यहां तो अपनी कुर्सी बचाने की चिंता है 

उन्होंने कहा, कोई भी कांग्रेसी जिसको कांग्रेस में जरा सी भी रुचि होती वो तो हमारे प्रस्तावों का स्वागत करता। लेकिन कुछ लोग हमारे प्रस्ताव का विरोध करते दिखे। हमने कहा था कि प्रदेश, जिला, ब्लॉक आदि के अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए चुनाव होना चाहिए। कांग्रेस कार्य समिति में भी ऐसा ही होना चाहिए।

सीडब्ल्यसी बैठक के दौरान रनिंग कंमेट्री करने वाले अनुशासनहीन नहीं हैं क्या?  

आजाद ने कहा कि जो लोग सीडब्ल्यूसी की बैठक के दौरान रनिंग कमेंट्री कर रहे थे क्या वो लोग अनुशासनहीनता नहीं कर रहे थे? वो लोग जो हमें गालियां दे रहे थे (पत्र लिखने को लेकर), क्या वो अनुशासनहीनता नहीं कर रहे थे?’ क्या उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होनी चाहिए? हमने किसी को गाली नहीं दी।

क्या धर्म के दीपक से प्रकाश ले, दो से तीन होना चाहते हैं सुदेश?

0

दिल्ली दरबार तय करेगा, बेरमो से केला या कमल! 

(वरिष्ठ पत्रकार कौशलेन्द्र के फेसबुक वाल से साभार)

नियति कहें या सियासी चलन, झारखंड में चुनावी चौसर बिछते ही क्या पक्ष और क्या विपक्ष; सबके सब जात-जमात और स्थानीयता का राग अलापने लगते हैं. एतद् संबंधी खबरों पर चिंतन करता मैं बुधवार दोपहर को भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुँच गया.
 मंशा थी कि भाजपा संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह और प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश से मिलकर दुमका व बेरमो विधानसभा उपचुनाव और संभावित कार्यकारिणी व मोर्चा विस्तार आदि के संबंध में आधिकारिक जानकारी लेकर आपके लिये गुरुवारी बेबाक लेकर हाज़िर हो सकूँ.कोविड के कारण भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रवेश प्रतिबंधित था. दूरभाष पर प्रदेश अध्यक्ष अथवा संगठन मंत्री से संपर्क साध पाता उसके पहले ही मेरी निगाह पड़ी  कुछ नेता टाईप युवाओं और अधेड़ उम्र के एक नेता जी पर. उनके वार्तालाप की गरमा-गरमी देख गाड़ी खड़ी कर उनके पास पहुंच गया.  
 

 उक्त समूह के वार्तालाप अंश पर गौर करें- ‘सब आइसोलेशन में हऊ तो कमिटी- मोर्चा के विस्तार कैसे करैथौ; मोरहाबादी बाबूलाल जी के ईहां गेलियो त दूरे से कहलकौ कि – हां-हां ठीक है बोल देंगे…ऑफिस में  त ढूके  न दे रहल हऊ.. अध्यक्ष जी आवेदन लेके रख लेलौ…..आदि- आदि”.
मैं समझ गया कि ये भाजपा के कार्यकर्ताओं की जमात है,जो सांगठनिक मोर्चे में अपनी जगह बनाने के लिये प्रदेश के आला नेताओं के दरबार में अपनी दावेदारी पुख्ता करने पहुंचे हैं. मैंने उस समूह को टोका और जिज्ञासा प्रकट कर बैठा कि मामला क्या है? 

मुझे प्रति प्रश्न में उत्तर मिला- आप कौन? दूसरे ने कहा – गड़िया  में प्रेस लिखल है. तीसरे ने कहा – कौन प्रेस से हैं? जवाब देता उससे पहले चौथे ने सवाल दाग दिया- कोन जात भाई जी? अंतिम सवाल सुनकर बरबस मुझे निम्न पंक्तियां याद आ गईं-“लड़ रहे थे सब,तो मैंने पूछ दिया कि बात क्या है; नेता जी ने पलट कर पूछा कि मेरी जात क्या है?”  खैर,मैंने कहा – कुमार कौशलेन्द्र नाम है मेरा, एक स्वतंत्र पत्रकार हूं.ओह अच्छा – समूह के नेता ने कहा -हराधन महतो नाम है मेरा. बेरमो विधानसभा क्षेत्र से आये हैं, हमलोग  का जिला बोकारो पड़ता है.मैं पूछ बैठा- महतो जी, कोरोना संक्रमण काल में रांची क्यों? फोन से भी तो बात कर सकते थे? 
 

