www.livehindustan.com delivers news and information on the latest top stories, Videsh, Desh, Cricket, Entertainment, Business, Life Style, Editors Artical and other related local news.
कोविड
कोलकाता। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए कोलकाता नगर निगम की ओर से नि:शुल्क कोविड टेस्ट कराने की व्यवस्था की गई है, इसके लिये लोगों का मोबाइल नंबर लिया जा रहा था ताकि लोगों से निगम के स्वास्थ्य अधिकारी बाद में संपर्क कर सकें। फिलहाल आलम यह है कि अब निगम के अधिकारी कोविड टेस्ट कराने आये लोगों से संपर्क करना चाह रहे हैं तो उनका फोन नंबर नहीं लग रहा है। यह निगम के लिये परेशानी का सबब बन गया है।
केएमसी के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने बताया कि यह वे लोग हैं जो कोरोना संक्रमित पाये गये हैं और उनकी देख-रेख के लिये निगम उनसे संपर्क करने का प्रयास कर रहा है। गौरतलब है कि जो लोग कोरोना संक्रमित हैं उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है तो वह अन्य लोगों को भी कोरोना संक्रमित कर सकते हैं। ऐसे में इस मुद्दे को लेकर प्रशासक फिरहाद हकीम ने स्वास्थ्य अधिकारियों को अलर्ट किया है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा
लखनऊ । यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि बिहार के अंदर सभी कयासों को पूरी तरीके से दूर करते हुए आज के परिणाम ने एक बार फिर से साबित कर दिया है कि ‘मोदी है तो मुमकिन है’ । उन्होंने कहा कि बीजेपी ने आज पीएम मोदी जी के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा जी के नेतृत्व में पूरे देश के अंदर जो प्रदर्शन किया है मैं इसके लिए पीएम, राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूरी टीम का अभिनंदन करता हूं ।
यूपी उपचुनाव
लखनऊ । उत्तर प्रदेश की सात रिक्त सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना जारी है। सात में से 6 सीट पर भाजपा, और 1 सीट पर समाजवादी पार्टी पार्टी को जीती है।
ज्ञात हो कि जिन सात सीटों के परिणाम आने हैं, उसमें से 6 सीटों पर 2017 में भाजपा ने कब्जा किया था। एक सीट सपा के खाते में गई थी।
प्रधानमंत्री मोदी 12 को जेएनयू में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का करेंगे अनावरण
विवेकानंद रॉक मेमोरियल की उपाध्यक्ष निवेदिता भिडे देंगी व्याख्यान
नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 12 नवम्बर को युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद की 157वीं जयंती के मौके पर शाम 6:30 बजे जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) परिसर में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से स्वामी विवेकानंद की आदमकद प्रतिमा का अनावरण करेंगे। केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय में स्वामी विवेकानंद पर एक व्याख्यान का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें विवेकानंद रॉक मेमोरियल की उपाध्यक्ष कुमारी निवेदिता भिडे ‘स्वामी विवेकानंद का युवाओं के लिए संदेश’ विषय पर संबोधित करेंगी।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने मंगलवार को एक बयान में कहा है, स्वामी विवेकानंद के दर्शन और विचार आज भी देश के युवाओं का पथ प्रदर्शन करते हैं। दुनिया भर में लाखों लोगों के प्रेरणा का स्रोत रहे विवेकानंद जैसी महान विभूति का जन्म इस भूमि पर हुआ, इसे लेकर देश खुद को गौरवान्वित महसूस करता है। प्रधानमंत्री का हमेशा से यह कहना है कि स्वामी विवेकानंद के आदर्श आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने कि वे उनके जीवनकाल में थे।
