उज्ज्वल दुनिया /रांची । सीएम हेमन्त सोरेन ने कहा कि कोविड-19 जैसी महामारी के समय हमारे और आपके द्वारा किया गया रक्तदान कई लोगों को नई जिंदगी दे सकता है। वर्तमान समय में रक्तदाताओं द्वारा किया जा रहा प्रयास बहुत ही सराहनीय है। महामारी के समय रक्तदान का महत्व बहुत बढ़ जाता है। मुख्यमंत्री ने युवा वर्ग सहित स्वस्थ लोगों से रक्तदान करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे द्वारा दान दिए गए रक्त का एक-एक बूंद किसी को नया जीवन दे सकता है। उक्त बातें मुख्यमंत्री ने आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास में रक्तदान करने के पश्चात कहीं। उन्होंने कहा कि रक्तदान बहुत बड़ा पुण्य का कार्य है। इस अवसर पर रिम्स ब्लड बैंक रांची के लैब टेक्नीशियन राजीव रंजन एवं प्रसेन प्रसाद उपस्थित थे।
चुटिया श्रीराम मंदिर के पास महिला स्वयंसेवकों की बैठक
उज्ज्वल दुनिया /रांची । झारखंड प्रदेश प्रोफेशनल कांग्रेस, नर्व एंड माइंड एवं चैरिटेबल चामस के तहत रोजगार आपके द्वार कार्यक्रम को लेकर गुरुवार चुटिया श्रीराम मंदिर के समीप झारखंड प्रदेश प्रोफेशनल कांग्रेस के अध्यक्ष आदित्य विक्रम जायसवाल ने महिला स्वंयसेवियों के साथ बैठक की। इस दौरान महिलाओं की सशक्तिकरण, रोजगार से जोड़ने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि प्रोफेशनल कांग्रेस कमिटी महिलाओं को सशक्त करने के लिए एवं रोजगार से जोड़ने के लिए निःशुल्क ब्यूटीशियन एवं सिलाई प्रशिक्षण अभियान चलाएगी। इस दिशा में विशेष रूप से पहल की जाएगी, इसके लिए रूप-रेखा तैयार कर ली गई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए पहले उन्हें सशक्त करना होगा। सशक्त करने के लिए उन्हें रोजगार से जोड़ना होगा। निःशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त करने बाद महिलाएं आर्थिक रूप से अपने परिवार को सुदृढ़ता प्रदान कर पायेंगी।
बैठक में प्रोफेशनल कांग्रेस के अनिल सिंह एवं कृष्णा सहाय ने कहा कि आज महिलाओं को जागरूक कर रोजगार से जोड़ना आवश्यक है। महिलाएं हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही है, बस उनको सही सलाह की जरूरत है। इस दिशा में प्रोफेशनल कांग्रेस कार्य कर रही है।
ख्याति मुंजाल ने कहा कि निःशुल्क ब्यूटिशिन व सिलाई प्रशिक्षण से समाज की महिलाएं आत्मनिर्भर और शक्त होंगी। प्रोफेशनल कांग्रेस हमेशा से समाजसेवा और लोगों के उत्थान के लिए विशेष जोर देते आ रही है।
इस अवसर पर प्रदेश प्रोफेशनल कांग्रेस के उपाध्यक्ष डाॅ सुयश सिन्हा, ख्याति मुंजाल, डॉ शिप्रा शरण, रिंकी मिंज, रूमका घोष, अभिनय बक्शी ,आसिफ जियाउल ,कोमल कृति, कृष्णा सहाय ,अनिल सिंह ,राहुल रे ,गोपाल पांडे ,आभा श्रीवास्तव ,ज्योति कौर ,हरजीत कौर ,लखविंदर कौर,कुसुम देवी, गुरदीप कौर ,सुधा देवी,रूबी देवी,लखविंदर कौर, अंशुमाला टोप्पो, उर्मिला कुमारी, नुसरत प्रवीण राजीव चैरसिया सोनू सिंह, आयुष अग्रवाल, बाबला कुमार इत्यादि लोग मौजूद थे।
राष्ट्रीय यादव सेना ने बरही विधायक का फूंका पुतला
उज्ज्वल दुनिया संवाददाता/बरही। बरही विधायक उमाशंकर अकेला के खिलाफ गुरुवार को राष्ट्रीय यादव सेना बरही इकाई ने काला झंडा लेकर विरोध मार्च निकाला। विरोध मार्च पैदल सामंतो पेट्रोल पंप के पास से निकल कर नारेबाजी करते हुए बरही चौक पहुंचा। जहां राष्ट्रीय यादव सेना के कार्यकर्ताओं ने आक्रोश के साथ विधायक उमाशंकर अकेला का पुतला दहन किया। शांति और विधि व्यवस्था बनाए रखने को लेकर कार्यक्रम के दौरान प्रखंड व अनुमंडल की प्रशासन दल बल के साथ मौजूद रहे।
