Tuesday 30th of June 2026 10:11:18 PM
Home Blog Page 376

12वीं तक के सिलेबस में बदलाव को सीएम हेमंत सोरेन की मंजूरी

0

उज्ज्वल दुनिया/रांची । झारखंड के सरकारी स्कूलों में पहली से 12वीं तक के संशोधित सिलेबस को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंजूरी दे दी है।  सिलेबस में 40 फ़ीसदी की कटौती की गई है। इसमें कई बदलाव किये गए हैं। स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग की ओर से शुक्रवार को संशोधित सिलेबस जारी कर दिया जाएगा। 

हाई- प्लस टू स्कूल के साथ-साथ आठवीं तक के सिलेबस में 40 फीसदी तक की कटौती की गई है।  भाषा सब्जेक्ट में जहां चैप्टर बढ़ाये गए हैं वही गणित विज्ञान में सब चैप्टर हटाए गए हैं। मैट्रिक के सिलेबस में जो छात्र छात्रा नौवीं क्लास में पढ़ चुके हैं या फिर 11वीं में पढ़ने वाले हैं उसे हटाया गया है। इंटरमीडिएट का सिलेबस भी इसी तर्ज पर किया गया है। संशोधित पाठ्यक्रम में अगस्त महीने तक व्हाट्सएप के जरिए उपलब्ध कराए गए डिजिटल कंटेंट को रखा गया है। निर्धारित कंटेंट के बाद  सिलेबस में जो चैप्टर और टॉपिक हैं उसमें 40 फ़ीसदी की कटौती की गई है। 

जारी होगा वेटेज ऑफ मार्क्स

संशोधित पाठ्यक्रम के साथ-साथ स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग मैट्रिक और इंटरमीडिएट के  परीक्षार्थियों के लिए वेटेज ऑफ मार्क्स भी जारी करेगा। सीबीएसई की तर्ज पर वेटेज ऑफ मार्क्स जारी होगा। इसमें संशोधित सिलेबस में परीक्षार्थियों को पता चल सकेगा कि किस चैप्टर और टॉपिक से कितने नंबर के प्रश्न आएंगे। इससे मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा की तैयारी करने में परीक्षार्थियों को सहूलियत होगी। 

एक फार्मूले पर दे सकेंगे गणित की परीक्षा

संशोधित सिलेबस के आधार पर मैट्रिक और इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी एक फार्मूले के आधार पर ही परीक्षा दे सकेंगे। परीक्षा में इलिमिनेशन ( विलोपन) विधि से प्रश्न आएंगे। गणित में वैसे सब चैप्टर को हटाया गया है जिन्हें घर पर पढ़ना संभव नहीं है। मैट्रिक के साइंस में सीबीएसई की तर्ज पर कटौती की गई है। जो भी कठिन चैप्टर हैं उन्हें हटाया गया है। फ्लेमिंग लेफ्ट राइट एंड रूल नियम को छोटा किया गया है। मानव नेत्र और उसके रंग बिरंगी संस्कार में सिर्फ मानव नेत्र से ही सवाल आएंगे। 

मॉडल पेपर किए जाएंगे जारी

मैट्रिक और इंटरमीडिएट के सिलेबस संशोधित होने के साथ ही मॉडल प्रश्न पत्र भी जारी होंगे। जैक की ओर से  संशोधित सिलेबस के आधार पर मॉडल प्रश्न पत्र तैयार किए जा रहे हैं। इसमें सभी संशोधित चैप्टर से प्रश्न पूछे जाएंगे।  

छात्रों की जानकारी पहुंचाने की चुनौती

संशोधित सिलेबस को छात्र-छात्राओं तक पहुंचाने की विभाग के सामने चुनौती होगी। स्कूल बंद हैं। सभी छात्र-छात्राओं के पास मोबाइल और इंटरनेट की सुविधा नहीं है। ऐसे में शिक्षा विभाग के जेईपीसी, जेसीईआरटी, जिलों की वेबसाइट पर संशोधित सिलेबस अपलोड किया जाएगा। स्कूलों में मैट्रिक और इंटरमीडिएट के छात्र छात्राओं को बुलाकर सिलेबस कटौती की जानकारी दी जाएगी।  

टेस्ट के जरिए होगी तैयारी

सिलेबस संशोधित होने के बाद जैक के द्वारा जारी होने वाले मॉडल प्रश्नपत्र के आधार पर मैट्रिक और इंटरमीडिएट के छात्र छात्राओं को टेस्ट लिया जा सकेगा। उन्हें उसे बना कर  शिक्षकों को दिखाने के लिए कहां जाएगा, जो भी गलती होगी उसे पकड़ा जा सके।

