फोटो : चोरों द्वारा चोरी किये गये जेट पम्प का निशान
गिरिडीह/डुमरी : डुमरी के कुलगो दक्षिणी पंचायत भवन में मंगलवार की रात चोरों ने पंचायत भवन का ताला तोड़कर पंचायत भवन के अंदर लगे जेट पंप मशीन सहित लगभग 3 क्विंटल छड़ की चोरी की घटना को अंजाम दिया है। घटना डुमरी थाना क्षेत्र की है।
बुधवार की सुबह जब मुखिया रुकसाना खातून पंचायत भवन पहुंची तो देखा कि पंचायत भवन का ताला टूटा हुआ था। इसके बाद अंदर जाने पर जेट पंप और लगभग 3 क्विंटल छड़ गायब देखा। मुखिया ने डुमरी थाने में लिखित आवेदन देकर एक मामला दर्ज करवाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्या
पूत के पांव पालने में ही दिखाई देने लगते हैं। अभी राज्य सरकार का एक वर्ष ही पूर्ण हुआ है और इतने कम समय में झारखंड प्रदेश का विकास पहचान और कल्याण नहीं होते हुए 1700 गरीब महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटना हो गई। 600 से अधिक अनुसूचित जनजाति की महिलाओं के साथ बलात्कार हुआ वहीं 400 से ज्यादा अनुसूचित जाति की महिलाओं के साथ बलात्कार हुआ। यह घटना राज्य सरकार को शर्मसार करने वाली है। उक्त बातें भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्या ने राजकीय अतिथिशाला में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कही। श्री आर्या प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भाग लेने दो दिनों के प्रवास पर रांची पहुंचे।
संवाददाताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एक सोची समझी साजिश के तहत भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को चुन चुन कर उन्हें प्रताड़ित कर रही है। इस तरह की घटना लोकतंत्र की हत्या है। राज्य में भूखल घासी की मौत भूख से हो जाती है और जब भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा इसका आवाज उठाती है तो सरकार के तरफ से एक रुपये की भी मदद पीड़ित परिवार के आश्रितों को नहीं मिल पाता है। झारखंड में आदिवासी, दलित महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है और लगता है कि राज्य सरकार ऐसी अपराधिक मानसिकता वाले लोगों को संरक्षण देने का काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि राज्य में वर्ष के प्रारंभ में ही ठंड से दो लोगों की मौत हो जाती है। अनुसूचित जाति से जुड़ी जनकल्याणकारी योजनाओं को या तो बंद कर दिया गया है या फिर उसे रोक दिया गया है। अनुसूचित जाति के लोगों को 50% ही आरक्षण मिल रहा है। पूर्व में जब भारतीय जनता पार्टी की सरकार थी तो सभी के साथ न्याय कैसे हो, विकास कैसे हो, इसे ध्यान में रखकर योजनाएं तैयार की जाती थी। 1944 से लेकर अभी तक करीब 75 वर्ष के दौरान अनुसूचित जाति के छात्र छात्राओं को मिलने वाली पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना में मात्र 1100 करोड़ का ही प्रावधान था। लेकिन केंद्र सरकार ने इसे बढ़ाकर 6000 करोड़ कर दिया है। जल्द ही केंद्र सरकार वैसे अनुसूचित छात्रों को वापस स्कूल लाने का अभियान चलाएगी जो किसी कारणवश ड्रॉप आउट हो गए थे। अब सभी छात्र छात्राओं को डीबीटी के माध्यम से छात्रवृत्ति की राशि दी जाएगी। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी।
