Tuesday 30th of June 2026 10:04:04 AM
Home Blog Page 387

विधि

0

उज्ज्वल दुनिया/धनबाद ।  विधि-व्यवस्था की समीक्षा करने झारखंड के डीजीपी एमवी राव हेलीकॉप्टर से आज धनबाद पहुँचे।वही बरवाअड्डा हवाईपट्टी में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।मौके पर धनबाद एसएसपी असीम विक्रांत मिंज समेत सभी पुलिस अधिकारियों व पदाधिकारियों नें डीजीपी का स्वागत किया।कुछ देर के बाद धनबाद की विधि-व्यवस्था को लेकर एसएसपी कार्यालय में डीजीपी पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।

पुलवामा में आतंकी हमला, सीआरपीएफ के दो जवान घायल

0

पुलवामा (हि.स.)। पुलवामा जिले के गंगू इलाके में सोमवार को आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर ग्रेनेड फेंक कर हमला कर दिया। इस हमले में सीआरपीएफ के दो जवान घायल हो गए हैं।

पुलवामा जिले के गंगू इलाके में सीआरपीएफ और पुलिस के जवानों पर आतंकियों ने अचानक ग्रेनेड से हमला कर दिया। हालांकि सुरक्षाबलों के जवानों ने भी तुरन्त मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की लेकिन आतंकी मौके से भाग गए। इस हमले में सीआरपीएफ के दो जवान घायल हो गये। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जया गया, जहां पर उनका उपचार जारी है। फिलहाल सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर आतंकियों की धरपकड़ के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। खबर लिखे जाने तक क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी था।

भारत दुनिया का पहला देश होगा जो स्कूली शिक्षा से आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस सिखाएगा: निशंक

0

नई दिल्ली (हि.स.)। केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने सोमवार को कहा कि भारत दुनिया का पहला देश होगा जो स्कूली शिक्षा से आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस सिखाएगा। रामकृष्ण मिशन विवेकानंद एजुकेशनल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट, डीम्ड यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित ‘नई शिक्षा नीति-2020 तथा स्वामी विवेकानंद के शिक्षा संबंधी विचार’ विषय पर आयोजित वेबिनार को केंद्रीय मंत्री निशंक ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 भारत को शैक्षणिक केंद्र बनाने के स्वामी विवेकानंद के स्वप्न को साकार करेगी।

उन्होंने कहा कि आंकड़ों के विश्लेषण के इस युग में आंकड़ों से सूचना, सूचना से ज्ञान और ज्ञान से समाधान इन तीन बिन्दुओं को लेकर हम चल रहे हैं। नई शिक्षा नीति में सीखने और सिखाने की प्रक्रिया के रोड मैप का उल्लेख करते हुए कहा कि ज्ञान प्राप्ति और चरित्र निर्माण के साथ इसमें केवल सकल नामांकन अनुपात (जीईआर) को नहीं बढ़ाएंगे बल्कि मशीनी लर्निंग से आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस भी सिखाएंगे। उन्होंने कहा कि स्कूल स्तर के पाठ्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस को शामिल करने वाला भारत दुनिया का पहला देश होगा।

निंशक ने स्वामी विवेकानंद को याद करते हुए कहा, “आचार्य देवो भव: की सोच वाले समाज में विवेकानंद के अलावा अरविंदो, रवींद्र नाथ टैगोर, महात्मा गांधी, डॉ राधाकृष्णन जैसे अनेक विचारकों ने शिक्षा के संबंध में अपनी एक परिकल्पना दी है और इन सभी परिकल्पनाओं का संगम नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति है।”

उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद चाहते थे कि भारतीय युवा विदेशी नियंत्रण से मुक्त होकर, हमारे अपने ज्ञान की विभिन्न शाखाओं का अध्ययन करें तथा इसके साथ अंग्रेजी भाषा एवं पश्चिमी विज्ञान का भी अध्ययन करें। नई शिक्षा नीति उनके इस विचार को सम्मिलित करते हुए ज्ञान, विज्ञान और अनुसंधान के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा पुनः विश्वगुरु के गौरव को प्राप्त करने के लिए तत्पर है। 

इसके अलावा निशंक ने नई शिक्षा नीति में स्टडी इन इंडिया, शिक्षा में तकनीकी का एकीकरण, इंटर्नशिप, वोकेशनल ट्रेनिंग आधारित शिक्षा, भारतीय भाषाओँ में शिक्षा, क्षमता निर्माण, चरित्र निर्माण, राष्ट्र निर्माण जैसे प्रावधानों के बारे में भी बताया और कहा कि इन सभी लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए हम सदैव स्वामीजी के सिद्धांतों का अनुसरण करेंगे और उनसे प्रेरणा लेते रहेंगे।

