Tuesday 30th of June 2026 06:04:34 AM
Home Blog Page 391

केन्द्र की मदद का मोहताज नहीं है झारखंड

0

झारखंड केन्द्र के आगे हाथ नहीं फैलाएगा

उज्ज्वल दुनिया/जैनामोड़ । बेरमो विधानसभा उपचुनाव में यूपीए महागठबंधन प्रत्याशी कुमार जयमंगल के पक्ष में बुधवार को जैनामोड़ रेफरल अस्पताल के सामने मैदान में चुनावी सभा हुई। सभा में सीएम हेमंत सोरेन के अलावा झारखंड सरकार के कई मंत्री, विधायक व पूर्व मंत्री उपस्थित हुए। सभा को संबोधित करते सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड में पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने जो व्यवस्था में गड़बड़ी फैलाई, उस गड़बड़ी को दुरुस्त कर सूबे में विकास की लंबी लकीर खींचने की तैयारी महागठबंधन कर रहा है।

डीवीसी का झारखंड पर पांच हजार करोड़ का बकाया 

सोरेन ने कहा कि रघुवर सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल के दौरान डीवीसी को एक पैसा भी बिजली के लिए भुगतान नहीं किया, जिससे वर्तमान में पांच हजार करोड़ का बकाया है। अब केंद्र सरकार झारखंड सरकार को मदद देने में हाथ खड़े कर दिए हैं। सीएम ने कहा कि कोरोना काल में जब पूरे देश के साथ-साथ पूरा झारखंड संघर्ष कर रहा है, अर्थव्यवस्था चौपट हो गई है इस स्थिति में केंद्र सरकार झारखंड को मदद नहीं दे रही है। झारखंड इसके लिए कभी भी केंद्र सरकार के आगे हाथ नहीं फैलाएगा। झारखंड अपने आप में इतना सक्षम है कि केंद्र सरकार का कभी मोहताज नहीं बनेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार में एक इंजन तो फेल हो गया है। बाकी  सिंगल इंजन में पूरे देश को दीमक की तरह चट कर गया। रेलवे से लेकर रेल व अन्य सरकारी उपक्रमों को बेचने में केंद्र सरकार तुली हुई है। 

राजेन्द्र बाबू के अधूरे सपनों को पूरा करेंगे जयमंगल 

सोरेन ने कहा कि राजेंद्र बाबू ने बेरमो की धरती एवं यहां के मजदूरों, कामगारों व आम जनता के लिए दिन-रात काम किया। इसलिए जनता निश्चित रूप से उनके पुत्र कुमार जय मंगल को बहुमत देकर बेरमो क्षेत्र से पुन: विधायक बनाएगी। ताकि राजेंद्र बाबू के अधूरे सपने को उनके पुत्र जयमंगल पूरा कर सकें। सभा को सीएम सोरेन के अलावा वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव, श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता, ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम, कृषि मंत्री बादल पत्रलेख व अन्य कई वक्ताओं ने संबोधित किया। 

मौके पर विधायक प्रदीप यादव, दीपिका पांडेय, राजेश कश्यप, ममता देवी, उमाशंकर अकेला, गोमिया के पूर्व विधायक योगेंद्र प्रसाद, माधव लाल सिंह, कुमार गौरव, हीरालाल मांझी, बुद्धदेव यादव, नीतू सिंह अशोक मुर्मू, जयनंदन महतो, विजय रजवार, राधानाथ सोरेन, अशोक मंडल, निरंजन मिश्रा, गुलाम रसूल, मोहन मुर्मू, पंकज मरांडी व अन्य सैकडों लोग उपस्थित थे।

चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा

जैनामोड़ में सीएम की सभा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के लिए सड़क किनारे जगह-जगह सैकड़ों पुलिस कर्मियों को लगाया गया था। सभा स्थल में बांस की घेराबंदी की गई थी, ताकि सभा स्थल पर बेवजह भीड़ न एकत्रित हो। मंच के बाहर जैनामोड़ हाई स्कूल के सामने से लेकर थाना व चौक तक दोनों किनारे वाहनों का लंबा काफिला लग गया था। सीएम की सभा के बाद कुछ देर सड़क जाम की स्थिति रही, जिसे बाद में सुरक्षाकर्मियों ने जाम को हटा लिया।