उन्होंने बताया कि कोरोना काल के दौरान 80 करोड़ लोगों को 90 हजार करोड़ रुपए खर्च कर राशन उपलब्ध करवाया गया। नरेंद्र मोदी गरीबों को पक्के मकान, गैस कनेक्शन, शौचालय, आयुष्मान योजना के तहत चिकित्सा सुविधा आदि दे रहे हैं। इसके बाद भी झारखंड में अनुसूचित समाज की महिलाओं के साथ दुष्कर्म जैसी घटनाएं होती है। इसकी भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा निंदा करती है। यह सरकार गरीब विरोधी और लोकतंत्र की हत्या करने वाली सरकार है।
संवादाता सम्मेलन में निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री, गिरिडीह मेयर, उपाध्यक्ष सहित अन्य मोर्चा के पदाधिकारी उपस्थित थे।
…………………………………. भूमाफिया-पुलिस के बीच सांठगांठ के लग रहे आरोप …………………………………. उज्जवल दुनिया संवाददाता/ अजय निराला हजारीबाग। हजारीबाग में इन दिनों भू-माफिया का दुस्साहस इतना बढ़ गया है कि विधि व्यवस्था को चुनौती दे रहे हैं ।
डीजीपी के निर्देश पर कोर्रा टीओपी में भू-माफिया पंडल यादव के खिलाफ सितंबर 2020 में धोखाधड़ी और रंगदारी का मामला किया गया।लेकिन मामला दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। आरोपी पंडल यादव का मनोबल इतना बढ़ गया कि 25 जनवरी की रात को उसने 15-20 गुर्गों के साथ पतरातू बस्ती स्थित बीएसफ जवान के निर्माणधीन मकान में हमला बोल दिया। मुख्य द्वार को खुलवा कर बीएसफ जवान के पिता और ससुर को मारपीट कर बुरी तरह घायल कर दिया। हमलावर बीएसफ जवान को जान मारने के लिए खोज रहे थे। लेकिन जवान किसी तरह अपनी जान बचा वहां से भागने में सफल रहा। निर्माणधीन घर की छत की ढलाई भी गिरा दिया गया।
BSF जवान को घायलावस्था में अस्पताल लाया गया
हमले के शिकार बीएसएफ जवान के पिता लगा रहे गंभीर आरोप
बीएसफ जवान वचन देव महतो के पिता बलराम महतो ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि पतरातू स्थित जमीन के निर्माणधीन मकान की ढलाई कर रात में समधी पंचम महतो और बीएसफ जवान वचनदेव कुमार के साथ सोया था। रात्रि ग्यारह बजे काले रंग के स्कॉर्पियो से पंडल यादव, दीपक पासवान, अजित साव, कैलाश यादव सहित एक अन्य वाहन से 15-20 लोगों ने घर का दरवाजा खुलवा, जान से मारने के नियत से हथियार के बल घर के अंदर घुस गए और हथियार के साथ कोड़ी गायता से जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें मेरा सर फाड़ दिया गया और पंचम महतो का पैर तोड़ दिया गया। हमलावर मेरे बेटे को खोज रहे थे। बेटा किसी तरह हमलावरों से जान बचा कर भाग गया। हमलवारों ने 30 हजार रुपया और मोबाइल भी लूट लिया। कोर्रा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है लेकिन किसी भी अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं किया है।
धोखाधड़ी-रंगदारी के दर्ज मामले में पुलिस ने नहीं की कोई कार्रवाई
बीएसफ जवान के निर्माणधीन मकान पर जिन आरोपियों ने हमला कर दो लोगों को गंभीर रूप से घायल किया उन आरोपियों पर कोर्रा टीओपी में बड़कागांव के दामोदर प्रसाद ने मेहता ने रंगदारी और धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए कांड संख्या 146/20 मामला दर्ज किया था। थाना को दिए शिकायत में आरोपियों द्वारा दामोदर प्रसाद मेहता से धोखाधड़ी के सबूत की पुलिस जांच में पुष्टि के पेपर भी दिए गए थे। लेकिन आरोपियों के पुलिस ने सांठगांठ के चलते कोई कार्रवाई नहीं किया और पुलिसिया संरक्षण बढ़े मनोबल के कारण बीएसफ जवान के नवनिर्मित मकान पर हमला कर दिया।
