Wednesday 1st of July 2026 08:34:28 AM
Home Blog Page 366

अधीर रंजन चौधरी की अपील, सभी पुराने कांग्रेसी घर वापस आएं

0

कोलकाता। मंत्री पद से हाल में इस्तीफा देने वाले तृणमूल कांग्रेस के कद्दावर नेता शुभेंदु अधिकारी के लिए कांग्रेस का दरवाजा खुला रखने वाले प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस भले ही शुभेंदु अधिकारी को लेकर दावे कर रही है कि समस्या का समाधान हो गया है. लेकिन हकीकत यह है कि शुभेंदु ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। लिहाजा कौन क्या कहता है, यह मायने नहीं रखता। मायने शुभेंदु अधिकारी रखते हैं।

उन्होंने कहा कि आनेवाले दिनों में तृणमूल कांग्रेस का नाम लेनेवाला कोई नहीं रहेगा। कांग्रेस पहले भी थी और भविष्य में भी रहेगी। लिहाजा वह उन सभी लोगों से अपील कर रहे हैं कि जो लोग पार्टी छोड़ कर गये हैं, वे सांप्रदायिक पार्टी भाजपा को रोकने के लिए कांग्रेस में लौट आयें। उन सभी को योग्य सम्मान मिलेगा। जानकारी के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस के सांसद व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने खुद पहल करते हुए शुभेंदु अधिकारी के साथ मंगलवार रात एक बैठक की। बैठक में सौगत राय, प्रशांत किशोर और सुदीप बंद्योपाध्याय भी शामिल हुए थे।

डॉक्टर को अगवा कर मांगी 30 लाख की फिरौती

0

लखनऊ। चिकित्सक डॉक्टर अखिलेश चौबे को मंगलवार रात कुछ बदमाशों ने अगवा कर लिया। बदमाश उन्हें अलग-अलग स्थानों पर लेकर गए और 30 लाख रुपये फिरौती की मांग की।पीड़ित चिकित्सक के बताए गए घटनास्थल पर पुलिस ने सीसी फुटेज खंगाले हैं।

पीड़ित चिकित्सक का कहना है कि लोहिया अस्पताल के पास वह बाथरूम करने के लिए रुके थे। इसी दौरान मंगलवार देर रात बदमाशों ने उन्हें अगवा किया था। इसके कई घंटो बाद वह किसी तरह अपनी जान बचाकर बदमाशों के चंगुल से मुक्त हुए। बुधवार देर रात डॉक्टर कल्याणपुर विकासनगर निवासी अखिलेश विकास नगर थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

कोरोना के 1799 नए मरीज मिले, 29 ने गंवाई जान ,22,797 सक्रिय केस

0

लखनऊ, । उत्‍तर प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान कोरोना की शिनाख्त करने के लिए कुल 1,51,599 नमूने जांचे गए। जांच में कोरोना संक्रमण के 1799 नये मामले सामने आये हैं, जबकि कोविड संक्रमित 29 मरीजों ने जान गंवायी। इस दौरान 2,607 मरीज स्वस्थ भी हुए। प्रदेश में अब कोरोना के 22,797 सक्रिय केस हैं और संक्रमण से रिकवरी का रेट 94.4 प्रतिशत है।

अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों में से 1348 लोग होम आइसोलेशन में हैं।

फिल्म सिटी पर रार, योगी बोले

0

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में प्रस्तावित फिल्म सिटी को लेकर सियासत तेज हो गई है. वहीं उत्तर प्रदेश केमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने ड्रीम प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने के लिए आज मुंबई के दौरे पर हैं, जहां उन्होंने कई फिल्मी हस्तियों से मुलाकात की.

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हम प्रस्तावित सिटी के लिए एनसीआर में करीब 1000 एकड़ भूमि में खरीदने की योजना बना रहे हैं, जो जेवर एयरपोर्ट से केवल 6 किलोमीटर की दूरी पर है. इस जगह पर भारत और विदेशों के शहरों से सबसे अच्छी कनेक्टिविटी होगी.