जरीडीह रोड में लैंड किया हेलीकॉप्टर

सभा में शामिल होने के लिए सीएम हेमंत सोरेन हेलीकॉप्टर से जैनामोड़ से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर जरीडीह रोड के मैदान पहुंचे। जहां से सुरक्षाकर्मियों के घेरे के बीच सड़क मार्ग से सीएम जैनामोड़ रेफरल अस्पताल के सामने सभा स्थल पहुंचे। एक घंटे सभा स्थल पर रहने व सभा को संबोधित करने के बाद सोरेन सड़क मार्ग से हैलीपैड पहुंचे। जहां से रांची के लिए रवाना हुए।

बंगाल प्रदेश कांग्रेस चुनावी समिति और नये जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा

0

कोलकाता । प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने अपनी टीम की घोषणा कर दी। इसके साथ ही प्रदेश चुनावी समिति और नये जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा भी की गयी। प्रदेश कांग्रेस की नयी कमेटी में अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी के अलावा उपाध्यक्षाें में 11 नेताओं के नाम हैं जबकि 14 महासचिव बनाये गये हैं। वरिष्ठ नेता संतोष पाठक को प्रदेश कांग्रेस का ट्रेजरर बनाया गया है।

यहां उल्लेखनीय है कि पार्टी में किसी तरह की गुटबाजी रोकने के लिए कमेटी में लगभग सभी स्तर के नेताओं को जगह दी गयी है। स्व. सोमेन मित्रा के करीबियों को भी कमेटी में रखा गया है। उपाध्यक्षों में सबसे अहम नाम सरदार अमजद अली का माना जा रहा है क्योंकि वह सोमेन मित्रा के काफी करीबी हैं। वहीं महासचिवों में सोमेन मित्रा के पुत्र रोहन मित्रा, सोमेन के करीबी विधायक काजी अब्दुर रहीम, कृष्णा चक्रवर्ती और आशुतोष चट्टोपाध्याय को जगह दी गयी है।

योगी सरकार ने राज्य कर्मचारियों को दिया त्योहारी एडवांस का तोहफा

0

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्र सरकार की तरह प्रदेश के कर्मचारियों को भी त्योहारी एडवांस देने का ऐलान किया है। उन्होंने वित्त विभाग को योजना तैयार करने के निर्देश दे दिए हैं। वहीं, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने दिवाली का बोनस भी समय पर देने का स्पष्ट संकेत किया है। वित्त मंत्री ने बताया कि केंद्र द्वारा घोषित योजना का अध्ययन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री से विचार-विमर्श कर जल्दी ही निर्णय ले लिया जाएगा।

गौरतलब है कि केंद्र ने अपने कर्मचारियों को अवकाश यात्रा रियायत (एलटीसी) के बदले नकदी वाउचर और खरीदारी के लिए 10 हजार रुपये अग्रिम देने का ऐलान किया है।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को परंपरागत तौर पर जो भी लाभ मिलता रहा है, सरकार उसे देगी। कोरोना आपदा के बीच प्रदेश की वित्तीय स्थिति सुधर रही है। पिछले वर्ष के अगस्त के मुकाबले इस वर्ष अगस्त में 600 करोड़ और सितंबर के मुकाबले इस वर्ष सितंबर में 890 करोड़ रुपये अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है। अगर प्रदेश सरकार ने केंद्र की तरह त्योहारी अग्रिम व एलटीसी के बदले नकदी वाउचर के भुगतान का फैसला किया तो करीब 16 लाख कर्मचारी फायदा पाएंगे। प्रदेश में राज्य कर्मियों के 12.40 लाख पद, सार्वजनिक क्षेत्र के करीब एक लाख और सहायतित संस्थाओं के 7.12 लाख पद हैं। इनमें से करीब 16 लाख कार्यरत हैं। इन्हें यदि 10 हजार रुपये एडवांस दिया जाता है तो सरकार पर 1600 करोड़ रुपये का व्यय भार आने का अनुमान है।

कानून की छात्रा ने चिन्मयानंद पर लगाए आरोप वापस लिए

0

लखनऊ। बीते साल भाजपा के पूर्व सांसद चिन्मयानंद पर यौन शोषण का आरोप लगाने वाली शाहजहांपुर की कानून की छात्रा ने अपने आरोप वापस ले लिए हैं। कथित पीड़िता मंगलवार को यहां सांसद व विधायकों के लिए एक विशेष कोर्ट के सामने पेश हुई और स्पष्ट रूप से अपने द्वारा पूर्व मंत्री के खिलाफ लगाए आरोपों से मना कर दिया।

लखनऊ कोर्ट इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देश पर इस मामले की सुनवाई कर रहा था।

हालांकि छात्रा के इस फैसले से अभियोजन पक्ष ने सीआरपीसी की धारा 340 के तहत एक आवेदन दिया और कथित पीड़िता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