इस विरोध मार्च में ज्यादातर युवा वर्ग के लोग शामिल थे। जो विधायक अकेला यादव मुर्दाबाद, पावर का दुरुपयोग करना बंद करो, भ्रष्टाचार को बढ़ावा देना बंद करो, माफियाओं को संरक्षण देना बंद करो, निर्दोष लोगों को जेल भेजवाना बंद करो आदि का नारा दे रहे थे।
मौके पर मौजूद राष्ट्रीय यादव सेना के पदाधिकारियों ने बताया कि बरही विधायक उमाशंकर अकेला के इशारे पर बुधवार को श्रीनगर निवासी महादेव यादव एवं उसके पुत्र को छेड़खानी जैसे झूठे मुकदमे में फंसा कर जेल भेजा गया है। जबकि मामला जमीन विवाद का है। जिसका वे लोग कड़ी निंदा कर रहे हैं। इधर उक्त विरोध मार्च का पूर्व विधायक मनोज कुमार यादव ने अपना नैतिक समर्थन दिया।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष रवि यादव, किशुन यादव, गणेश यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष रामचन्द्र यादव, परमेश्वर यादव, राजकुमार यादव, टेकलाल यादव, राजदेव यादव, प्रदेश सचिव कृष्णा यादव, भूपेंद्र यादव, बिक्की यादव, सुभाष यादव, प्रभु यादव, अशोक यादव, अर्जुन यादव, वासुदेव, कृष्ण मोहन यादव, राजेश यादव, दिनेश यादव, मुन्ना यादव, मनितोष यादव, भीम यादव, बसंत यादव, राजेश यादव आदि भारी संख्या में राष्ट्रीय यादव सेना के लोग शामिल हुए।इस दौरान प्रतिरोध रैली का सीमांकन दूरी दी गई थी। वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय यादव सेना के विरोध मार्च निकाली गई थी। दोनों रैली को समन्वय बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद थी। वहीं विरोध मार्च रैली में बरही एसडीओ कुमार ताराचंद, डीएसपी मनीष कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी उत्तम तिवारी, बीडीओ अरूणा कुमारी, सीओ बृजेश कुमार श्रीवास्तव समेत पुलिस दल बल मौजूद थे।
गिरिडीह: एक करोड़ के इनामी पतिराम मांझी समेत 9 नक्सलियों पर चलेगा देशद्रोह का केस
नौ बड़े इनामी माओवादियों के खिलाफ दी गई अभियोजन स्वीकृति
गिरिडीह । जिले में हुई नक्सली वारदात में शामिल भाकपा माओवादी पोलित ब्यूरो सदस्य व एक करोड़ के इनामी नक्सली पतिराम मांझी समेत नौ नक्सलियों पर कानूनी शिकंजा कसता जा रहा है। जिला अधिकारी राहुल कुमार सिन्हा ने पुलिस अधीक्षक की कार्रवाई को सही ठहराते हुए उपरोक्त नक्सलियों के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा चलाने की अनुशंसा की है।
पुलिस के अनुसार राज्य सरकार के गृह-कारा एंव आपदा प्रबंधन विभाग को भेजे गए प्रतिवेदन में एक करोड़ का इनामी पतिराम मांझी, 25 लाख का इनामी हार्डकोर अजय महतो उर्फ टाइगर, दस-10 लाख के इनामी रामदयाल महतो, प्रशान्त मांझी, पांच लाख के इनामी नूनूचंद महतो, लक्ष्मण राय, दीनदयाल कोल्ह और दो अन्य नक्सली शामिल हैं। इन सभी भाकपा माओवादियों के रिवलाफ पीरटाड़, मधुक्न और गिरिडीह मुफसिल थानों में अलग-अलग मामले दर्ज हैं। ये सभी आरोपित माओवादी पारसनाथ के इलाके में नक्सली गतिविधियाें को अंजाम देते रहे हैं।
बिहार चुनाव : कांग्रेस का सोशल मीडिया पर ‘का किये हो’ अभियान, भाजपा
नई दिल्ली (हि.स.)। बिहार विधानसभा चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है तमाम राजनीतिकों दलों ने अपनी कोशिशों को और तेज कर दिया है। इसी क्रम में कांग्रेस पार्टी ने चुनाव प्रचार की अपनी मुहीम के तहत रैलियों-जनसभाओं के अलावा सोशल मीडिया पर भी मोर्चा संभाल लिया है। बिहार की जदयू-भाजपा गठबंधन सरकार की कमियां जनता तक लाने को लेकर कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर ‘का किये हो’ अभियान छेड़ रखा है। इसमें तमाम सरकारी वादे और दावे की हकीकत से जनता को रूबरू कराने का काम किया जा रहा है।