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के आरोपों पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोई कुछ छीन नहीं लेता. यह सिर्फ ओपन मार्केट कंपटीशन है. यह इस बारे में है कि कौन आपको बेहतर सुविधा देता है, जो कि अनुकूल माहौल प्रदान करता है. मुंबई फिल्म सिटी जैसा है, वैसा ही काम करेगा. यूपी का फिल्म सिटी अपना काम करेगा.

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारा काम सुविधाएं प्रदान करना है. हम इसे एक क्षेत्र के लिए प्रतिबंधित नहीं करना चाहते हैं, लेकिन इसे विश्वस्तरीय बनाना चाहते हैं. मैंने विशेषज्ञों के साथ बातचीत की. हम किसी से कुछ नहीं छीन रहे हैं. मैं यहां  छीनने के लिए नहीं आया हूं, हम कुछ नया देने के लिए आए हैं. सभी को कुछ नया देना होगा.

मंत्री का आरोप, अंडरवर्ल्ड के हाथों में फिल्म इंडस्ट्री

0

लखनऊ । यूपी सरकार के मंत्री मोहसिन रजा ने शिवसेना नेता संजय राउत के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन्होंने अंडरवर्ल्ड के हाथों में फिल्म इंडस्ट्री को दे रखा है। ये बयानों के जरिए फिल्म इंडस्ट्री पर दबाव बना रहे हैं कि यहां से कोई जा नहीं सकता। हम कब कह रहे हैं कि हम बॉलीवुड ले जा रहे हैं, यूपी CM तो बस फिल्में बनाने के लिए एक बेहतर व्यवस्था दे रहे हैं ।

इससे पहले शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा था कि मैंने देखा कि योगी जी मुंबई में किसी 5 स्टार होटल में अक्षय कुमार के साथ बैठे हैं शायद अक्षय जी आम की टोकरी लेकर गए होंगे। मुंबई की फिल्म सिटी को कोई यहां से ले जाने की बात अगर करता है तो पहले योगी जी ये बताएं कि नोएडा फिल्म सिटी की अभी क्या हालत है?

43 आईपीएस अधिकारियों का तबादला

0

लखनऊ । यूपी में बड़े प्रशासनिक फेरबदल के मद्देनजर योगी आदित्यनाथ सरकार ने 17 जिला पुलिस प्रमुखों सहित 43 आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। यह तबादला मंगलवार देर रात किया गया।

सरकार ने 2015 बैच के 10 आईपीएस अधिकारियों को जिला पुलिस प्रमुख भी नियुक्त किया है।

सरकार ने 2015 बैच के 10 आईपीएस अधिकारियों को जिला पुलिस प्रमुख भी नियुक्त किया है।

बलरामपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) देव रंजन वर्मा को एसआईटी (लखनऊ) में स्थानांतरित कर दिया गया और उनकी जगह चंदौली के एसपी हेमंत कुटियाल को नियुक्त किया गया है।

लखनऊ, ईस्ट जॉन के एडिशनल उपायुक्त अमित कुमार अब एसपी चंदौली के रूप में पदभार संभालेंगे।

कन्नौज के एसपी अमरेन्द्र प्रसाद सिंह इसी पद पर सोनभद्र जाएंगे। उनकी जगह फतेहपुर के एसपी प्रशांत वर्मा को दिया गया है।

मुजफ्फरनगर के एडिशनल एसपी सतपाल फतेहपुर के नए जिला पुलिस प्रमुख के रूप में कार्यभार संभालेंगे।

प्रयागराज (ट्रांस-यमुना) एसपी चक्रेश मिश्रा को इसी पद पर यमुना प्रसाद की जगह संभल में स्थानांतरित किया गया है, वहीं यमुना प्रसाद लखनऊ में पीएसी मुख्यालय में शामिल होंगे।