स्वामी सुविरानंद, स्वामी आत्मप्रियानंद, स्वामी सर्वोत्तमानंद, स्वामी कीर्तिप्रदानंद एवं रामकृष्ण मिशन विवेकानंद एजुकेशनल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट, डीम्ड यूनिवर्सिटी से संबंधित अन्य संत समुदाय, कर्मचारीगण, शिक्षकगण, अभिभावक और छात्र भी इस वेबिनार से जुड़े और स्वामी विवेकानंद के शैक्षणिक विचारों तथा नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के संदर्भ में चर्चा की। 

​लद्दाख में पकड़ा गया एक चीनी सैनिक

0

डेमचोक के पास से हिरासत में लिया गया चीनी सैनिक, कई दस्तावेज बरामद  

कई ​घंटे की पूछताछ​ के बाद सैनिक को वापस ​चीन की सीमा में ​भेज दिया गया

नई दिल्ली (हि.स.)।​ भारतीय सेना ने सोमवार ​​​​​को सुबह ​​लद्दाख के डेमचोक ​​इलाके के पास ​ एक चीनी सैनिक को पकड़ लिया​।​ उसे अपनी कैद में लेने के बाद सेना के अधिकारियों ने पूछताछ शुरू कर दी। ​​भारतीय जांच एजेंसियों ने भी जासूसी के एंगल से जांच की​​​।​​ उसके पास से पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (​​पीएलए) ​की आईडी और कुछ सैन्य​ दस्तावेज भी मिले हैं​​​।​​ ​​पूछताछ​ के बाद चीनी सैनिक को वापस ​उसकी सीमा में ​भेज दिया गया है​।  ​  

वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी)​ के पास चुमार-डेमचोक इलाके में ​आज सुबह भारतीय सैनिकों ने एक चीनी सैनिक को संदिग्ध हालात में घूमते हुए पकड़ा। ​उसे अपनी कैद में लेने के बाद सेना के अधिकारियों ने पूछताछ​ और जासूसी के एंगल से जांच करनी शुरू कर दी​​​​​​​।​​​​ ​उससे भारतीय सीमा क्षेत्र में आने की वजह पूछी गई​​।​​ उसके पास से ​​सिविल और ​सैन्य कागजात बरामद ​हुए थे​​​​।​ साथ ही चीनी सेना का आई कार्ड भी मिला, जिससे पता चला कि वह ​​​चीन के ​शांगजी इलाके का रहना वाला ​और ​पीएलए ​में ​कॉरपोरल रैंक पर है​​।​ पूछताछ में यह भी पता चला कि वह अनजाने में भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर गया ​है​​। ​कई घंटे की जांच-पड़ताल के बाद जब यह पुष्टि हो गई कि वह वाकई गलती से भारतीय सीमा में आ गया है तो नियत प्रक्रिया का पालन करने के बाद स्थापित प्रोटोकॉल के अनुसार ​उसे ​चीनी ​सीमा में वापस ​भेज दिया गया​।

आत्मनिर्भर भारत व नवाचार के लिए आईआईटी इंदौर ने किये सराहनीय प्रयास : निशंक

0

आईआईटी इंदौर के 8वें दीक्षांत समारोह में 412 छात्रों को प्रदान की डिग्री

नई दिल्ली । केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ, रमेश पोखरियाल निशंक ने सोमवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) इंदौर के 8वें दीक्षांत समारोह को वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के द्वारा संबोधित करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत और नवाचार के लिए संस्थान ने अनेक सराहनीय प्रयास किये हैं।

निशंक ने इस मौके पर डिजिटल माध्यम से आईआईटी इंदौर के 412 छात्रों को डिग्री प्रदान करने के साथ ही केंद्रीय विद्यालय, कंप्यूटर और सूचना प्रौद्योगिकी केंद्र, केंद्रीय कार्यशाला, अभिनंदन भवन और तक्षशिला व्याख्यान हॉल परिसर का उद्घाटन किया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आईआईटी इंदौर ने एकेडमी और इंडस्ट्री के बीच के गैप को कम करने तथा आत्मनिर्भर भारत एवं नवाचार के लिए सराहनीय प्रयास किये हैं और यह संस्थान सेंटर ऑफ इनोवेशन, इनक्यूबेशन, एंटरप्रेन्योरशिप एंड इंडस्ट्री रिलेशन (सीआईआईईआईआर) की स्थापना के साथ ही ग्रामीण विकास, डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजी, एडवांस इलेक्ट्रॉनिक्स के केंद्रों की स्थापना कर ‘नए भारत, आत्मनिर्भर भारत’ के निर्माण के लिए सजग है।