कांग्रेस पार्टी का कहना है कि बिहार की जनता नीतीश कुमार के कुशासन से प्रताड़ित है। ऐसे में बिहार के लोगों की आवाज उठाने के लिए कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर ‘का किये हो’ अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत जहां कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम ने पोस्टर, बैनर, वीडियो के जरिए 15 साल के भाजपा-जदयू सरकार के कुशासन को उजागर करने की योजना बनाई है, वहीं
कांग्रेस ने बिहार की वर्तमान सरकार के वादों का हवाला देते हुए सवाल किया है कि पिछले चुनाव में एक जुमला सुनाकर खूब हल्ला मचाया गया था कि हर घर बिजली पहुंचा कर उजाला लाएंगे। लेकिन हकीकत में हुआ क्या? लोग आज भी बिजली के इंतजार में आखें गड़ाए हुए हैं। इसी प्रकार बिहार में रोजगार पर ताला लगा। बेरोजगारी हद तक बढ़ी। नतीजतन राज्य के युवाओं को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ा। इसीलिए बिहार के युवा पूछ रहे हैं- बताओ नीतीश बाबू, हमरे लिये का किये हो?
दूसरी ओर, कृषि कानूनों को लेकर केंद्र की मोदी सरकार को घेरने वाली कांग्रेस ने बिहार की नीतीश कुमार सरकार को भी किसानों की अनदेखी को लेकर निशाने पर लिया है। कांग्रेस ने कहा है कि बिहार सरकार किसानों को उसकी फसल की कीमत नहीं दे पा रही है। अब अगर किसान की आमदनी भी जीरो कर देगी सरकार तो कैसे काम चलेगा। वहीं महिलाओं पर अत्याचार के मामलों में भी बिहार काफी आगे हैं। ऐसे में ये सरकार न तो जन सुरक्षा सुनिश्चित कर पा रही है और न ही रोजगार एवं फसल भुगतान के प्रति जिम्मेदार है। इन्ही सब बातों को लेकर बिहार के लोग सरकार से पूछ रहे हैं आखिर हमरे लिये ‘का किए हो?’
टीआरपी घोटाला : पुलिस समन के खिलाफ याचिका पर रिपब्लिक टीवी को राहत से इनकार
नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (हि.स.)। सुप्रीम कोर्ट ने टीआरपी घोटाले में रिपब्लिक टीवी के अधिकारियों को पुलिस समन के खिलाफ दायर याचिका पर कोई राहत देने से इनकार कर दिया है। जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली बेंच ने रिपब्लिक के वकील हरीश साल्वे से बांबे हाईकोर्ट जाने को कहा। कोर्ट ने कहा कि वर्ली में आपके ऑफिस से फ़्लोरा फाउंटेन दूर नहीं। फ्लोरा फाउंटेन में बांबे हाईकोर्ट है।
सुनवाई के दौरान जस्टिस चंद्रचूड़ ने पुलिस कमिश्नर के मीडिया को इंटरव्यू देने पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि यह चिंता की बात है कि मुंबई पुलिस कमिश्नर मीडिया को इंटरव्यू दे रहे हैं।
रिपब्लिक टीवी ने अपने सीएफओ और दूसरे अधिकारियों को मुंबई पुलिस के समन को चुनौती दी थी।
सुनवाई से पहले मुंबई पुलिस ने हलफनामा दाखिल कर कहा कि याचिका कानूनी प्रक्रिया का दुरुपयोग है। रिपब्लिक टीवी की याचिका जुर्माना सहित खारिज की जाए। मुंबई पुलिस ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के हनन की दलील गलत है। मुंबई पुलिस को जांच से नहीं रोका जा सकता है। टीवी शो की आड़ में रोज़ गवाहों से बात कर उन्हें प्रभावित करने की कोशिश हो रही है।
दिल्ली में पराली से सिर्फ 4 प्रतिशत प्रदूषण बढ़ता है, 96 प्रतिशत स्थानीय कारण – प्रकाश जवाड़ेकर
नई दिल्ली । केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि पंजाब में पराली जलाए जाने से दिल्ली में मात्र चार फीसदी प्रदूषण बढ़ता है, जबकि लोकल कारणों की वजह से दिल्ली में 96 फीसदी प्रदूषण बढ़ रहा है।