न्यायाधीश पी. के. राय ने अपने कार्यालय को आवेदन पंजीकृत करने का निर्देश दिया और अभियोजन पक्ष को आवेदन की एक कॉपी पीड़िता और आरोपी को देने को कहा। कोर्ट ने अर्जी पर सुनवाई के लिए 15 अक्टूबर की तारीख तय की है।

लड़की शाहजहांपुर में चिन्मयानंद के आश्रम द्वारा संचालित लॉ कॉलेज की छात्रा थी और उसने पिछले साल अगस्त में यौन शोषण का आरोप लगाया था।

इस मामले ने तब सुर्खियां बटोरी जब लड़की गायब हो गई और सुप्रीम कोर्ट में पेश हुई।

उत्तर प्रदेश सरकार ने मामले की जांच के लिए एक एसआईटी का गठन किया था। इसके बाद चिन्मयानंद ने यह भी आरोप लगाया था कि कथित पीड़िता उनसे पैसे निकालने की कोशिश कर रही थी और उस पर एफआईआर दर्ज करवाया था।

बाद में दोनों गिरफ्तार हुए थे।

चिन्मयानंद को 20 सितंबर, 2019 को गिरफ्तार किया गया था।

जांच अधिकारी ने चिन्मयानंद के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 (सी), 354 (डी), 342 और 506 के तहत आरोप पत्र दायर किया था। जांच अधिकारी ने 13 पृष्ठ की चार्जशीट में 33 गवाहों और 29 दस्तावेजी साक्ष्यों का हवाला दिया था।

चिन्मयानंद को 3 फरवरी, 2020 को इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत पर रिहा कर दिया गया था। कोर्ट ने शाहजहांपुर से लखनऊ की सांसद-विधायकों के लिए विशेष कोर्ट में मुकदमा स्थानांतरित कर दिया था।

टाइम्स नाउ

0

उज्ज्वल दुनिया/पटना। टाइम्सनाउ और  सी- वोटर के ताजा सर्वे के हिसाब से बिहार में एक बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की पूर्ण बहुमत की सरकार बन सकती है। जबकि इससे पहले एबीपी और सी वोटर के सर्वे में भी एनडीए की बढ़त दिखी थी। ताजा सर्वे के मुताबिक बिहार की कुल 243 विधानसभा सीटों में से 160 पर भाजपा-जदयू गठबंधन वाले एनडीए को जीत पक्की नजर आ रही है। सर्वे के मुताबिक राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन को महज 76 सीटों से ही संतोष करना पड़ सकता है।

सर्वे में लोगों से पूछा गया कि उनके लिए सबसे अहम मुद्दा कौन सा है। इसके जवाब में लगभग 49 फीसदी लोगों ने कहा, सबसे बड़ा मुद्दा नौकरी है। वहीं, 12.9 फीसदी लोगों के लिए बिजली, पानी और सड़क मुद्दा है। 8.7 फीसदी लोगों के लिए भ्रष्टाचार तो 7.1 प्रतिशत के लिए महिला सुरक्षा और 6.7 प्रतिशत लोगों के लिए शिक्षा मुद्दा है।

वहीं, मौजूदा नीतीश कुमार की अगुवाई वाली एनडीए सरकार के प्रदर्शन को 43.6 फीसदी लोगों ने खराब बताया, जबकि 27.5 फीसदी लोगों ने इसे अच्छा और औसत बताया। मुख्य रूप से नीतीश कुमार के प्रदर्शन को 28.2 फीसदी लोगों ने अच्छा बताया है। 32 फीसदी लोगों ने नीतीश कुमार  मुख्यमंत्री के रूप में पहली पसंद बताया। जबकि 17.6 फीसदी के साथ दूसरे स्थान पर  तेजस्वीयादव और 12.5 फीसदी लोगों की पसंद के साथ तीसरे नंबर  सुशील मोदी रहे।
सर्वे के अनुसार बिहार में एनडीए और विपक्षी गठबंधन के बाद अन्य को 7 सीटें, जिसमें पांच लोजपा को मिल सकती हैं। अगर दलगत सीटों की बात करें तो एनडीए की 160 सीटों में भाजपा के खाते में 85, जदयू को 70 और हम-वीआईपी को 5 सीटें मिल सकती हैं। वहीं विपक्षी गठबंधन में राजद को 56, कांग्रेस को 15 और वामपंथी दलों को 5 सीटें मिल सकती हैं।