बिना राज्य सरकार की मंजूरी के सीबीआई झारखंड में नहीं कर सकेगी जांच

0

उज्ज्वल दुनिया/रांची । गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग, झारखण्ड सरकार द्वारा (पत्रांक- 10/सी.बी.आई.-408/2020-4278) दिल्ली विशेष पुलिस प्रतिष्ठान के सदस्यों को एक कानून ( दिल्ली स्पेशल पुलिस इस्टेबलिशमेंट एक्ट 1946 ( 25 ऑफ 1946) के तहत राज्य में शक्तियों और न्यायक्षेत्र के इस्तेमाल की सहमति को वापस लेने संबंधी आदेश जारी कर दिया गया है. 

इसके बाद सीबीआई को अब झारखण्ड में शक्तियों और न्यायाक्षेत्र के इस्तेमाल के लिए आम सहमति नहीं होगी, जो झारखण्ड सरकार (तत्कालीन बिहार) द्वारा 19 फरवरी 1996 को जारी एक आदेश के तहत दी गई थी. अब सीबीआई को किसी भी मामले की जांच के लिए राज्य सरकार की अनुमति लेनी होगी.

ReplyForward

अपर बाजार के रंगरेज़ गली में शिवलिंग को तोड़ा, शहर भर में आक्रोश

0

उज्ज्वल दुनिया/रांची : राजधानी रांची के अपर बाजार की रंगरेज गली में शरारती तत्वों ने देर रात मंदिर में स्थापित शिवलिंग को तोड़ दिया । गुरुवार सुबह ये खबर जंगल की आग की तरह आसपास के इलाकों में फैल गई । इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में जबरदस्त गुस्सा है । 

घटना के विरोध में बंद रहीं दुकानें

घटना के खिलाफ अपर बाजार की दुकानें बंद रहीं । भारी संख्या में जुटे लोग हंगामा करने लगें । लोगों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन कर दोषियों को सजा देने का भरोसा दिया । आस-पास के सीसीटीवी फुटेज को खंगालने की तैयारी की जा रही है। अपर बाजार के स्थानीय लोग और सभी दुकानदार इसकी जांच कराने और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं।

देर शाम शिवलिंग को दोबारा स्थापित किया गया 

शाम तक शिवलिंग को पूरे विधि विधान से दोबारा स्थापित कर दिया गया है । इस मौके पर बड़ी संस्था में शिवभक्त भी मौजूद थे । 

तमाम संगठनों ने की घटना की निंदा 

अपर बाजार के रंगरेज़ गली में शिवलिंग को नुकसान पहुंचाने की तमाम धार्मिक संगठनों ने निंदा की है । मुस्लिम संगठनों ने कहा कि चं असमाजिक तत्व शहर के अमन चैन बिगड़ना चाहते हैं । प्रशासन ऐसे लोगों को पकड़ कर कड़ी सजा दे । हिंदू संगठनों ने भी दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है ।

दो दिनों के बंगाल दौरे पर पहुंचे

0

कोलकाता ।  केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर बुधवार रात कोलकाता पहुंच गए। दमदम हवाई अड्डे पर रात करीब 9.15 पहुंचने पर उनका गाजे-बाजे के साथ जोरदार स्वागत किया गया। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल राय, राष्ट्रीय महासचिव बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष व अन्य वरिष्ठ नेताओं ने शाह की अगवानी की। इस दौरान शाह के स्वागत के लिए एयरपोर्ट के बाहर कार्यकर्ताओं का भारी हुजूम उमड़ पड़ा था।

शाह हवाई अड्डे से सीधे वेस्टिन होटल रवाना हो गए, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे। बंगाल आने से पहले शाह ने खुद बांग्ला भाषा में ट्वीट कर इसकी जानकारी दी थी। पहले उनके गुरुवार सुबह कोलकाता पहुंचने का कार्यक्रम था, लेकिन बुधवार रात में ही वे पहुंच गए। शाह गुरुवार को हेलीकॉप्टर से बांकुड़ा जाएंगे और वहां कई जिलों के पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बंद दरवाजे के पीछे सांगठनिक बैठक करेंगे।

बांकुड़ा में वह एक आदिवासी के घर में दोपहर का भोजन भी करेंगे। शाह बांकु़ड़ा पहुंचकर सबसे पहले बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। फिर रवींद्र भवन में संगठनात्मक बैठक करेंगे। इसके बाद वे कोलकाता लौटेंगे। शुक्रवार सुबह वे पहले दक्षिणेश्वर काली मंदिर जाकर पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। कुछ विशिष्टजनों से भी मुलाकात करेंगे।