नेताजी फट पड़े – भाजपा में अब महतो महत्वहीन हो गये हैं.. देखे थे ना – रामटहल बाबू को उम्र का हवाला देकर टिकट काट दिया. उ तो सुदेश महतो मदद कर दिया नहीं तो रांची लोकसभा सीट गेले था.महतो जी रुके नहीं. आगे उनके बोल यूं थे -2019 के लोक सभा चुनाव के परिदृश्य पर गौर  करिये पत्रकार जी -रांची लोकसभा सीट से लगातार भाजपा का  प्रतिनिधित्व कर रहे भाजपा के कद्दावर कुर्मी नेता राम टहल चौधरी का टिकट काट कर संजय सेठ को भाजपा ने मैदान में उतारा. सुदेश महतो ने मदद कर संजय सेठ को जितवाया, लेकिन विधानसभा चुनाव में सुदेश से भी भाजपा ने गठबंधन तोड़ लिया. चली गई न सरकार. 

नेता जी के आक्रोशोक्ति की ये पंक्तियाँ गौरतलब हैं – अगला लोकसभा चुनाव तक मोदीजी भी 70 पार होईये न जायेंगे, उनका टिकट कटता है कि नहीं देखते हैं?  अध्यक्ष जी को यही कहने आये थे कि महतो कुर्मी को छांट के कुर्सी का सपना मत पालियेगा. न तो संगठन में और न ही सदन में जगह दीजियेगा और खाली भोट लीजियेगा.मैंने उनकी मंशा भांप विदा लेने में ही अपनी भलाई समझी और सीधा अपने विश्वस्त भाजपा सूत्र के घर पहुंच गया. भाजपा मुख्यालय के सामने की चर्चा से उन्हें अवगत कराया तो वो मुस्करा पड़े.मुझे अटपटा लगा – मैंने कहा भाई साहब जात- जमात औऱ स्थानीयता ही झारखंड की राजनीति में मुद्दा बच गया है क्या? सूत्र ने कहा- आपको तो खबर मिल ही गई, फिर परेशान क्यों हैं? मैंने कहा- ये भी कोई खबर है – कुर्मी महतो और स्थानीयता, हद्द है . 

सूत्र ने कहा- वर्तमान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और संगठन मंत्री विधानसभा चुनाव के दौरान हुई समीकरण चूक को सुधारने का संदेश केन्द्रीय नेतृत्व को संप्रेषित कर चुके हैं. आगामी दुमका और बेरमो उपचुनाव में जीत सुनिश्चित करने की सांगठनिक तैयारी भी जारी है. इसी के तहत दुमका से लुईस मरांडी की जगह बाबूलाल मरांडी को और  बेरमो से आजसू की सहमति से उम्मीदवार चयन की रणनीति को अमलीजामा पहनाने की तैयारी है. दुमका में लुईस के खिलाफ मुखर संगठनों को साधने के लिये और नेता प्रतिपक्ष के मुद्दे पर सत्तापक्ष को करारी शिकस्त देने के लिए बाबूलाल मरांडी को चुनावी दंगल में उतारने की तैयारी हो रही है. वर्तमान भाजपा प्रदेश नेतृत्व ये मानकर चल रहा है कि बेरमो विधानसभा में निर्णायक भूमिका निभाते रहे महतो समाज को साध लिया गया तो बेरमो सीट भी एनडीए के खाते में आ जायेगी. 

सूत्र ने आगे बताया कि  आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने विगत् राज्यसभा चुनाव के दौरान दीपक प्रकाश के पक्ष में अपने 2 मत सुनिश्चित करने के पहले बेरमो सीट पर आजसू की दावेदारी की शर्त रख दी थी. सूत्र के मुताबिक भाजपा प्रदेश संगठन मंत्री और प्रदेश अध्यक्ष भी किसी भी सूरत में बेरमो सीट एनडीए खाते में लाने का मन बना चुके हैं. पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास का पेंच यदि दिल्ली दरबार में नहीं फीट बैठा तो बेरमो सीट से आजसू का उम्मीदवार तय है.