जावड़ेकर ने नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आज से केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की 50 टीमें पूरे दिल्ली में निगरानी करेगी। उन्होंने पंजाब सरकार से अनुरोध किया है कि पराली जलाए जाने की घटना पर रोक लगाने की दिशा में ठोस काम करें।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति गंभीर रहती है। हिमालय से आने वाली ठंडी हवा की गति कम हो जाती है, इससे प्रदूषण जम जाता है लेकिन पराली का जलना भी अभी 20 दिन चलेगा। उन्होंने बताया कि पराली से निपटने के लिए केंद्र ने पंजाब में अधिक मशीनें दी हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कचरा प्रबंधन ठीक से नहीं हो रहा है जिसके कारण लोग कूड़ा जला रहे हैं, केन्द्र सरकार इसे रोकने के लिए 50 टीमें रवाना होंगी।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के लिए केन्द्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार ने पराली की समस्या से निपटने के लिए कुछ नहीं किया।
अनलॉक के बीच लौटी सूरत हीरा उद्योग की रौनक, दीपावली पर 12 हजार करोड़ के कारोबार की उम्मीद
सूरत/अहमदाबाद (हि.स.)। कोरोना संकट चलते चार महीने के लॉकडाउन के बाद अनलॉक प्रक्रिया के तहत सूरत का डायमंड उद्योग की रौनक फिर लौटने लगी है। दीपावली पर एशियाई देशों से हीरे की पॉलिश की मांग बढ़ने से भी हीरा व्यापारियों और ज्वैलर्स को राहत दिख रही है। इसके तहत मांग का 83 प्रतिशत और राजस्व में 12,000 करोड़ रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है।
वर्तमान में अभी कोरोना संकट के चलते सूरत का हीरा उद्योग 80 प्रतिशत कार्यबल के साथ ही शुरू हो पाया है। दीपावली पर ज्वैलर्स को भी अच्छे कारोबार की संभावना है। ऐसे में लॉकडाउन के बाद हीरा उद्योग में पूरी रौनक आने की संभावना है।
जेम्स एंड ज्वैलरी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (जीजेईपीसी) के अध्यक्ष दिनेश नवाडिया ने गुरुवार को बताया कहा कि वर्तमान में अप्रैल-सितम्बर 2019 और 2020 के बीच 37 प्रतिशत की गिरावट थी, लेकिन इसमें अब 83 प्रतिशत कवर किया गया था। घरेलू बाजार बहुत अच्छा है। श्रमिकों की मांग में भी जबरदस्त वृद्धि हुई है। डायमंड इंडस्ट्रीज ने 75 से 83 प्रतिशत तक कार्यबल के साथ काम करना शुरू कर दिया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी काफी सकारात्मक माहौल देखा जा रहा है इसलिए हीरे और आभूषण निर्माण में भी मांग बढ़ी है।
कोरोना के अनलॉक के बीच सूरत के हीरा कारोबार को अमेरिका, हांगकांग, यूरोप और दुबई जैसे देशों से भी ऑर्डर मिल रहे हैं। इसलिए सूरत के हीरा उद्योग में माहौल कुछ अलग दिख रहा है।
भाजपा सांसद ने अमित शाह को पत्र लिखकर सीएए को जल्द लागू करने की मांग की
कोलकाता । बंगाल से भाजपा के वरिष्ठ नेता सांसद शांतनु ठाकुर ने राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) लागू करने की मांग की है। ठाकुर उत्तर 24 परगना जिले के बनगांव सीट से सांसद हैं और वे मतुआ संप्रदाय से आते हैं।
केंद्र सरकार ने पिछले साल सीएए कानून पारित किया था। इस कानून के तहत बांग्लादेश, पाकिस्तान सहित अन्य देशों में अत्याचार का शिकार होकर भारत में आकर बरसों से शरणार्थी के रूप में रहे गैर अल्पसंख्यकों को नागरिकता प्रदान करना है। इसमें मतुआ संप्रदाय भी है जो कई दशक पहले बांग्लादेश से बंगाल में आए थे। बंगाल में इनकी आबादी लाखों में है और राज्य के दर्जनों विधानसभा क्षेत्रों में इनका प्रभाव है। ऐसे में चुनाव से पहले भाजपा सांसद ने अब गृह मंत्री को पत्र लिखकर इस कानून को लागू करने की मांग की है। शांतनु ठाकुर ने बुधवार को कहा कि वह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर सीएए को जल्द लागू करने की मांग की है।