Donald Trump की दोबारा जीत के लिए प्रयागराज चल रही बजरंगबली की पूजा

0

प्रयागराज । डोनाल्ड ट्रंप की अमेरिका के राष्ट्रपति पद के चुनाव में दोबारा जीत के लिए भारत में प्रार्थना की जा रही है। संगमनगरी प्रयागराज में बांध स्थित बड़े हनुमान मंदिर में योगगुरु स्वामी आनंद गिरि के नेतृत्व में यज्ञकुंड में आहुतियां डाली गईं। वैदिक ब्राह्मणों के साथ हवन करके अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की जीत के लिए हनुमानजी से कामना की गई। स्वामी आनंद गिरि ने कहा कि दुनिया से आतंकवाद का खात्मा करने व मानवता की जीत के लिए ट्रंप का जीतना जरूरी है।

भारत के हित में है ट्रंप की जीत

योगगुरु स्वामी आनंद गिरि ने कहा कि ट्रंप के जीतने से आतंकवाद और कट्टरपंथ के खिलाफ मुहिम तेजी से आगे बढ़ेगी। साथ ही भारत और अमेरिका के रिश्तों में मजबूती आएगी। अमेरिका का साथ मिलने पर भारत का विकास तेजी से होगा। स्वामी आनंद गिरि ने इससे पहले पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की जीत के लिए हवन

अनुष्ठान किया था। अनुष्ठान के बाद बराक ओबामा की दूसरी बार अमेरिका के राष्ट्रपति के पद पर जीत हुई थी। ठीक उसी प्रकार अब वो ट्रंप के लिए अनुष्ठान कर रहे हैं।

सपा ने स्नातक व शिक्षक क्षेत्र के प्रत्याशी घोषित किए

0

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) ने बुधवार को विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने बताया कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र आगरा से डॉ़ असीम, मेरठ खंड से शमशाद अली, लखनऊ खंड से राम सिंह राणा, वाराणसी खंड से आशुतोष सिन्हा तथा इलाहाबाद-झांसी निर्वाचन क्षेत्र से डॉ़ मान सिंह को प्रत्याशी बनाया है।

इसी तरह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र लखनऊ से उमाशंकर चौधरी पटेल, वाराणसी खंड से लाल बिहारी, बरेली-मुरादाबाद से संजय कुमार मिश्रा, मेरठ से धर्मेद्र कुमार, आगरा खंड से हेवेंद्र सिंह चौधरी हउआ तथा गोरखपुर-फैजाबाद निर्वाचन क्षेत्र से अवधेश कुमार को समाजवादी पार्टी का उम्मीदवार बनाया है।

एमएलसी चुनाव के लिए 5 नवंबर से नामांकन पत्र भरे जाएंगे। नामांकन की अंतिम तिथि 12 नवंबर है। एक दिसंबर को मतदान होगा और 3 दिसंबर को मतगणना होगी।

झारखंड के गौरव हैं शहीद अभिषेक एवम अरविंद

0

उज्ज्वल दुनिया /रांची । भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवम प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास  ने झारखंड के दो शहीद के शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना प्रकट की एवम हर संभव सहायता का भरोसा दिया। रघुवर दास के साथ प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू एवम प्रदेश उपाध्यक्ष गंगोत्री कुजूर भी उपस्थित थे।
रघुवर दास बुधवार दोपहर रांची जिलान्तर्गत चान्हो प्रखंड के चोरया गाँव पहुंचकर हाल ही में लेह लद्दाख की दुर्गम घाटियों में बारूदी सुरंग विस्फोट से शहीद हुए अभिषेक साहू के परिजनों से मुलाकात की। स्व साहू   की दादी रघुवर दास से लिपटकर भाव विभोर हो गई। रघुवर दास ने कहा कि झारखंड के लाल ने देश का मान बढ़ाया है। पूरे झारखंड को ऐसे वीर सपूतों पर गर्व है।चोरया ग्राम की जनता ने पूर्व मुख्यमंत्री के समक्ष मांग पत्र रखते हुए चोरया मोड़ पर शहीद अभिषेक की प्रतिमा लगवाने, उनके नाम पर पथ का नामकरण करने,तोरणद्वार बनवाने सहित उनके बड़े भाई को सरकारी नौकरी देने की मांग की। 
इसके पूर्व रघुवर दास मांडर के शहीद अरविंद मिश्र के परिजनों से उनके घर पर मुलाकात की। शहीद अरविंद पिछले दिनों जम्मू में बीमार होने से  डयूटी के दौरान  शहीद हो गए। मिलने वालों में जिलाध्यक्ष ग्रामीण सुरेंद्र महतो,महामंत्री सतीश साहू,मुकेश प्रसाद,राम बालक ठाकुर छेदी साहू,नीरज उरांव, मनोज साहू,उमेश रंजन साहू आदि शामिल हैं।