सूत्र से जब सत्तारूढ़ दल के कुड़़मी/ कुर्मी व अन्य जातियों के आरक्षण सूची संशोधन व स्थानीयता राग अलाप के सियासी असर के संबंध में जिज्ञासा की तो जवाब मिला –  आरक्षण सूची में कुड़़मी व अन्य जातियों के नाम समाविष्टी संशोधन का कोई सियासी लाभ सत्ता पक्ष को नहीं होने जा रहा है और स्थानीयता का 32 खतियान राग तो सत्ताधारी दल को बैकफायर कर जायेगा. स्थानीयता के 32 खतियान मसले पर जहां कांग्रेस में फूट पड़ेगी वही झामुमो को निर्देशित कर रहे टीम अरिंदम की झामुमो से शहरी मतदाताओं को जोड़ने के फार्मूले को भी पलीता लग जायेगा.

आदत से मजबूर मैं अपने सूत्र की सूचना को कसौटी पर कसने के लिये वर्षों से भाजपा बीट कवर कर रहे वरिष्ठ पत्रकार मित्र के पास चला गया.उनके मुताबिक फिलहाल प्रदेश भाजपा संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह के सख्त दिशा निर्देश में चल रही है.  पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास द्वारा संगठन पर अपनी पकड़ बनाये रखने की सियासी दखल को कम करने के मद्देनजर सांगठनिक संरचना को न्यूनतम सीमा में रखा जा रहा है. वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष और संगठन मंत्री के अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की पृष्ठभूमि उनके बेहतर तालमेल का अहम कारक बनता जा रहा है. यदि ये कहा जाये कि दिल्ली दरबार की हनक से संगठन को अपने अनुसार हांकने के रघुबर दास के प्रयासों को संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह ही साकार नहीं होने दे रहे तो अतिशयोक्ति नहीं होगी. भाजपा की प्रादेशिक सियासत में रघुबर काल का अंत कहना अभी जल्दबाजी होगी लेकिन इतना स्पष्ट संकेत तो मिल ही रहा है कि सांगठनिक और गठबंधन की चूकों को सुधारने हेतु धर्मपाल सिंह कमर कस चुके हैं.
 

आजसू सुप्रीमो के संबंध में पत्रकार मित्र ने कहा- उपरी तौर पर सौम्य रणनीति अपनाने वाले सुदेश महतो हाल के वर्षों में मिले कई सियासी वादाखिलाफी के झटकों से सचेत हो चुके हैं. रामगढ़ की परंपरागत सीट खोने और चर्चा के बावजूद चन्द्रप्रकाश चौधरी को केन्द्रीय कैबिनेट में शामिल नहीं किये जाने का हिसाब सुदेश बेरमो सीट पर अपनी स्वभाविक  दावेदारी ठोक कर करेंगे यह तय मान लीजिये. गिरीडीह लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व आजसू के दूसरे कद्दावर चन्द्रप्रकाश चौधरी कर ही रहे हैं और बेरमो विधानसभा उनके संसदीय क्षेत्र का ही अंग है. बेरमो सीट पर आजसू की दावेदारी पुख्ता होने का एक और अहम कारक है बेरमो से सटी गोमिया  विधानसभा सीट, जिसका प्रतिनिधित्व आजसू के लंबोदर महतो कर रहे हैं. कुर्मी मतदाताओं की निर्णायक तादाद और अपनी सियासी ज़मीन विस्तार को आतुर सुदेश महतो को इस दफा  गठबंधन सहयोगी भाजपा से सियासी दांवपेंच की उम्मीद तो कत्तई नहीं होगी. समीकरणों की बात करें तो सार्वजनिक तौर पर आजसू को अपना नैसर्गिक सहयोगी करार दे वर्तमान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश  राज्यसभा चुनाव में मिले आजसू के समर्थन का मोल जरूर रखेंगे. रही बात प्रदेश संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह की तो वे विगत चुनाव में हुई संगठनात्मक और गठबंधन चूकों को दुरूस्त करने की एकल मुहिम में जुटे हुए हैं.