शामली के एसपी नित्यानंद राय लखनऊ में पुलिस अधीक्षक (खुफिया) के रूप में पदभार संभालेंगे। उनकी जगह वाराणसी के एसपी (सुरक्षा) सुकीर्ति माधव को लाया गया है।

गोरखपुर शहर के एसपी कौस्तुभ को संत कबीर नगर के नए एसपी के रूप में नियुक्त किया गया, वहीं पहले इस पद पर रहे बृजेश सिंह उसी क्षमता के साथ यूपी 112, लखनऊ में शामिल होंगे।

शाहजहांपुर की एएसपी (ग्रामीण) अपर्णा गौतम को सुनीति की जगह औरैया का नया एसपी बनाया गया है। वहीं सुनीति को उसी क्षमता के साथ अमरोहा भेजा गया है।

अमरोहा के एसपी विपिन ताडा को देवेंद्रनाथ की जगह बलिया जिला पुलिस प्रमुख के रूप में स्थानांतरित किया गया है, वहीं देवेंद्रनाथ को सीबी-सीआईडी, लखनऊ में स्थानांतरित किया गया है।

मेरठ में एसपी (ग्रामीण) अवनीश पांडेय, एसपी मैनपुरी के रूप में पद संभालेंगे और अजय कुमार की जगह लेंगे। अजय कुमार को फिरोजाबाद स्थानांतरित कर दिया गया है।

फिरोजाबाद के एसपी सचिंद्र पटेल को एटीएस (लखनऊ) में स्थानांतरित कर दिया गया है।

गाजियाबाद के एसपी (ग्रामीण) नीरज कुमार को संजीव सुमन की जगह हापुड़ स्थानांतरित किया गया है, वहीं संजीव लखनऊ पुलिस आयुक्तालय से जुड़ेंगे।

आगरा के एसपी (पूर्व) प्रमोद कुमार को मिर्जा बंजर बेग के स्थान पर ललितपुर का नया पुलिस प्रमुख बनाया गया है। मिर्जा को उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन में उसी क्षमता में स्थानांतरित किया गया है।

सहारनपुर एसपी (ग्रामीण) अशोक कुमार मीणा को फतेहगढ़ का नया एसपी बनाया गया।

अलीगढ़ एसपी (शहर) के रूप में तैनात अभिषेक को नोएडा पुलिस आयुक्तालय में स्थानांतरित कर दिया गया है।

लखनऊ डीसीपी स्वप्निल ममगाई को ईओडब्ल्यू (लखनऊ) में स्थानांतरित कर दिया गया है, जबकि डीसीपी (पूर्व क्षेत्र) चारु निगम को मेरठ के पीएसी कमांडेंट के रूप में स्थानांतरित किया गया है।

एएसपी के रूप में सेवारत 2016-17 बैच के 12 अन्य आईपीएस अधिकारियों का भी तबादला किया गया है।

प्रशांत किशोर की पहल पर शुभेंदु की अभिषेक के साथ बैठक

0

   

कोलकाता: मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद तृणमूल कांग्रेस की ओर से शुभेंदु अधिकारी को मनाने की कवायद लगातार जारी है। मंगलवार रात को पार्टी के रणनीतिकार प्रशांत किशोर की पहल पर शुभेंदु अधिकारी और सांसद तथा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी की आमने-सामने बैठक हुई जिसे राजनीतिक गलियारों में काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। तृणमूल की ओर से दावा किया जा रहा है कि बैठक काफी अच्छी हुई है और सभी गिले-शिकवे अब दूर हो गये हैं।

सूत्रों के अनुसार, सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय के घर पर लगभग दो घंटे यह बैठक हुई जिसमें शुभेंदु और अभिषेक के अलावा पीके, सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय और सौगत राय भी मौजूद थे। सांसद सौगत राय ने कहा, ‘शुभेंदु तृणमूल में ही हैं, दूसरी पार्टी में जाने का सवाल ही नहीं उठता है।’ उन्होंने कहा कि सभी समस्याओं का समाधान हो गया है, हम साथ मिलकर काम करेंगे।