अल्पसंख्यकों की छात्रवृत्ति पर राजनीतिक फायदे के लिए गलत जानकारी दे रहे हैं सीएम

0

उज्ज्वल दुनिया /रांची । भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने आज प्रदेश मुख्यालय में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि प्री मैट्रिक, पोस्ट मैट्रिक और मेरिट कम मींस अल्पसंख्यक छात्र-छात्राओं के लिए छात्रवृत्ति केंद्र सरकार के नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल से डीबीटी के माध्यम से सीधे विद्यार्थियों के खाते में केंद्र सरकार के द्वारा भेजा जाता है। इसमें संस्थानों द्वारा एवं संस्थान के अल्पसंख्यक छात्र-छात्राओं द्वारा पोर्टल पर सीधे अपनी सूचना एवं आवेदन की प्रविष्टि किया जाता है। पूर्व में केंद्र सरकार के अल्पसंख्यक मंत्रालय से प्राप्त पत्र एवं लाभुक की सूची के आलोक में राज्य सरकार की एजेंसी झारखंड राज्य अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम के द्वारा सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों से लाभुक संस्थानों एवं लाभ छात्र-छात्राओं का जांच कराए गया था।इसके बाद 46000 लाभुक संस्थानों की संख्या घटकर 3100 हो गई थी। इसी प्रकार लाभ छात्र-छात्राओं के लगभग दो लाख आवेदन में से मात्र 95000 को ही छात्रवृत्ति दिया गया।यह पूर्व कि भाजपा के रघुवर दास के नेतृत्व वाली सरकार के द्वारा कार्रवाई के कारण हो सका।

प्रतुल ने कहा मुख्यमंत्री सिर्फ राजनीतिक लाभ लेने के लिए तथ्यों को तोड़ मरोड़ कर पेश कर रहे हैं।प्रतुल ने कहा की संवैधानिक पद पर बैठे मुख्यमंत्री ने जांच रिपोर्ट आने के पहले ही पूरे मामले के लिए पूर्व की सरकार को दोषी ठहरा दिया जो की सरासर गलतबयानी है।प्रतुल ने कहा कि केंद्र सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के सचिव ने पत्रांक संख्या 8-3/ 2019-SS, दिनांक 5 जुलाई 2019 को राज्य सरकार को इस स्कीम के लाभुकों,संस्थाओं और विद्यालयों की जानकारी का सत्यापन करने को कहा था। इस स्कॉलरशिप स्कीम की नोडल एजेंसी झारखंड राज्य अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम ने 5 जुलाई 2019 को ही सभी जिला कल्याण पदाधिकारी को पत्र लिखकर जिलों में विद्यालयों, महाविद्यालयों, संस्थानों और अध्ययनरत छात्रों के जानकारी लेने का निर्देश दिया था।इसके अतिरिक्त निगम ने उक्त संस्थान में कुल कक्षाओं की संख्या, अध्ययनरत छात्रों की संख्या, अल्पसंख्यक छात्रों की संख्या, संस्थान को आवंटित यूजर आईडी,पासवर्ड एवम यूजर आईडी और पासवर्ड का उपयोग करने वाले कर्मी का नाम और मोबाइल नंबर एवं प्रधानाध्यापक का नाम तथा मोबाइल नंबर  के साथ जांच अधिकारी के स्पष्ट मंतव्य देने का आदेश दिया था। झारखंड राज्य अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम ने पुनः 8 जुलाई 2019 को सभी जिला कल्याण पदाधिकारी झारखंड को लिखकर इस चल रहे कार्यक्रम के सभी बिंदुओं का जिला स्तर पर सत्यापन करते हुए वर्तमान वस्तुस्थिति से संबंधित प्रतिवेदन मांगा था। इसके बाद झारखंड राज्य अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम ने 10 जुलाई 2019 को सभी जिलों के जिला कल्याण पदाधिकारी को पत्र लिखकर एक बार पुनः विद्यालयों, महाविद्यालयों, संस्थानों का भौतिक सत्यापन, छात्रों की संख्या,आदि का ब्यौरा मांगा था।