बहरहाल, विगत् 20 वर्षों से जात-जमात और स्थानीयता के मुद्दे अटकी पड़ी सूबे की सियासत में विकास की  घोषणाएं सरकारी फाईलों तक ही सिमटी दिखती हैं. वर्तमान सत्ताधारी भी विकास व रोजगार समेत अन्य मुद्दों को परे रख स्थानीयता और जात- जमात की सियासत में  ही उलझते दिख रहे हैं.

‘हेमंत हैं तो हिम्मत है’ से उत्साहित जनता वही पुराने राग सुनकर जहां हतप्रभ है वहीं भाजपा नेतृत्व  सत्ता में पुनर्वापसी के समीकरण साधता दिख रहा है. तमाम सियासी घटनाक्रम के बीच इतना तो तय है कि सूबे में सियासत की धारा नहीं बदली तो झारखंड की तकदीर नहीं बदलने वाली । 

रिम्स में पिता से मिलने आए तेज प्रताप यादव के समर्थकों ने की गुंडागर्दी

0

उज्ज्वल दुनिया \रांची । रिम्स में इलाजरत आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मिलने आये बिहार के कार्यकर्ताओं ने रिम्स के सामने सड़क पर जमकर हंगामा किया। बीच सड़क पर गाड़ियों की लंबी जाम के कारण स्थानीय से कार्यकर्ता भीड़ गए। यह सब खेल रांची पुलिस के सामने घटी। लेकिन, मूकदर्शक बन देखते रह गयी। पहले कार्यकर्ताओं ने रोड पर जाम लगाया, उसके बाद आम आदमी के साथ धक्का-मुक्की गाली-गलौज की बता दें कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव इन दिनों चारा घोटाला के विभिन्न मामलों में सजायाफ्ता और कई बीमारियों से ग्रसित होने के कारण रिम्स में इलाजरत है।

50 से ज्यादा गाड़ियों का काफिला लेकर बिहार से रांची आये थे तेजप्रताप


बिहार आरजेडी में छिडे़ घमासान के बाद लालू के बुलावे पर तेज प्रताप यादव कल देर रात रांची पहुंचे। तेज प्रताप के साथ गाड़ियों का एक पूरा काफिला झारखंड पहुंचा है। इस काफिले में करीब 50 से ज्यादा गाड़ियों का काफिला था। इसे लेकर झारखंड के प्रमुख विपक्षी पार्टी बीजेपी ने भी सवाल उठाए हैं और कहा है कि तेज प्रताप ने लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करते हुए 60 गाड़ियों के काफिले के साथ रांची पहुंचे हैं, जिसका नजारा रिम्स परिसर में भी देखने को मिला है।

सड़क जाम के कारण परिजनों ने विरोध प्रकट किया


तेजप्रताप अपने पिता लालू प्रसाद से मिलने रिम्स के डायरेक्टर बंगले में पहुंचे तो लगभग पूरा रिम्स कैंपस बिहार से आई गाड़ियों से भर गया। रोड पर लंबा जाम लग गया। यहां तक की मरीजों का आना-जाना भी दूभर हो गया था। ऐसे में एक आम आदमी जो यहां के किसी काम से आया था। अपने परिजनों से मिलने उसने इस पर जब विरोध प्रकट किया, तो राजद कार्यकर्ताओं ने खुलकर अपनी गुंडागर्दी दिखाई और उसकी गाड़ियों में तोड़फोड़ किया।

छात्र

0

उज्ज्वल दुनिया \रांची । झामुमो ने जेईई-मेन और नीट की परीक्षा का विरोध करते हुए कहा है कि अगर परीक्षा के कारण कोई भी बच्चा संक्रमित हुआ तो केंद्रीय शिक्षा मंत्री के विरुद्ध आपराधिक और कैजुअल्टी हुई तो हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाएगा। क्योंकि केंद्र सरकार जानबूझ कर बच्चों को मौत के मुंह में धकेलने जा रही है।

पब्लिक ट्रांसपोर्ट बंद, होटल और लॉज बंद, फिर कैसे आएंगे छात्र,  रहेंगे कहां? 

झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि देश में होटल, लॉज और पब्लिक ट्रांसपोर्ट बंद है। उस स्थिति में गढ़वा के बच्चे कैसे रांची आएंगे और अगर आएंगे तो वे कहां ठहरेंगे तथा आने पर खर्च होनेवाली लगभग दस हजार की राशि एक मध्यम, निम्न मध्यम और गरीब परिवार कहां से व्यय करेगा। यह सोचनेवाली बात है। लेकिन केंद्र सरकार इसलिए परीक्षा लेने पर आमादा है क्योंकि इस परीक्षा में किसी अडाणी, अंबानी या कॉरपोरेट घराने के बच्चों को शामिल नहीं होना है।

बगैर सोशल या इनवायरमेंटल असेसमेंट के नहीं होने देंगे कमर्शियल माइनिंग 

सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि केंद्र सरकार अब देश में आम लोगों के लिए कोई कानून नहीं बनाने जा रही है। पहले सोशल असेसमेंट इंपैक्ट को कमजोर कर दिया गया अब इनवायरमेंटल असेसमेंट इंपैक्ट में ग्राम सभा की राय को किनारे किया जा रहा है। ड्राफ्ट में अब परियोजना की समाप्ति के बाद असेसमेंट करने की बात कही गई है। यह झारखंड की पहचान मिटाने की साजिश है। उन्होंने चेताया कि झारखंड में मजबूत हेमंत सोरेन की सरकार बगैर सोशल और इनवायरमेंटल अससमेंट इंपैक्ट के कोई भी इंडस्ट्रीयलाइजेशन नहीं होने देगी। कोविड-19 का प्रकोप समाप्त होते ही केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरुद्ध बड़ा जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा।

कोरोना से इलाज का दर ज्यादा 


सुप्रियो भट्टाचार्य ने कोरोना संक्रमितों के लिए प्राइवेट अस्पतालों इलाज के लिए तय दर को ज्यादा बताया। उन्होंने कहा कि यह दर मेट्रोपॉलिटन सिटी और बड़े महानगरों के समतुल्य है, जिसे झारखंड पिछड़े राज्य के लोगों को देने में मुश्किल होगी। उन्होंने इस पर विचार करने की वकालत करते हुए निजी अस्पतालों से भी कम से कम फीस लेने का आह्वान किया।

रांची के हटिया में प्रतिबंधित मांस मिलने के बाद हंगामा

0

उज्ज्वल दुनिया \रांची ।  जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के हटिया चौक पर प्रतिबंधित मांस के साथ तीन महिलाओं को पकड़ने के बाद स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। हालांकि इस दौरान दो महिलाएं मौके से भागने में कामयाब रही। जबकि एक महिला और एक पुरुष को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। उधर, लोगों ने बुधवार सुबह पांच बजे से सुबह आठ बजे तक सड़क जाम कर हंगामा किया।

लोगों को प्रतिबंधित मांस बेचने की थी सूचना


बताया जा रहा है कि हटिया चौक के लोगों को सूचना थी कि वर्ग विशेष की महिलाएं डोरंडा से प्रतिबंधित मांस लेकर हटिया आती थीं और कुछ घरों में बेचती थीं। सूचना के बाद सुबह स्थानीय लोगों ने ऑटो से उतर रही तीन महिलाओं को प्रतिबंधित मांस के साथ पकड़ लिया। इस दौरान उन्होंने ऑटो ड्राइवर को भी दबोच लिया। जब तक लोगों की भीड़ जुटती दो महिलाएं मौके से फरार हो गई। इसके बाद प्रतिबंधित मांस बेचे जाने के विरोध में लोगों ने सड़क जाम कर दिया और कार्रवाई की मांग करने लगे।

पुलिस ने महिला और पुरुष को भीड़ से छुड़ाया 


 घटना की सूचना के बाद सुबह आठ बजे मौके पर जगन्नाथपुर थाना प्रभारी और पीसीआर की टीम मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों के कब्जे से पकड़ी गई महिला और पुरुष को अपने कब्जे में लिया और आक्रोशितों को कार्रवाई का आश्वासन देकर दोनों को थाना ले आई। जगन्नाथपुर थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की जांच पड़ताल कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

भाजपा के दबाव में जनता को मिली बड़ी राहत, निजी अस्पताल में कोरोना के इलाज की दर जारी