बंगाल में आज से ‘दुआरे

0

कोलकाता। बंगाल में भाजपा से मिल रही कड़ी टक्कर के बीच अगले साल विधानसभा चुनाव से पहले ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार लोगों को साधने के लिए एक दिसंबर, मंगलवार से ‘दुआरे- दुआरे पश्चिम बोंगो सरकार’ (प्रत्येक द्वार बंगाल सरकार) नाम से नया अभियान शुरू करने जा रही है। हाल में बांकुड़ा जिले के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक दिसंबर से 31 जनवरी तक पूरे राज्य भर में यह अभियान (कार्यक्रम) शुरू करने की घोषणा की थी।

इस अभियान के तहत प्रशासन द्वारा पूरे राज्य भर में अगले दो महीने तक सभी प्रखंडों में ग्राम पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में नगर निगम व पालिकाओं के अधीन विभिन्न वार्डों में लगभग 20,000 शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई 11 महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए पंजीकरण भी किया जायेगा। साथ ही दुआरे- दुआरे सरकार अभियान के दौरान आयोजित शिविरों में लोगों द्वारा जिन कमियों तथा कठिनाइयों को उठाया जाएगा, उनका अधिकारियों द्वारा तत्काल समाधान का प्रयास किया जाएगा।

हमारे लिए विरासत का मतलब देश की धरोहर : मोदी

0

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां सोमवार को विपक्षियों पर इशारों-इशारों में निशाना साधा और कहा कि “हमारे लिए विरासत का मतलब है देश की धरोहर, जबकि कुछ लोगों के लिए विरासत का मतलब अपना परिवार और अपने परिवार का नाम होता है। हमारा ध्यान देश की विरासत और संस्कृति बचाने पर है।” प्रधानमंत्री यहां देव दीपावली के अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा, “हमारे लिए विरासत का मतलब हमारी आस्था, हमारी संस्कृति, हमारे मूल्य। उनके लिए विरासत का मतलब है अपनी प्रतिमाएं, अपने परिवार की तस्वीरें। हमारे देवी-देवताओं की ये प्राचीन मूर्तियां, हमारी आस्था के प्रतीक के साथ ही हमारी अमूल्य विरासत भी हैं। ये बात भी सही है कि इतना प्रयास अगर पहले किया गया होता, तो ऐसी कितनी ही मूर्तियां, देश को काफी पहले वापस मिल जातीं।”

उन्होंने कहा, “काशी के लिए एक और भी विशेष अवसर है। कल मन की बात में भी मैंने इसका जिक्र किया था। सौ साल से भी पहले माता अन्नपूर्णा की जो मूर्ति काशी से चोरी हो गई थी, वो वापस आ रही है। माता अन्नपूर्णा एक बार फिर अपने घर लौटकर वापस आ रही हैं।”

मोदी ने कहा, “आज हम रिफॉर्म्स की बात करते हैं, लेकिन समाज और व्यवस्था में रिफॉर्म्स के बहुत बड़े प्रतीक तो स्वयं गुरु नानक देव जी ही थे। हमने ये भी देखा है कि जब समाज, राष्ट्रहित में बदलाव होते हैं, तो जाने-अनजाने विरोध के स्वर जरूर उठते हैं। लेकिन जब उन सुधारों की सार्थकता सामने आने लगती है तो सबकुछ ठीक हो जाता है। यही सीख हमें गुरुनानक देवजी के जीवन से मिलती है। हमारे लिए विरासत का मतलब है देश की धरोहर। जबकि कुछ लोगों के लिए विरासत का मतलब होता है, अपना परिवार और अपने परिवार का नाम। लेकिन कुछ लोगों की सोच अलग रही है।”