इसी निर्माणाधीन इमारत करे पास हुआ हमला
शिकायत कर्ता का कहना है कि कुछ लोगों की नजर मेरे जमीन पर पड़ी हुई है। डरा धमका के फर्जी पेपर के सहारे मेरी जमीन को बिकवाना चाहते हैं और हड़पने के दांव पेंच लगाए जा रहे हैं।
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
कोर्रा थाना प्रभारी ने इस मामले में पुछे जाने पर कहा कि पंडल यादव व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जूटी हैं। आरोपी को पुलिस शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
उपायुक्त हुए मीडिया से मुखातिब, सरकारी योजनाओं की प्रगति पर दी कई जानकारियां
हजारीबाग। उपायुक्त आदित्य कुमार आंनद बुधवार को मीडिया के साथ नए समाहरणालय स्थित कांफ्रेंस हॉल में मुखातिब हुए। उन्होंने जिले में संचालित सरकारी योजनाओं की प्रगति के संबंध में विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उपायुक्त ने सिलसिलेवार ढंग से कई योजनाओं की स्थिति पर जानकारियां साझा की।
50 हजार रुपए तक का कृषि ऋण होगा माफ
उन्होंने कृषि ऋण माफी पर बात-चीत करते हुए बताया कि झारखंड किसान कर्ज माफी योजना के अंतर्गत 50 हजार रुपए तक किसानों द्वारा लिया गया ऋण माफ किया जाएगा। इसमें केवल 31 मार्च 2020 तक ऋण लेने वाले किसान ही आएंगे। साथ ही कहा कि इसका लाभ एक परिवार का केवल एक ही व्यक्ति ले सकता है। इसमें आवेदन के संबंध में बताया कि सिर्फ एक रुपए का शुल्क किसानों को देना होगा।
बजट में 2000 करोड़ रुपए का है आवंटन
उपायुक्त ने बताया कि 2020-21 के बजट में कृषि ऋण माफी के लिए 2000 करोड़ रुपए का आवंटन किया गया है। इसके अंतर्गत जिले के छोटे व सीमांत किसानों को कर्ज माफी से लाभ मिलेगा।
बैंकों को भी होगा लाभ
उपायुक्त ने कहा कि किसानों के ऋण माफी से बैंकों को भी लाभ होगा। सरकार द्वारा बैंकों को पैसे की भुगतान हो जाने से बैंक लोन देने में अधिक सक्षम होंगे।
पोर्टल में दर्ज होंगे कर्ज का ब्यौरा
उपायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि स्टेट लेवल बैंकर्स कमिटी द्वारा तैयार पोर्टल में कृषक ऋण से संबंधित सभी डेटा होंगे। इस पोर्टल में कर्ज का पूरा ब्यौरा होगा। किसान बेनेफिशरी लिस्ट में अपने नाम की जांच कर सकेंगे।
पात्रता निर्धारण है कठिन चुनौती
उपायुक्त ने कहा कि इस योजना के पात्रता निर्धारण में थोड़ी चुनौती है। परेशानियों को देखते हुए सरकार से मार्गदर्शन मांगा गया है। हालांकि उन्होंने कहा कि वैसे किसान जो सरकारी नौकरी, पेंशन होल्डर्स व आयकर दाता होंगे। उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिल पाएगा।
शिक्षा से जुड़े प्रश्नों पर उपायुक्त के जवाब
उज्ज्वल दुनिया से खास बातचीत में उपायुक्त को यह पूछे जाने पर कि अनुकंपा आधारित 114 शिक्षकों को नियुक्ति तिथि से ग्रेड वन दिए जाने की अनुशंसा जिला स्थापना समिति से अनुमोदन के बाद भी अब तक उन्हें ग्रेड-टू में क्यों नही लिस्टिंग किया गया। उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि इस संबंध में जानकारी लेकर साझा किया जाएगा। वहीं प्राथमिक शिक्षकों की विभिन्न ग्रेडों में प्रोन्नति दिए जाने की समय सीमा निर्धारित होने के बावजूद अब तक क्यों नही प्रोन्नति की प्रक्रिया पूर्ण की जा सकी है। इस पर उन्होंने कहा कि औपबंधिक वरीयता सूची में कई आपत्तियां दर्ज होने के कारण मामले को लेकर कमिटी गठित की गई है। उसकी रिपोर्ट के आधार पर मामले का निपटारा किया जाएगा।