प्रतुल ने कहा कि पिछली सरकार में भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस था। जैसे ही गड़बड़ी की सूचना राज्य सरकार को मिली तो राज्य सरकार की नोडल एजेंसी झारखंड राज्य अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम ने तुरंत इस मामले में कड़े कदम उठाए थे जिसके कारण 46000 संस्थानों में सिर्फ 3100 संस्थानों को मंजूरी दी गई थी।मुख्यमंत्री ने सिर्फ राजनीतिक लाभ लेने के लिए चुनाव के 1 दिन पूर्व इस मामले के लिए पूर्व की सरकार को दोषी ठहराया था। जबकि तत्कालीन सरकार ने अल्पसंख्यक छात्रों के साथ हो रहे फर्जीवाड़े को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए थे।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उन्होंने अपने कार्यकाल के 10 महीने में इस मुद्दे पर आगे क्या कार्रवाई की है। आज की प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक भी उपस्थित थे

आय से अधिक संपत्ति मामले में हरिनारायण राय, उनकी पत्नी और भाई की सजा बरकरार

0

उज्ज्वल दुनिया /रांची । झारखंड के पूर्व मंत्री हरिनारायण राय, उनकी पत्नी सुशीला देवी और भाई संजय कुमार राय की अपील याचिका खारिज करते हुए झारखंड हाईकोर्ट ने सीबीआई कोर्ट के आदेश को बरकरार रखा है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में रांची की सीबीआई कोर्ट ने तीनों को 5-5 साल की सजा सुनाई है। सीबीआई कोर्ट ने 1.46 करोड़ रुपये के आय से अधिक संपत्ति मामले में दोषी करार दिया था। इसके खिलाफ तीनों ने हाईकोर्ट में अपील दाखिल कर निचली अदालत की सजा को चुनौती दी थी। पूर्व में अदालत ने सभी पक्षों की बहस पूरी होने के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। बुधवार को इनकी अपील पर फैसला सुनाते हुए जस्टिस एके चौधरी की अदालत ने इनकी अपील खारिज कर दिया। अदालत ने कहा कि निचली अदालत के फैसले में हस्तक्षेप करने की कोई आवश्यकता नहीं है। इसके बाद कोर्ट ने सीबीआइ कोर्ट की सजा को बरकरार रखा है।

माओवादियों ने पथ निर्माण में लगी दो जेसीबी को किया आग के हवाले

0

उज्ज्वल दुनिया संवाददाता /बड़कागांव। माओवादी के मिथिलेश सिंह उर्फ दशरथ महतो और कारु यादव के दस्ते ने लेवी के लिए बड़कागांव थाना क्षेत्र के पटेरिया पानी जंगल में दो जेसीबी को दिनदहाड़े आग के हवाले कर दिया। प्रखंड अंतर्गत आंगो पंचायत स्थित 30 किलोमीटर दूर  अति संवेदनशील  क्षेत्र फटेरिया पानी जंगली रास्ते में बुधवार को माओवादियों ने दिनदहाड़े 12 बजे सड़क निर्माण कार्य में लगी दो जेसीबी को आग के हवाले कर दिया। एक जेसीबी ठेकेदार विजय प्रसाद हजारीबाग और दूसरा बड़कागांव वन विभाग चालक चंदन सिंह की बतायी जा रही है। जेसीबी मशीनो को आग के हवाले करने के बाद नक्सली घने जंगल की ओर चले गए। 

रोड निर्माण प्रधानमंत्री सड़क निर्माण कार्य योजना के तहत चलंगदाग से लेकर फटेरिया पानी तक तकरीबन सवा करोड़ लागत राशि से  साढ़े पांच किलोमीटर सड़क निर्माण चल रहा है। इस कार्य के संवेदक विजय प्रसाद हजारीबाग द्वारा कराया जा रहा था। जानकार सूत्रों ने बताया कि मिथलेश और कारु यादव का दस्ता इस क्षेत्र में विगत एक सप्ताह से भ्रमणशील था। इसी दौरान केरेडारी थाना क्षेत्र के बुंडू गांव से केरेडारी थाना प्रभारी ने लगभग एक सप्ताह पहले मिथलेश सिंह के दस्ते के एक मुखबिर को गिरफ्तार किया था। 