प्रधानमंत्री ने कहा, “काशी के लिए जब विकास के काम शुरू हुए थे तो विरोध करने वालों ने तब भी विरोध किया था। आपको याद होगा कि जब काशी ने तय किया था कि बाबा का दरबार बनेगा, कॉरिडोर बनेगा। आज बाबा की गुफा से काशी का गौरव जीवित हो रहा है।”

मोदी ने कहा, “नेक नीयत से जब काम किए जाते हैं तो विरोध के बावजूद उनकी सिद्धि होती है। आज ये दीपक उन आराध्यों के लिए भी जल रहे हैं, जिन्होंने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर किए, जो जन्मभूमि के लिए बलिदान हुए। काशी की ये भावना, देव दीपावली की परंपरा का ये पक्ष भावुक कर जाता है। इस अवसर पर मैं देश की रक्षा में अपनी शहादत देने वाले, हमारे सपूतों को नमन करता हूं।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि देव दीपावली पर यही संदेश है कि सबमें सकारात्मकता का भाव हो। समूची दुनिया करुणा-दया के भाव को स्वयं में समाहित करे। विश्वास है कि ये संदेश, प्रकाश की ऊर्जा पूरे देश के संकल्पों को सिद्ध करेगी। देश ने आत्मनिर्भर भारत की जो यात्रा शुरू की है, उसे हम पूरा करेंगे।

PM मोदी के कारण मां अन्नपूर्णा फिर काशी को मिलने वाली हैं : CM योगी

0

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 1913 में काशी में मां अन्नपूर्णा की एक मूर्ति चोरी हुई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कारण काशी की मां अन्नपूर्णा एक बार फिर से काशीवासियों को मिलने वाली हैं। आखिर एक सौ आठ वर्षो तक किसी अन्य सरकार की नजर उधर क्यों नहीं पड़ी? उन्होंने पूर्व में रही सरकारों से सवाल किया कि क्यों सौ वर्षो तक हम भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत पर मौन रहे? मुख्यमंत्री आज वाराणसी के संत रविदास घाट पर देव दीपोत्सव के मौके पर संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि, “मां गंगा की अविरलता और निर्मलता किसी से छिपी नहीं है। आज से छह वर्ष पहले तक इसी गंगा मैया में डुबकी लगाने से हिचकते थे, अगर दो दिन लगातार डुबकी लगा दिए, तो लाल चकत्ते निकल पड़ते थे। गंगे डॉल्फिन के नाम पर विख्यात डॉल्फिन लुप्त हो चुका था। आज पीएम मोदी के कारण गंगा स्नान ही नहीं, आचमन करने लायक बनी है। उन्होंने काशी में आते ही कहा था कि मुझे मां गंगा ने बुलाया है। प्रधानमंत्री का संकल्प था, नमामि गंगे परियोजना के सफलतम क्रियान्वयन के माध्यम से मात्र छह वर्ष में गंगा की निर्मलता हम सबके सामने है और आज गंगा के तट पर यह कार्यक्रम जहां एक नई ऊंचाइयों को छू रहा है।”

उन्होंने कहा कि, “संत रविदास और मां गंगा का अनन्य संबंध था। जब काशी में मां गंगा आईं, तो भैरवनाथ जी ने रोकने का प्रयास किया था। मां गंगा ने उस समय आश्वासन दिया था कि मैं काशी में कोई विघ्न, अड़चन नहीं डालूंगी, लेकिन मां गंगा को वास्तव में भगवान विश्वनाथ के चरणों में स्थान देने का कार्य विश्वनाथ धाम देने के माध्यम से अगर किसी ने इस परिकल्पना को साकार किया है, तो प्रधानमंत्री मोदी ने किया है।