पाइप लाइन योजना से जुड़े प्रश्नों पर उपायुक्त के जवाब
शहर के विभिन्न वार्डों में जलापूर्ति योजना के लिए बिछाए जा रहे पाइप लाइन के लिए जगह-जगह पर रोड को खोद कर उसे उसी तरह छोड़ दिए जाने को लेकर उपायुक्त ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में संबंधित कंपनी से बात की जाएगी। उसे दुरुस्त करने के लिए जल्द ही निर्णय लिया जाएगा।
गोरखा चौक पर तिरंगा फहराते कांग्रेस प्रवक्ता आलोक दूबे
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने गोरखा चौक नेपाल हाउस डोरंडा में झंडोत्तोलन किया एवं राज्यवासियों तथा गोरखा समाज को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
अपने संबोधन में प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि गठबंधन सरकार सबको साथ लेकर राज्य को विकसित करने का काम कर रही है।उन्होंने कहा कि जैपवन एवं गोरखा समुदाय का राज्य को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण योगदान है,एक तरफ हमारे सैनिक देश की रक्षा करते हैं तो दूसरी तरफ झारखण्ड का अर्द्धसैनिक बल जैपवन हमारी प्रगति और सुरक्षा का परिचायक है।
इस मौके पर छोटानागपुर बौद्ध सोसायटी के अध्यक्ष एसके तामांग, गोरखा संगठन के मुख्य संरक्षक रितेश थापा उपस्थित थे।झंंडोत्तोलन कार्यक्रम में अरुण प्रधान,मन कुमार तामंग, वरुण छेत्री,रोजी थापा,रीता गुरुंग,सावित्री गुरुंग, गोमा छेत्री,गीतेश गुरुंग, उदय शंकर राणा,प्रकाश प्रधान, देवदत्त लामा,अशोक लामा ,श्याम राई, राम प्रसाद गुरुंग,राशि थापा, सागर छेत्री दिलीप छेत्री, शीतल थापा भी उपस्थित थे।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दासप्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राकेश सिन्हा
रांची। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा के अध्यक्ष को याद होना चाहिए कि कैसे बुंडू अंचल के पूरी मौजा को यूपी की एक कंपनी को बेच दिया। अडाणी समूह को गोड्डा में जमीन की कीमत सरकार ने घटा दी ताकि अडाणी समूह को फायदा मिल सके। राकेश सिन्हा ने कहा कि महागठबंधन की सरकार में बिचैलिया का अस्तित्व खत्म हो गया जहां भाजपा सरकार में बिचैलिया का ही प्रभाव था।
किसानः- राकेश सिन्हा ने दीपक प्रकाश के उस बयान पर जिसमें उन्होंने कहा था कि किसान आंदोलन के कारण कल देश शर्मशार हुआ, उसपर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि जिन्होंने दंगा किया वो किसान नहीं थे, क्यूंकि हिन्दुस्तान के किसान दंगाई नहीं हो सकते।
राकेश सिन्हा ने कहा कि जो अपने 50 से उपर लोगों की शहादत के बाद भी अन्नदाता हिंसा पर नहीं उतरे, और पूरी धैर्य के साथ आंदोलनरत थे, वो गणतंत्र दिवस के दिन दंगा नहीं कर सकते। उन्होने कहा कि दो माह से किसान आंदोलन का खत्म करने का साजिश केन्द्र सरकार द्वारा रची जा रही थी, जो 26 जनवरी को सफल हुई । अंततः किसान के आंदोलन को बदनाम करने की साजिश भाजपा के केन्द्र सरकार की सफल हुई।
तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता की सबसे निकट सहयोगी रहीं वी.के. शशिकला को आज जेल से रिहा कर दिया जाएगा । भ्रष्टाचार के मामले में चार साल की सजा काटने के बाद बुधवार, 27 जनवरी को जेल से रिहा हो जाएंगी। लेकिन, कोरोना वायरस से संक्रमित शशिकला का कोविड-19 का इलाज जारी रहेगा।