टाइम्स नाऊ-सी वोटर बिहार ओपिनियन पोलकुल

सीट-243

एनडीए-160,

भाजपा-85,

जदयू-70

हम-वीआईपी-5

यूपीए-76

राजद-56

कांग्रेस-15

वामदल-5

अन्य-7 (#लोजपा-5)

एबीपी-सी वोटर के सर्वे में भी एनडीए की वापसी

टाइम्स नाउ-सी वोटर से पहले एबीपी न्यूज और सी वोटर ने सर्वे किया था। इसमें भी एनडीए की सत्ता में फिर से वापसी की संभावना दिखी। वहीं, राजद के नेतृत्व वाला विपक्षी गठबंधन पीछे रह रहा था। इस सर्वे में एनडीए को 141 से 161 सीटें मिल सकती हैं। यूपीए को 64 से 84 और अन्य दलों के खाते में 13 से 23 सीटें जाने का अनुमान था।

आदिवासी और दलित महिलाओं और बेटियों के साथ बर्बरता बर्दाश नहीं करेगी भाजपा

0

उज्ज्वल दुनिया/रांची : पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड में महिलाएं व बेटियां सुरक्षित नहीं है। प्राय प्रतिदिन राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में आदिवासी, दलित महिलाओं व बच्चियों के साथ हृदयविदारक, अमानवीय और बर्बरतापूर्वक साथ अत्याचार हो रहा है, बलात्कार हो रहा है। चार वर्ष की बच्चियों से लेकर आश्रम में साध्वी तक सुरक्षित नही है। अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ। झारखंड पुलिस के आंकड़ों की माने तो जनवरी से जुलाई 2020 के बीच है झारखंड में 1033 बच्चियों के साथ दरिंदगी की रिपोर्ट दर्ज हुई थी यानी प्रति दिन पांच बच्चियों के साथ दुष्कर्म की घटना हो रही है। इनमें सबसे ज्यादा आदिवासी, दलित बच्चियां हैवानित की शिकार हो रही है। 
जब मुख्यमंत्री अक्षम हो, तो कानून-व्यवस्था की स्थिति कमजोर हो जाती है। इसका सबसे ज्यादा कुप्रभाव अनुसूचित जाति-जनजाति, दलित, आदिवासी, गरीब, पिछड़ों-वंचितों पर होता है। झारखंड में भी यही हो रहा है। आश्चर्य का विषय है कि मुख्यमंत्री जी के क्षेत्र में बार-बार घटनाएं हो रही है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति हो रही है। मीडिया में आ रही सूचना के अनुसार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी के विधानसभा क्षेत्र में दो बच्चियों के साथ हैवानियत हुई। अपराधियों पर कार्रवाई करने की बजाय पुलिस मामले में लीपापोती का प्रयास कर रही है। उन्हीं के क्षेत्र में अपनी शिकायत लेकर आयी दलित लड़की के साथ एक थानेदार मारपीट और अभद्र व्यवहार करता है। लेकिन इस मामले में भी खानापूर्ति के अलावा कुछ नहीं हुआ। नाला में पिछले दिनों इलाज नहीं होने के कारण एक आदिवासी महिला अपनी बच्ची के साथ आग में जलकर जान दे देती है। ऐसी घटनाएं लगातार हो रही हैं । 

रघुवर दास ने कहा कि दूसरे राज्यों में हो रही घटना पर झामुमो-कांग्रेस के नेता तुरंत बयान देकर राजनीति कर रहे हैं, लेकिन झारखंड की घटना में उनके मुंह से एक शब्द नहीं फूट रहा है। राहुल गांधी जी, प्रियंका वाड्रा जी को राजनीति करनी थी, तो हाथरस में जाकर तसवीरें खिंचाई, लेकिन हमारे समय झारखंड को बदनाम करनेवाले राहुल जी अब दुबक कर बैठ गये हैं। मैं राहुल जी से अपील करता हूं की आईये झारखंड मैं भी आपके साथ चलूंगा। आईये यहां की आदिवासी-दलित बेटियों के साथ दुख बांटने।

 मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी देश के खिलाफ काम करनेवाले नक्सली नेता के प्रति तो सहानुभूति रखते हैं, लेकिन झारखंड की महिलाओं व बच्चियों के प्रति उनकी सहानुभूति नहीं जगती है। 
उन्होंने कहा कि संथाल परगना में अपराधियों का आतंक अब बढ़ता ही जा रहा है। जमीन पर अवैध कब्जा, बालू-पत्थरों की अवैध ढुलाई, हत्या-बलात्कार जैसी घटनाएं आम हो गयी हैं। रांची, जमशेदपुर, धनबाद, लोहरदगा, लातेहार आदि में दिन दहाड़े हत्या हो रही है। धनबाद में तो सत्ताधारी दल के नेता की ही सरेआम हत्या हो जाती है। राज्य में अपराधी मस्त, पुलिस-प्रशासन पस्त और जनता त्रस्त है। राज्य की जनता त्राहिमाम कर रही है और सरकार कान में तेल डालकर सो रही है। “जब रोम जल रहा था,  तब नीरो बंसी बजा रहा था”, यह कहावत झारखंड पर बिलकुल चरितार्थ हो रही है। भारतीय जनता पार्टी सरकार को चेतावनी देती है कि अपराध पर जल्द से जल्द नियंत्रण करे, वर्ना भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर कर उग्र आंदोलन करेंगे।

लातेहार में पुलिस और टीपीसी में मुठभेड़

0

नितेश जायसवाल / उज्ज्वल दुनिया संवाददाता 

लातेहार । जिले के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत जरमा जंगल में मंगलवार की शाम पुलिस और उग्रवादी संगठन टीपीसी के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में सभी उग्रवादी शाम के अँधेरे का फायदा उठाते हुए भागने में सफल रहे। वहीं पुलिस ने मौके पर से एक राइफल समेत उग्रवादियों के अन्य समान बरामद किये। 

लातेहार के एसपी प्रशांत आनंद ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए कहा कि उग्रवादियों के जमावड़ा की गुप्त सूचना पर लातेहार और चंदवा थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम को अलौदिया जंगल में भेजा गया था। और सर्च अभियान अभी भी जारी है। 

जानकारी के अनुसार मुठभेड़ शाम 4 बजे के लगभग हुई जिसमें उग्रवादियों को पुलिस के आने की भनक लग गई और पुलिस को देखते ही उग्रवादियों ने उन पर गोली चलाना प्रारंभ कर दिया। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की जिसके बाद पुलिस को भारी पड़ता देख उग्रवादी जंगल में छिप गए। 

कुछ देर बाद लगभग पांच बजे पुनः उग्रवादियों ने पुलिस पर गोली चलाई जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। इसी बीच उग्रवादी अँधेरे का फायदा उठा भागने में सफल रहे। 

मुठभेड़ में क्या हुआ बरामद

पुलिस ने एक रायफल, कारतूस, नक्सली पर्चा, मोबाईल फोन, डायरी समेत कई जरूरत का सामान बरामद किया है।

पिछले एक साल में लुईस मरांडी की संपत्ति एक करोड़ रुपये बढ़ गई

0

उज्ज्वल दुनिया/दुमका ।  दुमका विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉ. लुइस मरांडी ने मंगलवार को नामांकन पर्चा दाखिल किया। जिसमें उन्होंने अपने हलफनामा में कुल चल संपत्ति आठ करोड़ 59 लाख 35 हजार 543 रुपये बताया है। जबकि कुल अचल संपत्ति एक करोड़ 60 लाख 98 हजार 243 रुपये है। उनके पति ब्रेंचुयस किस्कू की चल संपत्ति 64 लाख 10 हजार 419 रुपये है जबकि अचल संपत्ति 29 लाख 44 हजार रुपये है। उनके बेटे मार्टिन किस्कू की चल संपत्ति 20 लाख 48 हजार 919 रुपये है, जबकि उनके दूसरे बेटा फेलिक्स किस्कू की चल संपत्ति 46 लाख 48 हजार 998 रुपये है। डॉ. लुइस की दुमका में तीन जगह नापितपाड़ा, न्यू बाबूपाड़ा, और फसियाडंगाल में मकान है। इसकी कुल कीमत एक करोड़ 60 लाख के करीब है। डॉ. लुइस मरांडी के पास 133 ग्राम सोना जिसका मूल्य चार लाख रुपये है। उनके पास बोलेरो और स्कार्पियो वाहन है।

जबकि उनके नाम पर 11 लाख 97 हजार रुपये की बीमा पॉलिसी है। उनका विभिन्न बैंकों में एक करोड़ 40 लाख 85 हजार रुपये जमा है जबकि एक करोड़ 86 लाख 26 हजार रुपये का एफडी और म्यूच्युल फंड में निवेश है। उनका कुल निवेश 3 करोड़ 27 लाख रुपये है। डॉ.लुइस पर करीब 91 लाख रुपये का बैंक ऋण है। ये 1995 में रांची विश्वविद्यालय से एमए किया की पढ़ाई पूरी की हैं और उन्होंने 2010 में पीएचडी की डिग्री हासिल की है।