बयान के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी ने अक्सर इस बात पर जोर दिया है कि जनता की सेवा और राष्ट्र के युवाओं को सशक्त बनाना देश को भौतिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से मजबूत करता है। साथ ही वैश्विक स्तर पर देश की छवि को भी निखारता है। भारत की समृद्धि और शक्ति देश की जनता में निहित है। ऐसे में सभी को सशक्त बनाना, राष्ट्र को आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य प्राप्त करने की दिशा में आगे ले जाएगा।
उल्लेखनीय है कि स्वामी विवेकानंद के नाम से विख्यात नरेन्द्र नाथ दत्त का जन्म 12 जनवरी 1863 को कोलकाता में हुआ था। वह वेदान्त के प्रसिद्ध ज्ञाता थे।
शोपियां मुठभेड़ में 2 आतंकी ढेर
शोपियां, । कश्मीर के शोपियां जिले के कुटपोरा इलाके में सुरक्षाबलों व आतंकियों बीच जारी मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया है। जबकि मकान में छिपे तीसरे आतंकी को एक बार फिर आत्मसमर्पण करने का मौका दिया जा रहा है।
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार आतंकियों का यह वहीं दल है जिसने गत दिनों शापियां में जेके बैंक की कैश वैन लूटी थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घर में मौजूद तीन आतंकियों में से दो को मार गिराया गया है। तीसरे आतंकी को एक बार फिर आत्मसमर्पण करने के लिए कहा जा रहा है। आतंकी के परिजनों को भी मुठभेड़ स्थल पर बुलाया गया है। वहीं प्रशासन ने एहतियात के तौर पर शोपियां में इंटरनेट सेवा स्थगित कर दी है।
पुलिस के अनुसार विशेष सूचना मिलने पर मंगलवार की सुबह जिला शोपियां के कुटपोरा इलाके में एसओजी के विशेष दल, सेना की 34 आरआर और सीआरपीएफ के जवानों ने तलाशी अभियान शुरू किया था, तभी एक मकान में छिपे आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने आत्मसमर्पण करने के लिए कहा लेकिन वे नहीं माने और मुठभेड़ शुरू हो गई। इस मुठभेड़ में अब तक दो आतंकियों को मारा जा चुके है। आगे की कार्रवाई जारी है।
तेलंगाना उपचुनाव : दुब्बाका विधानसभा सीट पर रोमांचक मुकाबले में भाजपा की जीत
भाजपा के रघुनंदन राव ने टीआएस की सुजाता को 1470 वोट से हराया
हैदराबाद । तेलंगाना की दुब्बाका विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव में भाजपा के उम्मीदवार एम रघुनंदर राव ने जीत दर्ज कर ली है। राव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी एवं तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) की उम्मीदवार सोलीपेटा सुजाता को 1068 वोट से हरा दिया।
मंगलवार की सुबह 8:00 बजे से मतगणना शुरू हुई। तेलुगू भाषाई राज्य में इस उपचुनाव परिणाम पर सभी निगाहें लगी रहीं। मतगणना के दौरान चुनाव के नतीजे एकदम आईपीएल के मैच के तर्ज पर रोमांचक बने रहे। पहले 10 राउंड में भाजपा ने बढ़त बनाई तो 11 से 20 राउंड तक टीआरएस ने बढ़त हासिल की। टीआरएस ने 20वें राउंड में भाजपा को पीछे धकेल कर 250 वोट की बढ़त बना ली। लेेकिन आखिरी 23वें राउंड में पोस्टल बैलट और अन्य एक चैगुणता मंडल के वोट की गणना में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार ने जीत दर्ज कर ली। अंतिम परिणाम में भाजपा के उम्मीदवार रघुनन्दन राव ने 62,772 वोट पा कर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी टीआरएस की उम्मीदवार सुजाता को 1470 वोट से हरा दिया। टीआएस की सुजाता को 61,302 वोट मिले। इसके अलावा कांग्रेस के रिंकू सिंह आशू रेड्डी को 21,819 वोट मिलेे। इस उपचुनाव में कुल 23 उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे।चुनाव परिणाम आने के बाद टीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव ने दुब्बाका के मतदाता को टीआरएस को वोट देने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे परिणाम उनके अपेक्षा के अनुकूल नहीं है। इस हार पर वे पार्टी नेताओं केे साथ विचार विमर्श करेंगे।