जेल अधिकारियों के अनुसार, तमिलनाडु की मुख्यमंत्री दिवंगत जे. जयललिता की करीबी रही शशिकला को औपचारिक रूप से कल यानी 27 जनवरी को रिहा किया जाएगा। जेल पदाधिकारी ने बताया कि उनकी रिहाई से जुड़ी सभी औपचारिकताएं बुधवार को अस्पताल में ही पूरी की जाएंगी।
बंगलुरु के क्वीन विक्टोरिया अस्पताल में चलता रहेगा ईलाज
शशिकला फिलहाल बंगलुरु के क्वीन विक्टोरिया अस्पताल के कोविड वार्ड में भर्ती हैं । ईलाज पूरी होने तक वे अस्पताल में ही रहेंगी ।
गणतंत्र दिवस पर सीएम हेमंत सोरेन ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं । उन्होंने कहा है कि झारखंड सरकार नई डोमिसाइल नीति लेकर आएगी । इसमें प्राइवेट सेक्टर में भी 75 प्रतिशत नौकरी झारखंडियों के लिए आरक्षित होगा । इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जल्द ही बड़े पैमाने पर शिक्षकों और पुलिस बल के जवानों की बहाली होगी ।
सीएम हेमंत सोरेन ने गणतंत्र दिवस पर की गई घोषणाएं
2021 नियुक्तियों का वर्ष होगा
सीएम हेमंत सोरेन ने दुमका के पुलिस लाइन मैदान में तिरंगे को सलामी देते हुए कहा कि साल 2021 नियुक्तियों का वर्ष होगा । बड़े पैमाने पर शिक्षकों और पुलिस बल के जवानों की बहाली होगी । इसके अलावा उर्दू विद्यालयों में भी शिक्षकों और गैर-शैक्षणिक स्टाफ की बहाली होगी । हर विभाग में रिक्त पदों को भरा जाएगा ।
57 लाख गरीब परिवारों को 10 रुपये में धोती/लूंगी और साड़ी
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि धोती-साड़ी योजना के तहत महज 10 रुपये में राज्य के 57 लाख गरीबों को धोती या लूंगी और महिलाओं को साड़ी दी जाएगी ।
बुजुर्ग नागरिकों को एक हजार रुपये पेंशन
हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार युनिवर्सल पेंशन स्कीम लेकर आएगी जिसके तहत राज्य के हर बुजुर्ग नागरिक को प्रति महीना एक हजार रुपये पेंशन दिया जाएगा ।
झांकियों का अभिवादन स्वीकार करते सीएम हेमंत सोरेन
50 हजार रुपये तक के कृषि ऋण माफ
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार किसानों के 50 हजार तक के कृषि ऋण माफ करेगी । इसकी घोषणा पहले ही कर दी गई है । इसके लिए सभी जरूरी प्रक्रिया पूरी की जा रही है ।
सरायकेला में अपने ससुर की बुरी नियत से परेशान एक बहू ने थाने में आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है । बहू ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि 24 नवंबर 2019 को उसकी शादी चाण्डिल, सरायकेला के रहने वाले इम्तियाज सौदागर से हुई । उसके पति राजस्थान में प्राइवेट नौकरी करते हैं । शादी के एक-दो महीने सबकुछ ठीक रहा लेकिन पति के राजस्थान वापस जाने के बाद ससुराल वालों का व्यवहार बदल गया ।
पीड़िता ने अपनी शिकायत मे लिखा है कि 14 फरवरी, 2020 की रात उसके ससुर कमरे में आए और गलत हरकत करने लगे । विरोध करने पर ससुर ने परिवार की इज्जत का हवाला देते हुए ये बात किसी से न कहने को कहा ।
पीड़िता की माने तो कुछ दिन बाद ही ससुर ने एक बार फिर गलत हरकत करने की कोशिश की । इस बार पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास के लोग जमा हो गए । समाज ने ससुर और बहू को समझा-बुझा कर मामले को वहीं रफा-दफा करवा दिया ।