0

उज्ज्वल दुनिया \रांची ।  भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि अंततः हेमंत सोरेन सरकार को जनहित के बड़े मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी के दबाव के कारण झुकना पड़ा।प्रतुल ने कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद श्री दीपक प्रकाश ने भी एक लंबे समय से निजी अस्पतालों में कोरोना संक्रमण के इलाज की दरों को जारी करने के लिए राज्य सरकार पर दबाव बनाकर रखा था ।प्रदेश भाजपा भी इस मुद्दे पर मुखर रही और अलग-अलग प्लेटफार्म से इस पर अपनी आवाज बुलंद करती रही थी। सभी पड़ोसी राज्यों ने इलाज की दरों को तय कर दिया था। लेकिन झारखंड सरकार सोई हुई थी। अंतत भाजपा को आंदोलन की धमकी देनी पड़ी जिसके फलस्वरूप आखिरकार एक लंबे अंतराल के बाद हेमंत सरकार ने प्राइवेट अस्पताल में इलाज की दरों को जारी कर दिया है। लेकिन प्रदेश भाजपा अभी भी मानती है कि राज्य सरकार को निजी अस्पतालों के इन दरों में और कमी लाने की आवश्यकता है। झारखंड भाजपा जनहित के मुद्दों के सवाल पर हमेशा मुखर रहेगी

माओवादियों के लिए कुरियर का काम करने वाला सुरेन्द्र उरावं उर्फ आर्यन नामकुम से गिरफ्तार

0

उज्ज्वल दुनिया \रांची । नामकुम थाना पुलिस में रामपुर रिंग रोड के पास से प्रतिबंधित संगठन भाकपा माओवादी के कूूरियर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार कूूरियर का नाम सुरेंद्र उरांव उर्फ आर्यन 22 बताया गया है। इसके पास से भाकपा माओवादी एमसीसीआई लाल सलाम भारत का माओवादी कम्युनिस्ट केंद्र (एमसीसीआई) लिखा हुआ दो पर्चा, एक उत्तरी छोटनागपुर जोनल कमेटी भारत का माओवादी कम्युनिस्ट केंद्र (एमसीसीआई )का लेवी रसीद बुक क्रमांक 101 से 154 तक और माओवादी पर्चा जिस पर तीसरी अदालत एसएसआर लाल रंग से लिखा हुआ कुल 100 पीस बरामद किया गया है। ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि सुबह 8:30 बजे गुप्त सूचना मिली थी नक्सलियों का कुरियर क्षेत्र में भ्रमणशील हैं। सूचना के बाद नामकुम थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम का गठन किया गया टीम ने रामपुर रिंग रोड के पास से उसे दौड़ाकर पकड़ा। उसे नाम पता पूछने पर उसने अपना नाम सुरेंद्र राव उर्फ आर्यन बताया। वह मूल रूप से गुमला के बिशुनपुर का रहने वाला है। वर्तमान में वह मोरहाबादी हातमा भट्ठा कोचा निवासी निर्मल मकान में किराए के रूप में रह रहा था। उसके पास से पुलिस ने भारी मात्रा में नक्सली पर्चे भी बरामद किए हैं। एसपी ने बताया कि पूछताछ में बरामद सामानों के बारे में उसने बताया कि यह पर्चा जितेंद्र को अपने दिया था जो कामडारा गुमला का रहने वाला है। इसके खिलाफ नामकुम थाने में दिलीप सोरेन को गोली मारकर घायल करने का भी आरोप है। एसपी ने बताया कि छापेमारी टीम में बुदि लाल मुर्मू, राजकुमार पांडेय, पीतांबर उरांव ,ओम शर्मा सहित सशस्त्र बल शामिल थे। 

सितम्बर के पहले हफ्ते से झारखंड में भी शुरू हो सकती है बस सेवा

0

उज्ज्वल दुनिया \रांची ।  बिहार में बस सेवा शुरू किए जाने के बाद झारखंड में भी परिचालन की मांग उठने लगी है। हालांकि परिवहन विभाग ने अभी इस पर कोई निर्णय नहीं लिया है। विभाग को सरकार के निर्णय का इंतजार है। सूत्रों की मानें तो सितंबर से अंतरजिला बस परिचालन की मंजूरी मिल सकती है। उधर, बसों का रोड टैक्स माफ करने को लेकर भी प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। 