उल्लेखनीय है कि इस सीट से निर्वाचित टीआरएस के विधायक सोलीपेटा रामालिंगा रेड्डी का अगस्त में निधन होने से रिक्त सीट पर उपचुनाव कराया गयाथा। टीआरएस ने इस सीट से रामालिंगा रेड्डी की पत्नी सुजाता को उम्मीदवार बनाया था।
सरकार भारत को शिक्षा के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध : निशंक
नई दिल्ली । केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक ने मंगलवार को कहा कि ‘भारत में रहकर, भारत में ही पढ़ो’ विजन के माध्यम से सरकार भारत को शिक्षा के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
निशंक ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बॉम्बे द्वारा नई शिक्षा नीति-2020 पर आयोजित एक कार्यशाला का उदघाटन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 34 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद हमारी नई शिक्षा नीति को ग्राम पंचायत से लेकर संसद तक, शिक्षक से लेकर शिक्षाविद तक, छात्र से लेकर अभिभावक तक एक ‘अद्भुत स्वीकार्यता’ मिली है। जो इसे 21वीं सदी के नए भारत के ‘विजन डॉक्यूमेंट’ के रूप में स्थापित करती है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि हमारे सभी संस्थान इस नीति की आत्मा को समझते हुए इसे पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी से लागू करेंगे।
उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति में ‘स्टडी इन इंडिया, स्टे इन इंडिया एंड इंटरनेशनलाइजेशन ऑफ एजुकेशन’ के माध्यम से विदेशी छात्रों और विदेशों में पढ़ाई के इच्छुक भारतीय छात्रों को भारत में अध्ययन के लिए आकर्षित करेंगे। उन्होंने कहा कि उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह भी आवश्यक है कि हम विश्व के अग्रणी विश्वविद्यालयों के साथ सहयोग, समन्वय और समझौते के साथ आगे बढ़ें।
निशंक ने कहा कि एनईपी-2020 के तहत भारत में कैंपस स्थापित करने के लिए शीर्ष 100 विश्व रैंकिंग वाले विश्वविद्यालयों के प्रवेश करने की अनुमति प्रदान की जाएगी। शिक्षा के अंतरराष्ट्रीयकरण को संस्थागत रूप से सहयोग और छात्र और संकाय की गतिशीलता दोनों के माध्यम से सुगम बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हमारी नई शिक्षा नीति ‘कैरेक्टर बिल्डिंग’ से लेकर ‘नेशन बिल्डिंग’ तक भारतीय मूल्यों पर आधारित है, जिसमें इंडियन, इंटरनेशनल, इंपैक्टफुल, इंटरएक्टिव और इन्क्लूसिविटी जैसे तत्वों शामिल हैं। इस नीति में हर भारतीय की आकांक्षाएं, स्वप्न और एक दूरगामी सोच है जो भारत को विश्व पटल पर ‘ज्ञान की महाशक्ति’ के रूप में स्थापित करेगी।
इस अवसर पर केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री संजय धोत्रे, नई शिक्षा नीति के प्रमुख वास्तुकार डॉ. के कस्तूरीरंगन, आईआईटी बॉम्बे के निदेशक प्रो. शुभाशीष चौधुरी, प्रो. मिलिंद अत्रे, विभिन्न संकायों के सदस्य एवं छात्र भी जुड़े थे।
निशंक ने कहा कि नई शिक्षा नीति में ‘जय अनुसंधान’ की सोच के साथ ज्ञान-विज्ञान-अनुसंधान के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए दृढ़ संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं। यह संस्थान भी इसी सोच के साथ रिसर्च तथा इनोवेशन के क्षेत्र में पूरे समर्पण के साथ कार्यरत है। इसी का उदाहरण है कि आज यहां उत्कृष्ट अनुसंधानकर्ताओं को रिसर्च एक्सीलेंस अवार्ड भी प्रदान किया जा रहा है।