मामले को लेकर डीआईजी, एसपी कार्तिक एस, एसडीपीओ भूपेंद्र प्रसाद रावत, थाना प्रभारी ललित कुमार, सीआरपीएफ एवं अन्य पुलिस जवानों ने उग्रवादियों के खिलाफ सघन छापामारी तेज कर दिया है। नक्सलियों की धरपकड़ के लिए जंगलों में छापेमारी की जा रही है। पुलिस द्वारा जेसीबी मशीन मालिक एवं ठेकेदार से संबंधित मामले को लेकर पूछताछ  की गई है। जेसीबी ऑपरेटर ने नक्सलियों से कहा था मालिक से बात कर लीजिए। लेकिन उन्होंने एक न सुनी। 

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार नक्सलियों द्वारा जेसीबी मशीन में आग लगाने के पूर्व कुछ क्षण पहले जेसीबी ऑपरेटर ने नक्सलियों से कहा कि मालिक से बात कर लीजिए। इस बात पर नक्सलियों ने चालक भी को पीटा। परंतु नक्सलियों ने उनकी एक बात न सुनी और जेसीबी को आग हवाले कर दिया। बताया जाता है कि  नक्सली दर्जनभर से अधिक लगभग 20 की संख्या में थे। सभी हथियार से लैस और काले लिबास में थे। घटना के बाद फटेरिया पानी के आसपास गांव में दहशत का माहौल है।

मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने में असफल रहे तेजबहादुर की याचिका पर सुनवाई टली

0

नई दिल्ली । सुप्रीम कोर्ट ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ वाराणसी से चुनाव लड़ने में असफल रहे सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के बर्खास्त जवान तेजबहादुर यादव की याचिका पर सुनवाई टाल दी है। तेजबहादुर यादव की ओर से ही सुनवाई दीपावली के बाद करने की अपील की गई, जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई टाल दी।

तेजबहादुर ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। हाईकोर्ट ने अपने फैसले में कहा था कि जिसने चुनाव लड़ा हो, वही किसी के निर्वाचन को चुनौती दे सकता है। याचिका में कहा गया है कि हाईकोर्ट ने अपने फैसले में गलती की है। हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट की ओर से तय फैसलों को ध्यान में नहीं रखा जिसमें कहा गया है कि किसी भी व्यक्ति की उम्मीदवारी निर्वाचन अधिकारी की ओर से अस्वीकार करने के बाद उसे उस अस्वीकृत आदेश के आधार पर चुनाव याचिका दायर करने का अधिकार है।

याचिका में कहा गया है कि 25 वर्ष की आयु पूरी करने के अलावा किसी भी मामले में दोषी या दंडित न होने की शर्तें पूरी करने के बाद याचिकाकर्ता को समाजवादी पार्टी ने 2019 के आम चुनाव में वाराणसी से टिकट दिया था लेकिन निर्वाचन अधिकारी ने उनका निर्वाचन रद्द कर दिया था।

तेज बहादुर यादव ने 24 अप्रैल, 2019 को निर्दलीय और 29 अप्रैल, 2019 को समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया था। इसके बावजूद निर्वाचन आयोग ने उनके नामांकन पत्र के सेट में खामियां बताते हुए उनका पर्चा खारिज कर दिया था।

अयोध्या: जन्मभूमि परिसर की डिजाइन के लिए 25 नवम्बर तक लोग दे सकते हैं सुझाव

0

श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मास्टर प्लान के लिए विद्वानों, वास्तुविदों के सुझाव किए आमंत्रित