छात्रों को व्यावहारिक जीवन में प्रवेश के लिए शुभकामनाएं देते हुए निशंक ने कहा, “दीक्षांत का मतलब शिक्षा-दीक्षा का अंत नहीं होता है बल्कि सीखने-सिखाने की प्रक्रिया तो जीवन पर्यंत चलती रहती है। दरअसल दीक्षांत के पश्चात ही छात्र की असली परीक्षा प्रारंभ होती है जब वह जीवन-जगत व रोजगार के क्षेत्र में प्रवेश करता है, जहां उसे संस्थानों में पाए सैद्धांतिक ज्ञान एवं अनुभवों का व्यवहारिक जीवन में उपयोग करना होता है।

आईआईटी इंदौर की प्रशंसा करते हुए उन्होनें कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान को एक आयामी नहीं बल्कि बहुआयामी होना चाहिए जैसे कि अगर प्रौद्योगिकी का संस्थान है तो उसे कला, मानविकी, सांस्कृतिक तथा सामाजिक जीवन से जुड़े विषयों के शिक्षण में भी पहल करनी चाहिए। आईआईटी इंदौर विज्ञान और प्रौद्योगिकी से जुड़े सभी महत्वपूर्ण विषयों की शिक्षा तो दे ही रहा है, साथ में एस्ट्रोनॉमी (खगोल विज्ञान) में एमएससी प्रोग्राम प्रारंभ करने वाला यह भारत का पहला आईआईटी संस्थान है।

उन्होंने कहा, “किसी भी संस्थान की ताकत एवं क्षमता का पता उसके भवन या दीवारों से नहीं बल्कि संस्थान द्वारा चुनौतीपूर्ण समय में किए गए कार्यों से होता है। वैश्विक महामारी कोविड-19 ने हमारे सामने जो चुनौतियां रखी हैं उनसे निपटने में आईआईटी इंदौर द्वारा किए गए कार्य बेहद सराहनीय हैं। आईआईटी इंदौर ने महामारी से संबंधित 25 अनुसंधान परियोजनाएं प्रस्तुत की हैं और साथ ही संस्थान में स्यूडोवायरस आधारित कोविड-19 वैक्सीन सफलतापूर्वक निर्मित की गई और वर्तमान में यह परीक्षण के अगले चरण में है। इसके अलावा 3डी प्रिंटेड मास्क, पीपीई किट, रोगाणुनाशक चैंबर के निर्माण के साथ-साथ यह ‘कोविड-19 महामारी को रोकने’ के लिए निर्मित अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क अनुसंधान परियोजना में नॉर्वे, स्वीडन, यूएसए, फ्रांस तथा डेनमार्क के साथ छठवें रिसर्च ग्रुप के रूप में जुड़कर हमारे देश का प्रतिनिधित्व कर रहा है। यही नहीं पीएम केयर्स फंड में 10 लाख से अधिक का दान संस्थान की उदारता और सामाजिक सजगता को दर्शाता है।

डॉ निशंक ने नई शिक्षा नीति में उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा के लिए दिए गए प्रावधानों के बारे में भी सभी को अवगत करवाया और यह भरोसा जताया कि नई शिक्षा नीति तथा आईआईटी इंदौर जैसे संस्थान मिलकर ‘राष्ट्र निर्माण’ तथा ‘भारत को ज्ञान की महाशक्ति’ बनाने की दिशा में अपना शत-प्रतिशत योगदान देंगे।

उन्होंने आईआईटी इंदौर को उसके नवीन भवनों (केंद्रीय विद्यालय, कंप्यूटर एंड इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी सेंटर, केंद्रीय कार्यशाला, अभिनंदन भवन तथा तक्षशिला व्याख्यान कक्ष परिसर) एवं नवाचारी कार्यक्रमों के लिए भी बधाई दी और यह विश्वास दिलाया कि ऐसे सर्वांगीण विकास के प्रयासों के लिए भारत का शिक्षा मंत्रालय, हर संभव सहयोग के लिए आपके साथ खड़ा रहेगा।

इस अवसर पर केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री संजय धोत्रे, आईआईटी इंदौर के बोर्ड ऑफ़ गवर्नर्स के अध्यक्ष प्रो. दीपक फाटक, आईआईटी इंदौर के निदेशक प्रो. निलेश कुमार जैन, आईआईटी इंदौर के असिस्टेंट प्रोफ़ेसर डॉ. देवेंद्र देशमुख एवं संस्थान से जुड़े अन्य सभी शिक्षक, छात्र-छात्रा एवं उनके अभिभावक भी उपस्थित थे।

फारूक अब्दुल्ला के बयान के खिलाफ लोकतंत्र सेनानी संघ ने की प्राथमिकी दर्ज करने की मांग

0

नई दिल्ली (हि.स.)। फारूक अब्दुल्ला के कथित देश विरोधी व चीन समर्थित बयान के विरोध में लोकतंत्र सेनानी संघ ने जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