निशंक ने रिसर्च पब्लिकेशन अवार्ड, रिसर्च डिसेमिनेशन अवार्ड, अर्ली रिसर्च अचीवर अवार्ड तथा सृजनात्मक अनुसंधान के लिए प्रो. कृति रमामृथम अवार्ड से सम्मानित सभी लोगों को बधाई दी और आईआईटी बॉम्बे सहित सभी संस्थानों से आहवाहन किया कि वे नई शिक्षा नीति के सफल कार्यान्वयन के लिए अपने नेशनल तथा इंटरनेशनल ब्रांड एलुमनाई का एक नेटवर्क तथा टास्क फोर्स बनाएं और अपने अनुभव, अपने एक्सपर्टीज, अपने ज्ञान, अपनी विद्या के दान द्वारा इसके कार्यान्वयन को सफल बनाएं।
चुनाव आयोग से त्रुटि रहित मतदाता सूची तैयार करने की अपील
कोलकाता : बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अब चुनाव आयोग ने भी अपनी तैयारी शुरू कर दी है। चुनाव से पहले होने वाली इस पहली बैठक के दौरान सभी दलों ने चुनाव आयोग से त्रुटि रहित मतदाता सूची तैयार करने की अपील की। विपक्षी भाजपा, माकपा व कांग्रेस ने इस दौरान मतदाता सूची में गड़बड़ी की ओर आयोग का ध्यान दिलाया और कोई भी योग्य नागरिक मतदान से वंचित नहीं हो यह सुनिश्चित करने की अपील की।
सरकार ने जो निर्णय लिये हैं, उनका लाभ बनारस के लोगों को मिल रहा है
वाराणसी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अपने संसदीय क्षेत्र बनारस को छह अरब से ज्यादा की परियोजनाओं की सौगात देते हुए इसके पीछे बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद बताया। उन्होंने कहा कि बनारस में जो विकास के कार्य हो रहे हैं, सरकार ने जो निर्णय लिये हैं, उनका लाभ बनारस के लोगों को मिल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने वर्चुअल माध्यम से कई परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करते हुए कहा, ये जो सब कुछ हो रहा है उसके पीछे बाबा विश्वनाथ का ही आशीर्वाद है। महादेव के आशीर्वाद से काशी कभी थमती नहीं है। महादेव का आशीर्वाद ही है कि जब भी काशी के लिए नए कार्यों की शुरूआत होती है, तो पुराने कई संकल्प पूरे हो चुके होते हैं। यानी एक तरफ शिलान्यास, दूसरी तरफ लोकार्पण होता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, मां गंगा को लेकर ये प्रयास, ये प्रतिबद्धता काशी का संकल्प भी है, और काशी के लिए नई संभावनाओं का रास्ता भी है। धीरे-धीरे यहां के घाटों की तस्वीर बदल रही है। गंगा घाटों की स्वच्छता और सुंदरीकरण के साथ-साथ सारनाथ भी नए रंगरूप में निखर रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज गंगा एक्शन प्लान प्रोजेक्ट के तहत काशी में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का काम पूरा हो चुका है। साथ ही साही नाला से अतिरिक्त सीवेज गंगा में गिरने से रोकने के लिए डायवर्जन लाइन का शिलान्यास भी किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कोरोना से जंग में बनारस की सराहना की। उन्होंने कहा, कोरोना के खिलाफ बनारस ने जिस जीवटता से लड़ाई लड़ी है, इस मुश्किल समय में जो सामाजिक एकजुटता का परिचय दिया है। वो बहुत प्रशंसनीय है।
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि बनारस के शहर और देहात के इस विकास योजना में पर्यटन के साथ-साथ संस्कृति और सड़क, बिजली, पानी भी हो। हरदम प्रयास ये ही है कि काशी के हर व्यक्ति की भावनाओं के अनुरूप ही विकास का पहिया आगे बढ़े।
समाजवादी पार्टी में तीन पूर्व सांसद हुए शामिल
लखनऊ ।उत्तर प्रदेश में विपक्षी दल कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के नेताओं को अब समाजवादी पार्टी (सपा) का साथ ज्यादा रास आने लगा है। दोनों पार्टियों (कांग्रेस, बसपा) के नेता छिटककर सपा के खेमे में जा रहे हैं। पूर्व सांसद बाल कुमार पटेल, जिन्हें सितंबर में यूपी कांग्रेस संपर्क समिति में नामित किया गया था, ने पार्टी छोड़ दी और सोमवार को सपा में शामिल हो गए।
पटेल डकैत ददुआ के भाई हैं और पिछले साल कांग्रेस में शामिल होने के लिए सपा छोड़ दिया था। उन्होंने कहा, “यह मेरे लिए घर वापसी जैसा है।”