योगी ने कहा कि, “हजारों वर्षो की कुंभ की विरासत को अव्यवस्था में तब्दील कर दिया था। भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को यूनेस्को ने मानवता की मूर्ति सांस्कृतिक धरोहर के रूप में मान्यता दी। साथ ही दुनिया के दो सौ राजदूतों को प्रयागराज की धरती पर आमंत्रित करवाकर वैश्विक मंच पर कुंभ की इस परंपरा को स्थापित कर भारत की सांस्कृतिक मान्यता को एक नई ऊंचाई देने का कार्य किया।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि, “इस देश की पांच सौ वर्षो की एक ऐसी समस्या जो अन्यों के लिए जटिल थी, कठिन थी, वह चाहते ही नहीं थे इस समस्या का समाधान हो, लेकिन अपने नाम के अनुरूप उस नामुमकिन को भी मुमकिन बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया।”

योगी ने कहा कि, “प्रधानमंत्री का काशी को वैश्विक मंच पर स्थापित करने का कार्यक्रम हो या काशी के भौतिक विकास आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को बनाए रखते हुए वैश्विक पटल पर रखने का कार्य हो या योग को वैश्विक मंच पर मान्यता देने का। आज दुनिया के दो सौ से अधिक देश भारत की योग परंपरा के साथ जुड़ते हुए दिखाई देते हैं, तो भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक ताकत को पूरी दुनिया मानती है

‘लव जिहाद’ कानून के तहत पहला केस दर्ज

0

बरेली। जबरन धर्म परिवर्तन कर विवाह यानी ‘लव जिहाद’ पर रोक लगाने के लिए हाल में ही जारी किए गए अध्यादेश के तहत उत्तरप्रदेश के बरेली में पहली एफआईआर दर्ज की गई है। इस संबंध में शिकायत शनिवार रात को देवरानिया पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई।

देवरानिया पुलिस सर्किल के तहत आने वाले शरीफ नगर गांव के निवासी टिकाराम ने एक शिकायत दर्ज कराई कि उनके गांव का एक युवक उसकी बेटी को बहला फुसला रहा है और अब धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहा है।

आरोपी के खिलाप विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन अधिनियम की धारा 504/506 और 3/5 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

राज्य के गृह विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है और जांच जारी है।

अभिषेक के विवादित बोल, विजयवर्गीय को बाहरी व दिलीप घोष को बताया गुंडा

0

बंगाल: अगले साल विधानसभा चुनाव से पहले सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस के सांसद व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने रविवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व सांसद दिलीप घोष को लेकर अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें गुंडा करार दिया। अभिषेक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह व भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय समेत भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को बाहरी भी बताया। दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर स्थित अपने संसदीय क्षेत्र अंतर्गत मुचिशा हाइस्कूल मैदान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल सांसद ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष पर करारा हमला बोला।

लव जिहाद’ कानून का विरोध करेगी समाजवादी पार्टी

0

लखनऊ । उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा जबरन धार्मिक धर्मांतरण के अध्यादेश पर हस्ताक्षर करने के एक दिन बाद समाजवादी पार्टी ने घोषणा की है कि वह अगले महीने विधानसभा में ‘लव जिहाद’ कानून का विरोध करेगी। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी पार्टी इस तरह के कानून के पक्ष में नहीं है और वह इसका जोरदार विरोध करेगी। उन्होंने कहा, “एक तरफ सरकार अंतर-जातीय और अंतर-धर्म विवाह करने वालों को 50 हजार रुपये देती है और दूसरी ओर वे इसे रोकने के लिए कानून लेकर आई है। हम सरकार से इसके बजाय ऐसा कानून लाने के लिए कहेंगे, जो किसानों की आय दोगुनी करने की गारंटी देता है।”

सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार पर 1,000 करोड़ रुपये के सरकारी स्वामित्व वाले शॉपिंग मॉल को निजी इकाई को बेचने की योजना बनाने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि एक एक्सप्रेसवे को भी इसी तरह बेचा जा रहा था। उन्होंने आगे कहा, “समय आने पर इसकी जांच करेंगे और इस सरकार के भ्रष्टाचार को उजागर करेंगे।”