लोकतंत्र सेनानी संघ की दिल्ली प्रदेश इकाई ने सोमवार को संसद मार्ग पुलिस थाने में डीसीपी डॉ ईश सिंघल से भारतीय दण्ड सहिता की धारा 124ए/120ए के अन्तर्गत फारूक अब्दुल्ला पर प्राथमिकी दर्ज किए जाने को लेकर पत्र दिया है। लोकतंत्र सेनानी संघ का कहना है कि पुलिस फारूक अब्दुल्लाह के द्वारा देश विरोधी व चीन समर्थित बयान के विरोध में उनके विरूद्ध भारतीय दण्ड सहिता के अन्तर्गत केस दर्ज कर समुचित कानूनी कार्रवाई करे।

इस अवसर पर लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय मंत्री धर्मवीर शर्मा, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष राजन ढींगरा, महामत्री  राजकुमार सपड़ा, प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व विधायक जीतराम सोलंकी, विजय गुप्ता, यशपाल आर्य और राधे श्याम तथा लोकतंत्र प्रहरी मुकेश गुप्ता, एडवोकेट मनोज सिंह राजपूत, रूचाली अवस्थी तथा नीतू गुप्ता दुआ भी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि फारूक अब्दुल्लाह ने बीते दिन अपने बयान में कहा था कि वे जम्मू कश्मीर से सम्बन्धित संविधान के अनुच्छेद 370 और 35ए को बहाल करवाने के लिए चीन की मदद लेंगे।

दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष राजन ढींगरा का कहना है कि उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से भी मिलने का समय मांगा है ताकि उनको ज्ञापन देकर फारूक अब्दुल्ला की लोकसभा सदस्यता निरस्त करने की मांग कर सकें।

कमलनाथ के आइटम वाले बयान पर चुप क्यों है गांधी परिवारः स्मृति ईरानी

0

नई दिल्ली (हि.स.)। कमलनाथ के आइटम वाले बयान पर केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। 

स्मृति ईरानी ने कहा कि कांग्रेसी नेता हमेशा महिलाओं के सम्मान के खिलाफ बयानबाजी करते रहते हैं। उन्होंने कहा, ‘आज देश की राजनीति में मध्य प्रदेश के कांग्रेस नेताओं की जब चर्चा होती है तब एक ओर दिग्विजय सिंह ने ​जब टंच माल का इस्तेमाल किया था और आज कमलनाथ ने बीजेपी नेता को आइटम कहा है। हैरानी होती है कि कि गांधी परिवार इस पर क्यों कुछ नहीं बोलता। आखिर कांग्रेस और  गांधी परिवार चुप क्यों है।”

दरअसल, कमलनाथ ने मध्य प्रदेश के डबरा में भाजपा प्रत्याशी इमरती देवी को आइटम कह दिया था।

बंगाल के दौरे पर आ रहे भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा

0

कोलकाता, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 19 अक्टूबर, सोमवार को उत्तर बंगाल के सिलिगुड़ी के दौरे पर आ रहे हैं। वह यहां अगले साल राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले संगठन के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करेंगे।

सूत्रों के मुताबिक नड्डा के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता जैसे राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, उपाध्यक्ष मुकुल रॉय एवं प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता सांगठनिक बैठक में बूथ और जिलास्तर प्रमुखों के साथ संवाद करेंगे और इस दौरान चुनावी रणनीति तैयार की जाएगी। इस बैठक के लिए कैलाश विजयवर्गीय, मुकुल राय एवं प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता रविवार को ही उत्तर बंगाल पहुंच गए।

गौरतलब है कि दुर्गा पूजा से पहले उत्तर बंगाल के दौरे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आने वाले थे। लेकिन, शाह का पूर्व निर्धारित उत्तर बंगाल दौरा कुछ समय के लिए स्थगित कर दिया गया है। उनकी जगह नड्डा आ रहे हैं। उल्लेखनीय है कि उत्तर बंगाल के जिलों पर भाजपा की विशेष नजरें हैं। इस क्षेत्र में विधानसभा की 54 सीटें है औरआठ जिलों में प्रत्येक में करीब 300 मतदान केंद्र हैं। इससे पहले पिछले साल लोकसभा चुनाव में उत्तर बंगाल में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया था और अधिकतर सीटें जीतने में कामयाब रही थी।