एक अन्य कांग्रेसी नेता, जिन्होंने सपा में शामिल होने के लिए पार्टी छोड़ दी, वह पूर्व सांसद कैसर जहां हैं। उनके पति जैस्मिन अंसारी भी कांग्रेस छोड़कर सपा में शामिल हो गए।
बसपा के पूर्व सांसद कैलाश यादव ने भी पार्टी छोड़ दी और पूर्व विधायक राम कुमार पटेल के साथ सपा में शामिल हो गए।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपनी पार्टी के नए नेताओं का स्वागत किया और कहा कि सपा में शामिल होने का उनका निर्णय इस बात का स्पष्ट संकेत है कि बयार किस ओर बह रही है।
सोमवार को पार्टी में शामिल हुए नेता सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ लड़ाई को और मजबूत करेंगे और 2022 के यूपी चुनाव के लिए बदलाव का मार्ग प्रशस्त करेंगे।
बड़कागांव कांग्रेस की रैली में लगे नरेंद्र मोदी जिंदाबाद के नारे
……केंद्र के कृषि कानून के खिलाफ कांग्रेस की ट्रैक्टर रैली और खेती बचाओ यात्रा, सैकड़ों लोग हुए शामिल
…..नारा लगने पर भड़के बरही विधायक अकेला, कहा-ला एंड आर्डर की उड़ गई हैं धज्जियां
…..कार्यक्रम में एक लड़का लगाने लगा नारा : जिलाध्यक्ष
…….
पिंटू सोनी, उज्ज्वल दुनिया। बड़कागांव। बड़कागांव में सोमवार को केंद्र सरकार के कृषि बिल के खिलाफ ट्रैक्टर रैली और खेती बचाओ यात्रा में उस वक्त हास्यास्पद स्थिति हो गई जब वहां नरेंद्र मोदी जिंदाबाद के नारे लगने लगे। यह नारा सुन बरही विधायक उमाशंकर अकेला भड़क उठे। उन्होंने थानेदार पर भड़कते हुए कहा कि हमारी ही सरकार में बड़कागांव में ला एंड आर्डर की स्थिति इस कदर बिगड़ गई कि कांग्रेस की रैली में अब नरेंद्र मोदी का नारा लगेगा? इंस्पेक्टर थाना प्रभारी ललित कुमार को फटकार लगाते हुए अकेला ने कहा कि बिगड़े ला एंड आर्डर को लेकर एसपी से शिकायत करेंगे। इस मामले पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अवधेश सिंह ने कहा कि एक युवक नारा लगा रहा था, बाद में नारा लगाने वाले को वहां से भगा दिया गया। बहरहाल कांग्रेस पार्टी के बैनर तले ट्रैक्टर रैली का आयोजन किया गया ।इसकी अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष अवधेश सिंह एवं संचालन बड़कागांव कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष विशेश्वर नाथ चौबे ने किया।
ट्रैक्टर रैली का शुभारंभ बड़कागांव ब्लॉक स्थित हाई स्कूल मैदान से शुरुआत की गई। रैली बड़कागांव कांग्रेस कार्यालय होते हुए थाना रोड, आदर्श गुरुचट्टी, बड़कागांव मुख्य चौक एवं दैनिक बाजार बड़कागांव होते हुए निकाली गई। दैनिक बाजार स्थित दुर्गा मंदिर में सभा का आयोजन किया गया। सभा में बतौर मुख्य अतिथि बरही विधायक उमाशंकर अकेला ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण कोरोना वायरस महामारी में लाखों लोग बेरोजगार हो गए और केंद्र ने किसानों के खिलाफ कृषि बिल लाकर देश के करोड़ों किसानों को आर्थिक रूप से नुकसान पहुंचा कर कमजोर करने का का काम किया है। जब तक किसान विरोधी बिल केंद्र सरकार वापस नहीं लेती है, तब तक सड़क से लेकर सदन तक कांग्रेस पार्टी आंदोलन करती रहेगी। मोदी सरकार के सात साल हो गए, फिर भी अब तक काला धन देश में वापस नहीं आ पाया।
मौके पर उपस्थित लोगों में मुख्य रूप से वीरेंद्र सिंह, निसार खान, ओमप्रकाश गोप, रामसेवक सोनी, जावेद मलिक, बाबर हुसैन, हाजी तबस्सुम, सुनील ओझा, अजय साव, कृष्णा सिंह, कृष्णा शर्मा, संजय तिवारी, पंकज गुप्ता, संजय कुमार, जमाल सगीर, सुरेश महतो, पदुम साव, मोहम्मद मुस्लिम, धनु प्रसाद निराला, बबलू, प्रेमचंद साहू, कुलेश्वर साहू, जगत नंदन प्रसाद गुप्ता, अहमदुल्लाह शेख, अब्दुल्ला छोटे खान, शमशेर आलम, निरंजन कुमार, आशीष चक्रवर्ती, मोहम्मद बरकतउल्ला, नवीन ठाकुर, फेकू महतो, दिनेश प्रसाद साव, फागूराम, केसर सिंह, दशरथ कुमार महतो, उदय साहू के अलावा कई लोग उपस्थित थे।
……..