लखनऊ । श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने भगवान श्रीराम के भक्तों को एक अनोखा मौका देते हुए मास्टर प्लान को लेकर उनके सुझाव मांगे हैं।
रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से बुधवार को कहा गया कि जन्मभूमि परिसर के 70 एकड़ क्षेत्र के मास्टर प्लान के लिए सभी विद्वतजनों, वास्तुविदों के सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। यह सुझाव परिसर के विभिन्न आयामों जैसे धार्मिक यात्रा, संस्कृति, विज्ञान आदि को समाहित करते हुए होने चाहिए। इस से सम्बंधित सभी जानकारी ट्रस्ट की वेबसाइट http://srjbtkshetra.org पर उपलब्ध है। 
इसके साथ ही कहा गया कि सुझावों को स्वीकार अथवा अस्वीकार करने का ट्रस्ट के निर्णय अंतिम होगा। सभी बन्धुओं, वास्तुविदों, विषय के विद्वानों से 25 नवम्बर तक अपने सुझाव और विचार suggestions@srjbtkshetra.org, aida.rjbayayodhya@gmail.com, design@tce.co.in पर भेजने को कहा गया है।
इस बीच अयोध्या में तराशी गयीं शिलाएं कार्यशाला से रामजन्मभूमि परिसर तक ले जाने का काम जारी है। तराशे गये 106 स्तंभों का एक तिहाई हिस्सा कार्यशाला से रामजन्मभूमि परिसर तक पहुंचा भी दिया गया है। कार्यशाला में बाकी बचे दो तिहाई स्तंभों के साथ प्रस्तावित  मन्दिर के अग्रभाग, रंगमंडप तथा नृत्यमंडप के लिए भी शिलाओं को तराशने का काम हो चुका है।
ट्रस्ट के महासचिव चम्पत राय के मुताबिक हमारा सबसे ज्यादा ध्यान राम मन्दिर की मजबूती पर है। मन्दिर निर्माण की कार्यदायी संस्था एलऐंडटी, टाटा कंसल्टेंट सर्विसेज, आईआईटी- रुड़की आदि प्रतिष्ठित संस्थाओं के तकनीकी विशेषज्ञों के साथ मन्दिर निर्माण को लेकर गहन मंथन किया गया है। मन्दिर की प्लानिंग पर विस्तार से चर्चा हुई है। चम्पत राय ने बताया कि मन्दिर की नींव, पत्थरों की आयु के हिसाब से होनी चाहिए। मजबूती व भूकंप के झटकों के झेलने की क्षमता के लिए लोड बियरिग कैपेसिटी होनी चाहिए। इस दिशा में विशेषज्ञों की सलाह से कोशिश की जा रही है। 
राम जन्मभूमि परिसर में बन रहे भव्य राम मन्दिर निर्माण के कार्य को अब रामलला का दर्शन करने आने वाले भक्त भी देख पाएंगे। बताया जा रहा है कि मन्दिर निर्माण के लिए पाइलिंग के कार्य के बाद 1200 पिलर के निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा। पाइलिंग का काम होते ही एक बड़ा फाउंडेशन बनाया जाएगा, जिससे श्रद्धालु राम मन्दिर का निर्माण कार्य देख सकेंगे।

पंजाब की स्थिति के लिए राज्य सरकार जिम्मेदार, खुद करे किसानों से बात : जावड़ेकर

0

 कैबिनेट ब्रीफिंग से इतर कहा, रेल रास्ता खुलवाना राज्य की जिम्मेदारी 

नई दिल्ली । केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने पंजाब में रेल रोके जाने से उत्पन्न होते बिजली और अन्य प्रकार के संकट के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि पंजाब सरकार को किसानों से बातचीत कर राजनीतिक मसला सुलाझाना चाहिए।

केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कैबिनेट से जुड़ी प्रेसवार्ता से इतर पंजाब के मुख्यमंत्री के केन्द्र पर लगाए गए आरोपों के जवाब में कहा कि सभी दिक्कतों के लिए पंजाब सरकार की अकर्मण्यता जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि किसानों का आंदोलन राजनीतिक है और इससे निपटने राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। राज्य सरकार को किसानों से बात कर ट्रैक खाली कराने चाहिए। इससे न केवल राज्य को बल्कि लद्दाख में तैनात सैनिकों तक भी साजो सामान पहुंचाने में दिक्कत आ रही है।

उल्लेखनीय है कि पंजाब में रेल रोके जाने से ब्लैक आउट का खतरा गहरा गया है। पंजाब में तीन से चार घंटे तक बिजली की कटौती होने लगी है। खाद की भी किल्लत होने लगी है। उद्योगों में सामान का स्टॉक बढ़ने लगा है।

इसके अलावा केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था अब पटरी पर लौटने लगी है। कई सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं। बिजली मांग कोरोना महामारी के बावजूद 12 फीसदी बड़ी है। जीएसटी से होने वाली सरकारी आय भी पिछले साल के मुकाबले बढ़कर 01 लाख 05 हजार करोड़ हो गई है। सभी क्षेत्रों में मांग में लगातार वृद्धि हो रही है। उत्पादन से जुड़े माल की खरीद बड़ी है। स्टील और अन्य क्षेत्रों में निर्यात बढ़ा है। डिजिटल लेन-देन में भी इजाफा हुआ है। माल ढुलाई बड़ी है। निवेश और एफडीआई बड़ने से संकेत मिले हैं कि अर्थव्यवस्था जल्द पटरी पर लौट रही है।