नाबालिग की गैंगरेप के बाद हत्या, पुलिस ने कब्र से निकाला शव

0

उज्ज्वल दुनिया/साहेबगंज ।  झारखंड के बरहेट में नाबालिग बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म और हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है, जबकि मंगलवार को शव को कब्र से निकाल कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। 

मामला दबाने की नियत से शव को जमीन में गाड़ दिया 

 रांगा थाना क्षेत्र के लखीपुर तियो टोला गांव में एक 14 साल की नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद हत्या कर दी गई। मामले को दबाने की कोशिश में आनन-फानन में रविवार को शव को दफना दिया गया। लेकिन जब पुलिस-प्रशासन के सामने यह बात सामने आई तो दंडाधिकारी सह पलना प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमन कुमार सौरभ की उपस्थिति में पुलिस ने मंगलवार को कब्र से नाबालिग की लाश को निकाल कर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल साहेबगंज भेजा।

सहेली के साथ  बैंक से पैसे निकालने गई थी युवती 

 नाबालिग लड़की अपनी सहेली के साथ बीते बुधवार को बैंक से पैसे निकालने गई थी। वापसी के दौरान दोनों लड़कियां तालझारी पंचायत के अपने दो लड़के मित्र के साथ कल्याणपुर गांव में आयोजित फुटबॉल मैच देखने निकल गई थी। इसके बाद शनिवार तक दोनों लड़की का कुछ भी अता पता नहीं चल सका था। रविवार की सुबह उसमें से एक नाबालिग लड़की का शव गांव में ही एक निर्माणाधीन मकान के छज्जे में पड़ा मिला था। लड़की की नाक और मुंह से खून निकलता देखकर घरवाले यह समझे की सांप के काटने से मौत हुई होगी और उसे दफना दिया गया।

ऐसे हुआ मामले का खुुलासा

रविवार की शाम को मृतका की सहेली ने मृतका के परिजनों को अपने और मृतका के साथ सामूहिक दुष्कर्म होने की बात बताई। उसने कहा कि वे किसी तरह से जान बचाकर भागने में सफल हुई थी। इसके बाद सोमवार को मृतका के पिता रांगा थाना पहुंचकर इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई। 

चार युवकों को हिरासत में लिया गया 

मामले में राजमहल एसडीओ हरिवंश पंडित के निर्देश पर पतना प्रखंड के वीडीओ सुमन कुमार सौरभ को दंडाधिकारी नियुक्त किया गया। जिनकी उपस्थिति में मंगलवार को नाबालिग लड़की का शव कब्र से बाहर निकाल कर उसे पोस्टमार्टम के लिए साहेबगंज सदर अस्पताल भेजा गया। जहां प्रशासन की ओर से नियुक्त मेडिकल बोर्ड की टीम द्वारा पोस्टमार्टम कर यह जानने का प्रयास किया जाएगा कि लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना घटित हुई या नहीं? इसके आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। उधर, मृतका की सहेली के बयान पर इस मामले में पांच लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने पूछताछ के लिए चार युवकों को हिरासत में ले लिया है।

बिहार के चुनाव में कन्हैया कुमार की एंट्री

0

उज्ज्वल दुनिया/ बेगुसराय । बिहार विधानसभा चुनाव में जेएनयू के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार की एंट्री हो चुकी है। इस बार इस युवा और ओजस्वी नेता की एंट्री प्रत्याशी के रूप में नहीं बल्कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी  के स्टार प्रचारक के रूप में हुई है। कन्हैया कुमार बिहार चुनाव में उतरते ही अपने रंग में लौटते हुए दिख रहे हैं। वह उसी धार के साथ सीधे-सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्र सरकार और बीजेपी को निशाने पर लेना शुरू कर दिया है। अपनी पार्टी के पक्ष में कन्हैया के इसी प्रकार से वोट मांगने के रवैये को देखते हुए पॉलिटिकल पंडित गुणा-गणित लगाना शुरू कर चुके हैं।

कन्हैया ने इन हमलों के साथ शुरू किया प्रचार

कन्हैया कुमार सोमवार को बेगूसराय जिले के बखरी विधानसभा क्षेत्र से सीपीआई उम्मीदवार सूर्यकांत पासवान और तेघड़ा से उम्मीदवार राम रतन सिंह के नामांकन में हिस्सा लेने पहुंचे थे। नामांकन के बाद कन्हैया कुमार ने एक छोटी चुनावी सभा में बीजेपी पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि पहले ईवीएम हैक होता था, अब बीजेपी के लोग सीएम को ही हैक कर ले रहे हैं।

कन्हैया ने आगे कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया बहुत खराब आदमी थे, जब तक वह कांग्रेस में थे। गंगा में डुबकी लगा लिए, जब से वह भाजपाई हो गए हैं। हम एक जगह बोले थे कि ज्यादा बीजेपी वाला हमको देशद्रोही-देशद्रोही बोलेगा…तो हम बोलेंगे खबरदार…अगर ज्यादा बोलोगे तो हम बीजेपी जॉइन कर लेंगे। कन्हैया ने कहा कि तुरंत जिसको ये लोग गाली देते हैं, 5 मिनट बाद ही उसको मौसा कहना शुरू कर देते हैं।

स्‍टेट बैंक की ऑनलाइन बैंकिंग सर्विस ठप, लेकिन एटीएम कर रहे हैं काम

0

उज्ज्वल दुनिया/नई दिल्‍ली, 14 अक्‍टूबर (हि.स.)। सार्वजनिक क्षेत्र के सबसे बड़े बैंक स्‍टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं पिछले साढ़े तीन घंटे से ज्‍यादा समय से ठप हैं। बैंक ने मंगलवार को खुद ट्वीट के जरिए इसकी जानकारी दी। एसबीआई का कहना है कि कनेक्टिविटी की समस्या की वजह से ऐसा हो रहा है। हालांकि, बैंक के एटीएम और पीओएस मशीनें काम कर रही हैं।

स्‍टेट बैंक ने ट्वीट कर ग्राहकों से कहा है कि इस समस्या और असुविधा के लिए हमें खेद है। बैंक ने कहा है कि जल्द ही सामान्य सेवा फिर से शुरू हो जाएगी। बैंक ने अपने ट्वीट में बताया कि कनेक्टिविटी की वजह से ग्राहकों को ऑनलाइन बैंकिंग सर्विसेज को इस्तेमाल करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है लेकिन एटीएम और पीओएस मशीनें काम कर रही हैं, जहां से ग्राहक पैसा निकाल सकते हैं। 

जेडीयू ने ददन पहलवान, भगवान सिंह कुशवाहा समेत 15 नेताओं को पार्टी से निकाला

0

उज्ज्वल दुनिया/पटना । जेडीयू ने बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी लाइन के खिलाफ जाकर चुनाव लड़ रहे 15 नेताओं को दल से बाहर निकाल दिया है. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने ये कार्रवाई की है. पार्टी से बाहर किये गये नेताओं में ददन पहलवान, भगवान सिंह कुशवाहा, सुमित कुमार सिंह जैसे नेता शामिल हैं.

इन नेताओं पर हुई कार्रवाई

जेडीयू की ओर से दी गयी जानकारी के मुताबिक जिन नेताओं को पार्टी से बाहर किया गया है उसमें डुमरांव से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे विधायक ददन पहलवान, सिकंदरा से लड़ रहे पूर्व मंत्री रामेश्वर पासवान, जगदीशपुर से लोजपा प्रत्याशी बने  भगवान सिंह कुशवाहा, पूर्व विधायक रणविजय सिंह, चकाई से निर्दलीय उम्मीदवार बने सुमित कुमार सिंह शामिल हैं. 

इसके अलावा महिला जेडीयू की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कंचन गुप्ता, युवा जेडीयू नेता तजम्मुल खां, रोहतास के पूर्व जिलाध्यक्ष अमरेश चौधरी, जेडीयू नेता सिंधु चौधरी, डॉ राकेश रंजन, मुंगेरी पासवान शामिल हैं. इसके साथ ही ददन पहलवान के बेटे करतार सिंह यादव को भी पार्टी से निकाला गया है.

हेमंत सरकार आदिवासी और दलित विरोधी

0

उज्ज्वल दुनिया /रांची । बरहेट की घटना पर भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवम सांसद समीर उरांव ने घटना की तीब्र भर्त्सना करते हुए कहा कि हेमंत सरकार में दलित,आदिवासी सबसे ज्यादा परेशान हो रहे। यह सरकार अपने पहले दिन से ही आदिवासियों की हत्या करवा रही है। आदिवासियों की परंपरा संस्कृति के साथ खिलवाड़ करने वाले राष्ट्र विरोधी ताकतों का मुकदमा पहले कैबिनेट में वापस करके अपनी मंशा जाहिर कर चुकी है। उन्होंने कहा यह सरकार आदिवासी दलित विरोधी सरकार है।
सांसद सुनील सोरेन ने कहा कि हेमंत सरकार ने सत्ता में बने रहने का अपना नैतिक अधिकार खो दिया है। आदिवासी समाज मे इस सरकार के खिलाफ आक्रोश है।  उन्होंने कहा कि संथाल क्षेत्र में बहन बेटियों के साथ ऐसा अन्याय कभी नही हुआ ।