कांग्रेस के कार्यक्रम में नहीं थीं बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद
…….
कांग्रेस के कार्यक्रम में बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद उपस्थित नहीं थीं। क्षेत्र में यह चर्चा का विषय बना रहा कि पार्टी के इतने बड़े कार्यक्रम में स्थानीय विधायक ही नहीं रहीं। यह भी कहा जा रहा था कि या फिर जिला कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद के रहने पर कार्यक्रम तय करती। इधर कांग्रेस के कार्यक्रम में नरेंद्र मोदी जिंदाबाद के नारे लगने से अलग किरकिरी हो गई थी।
…..
बंगाल BJP प्रमुख दिलीप घोष के बिगड़े बोल
कोलकाता. अपने विवादित बयानों के चलते सुर्खियों में रहने वाले पश्चिम बंगाल भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष दिलीप घोष ने एक बार फिर ऐसा बयान दिया है जिसके चलते विवाद खड़ा हो सकता है. दिलीप घोष ने कहा ममता दीदी के लोगों को बताना चाहता हूं कि वह छह महीने में ठीक हो जाएं. दिलीप घोष ने कहा कि “मैं ममता दीदी के लोग जो शरारत करते हैं उनसे कहना चाहता हूं कि वह 6 महीने में खुद को ठीक कर लें, नहीं तो उनके हाथ, पैर, पसलियां और सिर तोड़ दिए जाएंगे. घोष ने कहा कि आपको घर जाने से पहले आपको अस्पताल जाना होगा. दिलीप घोष ने कहा कि अगर उनकी शरारत बढ़ती है तो उन्हें श्मशान भेज दिया जाएगा.”
हिंदुस्तान टाइम्स की एक खबर के मुताबिक दिलीप घोष ने रविवार को हल्दिया में एक जनसभा में राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को “साड़ी पहने हुए हिटलर” करार दिया. घोष ने यह भी दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा 200 सीटें जीतेगी. दिलीप घोष ने ममता बनर्जी पर सीधा हमला करते हुए कहा कि उनका नाम इतिहास में साड़ी पहनने वाली हिटलर के तौर पर लिखा जाएगा. कुछ भी हो बीजेपी आगे बढ़ने से रुकेगी नहीं.