बलिया फायरिंग

0

लखनऊ। बलिया हत्याकांड के फरार चल रहे मुख्य आरोपी धीरेन्द्र प्रताप सिंह को रविवार सुबह स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने लखनऊ में गिरफ्तार कर लिया। गोमती नगर इलाके के जनेश्वर मिश्र पार्क के पास गिरफ्तार हुए धीरेंद्र पर 50 हजार रुपये का इनाम था। धीरेन्द्र के अलावा 2 अन्य आरोपी संतोष यादव और अमरजीत यादव को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
गुरुवार को बलिया जिले में रेती क्षेत्र के दुर्जनपुर गांव में राशन की दुकानों के आवंटन के लिए हुई बैठक में हुए विवाद के चलते हुई गोलीबारी में 46 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई थी। इतना ही नहीं यह घटना उप-विभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) और क्षेत्र के सर्कल अधिकारी की उपस्थिति में हुई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलिया गोलीकांड का संज्ञान लेते हुए निर्देश दिया था कि मौके पर मौजूद एसडीएम, सीओ और पुलिस कर्मियों को तत्काल निलंबित किया जाए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि अधिकारियों की भूमिका की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मृतक जय प्रकाश को कथित तौर पर धीरेंद्र प्रताप सिंह ने तब गोली मारी थी जब एसडीएम ने स्व-सहायता समूहों के सदस्यों के बीच हुए विवाद के कारण राशन की दुकानों के आवंटन के लिए होने वाली बैठक को रद्द कर दिया था।
पुलिस अधीक्षक देवेंद्र नाथ ने कहा कि पीड़ित के भाई चंद्रमा की शिकायत पर 15-20 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
वहीं धीरेंद्र ने एक वीडियो जारी कर दावा किया था कि उसने गोली नहीं चलाई, वो गांव से सिर्फ इसलिए भागा क्योंकि उसकी जान को खतरा था। उसने दावा किया कि जब घटनास्थल पर गोलीबारी शुरू हुई, तो वह एसडीएम सुरेश चंद्र पाल और पुलिस सर्कल अधिकारी चंद प्रकाश सिंह के सामने खड़ा था। पुलिस अधिकारियों ने उसे पकड़ लिया था, जबकि उसके प्रतिद्वंदी अंधाधुंध गोलीबारी के बीच उसके परिवार के सदस्यों की पिटाई कर रहे थे।
मामले में बलिया के बैरिया विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने शनिवार को सिविल अधिकारियों और पुलिस पर एक तरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पूरे मामले को लेकर ‘गलत’ जानकारी दी गई है। वे धीरेंद्र के परिवार के घायल सदस्यों से मिलने जिला अस्पताल भी गए।
वहीं पूर्व सैनिकों का एक संगठन धीरेंद्र के समर्थन में सामने आया है और उन्होंने दुर्जनपुर के ग्राम प्रधान कृष्ण यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने ऐसा न करने पर थाने का घेराव करने की धमकी दी है।

योगी के मिशन शक्ति को ग्रामीण महिलाओं तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के लिए ग्रीन गैंग

0

लखनऊ । बेटियों से छेड़खानी करने वालों की अब खैर नहीं । बेटियों से बदमिजाजी करने वालों पर योगी सरकार के साथ अब गांव की महिलाएं भी कहर बन कर टूटेंगी। नशामुक्ति और जुए के खिलाफ पूर्वांचल के गांवों में अभियान चला रहीं ग्रीन गैंग की महिलाओं ने शोहदों के खिलाफ हल्‍ला बोल की तैयारी कर ली है। छेड़खानी करने वालों को अब खुद सबक सिखाने के साथ ग्रीन गैंग हवालात भी पहुंचाएगा।

योगी के मिशन शक्ति को ग्रीन गैंग पूर्वांचल के गांव गांव तक पहुंचाएगा। सीएम योगी के मिशन शक्ति को ग्रामीण महिलाओं तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के लिए ग्रीन गैंग ने अगले छह महीने में 50 नए गांवों तक पहुंचने का लक्ष्‍य तय किया है। वाराणसी,सोनभद्र,मिर्जापुर,जौनपुर,चंदौली और अयोध्‍या के 200 से अधिक गांवों में ग्रीन गैंग की महिलाएं बेटियों की सुरक्षा की कमान संभालेंगी। छेड़छाड़ रोकने के साथ ही गैंग की महिलाएं बेटियों के पैदा होने पर गांव में महिलाओं को एकत्र कर खुशी मनाएंगी और घरों में खुशहाली के प्रतीक के तौर पर हरी छाप लगाएंगी। महिलाओं के शोषण से मुक्‍त और बेटियों की सुरक्षा और सम्‍मान का उदाहरण पेश करने वाले गांवों में भी गैंग की महिलाएं हरी छाप लगाएंगी। छेड़खानी की शिकायत मिलने पर ग्रीन गैंग स्‍थानीय महिलाओं के साथ मिल कर शोहदों को अपने स्‍तर पर सबक सिखाने के साथ हवालात पहुंचाएगा। होप वेलफेयर ट्रस्‍ट के संरक्षण में चलने वाले ग्रीन गैंग की महिलाएं गांव गांव जा कर बेटियों को न सिर्फ सेल्‍फ डिफेंस की ट्रेनिंग देंगी बल्कि सरकार और कानून की जानकारी देकर उनका आत्‍म विश्‍वास भी बढ़ाएंगी। होप संस्‍था के सचिव दिव्‍यांशु बताते हैं कि ग्रीन गैंग डेढ़ सौ से ज्‍यादा गांवों में लगातार नशामुक्ति और जुए के खिलाफ अभियान चला रहा है। सीएम योगी के मिशन शक्ति के साथ अब ग्रीन गैंग की महिलाएं गांवों में महिलाओं की सुरक्षा और सम्‍मान को लेकर बड़ा अभियान चलाएंगी। गैंग पुलिस के सहयोग से गांवों में बेटियों के प्रति होने वाले
अपराध को रोकने का प्रयास करेगा। गैंग ने मिशन शक्ति के दौरान छह महीने में 50 नए गांवों तक पहुंचने का लक्ष्‍य तय किया है।