23 मार्च से बंद है अंतरजिला और अंतरराज्यीय बस सेवा


झारखंड में 23 मार्च से अंतरजिला और अंतरराज्यीय बस सेवा बंद है। केंद्र ने अनलॉक-1 से 3 में जो छूट दी हैं, उनमें भी झारखंड सरकार ने बस परिचालन पर पाबंदियां बरकार रखीं। अधिकारियों का कहना है कि आपदा प्रबंधन के तहत बनी समिति की सिफारिश पर राज्य सरकार 31 अगस्त के बाद कोई निर्णय ले सकती है। उस निर्णय के आधार पर ही बसों का परिचालन निर्भर करता है। 

विभाग सरकार के पास रखेगा प्रस्ताव 


सूत्रों के मुताबिक परिवहन विभाग के उच्चाधिकारियों ने बस परिचालन को लेकर विचार-विमर्श किया गया है। इसमें पहले केवल अंतरजिला बस सेवा ही शुरू करने की बात उभर कर सामने आई है। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए अंतरराज्यीय बस सेवा पर अभी रोक बरकरार रखने का विचार है। विभाग अपने विचार से आपदा प्रबंधन के तहत बनी समिति को अवगत कराएगा। इसके बाद जो निर्णय होगा, उसके अनुसार कदम उठाए जाएंगे।

​वुहान लैब में चीन

0

 ​ऑस्ट्रेलियाई वेबसाइट ‘द क्लाक्सोन’ ने अपनी रिपोर्ट में किया सनसनीखेज खुलासा 

​पिछले माह सीपेक परियोजना का हिस्सा बनाकर हुई ​तीन साल की डील 

चीनी लैब के वैज्ञानिक पाकिस्तान के वैज्ञानिकों को दे रहे हैं ट्रेनिंग 

​​उज्ज्वल दुनिया  नई दिल्ली, 27 अगस्त (हि.स.)। ​​वुहान लैब से कोरोना वायरस लीक होने के मामले में भले ही चीन दुनिया भर को झुठला रहा हो लेकिन अब उसी लैब में ड्रैगन खतरनाक जैविक हथियार बनाने में लगा है। इसमें चीन का साथ दे रहा है उसका सदाबहार दोस्त पाकिस्तान। इस बात का खुलासा एक ​​ऑस्ट्रेलियाई वेबसाइट ‘द क्लाक्सोन‘ ने किया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि ​​चीन और पाकिस्तान ने ​​पिछले महीने चुपके से तीन साल की डील की है, जिसमें वुहान इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी में जैविक हथियारों को विकसित करने का समझौता भी शामिल है। 
पाकिस्तान के 7 हजार नागरिकों का ब्लड सेंपल चीन भेजा गया 

रिपोर्ट में कहा गया है कि वुहान लैब के वैज्ञानिक कई वर्षों से पाकिस्तान में घातक ‘पशु-से-मानव’ रोगजनकों पर व्यापक शोध कार्य कर रहे हैं। अध्ययन में 7,000 से अधिक पाकिस्तानी किसान, चरवाहे और 2,800 से अधिक ऊंट और अन्य जानवर शामिल हैं। इन अध्ययनों में चीन ने पाकिस्तान की आर्थिक मदद की है। रिपोर्ट में एक और चौंकाने वाला खुलासा किया गया है कि चीन और पाकिस्तान वुहान लैब के वैज्ञानिकों की टीम के साथ यह खतरनाक खेल अपने ‘चाइना-पाकिस्तान इकनॉमिक कॉरिडोर’ (​​सीपेक) के नाम पर खेल रहे हैं। दुनिया की नजर में चीन ने सीपेक का गठन तेल आयात के लिए किया और बाद में इसका दायरा बढ़ाकर एनर्जी और पॉवर प्रोजेक्ट जोड़े गए। अब पिछले महीने चुपके से तीन साल की डील करके खतरनाक जैविक हथियार बनाने का काम भी इसी परियोजना का हिस्सा बना दिया गया है। 