जंगलराज के युवराज को आराम और नीतीश को दें काम : जेपी नड्डा

0

बेतिया । बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के तीसरे और अंतिम चरण के लिए प्रचार अभियान जोरों पर है। इसी कड़ी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बुधवार को पश्चिम चंपारण (बेतिया) के लौरिया विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राजद नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव पर निशाना साधाते हुए कहा कि जंगलराज के युवराज को आराम और नीतीश को काम दीजिए।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश की राजनीतिक संस्कृति को बदल दिया है। इसका असर बिहार में भी दिख रहा है, जंगलराज वाले भी अब मुखौटा लगाकर अच्छी-अच्छी बात कर रहे हैं।

तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए नड्डा ने कहा कि जब जंगलराज के युवराज विपक्ष के नेता थे तब पूरे साल सदन से नदारद रहे। बजट सत्र में एक दिन भी विधानसभा नहीं गए। विधानसभा में विपक्ष के नेता का गायब होना बिहार की जनता के साथ धोखा है। इसलिए आप लोग ऐसे लोगों को आराम दो और मेहनत करने वाले नीतीश को एकबार फिर प्रदेश की बागडोर थमायें।

जेपी नड्डा ने कहा कि दोनों युवराज राहुल गांधी और तेजस्वी यादव दिल्ली में कोरोना महामारी के दौरान बैठे थे क्योंकि वे कोरोना से डर गए थे और अब वे पूछते हैं कि कोरोना के दौरान बिहार में क्या हुआ था? नड्डा ने कहा कि महामारी के दौरान केवल सीएम नीतीश कुमार और भाजपा कार्यकर्ताओं ने बिहार की जनता का ध्यान रखा।

बिहार में भाजपा-जदयू की राजग सरकार के कामों का उल्लेख करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनने से पहले बिहार की लड़कियां बीच में ही स्कूल की पढ़ाई छोड़ देती थीं। लेकिन आज स्थिति बदल गई है। लड़कियां शान के साथ पोशाक पहनकर साइकिल से स्कूल जाती हैं। उन्होंने प्रदेश की जनता से अपील करते हुए कहा कि बेहतर बिहार के लिए राजग को मत देकर पुन: सत्ता पर बिठायें।

पत्रकार अर्नब गोस्वमी की गिरफ्तारी के विरोध में पटना के कांग्रेस कार्यालय पर भाजपा का प्रदर्शन

0

भाजपा कार्यकर्ताओं ने शिवसेना-कांग्रेस के खिलाफ की जमकर नारेबाजी

पटना । मुंबई पुलिस ने रिपब्लिक टीवी के एडिटर इन चीफ व वरिष्ठ पत्रकार अर्नब गोस्वामी को बुधवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। इससे देश में गुस्से का माहौल है। राजधानी पटना में कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम पर  मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।  

प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने महाराष्ट्र सरकार को तानाशाह करार देते हुए कहा, यह कैसा प्रजातंत्र है। महाराष्ट्र में शिवसेना और कांग्रेस की सरकार है। वो अपनी मनमर्जी चला रहे हैं और पत्रकारों को सच बोलने पर रोक रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन पर कांग्रेस कार्यकर्ता भी हाथ में लाठी-डंडे लेकर बाहर निकल आये और खदेड़ने का प्रयास किया।

उल्लेखनीय है कि अर्नब पर 2018 में 53 साल के एक इंटीरियर डिजाइनर और उनकी मां को खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद  मुंबई पुलिस अर्नब को अलीबाग थाने लेकर गई। वहां से उन्हें रायगढ़ की जिला अदालत में ले जाया गया है। इस दौरान पालघर में संतों की हत्या, सुशांत सिंह राजपूत और दिशा सालियान की संदिग्ध मौत का लगातार मामला उठाते रहने वाले अर्नब गोस्वामी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथ मारपीट की। रिपब्लिक टीवी ने अर्नब के घर के लाइव फुटेज भी दिखाए, जिसमें पुलिस और अर्नब के बीच झड़प होती दिख रही है।

अर्नब गोस्वामी की गिरफ्तारी प्रेस की आजादी पर हमलाः  डॉ. संजीव चौरसिया

कांग्रेस कार्यालय पर भाजपा के प्रदर्शन का नेतृत्व कर भाजपा के प्रदेश महामंत्री व दीघा विधायक डॉ. संजीव चौरसिया कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अर्नब गोस्वामी की गिरफ्तारी प्रेस की आजादी पर हमला है। उन्होंने कहा कि रिपब्लिक टीवी के संपादक व देश के वरिष्ठ पत्रकार अर्नब गोस्वामी की जिस तरह गिरफ्तारी हुई है यह मुंबई पुलिस के अधिकारों का दुरुपयोग है। यह लोकतंत्र पर हमला है।