ग्रीन गैंग ने नक्सल प्रभावित 10 गांवों में महिलाओं को सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग शुरू कर चुका है। बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (बीएचयू) के छात्रों की ओर से बनाई गई ‘होप’ संस्था ने गांव की महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए ग्रीन गैंग खड़ा किया था । महिलाओं को छात्रों ने चंदा इकट्ठा करके हरी साड़ी दी। ग्रीन ग्रुप की शुरुआत बनारस के खुशियारी गांव से हुई। दूर के गांवों में ये महिलाएं घंटों पैदल यात्रा करके पहुंचती हैं और दूसरे गांव की महिलाओं को भी जोड़ने का काम करती हैं। महिलाएं गीत गाकर व हाथ जोड़कर लोगों से शराब न पीने की अपील करती हैं।

माओवादियों ने महिला को गोली मारी, लगाया मुखबिरी का आरोप

0

उज्ज्वल दुनिया संवाददाता/ सिमरिया। लंबे अरसे के बाद क्षेत्र में माओवादियों ने रविवार को आखिर अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी। माओवादियों के हथियार बंद दस्ता ने पथलगडा थाना क्षेत्र के सिंघानी निवासी बैजनाथ राणा की 45 वर्षीय पत्नी नागेश्वरी देवी को रविवार शाम गोली मार  दी। माओवादियों ने  नागेश्वरी पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाते हुए हस्त लिखित पर्चे छोड़कर जिम्मेवारी ली है। घटना की बाबत लोगों ने बताया कि  रविवार की शाम तीन गोली की आवाज़ के बाद माओवादियों ने नारा लगाते हुए जंगल की ओर चले गये।

सूचना मिलने के बाद पथलगडा पुलिस घटना स्थल पर पहुंच कर  गंभीर रूप से घायल नागेश्वरी को त्वरित इलाज के लिए एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा। परंतु अत्यधिक रक्त स्राव के कारण उसकी स्थिति काफी गंभीर बनी हुई थी। घायल को हजारीबाग भेजा गया है  यह महिला सिंघानी से थोड़ी दूर पर मौजूद पाही पर रहती थी। 


माओवादियों ने इस महिला को तीन गोली मारी है। इसमे से दो गोली पेट में और एक गोली बांह में लगी है। कई वर्षों के बाद माओवादियों ने चतरा जिले में पुलिस मुखबिरी के आरोप में किसी की हत्या की है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत है।नागेश्वरी देवी काफी तेज तरार महिला थी और सामाजिक कार्यो में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेती थी। सूचना मिलने के बाद के बाद एसडीपीओ वचन देव कुजुए दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर छापेमारी अभियान शुरू कर दी है। अभियान मे सिमरिया, गिधौर और शिला पुलिस पिकेट के पुलिस बल के साथ सीआरपीएफ के जवान भी शामिल है।

ReplyForward

नीतीश कुमार के दबाव में भाजपा के नेता मुझे गाली दे रहे

0

उज्ज्वल दुनिया/पटना । लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद चिराग पासवान ने आरोप लगाया है कि नीतीश कुमार उनके और भाजपा के बीच दूरी बनाने का प्रयास कर रहे हैं। रविवार को उन्होंने ट्वीट कर कहा कि आदरणीय नीतीश कुमार जी ने प्रचार का पूरा जोर मेरे और प्रधानमंत्री जी के बीच दूरी दिखाने में लगा रखा है। बांटो और राज करो की नीति में माहिर मुख्यमंत्री जी हर रोज मेरे और भाजपा के बीच दूरी बनाने का प्रयास कर रहे हैं। 