यूपी के प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की 800 सीटें बढ़ीं
प्रदेश में एमबीबीएस पाठ्यक्रम में 800 सीटें बढ़ गई है। नेशनल मेडिकल कमीशन ने पांच नए निजी मेडिकल कॉलेजों को 150-150 सीटों पर प्रवेश की अनुमति दी है जबकि लखनऊ के एक निजी अल्पसंख्यक मेडिकल कॉलेज की प्रवेश की क्षमता में 50 सीटों की वृद्धि की गई है। अब प्रदेश में निजी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की चार हजार सीटें हो गई हैं।
प्रदेश में अब 29 निजी मेडिकल कॉलेज हो गए हैं। नेशनल मेडिकल काउंसिल ने यूनाइटेड इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज प्रयागराज और नोएडा इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज गौतमबुद्ध नगर को 2020-21 सत्र में प्रवेश के लिए अनुमति दे दी है। दोनों ही मेडिकल कॉलेजों में 150-150 सीटों में प्रवेश हो सकेंगे।
इसके अलावा वरुणार्जुन मेडिकल कॉलेज शाहजहांपुर, श्री वेकेटेश्वर इंस्टीट्यृट ऑफ मेडिकल साइंसेज अमरोहा नेशनल कैपिटल रीजन (एमएसवाई) मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल मेरठ को भी 150-150 सीटों पर प्रवेश के लिए अनुमति दी गई है। इस तरह कुल 750 एमीबीबीएस की सीटें बढ़ी हैं।
इसके अलावा इंटीग्रल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज लखनऊ में अभी तक 100 सीटें थी। नेशनल मेडिकल कमीशन ने वहां 50 सीटें बढ़ा दी हैं। अब इंटीग्रल में 150 सीटों पर प्रवेश हो सकेंगे। इस तरह कुल निजी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की 800 सीटें बढ़ेंगी। पिछले सत्र में प्रदेश में निजी मेडिकल कॉलेजों की 3300 सीटें थीं।
अयोध्या में वर्चुअल दीपोत्सव
लखनऊ । श्री रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव में करोड़ों राम भक्त श्रीरामलला दरबार में वर्चुअल हाजिरी लगाएंगे। काफी प्रतीक्षा के बाद अब राममंदिर निर्माण का सपना पूरा हो रहा है। ऐसे में कोई भी श्रद्धालु राम दरबार में आस्था दीप जलाने से वंचित न रहे, इसके लिए योगी सरकार ने सभी की सहभागिता सुनिश्चित करने की व्यवस्था की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विशेष निर्देश पर सरकार एक वेबसाइट तैयार करवा रही है, जहां वर्चुअल दीप जलाए जा सकेंगे। प्रदेश सरकार द्वारा तैयार कराया जा रहा यह अनूठा वर्चुअल दीपोत्सव प्लेटफार्म बिल्कुल रियल जैसा अनुभव देगा। पोर्टल पर श्रीरामलला विराजमान की तस्वीर होगी। जिसके समक्ष दीप वर्चुअल रूप से प्रज्जवलित होगा। यहां सुविधा होगी कि श्रद्धालु अपने भावना के अनुसार मिट्टी, तांबे, स्टील अथवा किसी अन्य धातु के दीप स्टैंड का चयन करे। घी, सरसों अथवा तिल के तेल का विकल्प भी उपलब्ध होगा। यही नहीं, श्रद्धालु अगर पुरुष है तो पुरुष अथवा महिला है तो महिला के वर्चुअल हाथ से दीप प्रज्जवलित करेंगे। दीप जलाने के बाद श्रद्धालु के विवरण के आधार पर रामलला की तस्वीर के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से धन्यवाद पत्र भी जारी होगा। 13 नवम्बर को प्रस्तावित मुख्य समारोह से पूर्व यह वेबसाइट आमजन के लिए उपलब्ध हो जाएगा। बता दें कि इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी दीपोत्सव में वर्चुअली सहभागिता कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने अयोध्या दीपोत्सव को भव्य और दिव्य बनाने के निर्देश दिए हैं, लेकिन स्पष्ट कहा है कि कहीं भी कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन नहीं होना चाहिए। प्रतिदिन अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। जितने भी कार्यक्रम होंगे सभी में कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा है कि दीपोत्सव पर राम की पैड़ी के साथ सभी मठ मंदिरों व घरों में ऐसे दीप जलेंगे, जिससे भगवान राम की नगरी अयोध्या दीप के प्रकाश से पूरी तरह से अलोकित हो जाए। इस बार करीब साढ़े पांच लाख दीप जलाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री योगी रामायण के प्रसंगों पर आधारित झांकियों का अवलोकन करेंगे। साथ ही, श्रीरामए सीता और लक्ष्मण के स्वरूप की आरती कर श्रीराम का राज्याभिषेक करेंगे और जन्मभूमि परिसर में रामलला की आरती भी उतारेंगे। सारी तैयारियों पर मुख्यमंत्री की सीधी नजर है।