महिला को उकसाने के आरोप में कांग्रेस नेता गिरफ्तार
लखनऊ । पुलिस ने कांग्रेस नेता आलोक प्रसाद को एक महिला को आत्मदाह करने के लिए उकसाने के आरोप में बुधवार को हिरासत में लिया है। गौरतलब है कि महिला ने विधानसभा के सामने मंगलवार को खुद को आग लगाने की कोशिश की थी। महिला को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जाती है।
आलोक प्रसाद पूर्व राज्यपाल सुखदेव प्रसाद के पुत्र हैं।
उन्हें महाराजगंज जिले की एक महिला को आग के हवाले करने के लिए उकसाने के मामले में हिरासत में लिया गया।
पुलिस सूत्रों का दावा है कि महिला ने जहां खुद को आग लगाकर आत्मदाह करने की कोशिश की थी आलोक का लॉकेशन उसी जगह के पास था।
महिला (35) ने पुलिस को बताया था कि उसने अपने पहले पति से तलाक लेने के बाद एक मुस्लिम युवक से शादी की है।
उसका दूसरा पति सउदी अरब में रहता है और महिला के ससुराल वाले उसे परेशान करते हैं।
दिलचस्प बात यह है कि इसी साल जुलाई में कांग्रेस के एक अन्य नेता अनूप पटेल को अमेठी की दो महिलाओं को विधानसभा के सामने खुद को आग लगाने के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
जलने के कारण एक महिला की मौत हो गई थी।
पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडेय ने तब पत्रकारों से कहा था कि, “एआईएमआईएम नेता सहित गिरफ्तार किए गए लोगों पर साजिशन आत्मदाह के लिए उकसाने को लेकर मामला दर्ज किया गया है।”
उन्होंने कहा कि महिलाएं 4 जुलाई को उप्र कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में अनूप पटेल से मिलीं, जिन्होंने उन्हें यही सलाह दी थी और पत्रकारों को इसे कवर करने के लिए कहा था।
मुलायम सिंह यादव मेदांता अस्पताल में भर्ती
लखनऊ । यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। आज दोपहर उनके बेटे पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव उनको लेकर गुड़गांव के मेदांता अस्पताल गए थे, जहां जांच में वह कोरोना पॉजिटिव मिले। अखिलेश यादव उपचुनाव को लेकर प्रदेश कार्यालय में चल रही मीटिंग को छोड़ अचानक मुलायम सिंह यादव से मिलने पहुंचे थे। मेदांंता अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी, जिसके बाद उन्हें यहां लाया गया था। मुलायम सिंंह यादव की कोरोना जांच कराई गई, जिसमें उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। समाजवादी पार्टी के संरक्षक व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव पिछले काफी समय से बीमार चल रहे हैं। इस कारण उन्हें कई बार अस्पातल में भी भर्ती करवाया जा चुका है।
समाजवादी पार्टी के संरक्षक व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव एवं उनकी पत्नी साधना को मेदांता अस्पताल में बुधवार रात लगभग साढ़े नौ बजे भर्ती कराया गया है। दोनों कोरोना पाजिटिव हैं। इनके तीन घरेलू सहायकों को भी भर्ती कराया गया है। वे भी कोरोना पाजिटिव हैं। सीनियर फिजिशियन डा. सुशीला कटारिया की देखरेख में सभी का इलाज शुरू कर दिया गया है।
शरद यादव की बेटी सुभाषिनी और लोजपा के काली प्रसाद पाण्डेय ने थामा कांग्रेस का दामन
उज्ज्वल दुनिया/पटना। पूर्व केंद्रीय मंत्री और लोकतांत्रिक जनता दल के प्रमुख शरद यादव की बेटी सुभाषिनी राज राव और लोक जनशक्ति पार्टी के महासचिव काली प्रसाद पांडे बुधवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। पांडे पहले ही बिहार के कुचायकोट निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर चुके हैं, जबकि सुभाषिनी राव को राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी द्वारा मैदान में उतारने की उम्मीद है।