भाजपा ने नीतीश कुमार के खिलाफ लहर के बावजूद उनका साथ नहीं छोड़ा

चिराग पासवान ने रविवार को ताबड़तोड़ पांच ट्वीट किए। दावा किया कि बिहार फर्स्ट की सोच जदयू के नेताओं की गले की फांस बन चुका है। प्रधानमंत्री जी के विकास के मंत्र के साथ मैं और ‘बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट’ प्रतिबद्ध है। चिराग ने कहा कि नीतीश जी को भाजपा के साथियों का धन्यवाद करना चाहिए कि वे मुख्यमंत्री के खिलाफ इतना आक्रोश होने के बावजूद गठबंधन धर्म निभा रहे हैं और हर दिन नीतीश जी को प्रमाण पत्र देते हैं कि वे चिराग के साथ नहीं हैं। 

प्रधानमंत्री मोदी का एहसान नहीं भूल सकता 

लोजपा प्रमुख ने आगे कहा कि मैं नहीं चाहता कि मेरी वजह से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी किसी धर्मसंकट में पड़ें। वे अपना गठबंधन धर्म निभाएं। आदरणीय मुख्यमंत्री जी को संतुष्ट करने के लिए मेरे खिलाफ भी कुछ कहना पड़े तो नि:संकोच कहें। लोजपा अध्यक्ष ने एक और ट्वीट में कहा है कि मेरे और प्रधानमंत्री जी के रिश्ते कैसे हैं मुझे यह प्रदर्शन करने की जरूरत नहीं है। पापा जब अस्पताल में थे तब से लेकर उनकी अंतिम यात्रा तक उन्होंने मेरे लिए जो कुछ किया उसे मैं कभी नहीं भूल सकता हूं। 

मार थोमा चर्च प्रमुख डॉ. जोसेफ के निधन पर पीएम मोदी ने जताया दुख

0

-प्रधानमंत्री ने कहा, उनके आदर्शों को हमेशा किया जाएगा याद

उज्ज्वल दुनिया/नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (हि.स.)। केरल के पथानामथिट्टा के मशहूर मार थोमा चर्च के प्रमुख डॉ. जोसेफ मार थोमा मेट्रोपॉलिटन के निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुख जताया है। रविवार को डॉ. जोसेफ मार थोमा मेट्रोपॉलिटन का तड़के निधन हो गया। वे 90 वर्ष के थे।

पीएम ने ट्वीट करके अपने शोक संदेश में कहा कि डॉ. जोसेफ मार थोमा मेट्रोपॉलिटन एक धनी और उल्लेखनीय व्यक्तित्व थे जिन्होंने सारा जीवन मानवता की सेवा की और गरीबों और दलितों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए कड़ी मेहनत की। उनके नेक विचारों को हमेशा याद रखा जाएगा। 

उन्होंने ट्वीट में कहा कि कुछ महीनों पहले उनके 90वें जन्मदिन के अवसर पर मुझे संबोधन का मौका मिला था। पीएम उस समारोह की एक वीडियो भी जारी किया जिसमें उन्होंने डॉ. जोसेफ मार थोमा को गरीबो का मसीहा बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. जोसेफ ने हमारे समाज और राष्ट्र की बेहतरी के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनके आदर्शों को हमेशा याद रखा जाएगा।

झारखंड के साथ केन्द्र सरकार के भेदभाव का मुकम्मल जवाब मिलेगा

0

उज्ज्वल दुनिया/रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोरनाथ शाहदेव और डा राजेश गुप्ता छोटू ने कहा है कि संघीय व्यवस्था और लोकतांत्रित मर्यादाओं को दरकिनार कर जिस तरह से केंद्र सरकार ने अपनी शक्तियों का दुरुपयोग करते हुए संकट के इस दौर में आदिवासी बहुल झारखंड के खाते से 1417 करोड़ रुपये की निकासी कर ली गयी है, इसका जवाब जोरदार तरीके से आने वाले समय में दिया जाएगा। 

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि बेरमो और दुमका विधानसभा उपचुनाव में भी केंद्र सरकार का असहयोगात्मक रवैया एक बड़ा चुनावी मुद्दा बनेगा। पूरे देश की जनता ने केंद्र सरकार के इस फैसले से हतप्रभ है, जिस तरह से भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार का रवैया गैर भाजपा शासित राज्यों के साथ रहा है, उसकी पूरे देश में निन्दा हो रही है। उन्होंने कहा कि विचारधारा की लड़ाई अपनी जगह होती है, झारखंड के लोगों ने भी लोकसभा चुनाव में 14 में से 12 सीटें एनडीए को दी, लेकिन सत्ता में आने के बाद भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने उनके साथ भी छल करने का काम किया है, वहीं अब एनडीए के एक दर्जन सांसदों द्वारा  पूरी तरह से चुप्पी साध लेना भी निंदनीय है, इन सांसदों को दिल्ली जाकर झारखंड की आवाज को बुलंद करने का काम करना चाहिए।