पीड़िता द्वारा थाने में दर्ज शिकायत
पीड़िता ने बताया कि उसने पति से भी यह बात बताई, परन्तु पति उल्टा उसे ही दोष देने लगा ।बहू का आरोप है कि उसके ससुराल वाले समाज की बात भी नहीं मानते, और उसके साथ मारपीट करते हैं ।
पंजाब के कांग्रेस विधायक रणिन्दर सिंह बिट्टा ने दावा किया है कि ट्रैक्टर रैली के दौरान हुई हिंसा पूर्व नियोजित थी और इसके लिए पूरी तैयारी की गई थी । उन्होंने बताया कि इस हिंसा का असली मकसद सिखों और हिन्दुओं के बीच भेद पैदा करना था, जिससे पंजाब में दोबारा आतंकवाद खड़ा किया जा सके ।
हिंसा के बीच 3 घंटे डरे-सहमे और बिलखते रहे बच्चे
250 बच्चे जो 26 जनवरी की परेड में हिस्सा लेने आए थे, वे लाल क़िले में फँस गए, डरे सहमे बच्चे क़रीब तीन घंटे तक ठिठुरते हुए में छिपे रहे, रोते रहे, बिलखते रहे, आंदोलनकारियों के हुड़दंग को देख डर से काँपते रहे । देर शाम पुलिस ने उन्हें प्रदर्शनकारी भीड़ से रेस्क्यू किया ।
ट्रैक्टर पलटने से हुई थी युवक की मौत, CCTV फुटेज जारी
इस बीच पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जारी किया है, जिसमें यह साफ दिख रहा है कि युवक ट्रैक्टर से बैरिकेड तोड़ रहा था, इस दौरान ट्रैक्टर पलट गया और उसकी मौत हो गई । दिन में प्रदर्शनकारियों और कुछ पत्रकारों ने आरोप लगाया था कि युवक की मौत पुलिस की गोली लगने से हुई थी ।
#WATCH | A protesting farmer died after a tractor rammed into barricades and overturned at ITO today: Delhi Police
झंडोत्तोलन कार्यक्रम में उपस्थित अनुमंडल पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद और डीएसपी संजय कुमार पांडेय
रजौली (बिहार) । 26 जनवरी को सुबह 9 बजे रजौली इंटर विद्यालय के प्रांगण में प्रशासन की ओर से झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित किया गया । इस कार्यक्रम में रजौली अनुमंडल के अनुमंडल पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद, डीएसपी संजय कुमार पांडेय सहित तमाम वरीय पदाधिकारी मौजूद थे ।
सबसे पहले अनुमंडल पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद ने झंडोत्तोलन किया और तिरंगे को सलामी दी । जन-गन-मन के मधुर स्वर से फ़िजाएं गूंज उठी । वहां मौजूद सभा को संबोधित करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि हमें काफी संघर्षों के बाद आजादी मिली है । इस आजादी को संजोना, इसे बरकरार रखने की जिम्मेदारी हम सबकी है । देशभक्त सिर्फ वो नहीं जो सरहद पर हमारी रक्षा कर रहे हैं । देश का हर अच्छा नागरिक, जो कानून मानता है, अनुशासित रहता है और दूसरे की मदद करता है, वो देशभक्त है ।
भोजपुरी गायक गुंजन सिंह को सम्मानित करते अनुमंडल पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद
डीएसपी संजय कुमार पांडेय ने कहा कि हम सब अपने तिरंगे और अपने संविधान के प्रति आदर भाव रखें, कानून का पालन करें तो हमारा समाज भी शांति के साथ विकास कर सकता है । हम विकास की नई परिभाषा गढ़ सकते हैं ।
भोजपुरी/मगही गायक गुंजन सिंह को सम्मान
इस अवसर पर भोजपुरी और मगही गायक गुंजन सिंह को अनुमंडल पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद ने सम्मानित किया । रजौली अनुमंडल के 8 विशिष्ट नागरिकों को भी प्रशासन की ओर से सम्मानित किया गया ।
कार्यक्रम के बाद भोजपुरी सह मगही गायक गुंजन सिंह के साथ खुशनुमा माहौल में पदाधिकारीगण