बिहार कांग्रेस के प्रमुख मदन मोहन झा ने दोनों का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी में दोनों के शामिल होने की वजह से महागठबंधन राज्य में और मजबूत होगा। दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए, सुभाषिनी राव ने कहा कि उनके पिता अपनी बीमारी के कारण बिहार में चुनाव प्रचार में हिस्सा नहीं ले पाए हैं।
वहीं, टिकट बंटवारे में अनियमितताओं की रिपोर्ट के बीच, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता वाली केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) शेष 49 सीटों पर पार्टी उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने के लिए बैठक करेगी। कांग्रेस ने 28 अक्टूबर को पहले चरण के चुनाव के लिए 21 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। चुनाव के दूसरे और तीसरे चरण क्रमश: 3 और 7 नवंबर को होंगे। नतीजे 10 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
बरियातु थाने में एक आरक्षी पर दूसरे आरक्षी को पीटने का आरोप
उज्ज्वल दुनिया/रांची। बरियातू थाना में एक खाकी ने दूसरे खाकी का रंग उतार दिया जब एक मामले में हुई शिकायत के बीच सुलह के दौरान बरियातू थाना के पीएसआई ने आरक्षी की लात-घूसों से बेरहमी से पिटाई कर दी । व्यक्ति को बेरहमी से पीटे जाने के बाद उसके शरीर पर जख्म के निशान किसी साधारण व्यक्ति की नहीं बल्कि यह व्यक्ति पुलिस विभाग में आरक्षी पद पर कार्यरत है । अब आप तक चौंक जाएंगे जब आपको यह मालूम होगा कि इस आरक्षी की पिटाई का आरोप बरियातू थाना में पदस्थापित पीएसआई अंकित पर ही लगा है ।
मामले की तफ्तीश को लेकर बुधवार को बरियातू थाना प्रभारी सपन महथा भी राजेश के घर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली । राजेश ने बताया कि पूरा मामला घरेलू विवाद से जुड़ा हुआ था और इसे लेकर उसकी भांजी ने बरियातू थाने में शिकायत की थी जिसके बाद उसे थाने बुलाया गया जहां उसका विवाद अपनी डॉक्टर भांजी से हुआ ।
इस विवाद के बाद ही एसआई अंकित ने उसे जमकर पीटा । डंडे जेते और घुसो से उसकी पिटाई कर दी । अब राजेश और उसकी पत्नी इंसाफ की गुहार लगा रहे है ।राजेश की भांजी डॉक्टर है और रिम्स में पदस्थापित है । राजेश के अनुसार उसकी पत्नी को बच्चा होना था और इसे लेकर उसने अपनी भांजी मदद मांगी थी लेकिन कोविड की बात कह भांजी ने मदद की असमर्थता जाहिर की जिसके बाद राजेश अपनी पत्नी को लेकर निजी अस्पताल ले गया लेकिन बच्ची की मृत्यु जन्म के साथ ही हो गई ।
इसके बाद भांजी से उसका विवाद हुआ जिसके बाद भांजी ने बरियातू थाने में शिकायत की जिसके बाद पूरा बवाल हुआ । मामले को लेकर डीएसपी सदर प्रभात बरवार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और मामले की तफ्तीश के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंच पाएंगे ।
बहरहाल थाने में अपराधियों और आरोपियों की पिटाई कोई नई बात नहीं लेकिन थाने में जब एक पुलिस वाला ही दूसरे खाकी से बुरी तरह से पीटा जाए यह चौंकाने वाला है । इसके पीछे की वजह क्या है ये जांच के बाद पता चलेगा लेकिन इस पूरी घटना ने सब को असमंजस में डाल दिया है ।
असम में नवंबर से बंद हो जाएंगे सभी मदरसे
सरकारी पैसे से कुरान की पढाई नहीं – हिमंत बिस्वा सरमा