प्रदेश प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने कहा कि झारखंड के खनिज , लौह अयस्क, कोयला, पानी और अन्य प्राकृतिक संपदा का देश के विकास में बहुमूल्य योगदान है, लेकिन जिस तरह से केंद्र सरकार ने एकतरफा फैसला लिया है, उसे देखते हुए यहां के लोगों में खासा आक्रोश है और जल्द ही आंदोलनात्मक कार्यक्रम की रूपरेखा तय की जाएगी। 

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजेश गुप्ता छोटू ने कहा कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश का यह कहना कि बिजली बिल का भुगतान नहीं करने पर बिजली विभाग कनेक्शन काट देता है, पूरी तरह से सही है,लेकिन उन्हें यह भी बताना चाहिए कि जो बकाया राशि है, वह सारा बकाया उनकी ही पार्टी के शासन का है, तत्कालीन मुख्यमंत्री सह ऊर्जा मंत्री रघुवर दास ने पूरे बिजली विभाग को चौपट कर छोड़ डाला है।

कोडरमा : बागीटांड स्थित एक मकान पर जिला प्रशासन ने की छापेमारी

0

भारी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित किए गए ढिबरा व क्वार्ट्ज पत्थर जब्त 

सांसद प्रतिनिधि सह कोडरमा नप अध्यक्ष के पति का है फैक्ट्री

संजय साजन/ उज्ज्वल दुनिया /कोडरमा। डीसी  रमेश घोलप को मिली गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार देर शाम एसडीओ मनीष कुमार के नेतृत्व में जिला प्रशासन की टीम के द्वारा  बागीटांड स्थित एक मकान / फैक्ट्री पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित किए गए  ढिबरा व क्वार्ट्ज पत्थर जप्त किया गया। इस दौरान जिला खनन पदाधिकारी मिहिर सलकर के द्वारा जप्त  भंडारित ढिबरा का मात्रा तैयार करते हुए फैक्ट्री संचालक को जिम्मेनामा पर ही सौंप दिया गया है। वहीं भंडारित ढिबरा व क्वार्ट्ज पत्थर को सीज करते हुए उक्त स्थल को सील कर दिया गया है।
 

बताया जाता है कि उक्त फैक्ट्री कोडरमा सांसद प्रतिनिधि सह भाजपा नेता सह कोडरमा नगर पंचायत के निवर्तमान अध्यक्ष कांति देवी के पति राजकुमार यादव का है। ज्ञात हो कि डीसी को गुप्त सूचना मिली थी कि कोडरमा थाना अंतर्गत बागीटांड़ से लोकाई की ओर जाने वाले रास्ते में पेट्रोल पंप के बगल से रास्ते में एक मकान में अवैध रूप से ढिबरा व क्वार्ट्ज पत्थर का भंडारण कर कारोबार किया जा रहा है।  जिसके बाद उपायुक्त के निर्देश पर अनुमंडल अधिकारी के नेतृत्व में जिला प्रशासन की टीम बनाकर छापामारी की गई। वहीं बताया जाता है कि उक्त परिसर की निगरानी हेतु दंडाधिकारी एवं पुलिस बल को लगाया गया है। 

वन क्षेत्र में होने की आशंका,भारी मात्रा में लकड़ी भी बरामद

जिस जगह छापेमारी की गई उसके वन क्षेत्र में होने की आशंका जताई गई वहीं छापेमारी के दौरान  उक्त स्थल के परिसर में भारी मात्रा में लकड़ी भी पाया गया। जिस पर वन विभाग के अधिकारियों के द्वारा जांच की जा रही है। वन विभाग के द्वारा आशंका जताई गई है कि उक्त स्थल वन क्षेत्र में आता है । इसकी जांच हेतु वन पदाधिकारियों के द्वारा अंचल क्षेत्र से भूमि संबंधित सत्यापन कर रिपोर्ट मांगी गई है।

गोदाम में मिले एक्सपायर कोल्डड्रिंक 

उक्त स्थल पर एक गोदाम भी पाया गया, जहां पर भारी मात्रा में कोल्डड्रिंक, बिस्कुट, चिप्स रखे हुए पाए गए। जिसमे कई कोल्डड्रिंक एक्सपायरी पाया गया। जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को सैंपल कलेक्शन कर जांच हेतु निर्देशित किया गया। जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी के द्वारा बताया गया कि गोदाम के संचालन करने के लिए लाइसेंस प्राप्त नहीं किया गया है।

मौके पर कौन-कौन से शामिल

मौके पर एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद, जिला खनन पदाधिकारी मिहिर सलकर, जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुवीर रंजन, कार्यपालक दंडाधिकारी जयपाल सोय, प्रशिक्षु उप समाहर्ता अमित कुमार झा व वन विभाग के अधिकारी मौजूद थे।