रांची के कांग्रेस दफ्तर में झंडोत्तोलन करते केशव महतो कमलेश
रांची । कांग्रेस भवन, रांची में 26 जनवरी को झंडोत्तोलन करते हुुुए कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि हमारे देश में समानता, समाजवाद, धर्मनिपेक्षता के लिए संविधान का निर्माण किया गया और संविधान की रक्षा करना हमारा प्रथम कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि आज हमारे संविधान पर लगातार हमला किया जा रहा है । उसे कमजोर बनाने की कोशिश की जा रही है। हमें संविधान की रक्षा एवं लोकतंत्र को मजबूत बनाने का आज गणतंत्र दिवस के अवसर पर संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ तिरंगा झण्डा नहीं है बल्कि हमारी संविधान का रक्षक का प्रतीक है, आजादी का प्रतीक है । इस झण्डा के आन-बान और शान को हम कभी झुकने नहीं देंगे।
झंडोत्तोलन कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेसी
झंडोतोलन कार्यक्रम में मुख्य रूप से कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर, मानस, अमानत अली, प्रदीप तुलस्यान, रमा खलखो, राजीव रंजन प्रसाद, शमशेर आलम, डाॅ0 एम0 तौसीफ, आभा सिन्हा, राकेश सिन्हा, अमूल्य नीरज खलखो, रवीन्द्र सिंह, मदन मोहन शर्मा, बिनय सिन्हा दीपू, चंचल चटर्जी, संजय पांडे, सुरेश बैठा, नेली नाथन, निरंजन पासवान, सुनील सिंह, केदार पासवान, जगदीश साहू, जितेन्द्र त्रिवेदी, अरूण श्रीवास्तव, प्रभात कुमार, नरेन्द्र लाल गोपी, अजय सिंह, राजेश चन्द्र राजू, विनीता पाठक, फिरोज रिज्वी मुन्ना, मोजबीर अंसारी, कैशर इकबाल खान, जगरनाथ साहू, शिवचरण भगत, के. के. गिरि, रोहित कुमार सहाय, भवतारण कर्मकार, कृष्णा राम, अख्तर अली, आमना खातुन, पार्वती सिंह, प्रेमलता मिश्रा, इन्द्रजीत सिंह, अनिता सिन्हा, मुनी देवी, साधना मिश्रा, राजीव कमल, धर्मेन्द्र सिंह, ज्योति सिन्हा, रामेश्वर राना, नागेन्द्र चैधरी, अदय कुमार, देवजीत देवघरिया, उमर खान, रामानंद केशरी, नितिश कुमार, पप्पु कुमार पासवान, उमेश चैधरी, सामेश्वर खेस, भूषण कुमार, श्रीकांत, सबीर अंसारी, ऐनुल हक, शैलेश चैबे, नीलम सहाय, छोटु सिंह, संतोष पाठक, राम देव सिंह, आदि सैकड़ो कांग्रेसजन उपस्थित थे।
हाथों में तलवार और चेहरे पर नकाब लगाए हमले के लिए आगे बढ़ते दंगाई
देश की राजधानी दिल्ली, गणतंत्र दिवस के दिन पूरी तरह अराजकता और हिंसा का शिकार रहा । सड़कों पर तोड़-फोड़ की गई , बैरिकेड तोड़ा गया, पुलिस कर्मियों पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश हुई, दुकानों में घुसकर सामान लूटे गए । स्थानीय लोग डर कर अपने घरों में दुबके रहे । प्रदर्शनकारियों की बड़ी संख्या देखते हुए पुलिसवाले भी बेबस दिखे ।
ITO पर एक प्रदर्शनकारी की मौत
किसान नेताओं को ट्रैक्टर रैली निकालने के लिए तय रुट दिया गया था । लेकिन 11 बजे किसान नेताओं के ऊकसाने पर बड़ी संख्या में लोग रुट-चार्ट को धत्ता बताते हुए, ITO के पास जमा हो गए । प्रदर्शनकारियों के एक झुंड ने पुलिस पर हमला बोल दिया । पहले तो पुलिसवाले भाग खड़े हुए, लेकिन फिर वहां पर्याप्त संख्या में पुलिस भेजी गई । पुलिस ने लाठीचार्ज किया, आंसू गैस के गोले छोड़े गए । किसी तरह हिंसा पर काबू पाया गया ।
पुलिस की बैरिकेडिग तोड़ते प्रदर्शनकारी
प्रदर्शनकारी की मौत कैसे हुई ?