अखिलेश ने आगे कहा कि यह विडंबना है कि सरकार भ्रष्टाचार मुक्त होने की बात करती है जबकि एक अंतरराष्ट्रीय सर्वे में हमारा देश उन देशों की सूची में सबसे ऊपर है जहां रिश्वत सबसे अधिक प्रचलित है।

प्रधानमंत्री आज दोपहर वाराणसी को देंगे सौगात

0

वाराणसी। लंबे अरसे बाद प्रधानमंत्री आज सोमवार की दोपहर वाराणसी को देंगे योजनाओं की सौगात तो वहीं देव दीपावली पर भी वह शामिल होंगे और काशी के दिव्‍य और भव्‍य आयोजन का भी वह हिस्‍सा बनेंगे।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देव दीपावली पर बनारस आगमन के पीछे गहरा उद्देश्य छिपा है। कोविड-19 संक्रमण काल में काशी से विश्व को बड़ा संदेश देने की मंशा है। महामारी के बीच उत्सव को कैसे मनाया जा सकता है, पूरा आयोजन इस उद्देश्य में सिमट गया है।

यूपी में ‘लव जिहाद’ का कानून आज से लागू

0

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में योगी सरकार द्वारा प्रस्तावित धर्मांतरण संबंधी बिल को शनिवार को राज्यपाल ने मंजूरी दे दी है। उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अध्यादेश के मसौदे को राज्यपाल से अनुमोदन के लिए बुधवार को राजभवन भेजा गया था। कैबिनेट की मंजूरी के बाद इस अध्यादेश के मसौदे को राज्यपाल के पास भेजा गया था।

योगी आदित्यनाथ मंत्रिपरिषद की बैठक में मंगलवार को धर्मांतरण कानून के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद बुधवार को इसको राज्यपाल के पास अनुमोदन के लिए भेजा गया था। राज्यपाल से मंजूरी मिलते ही यह अध्यादेश के रूप में यूपी में लागू हो गया है और अब ऐसा अपराध गैर जमानती माना जाएगा।

अध्यादेश के अनुसार, किसी एक धर्म से अन्य धर्म में लड़की का धर्म परिवर्तन सिर्फ एकमात्र प्रयोजन शादी के लिए किया जाता है तो ऐसा विवाह शून्य (अमान्य) की श्रेणी में लाया जा सकेगा। राज्यपाल की मंजूरी मिलने के बाद अब इस अध्यादेश को छह माह के भीतर विधानमंडल के दोनों सदनों में पास कराना होगा।

ज्ञात हो कि अध्यादेश के अनुसार एक धर्म से दूसरे धर्म में परिवर्तन के लिए संबंधित पक्षों को विहित प्राधिकारी के समक्ष उद्घोषणा करनी होगी कि यह धर्म परिवर्तन पूरी तरह स्वेच्छा से है। संबंधित लोगों को यह बताना होगा कि उन पर कहीं भी, किसी भी तरह का कोई प्रलोभन या दबाव नहीं है। अध्यादेश में धर्म परिवर्तन के सभी पहलुओं पर प्रावधान तय किए गए हैं। इसके अनुसार धर्म परिवर्तन का इच्छुक होने पर संबंधित पक्षों को तय प्रारूप पर जिला मजिस्ट्रेट को दो माह पहले सूचना देनी होगी। इसका उल्लंघन करने पर छह माह से तीन वर्ष तक की सजा हो सकती है।

उत्तर प्रदेश में आज से महज शादी के लिए अगर लड़की का धर्म बदला गया तो ऐसी शादी अमान्य घोषित होगी। इसके साथ ही धर्म परिवर्तन कराने वालों को 10 वर्ष तक जेल भी भुगतनी पड़ सकती है। गैर जमानती अपराध के मामले में प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट के न्यायालय में मुकदमा चलेगा। दोष सिद्ध हुआ तो दोषी को कम से कम एक वर्ष और अधिकतम पांच वर्ष की सजा भुगतनी होगी।