उज्ज्वल दुनिया/दिसपुर । असम में प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. सरकार में मंत्री हिमांता बिस्व शर्मा ने घोषणा की है कि राज्य के सभी सरकारी मदरसे बंद किए जाएंगे । उन्होंने कहा कि आम जनता के रुपयों से धार्मिक शिक्षा देने का प्रावधान नहीं है, इसलिए सरकारी मदरसे अब नहीं संचालित होंगे । इस आदेश का नोटिफिकेशन अगले महीने यानी नवंबर में जारी कर दिया जाएगा । राज्य में लगभग 100 संस्कृत स्कूल भी बंद हो जाएंगे ।
नियमित स्कूलों में बदल जाएंगे मदरसे
असम से भारतीय जनता पार्टी के विधायक और राज्य के शिक्षा मंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि नवंबर में सभी राज्य संचालित मदरसों को बंद करने के बारे में एक अधिसूचना जारी की जाएगी । उन्होंने कहा कि सभी राज्य संचालित मदरसों को नियमित स्कूलों में परिवर्तित किया जाएगा या कुछ मामलों में शिक्षकों को राज्य संचालित स्कूलों में स्थानांतरित किया जाएगा और मदरसों को बंद कर दिया जाएगा । इसके लिए नवंबर में एक अधिसूचना जारी की जाएगी ।
4 फीसदी मुस्लिम छात्र पढ़ते हैं मदरसों में
मदरसे शैक्षिक संस्थान हैं जहां कुरान और इस्लामी कानून को गणित, व्याकरण, कविता और इतिहास के साथ पढ़ाया जाता है । शैक्षणिक और शोध वेबसाइट द कन्वर्सेशन पर प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार भारत सरकार की रिपोर्ट है कि 4 प्रतिशत मुस्लिम छात्र देश के मदरसों में पढ़ते हैं । बीजेपी की अगुवाई वाली असम सरकार ने धार्मिक संस्थानों पर पैसा खर्च नहीं करने के लिए, मदरसों को नियमित स्कूलों में बदलने या शिक्षकों को अन्य स्कूलों में स्थानांतरित करने और उन्हें बंद करने का निर्णय लिया है ।
सरकारी धन से कुरान का शिक्षण नहीं
न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए मंत्री ने कहा कि मेरी राय में कुरान का शिक्षण सरकारी धन की कीमत पर नहीं हो सकता है । अगर हमें ऐसा करना है तो हमें बाइबल और भगवद गीता दोनों को भी सिखाना चाहिए । इसलिए हम एकरूपता लाना चाहते हैं और इस प्रथा को रोकना चाहते हैं।
कोर्ट में लंबित मामलों पर मीडिया की टिप्पणियां जजों को प्रभावित करने की कोशिश: केके वेणुगोपाल
उज्ज्वल दुनिया/नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (हि.स.)। अटार्नी जनरल केके वेणुगोपाल ने कहा है कि कोर्ट में लंबित मामलों पर मीडिया की ओर से की गई टिप्पणियां जजों को प्रभावित करने की कोशिश होती है और वे उन मामलों पर असर डालने की कोशिश करते हैं। अटार्नी जनरल ने कहा कि ऐसा करना कोर्ट की अवमानना की तरह हैं। सुप्रीम कोर्ट में वकील प्रशांत भूषण के खिलाफ 2009 के एक अवमानना मामले में सुनवाई के दौरान अटार्नी जनरल ने ये टिप्पणी की।
सुनवाई के दौरान अटार्नी जनरल ने कहा कि मैं जब टीवी देखता हूं और जमानत याचिका पर सुनवाई आनी होती है तो टीवी आरोपित की किसी व्यक्ति से बातचीत फ्लैश करता है। यह आरोपित के लिए नुकसानदेह होता है और ये सुनवाई भी प्रभावित करता है। ये कोर्ट की अवमानना है। इस पर वरिष्ठ वकील राजीव धवन ने कहा कि लंबित मामलों के सवाल पर सहारा के केस में विचार हुआ था। उन्होंने यूरोपियन कोर्ट के एक फैसले का जिक्र किया, जिसमें कोर्ट ने पूछा था कि क्या प्रेस को शाइलॉक केस की रिपोर्ट न देने को कहा जाए।
ये मामला 2009 में दिए एक इंटरव्यू का है। उस समय प्रशांत भूषण ने 16 में से आधे पूर्व चीफ जस्टिस को भ्रष्ट कहा था। पिछले 17 अगस्त को सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि पहले इस पर विचार ज़रूरी है कि ऐसे बयान से पहले क्या आंतरिक शिकायत करना उचित नहीं होता।