पाकिस्तानी फौज और चीन के बीच करार

रिपोर्ट के मुताबिक रिसर्च के लिए हजारों पाकिस्तानी पुरुषों, महिलाओं और बच्चों का ब्लड सैम्पल लिया गया। इसमें दूरदराज के रहने वाले उन्हीं लोगों को शामिल किया गया जो जानवरों के साथ काम करते थे।  द क्लाक्सोन की रिपोर्ट के मुताबिक चीन की वुहान लैब में पाकिस्तानी वैज्ञानिकों को जैविक हथियारों के विकास, संचालन और प्रबंधन की ट्रेनिंग दी जा रही है ताकि ये भविष्य में अपने देश में ही जैविक हथियार तैयार कर सकें। 

शादी का झांसा देकर आदिवासी महिला सब

0

शादी करने का झांसा देकर मेराज अंसारी ने 6 महीने तक आदिवासी महिला सब-इंस्पेक्टर से बनाया शारीरिक संबंध

उज्ज्वल दुनिया \रामगढ़ : झारखंड की राजधानी रांची से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित रामगढ़ जिला में एक आदिवासी महिला सब-इंस्पेक्टर से दुष्कर्म करने के आरोप में सिपाही को गिरफ्तार कर लिया गया है. महिला सब-इंस्पेक्टर और सिपाही दोनों जिला के मांडू थाना में पदस्थापित थे. आनन-फानन में मंगलवार (25 अगस्त, 2020) को आरोपी कांस्टेबल मेराज अंसारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. वहीं, एसपी ने मांडू के थाना प्रभारी को सस्पेंड कर दिया है.

मांडू थाना के इस सिपाही पर आरोप है कि उसने अपने ही थाना में पदस्थापित महिला सब-इंस्पेक्टर से कई बार दुष्कर्म किया. रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रभात कुमार ने बताया कि मांडू पुलिस थाने की एक महिला उपनिरीक्षक की लिखित शिकायत पर उसी थाने में तैनात 28 वर्षीय सिपाही मेराज अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया.

मेराज अंसारी मांडू थाना में कंप्यूटर ऑपरेटर के तौर पर कार्यरत था. एसपी श्री कुमार ने बताया कि महिला उपनिरीक्षक ने पुलिस में मेराज अंसारी के खिलाफ लिखित शिकायत की और आरोप लगाया कि उसके साथ मेराज ने अनेक बार बलात्कार किया. शिकायत के अनुसार, उसने वादा किया था कि वह उससे शादी करेगा, लेकिन बाद में मुकर गया.

एसपी ने बताया कि महिला उपनिरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) अविवाहित है और यह वाकया उस समय का है, जब सिपाही मेराज अंसारी भी अविवाहित था. उन्होंने बताया कि शिकायत के अनुसार, मेराज ने महिला सब-इंस्पेक्टर को शादी करने का झांसा दिया और उसके साथ अनेक बार बलात्कार करने के बाद हाल में ही दूसरी महिला से विवाह कर लिया.

पीड़ित महिला दारोगा ने एससी-एसटी थाने में दर्ज प्राथमिकी में कहा है कि मांडू थाने में योगदान देने के बाद वह ऑपरेटर मेराज अंसारी के पास जाकर विभिन्न कांडों की ऑनलाइन इंट्री करना सीख रही थी. एक दिन उसने इंट्री सिखाने के नाम पर उसे रात में अपने कमरे में बुलाया. यहीं उसके साथ शारीरिक संबंध बना लिया. इसके बाद उसे शादी का प्रलोभन देकर लगातार उसका यौन शोषण करता रहा.

इसी बीच, उसका तबादला रामगढ़ थाना में हो गया. फिर वह अपने पैतृक गांव गया और वहां जाकर किसी और से शादी कर ली. महिला सब इंस्पेक्टर ने कहा है कि 6 महीने के दौरान जब वह गर्भवती हो गयी, तो उसका जबरन गर्भपात भी करा दिया. इसके बाद सिपाही ने उससे शादी करने से साफ इन्कार कर दिया.महिला सब इंस्पेक्टर ने बताया कि जब उसे इस बात का पता चला, तो उसने रामगढ़ महिला थाना में लिखित शिकायत दर्ज करवायी. मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने मेराज अंसारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. मामला पुलिस का होने की वजह से पुलिस ने मीडियाकर्मियों को आरोपी का फोटो नहीं लेने दिया. स्थानीय पुलिस मामले की जानकारी देने से भी बचती रही, लेकिन बाद में एसपी ने प्रेस को पूरी डिटेल जानकारी दी.