सिख युवक के अपमान के खिलाफ़ जनसभा ने ममता बनर्जी का पुतला जलाया

0

उज्ज्वल दुनिया /रांची । भ्रष्टाचार के खिलाफ तथा जन जागरूकता के लिए काम करने वाली संस्था जनसभा के बैनर तले जमशेदपुर में विरोध सभा का आयोजन किया गया . तथा  बंगाल के मुख्यमंत्री  का पुतला दहन किया गया. बंगाल में  सिख भाई को बंगाल पुलिस द्वारा पगड़ी उतार कर मारपीट करने के खिलाफ आक्रोश दर्ज किया गया. इस आक्रोश सभा का नेतृत्व करते हुए   दानिश ने बताया कि बंगाल पुलिस और बंगाल सरकार का यह कृत्य माफी लायक नहीं है .बंगाल सरकार को यह अधिकार नहीं है कि वह एक सिख का पगड़ी खोल उसे दौड़ा कर पिटाई  करे. जनसभा ने ममता बनर्जी का पुतला दहन करते हुए यह संकेत दिया कि देश में किसी को भी अपने धर्म के अनुसार जीने का अधिकार है और किसी भी सरकार को दुर्भावना बस धार्मिक रूप से अपमान करने का अधिकार नहीं है.जमशेदपुर के युवाओं ने कहा कि हम सिख भाइयों के साथ हैं और इस बर्बर कृत्य में शामिल होने वाले पुलिस कर्मियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल में डालें ममता सरकार. वरना जनसभा पूरे देश में आंदोलन करेगी .जनसभा जिला इंचार्ज दन्याल दानिश के नेतृत्व में ममता बनर्जी का पुतला दहन  किया गया साथ  में धर्मेंद्र प्रसाद ,रानी गुप्ता, कंवलजीत सिंह ,जूही प्रसाद, मंजू राव अनीता प्रसाद ,नीतू दुबे आदि उपस्थित थे.

हेमंत सरकार में बहन

0

उज्ज्वल दुनिया /रांची ।  भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद दीपक प्रकाश ने मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र बरहेट के पतना में नाबालिग आदिवासी लड़की को बलात्कार के बाद हत्या किये जाने की घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार में बहन बेटियों की इज्जत शरेआम लूटी जा रही है। संथाल परगना सहित पूरा प्रदेश भयाक्रांत है।

दीपक प्रकाश ने कहा कि पतना में 13 वर्षीय नाबालिग लड़की की अपराधियों के द्वारा बलात्कार के बाद हत्या कर दी जाती है । उन्होंने राज्य की विधि व्यवस्था पर प्रश्न चिन्ह खड़ा करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन राज्य सरकार के इशारे पर इस घटना की लीपापोती में जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि नाबालिग के पिता ने स्पष्ट बयान देकर कहा है कि मेरी बेटी के साथ बलात्कार हुआ और फिर उसकी हत्या की गई है। कहा कि इस घटना को थाने में दर्ज करने से भी अधिकारियों ने  मना किया जिससे सरकार और पुलिस की मंशा उजागर होती है।श्री प्रकाश ने कहा कि मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र की यह  दूसरी भयावह घटना है।इसके पूर्व बरहेट में एक नाबालिग के साथ दरोगा का दुर्व्यवहार से पूरा प्रदेश परिचित है।

दीपक प्रकाश ने कहा कि मुख्यमंत्री से प्रदेश संभल नही रहा। गिरिडीह धनवार में 7 महीने पूर्व नाबालिग को बलात्कार के बाद जिंदा जलाने की घटना पर माननीय न्यायालय को हस्तक्षेप करना पड़ा,पुलिस गेस्ट हाउस रांची में हुई दुष्कर्म की घटना पर महामहिम राज्यपाल को हस्तक्षेप की नौबत आई, फिर ऐसी निकम्मी सरकार की क्या जरूरत रह गई।

उन्होंने मांग की कि नाबालिग की लाश के पोस्टमार्टम की  वीडियोग्राफी  हो साथ ही उसके विसरा को उच्चस्तरीय फोरेंसिक जांच केलिये सुरक्षित रखा जाय।दीपक प्रकाश ने कहा कि सरकार  द्वारा ऐसी घटनाओं की लीपापोती के खिलाफ भाजपा पूरे प्रदेश में सड़कों पर उतर कर आंदोलन करने को बाध्य  होगी।