ITO हिंसा में एक युवक की मौत हो गई । पुलिस का कहना है कि युवक ट्रैक्टर से स्टंट दिखा रहा था । इसी दौरान ट्रैक्टर से गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई । वहीं, प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया है युवक की मौत पुलिस की गोली लगने से हुई । दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने कहा कि ITO या कहीं भी पुलिस की ओर से गोली का इस्तेमाल नहीं किया गया है ।
प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले दागता पुलिसकर्मी
पुलिस पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश, कई इलाकों में इंटरनेट बंंद
प्रदर्शनकारियों ने डंडे के ऊपर नुकीले किल लगा रखे थे, उन्होने गंडासे और तलवार से पुलिसकर्मियो पर हमले किए । कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिसवालों पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की । भारी हिंसा को देखते हुए दिल्ली के कई इलाकों में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है । ये बैन मंगलवार रात 12 बजे तक जारी रहेगा ।
लाल किले से तिरंगा हटाकर अपना झंडा लगाते प्रदर्शनकारी
दिल्ली में किसान आंदोलन के नाम पर जमकर गुंडागर्दी हुई । पुलिस इस दौरान बेबस दिखी । जगह-जगह प्रदर्शनकारी तोड़-फोड़ करते दिखे । बैरिकेडिंग तोड़ दी गई और प्रदर्शनकारी शहर भर में उत्पात मचाते दिखे ।
लाल किले के अंदर घुसे हजारों प्रदर्शनकारी
दोपहर करीब 12 बजे हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी लालकिले के अंदर दाखिल हो गये । कुछ देर पहले ही राष्ट्रपति लालकिले से झंडोत्तोलन कर वहां से निकले थे । इस बीच प्रदर्शनकारियों का एक झुंड लालकिले की दीवारों के सहारे ऊपर चढ़ गया और जगह-जगह अपना झंडा लगाने लगा ।
भारत की राजधानी दिल्ली में अराजकता और हिंसा
लालकिला पुलिस स्टेशन पर हमला, कई पुलिसवाले घायल
इस बीच दंगाई बड़ी संख्या में लालकिला पुलिस स्टेशन के अंदर दाखिल हुए । उन्होंने पुलिस स्टेशन के अंदर तोड़-फोड़ शुरू कर दी । थाने के अंदर मौजूद पुलिस वालों को मारा-पीटा । कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, इनमें से एक की हालत गंभीर है ।
चंदनकियारी के भाजपा दफ्तर में झंडोत्तोलन करते विधायक अमर बाउरी
72 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर चंदनकियारी विधायक सह पूर्व मंत्री एवं भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमर कुमार बाउरी ने चंदनकियारी स्थित भाजपा कार्यालय में झंडोत्तोलन किया।
मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज पूरा देश 72 वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। हम सभी भारतवासी सौभाग्यशाली है कि हम सभी इसके गवाह बने है।
गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि देते अमर बाउरी
उन्होंने कहा कि आज का भारत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है और हर दिन विकास की नई गाथा लिख रहा है। कोविद 19 की चुनौती को स्वीकार करते हुए इसे अवसर में बदल कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साबित कर दिया कि भारत में प्रतिभाओं की कोई कमी नही है। उन्होंने कहा कि भारत के चिकित्सक और वैज्ञानिकों ने मिल कर कोरोना का टीका तैयार कर लिया है। जो विश्व के कुछ देश मे ही संभव हो सका है। पूरे देश मे टीकाकरण का कार्य शुरू है। जल्द ही हम कोविद पर जीत हासिल कर लेंगे। उन्होंने कहा कि आज हम सभी संकल्प लेते है कि हमारा देश इसी तरह अपने गणतांत्रिक मूल्यों के साथ महान बने। मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भारत के सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी।