उज्ज्वल दुनिया, हजारीबाग। हजारीबाग स्थित इचाक थाना क्षेत्र के कारीमाटी सीमन के जूथाहाटांड़ जंगल में हुए भीषण सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।
मृतका के भाई राजेश राम भुइयां घटना में बाल-बाल बच गया। उसी के बारात में सभी लोग जा रहे थे।
हादसा मंगलवार की दोपहर करीब ढाई बजे की बताई जा रही है।
इसमें इचाक के दांगी गांव निवासी मोतीराम भुइयां की पत्नी सीता देवी (31 वर्ष) और उसका छह वर्षीय पुत्र लक्ष्मण राम भुइयां की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रोला निवासी अमृत भुइयां अपने पुत्र राजेश राम भुइयां की शादी कराने कटकमसांडी जा रहे थे।
पिकअप सवारी वाहन नंबर जेएच 13 डी 0787 पर चालक सहित 21-22 लोग सवार थे। इनमें महिलाएं और बच्चे अधिक थे।
चालक जैसे ही कारीमाटी जंगल के जूथाहा टांड़ स्थित मोड़ के पास पहुंचा, वाहन से नियंत्रण खो दिया। इस कारण पिकअप सवारी पलटी खा गई।
इसमें दबने से मां-बेटे यानी दूल्हे की बहन और भांजे की मौत हो गई। हादसे में 11 लोग घायल हो गए।
गंभीर रूप से घायल सात लोगों को पुलिस एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से हजारीबाग सदर अस्पताल ले जाया गया।
वहीं सामान्य रूप से घायल चार लोगों का इलाज सीएचसी में किया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन चालक नशे में था। इस कारण यह घटना हुई। गाड़ी का ऑनर इचाक के दांगी गांव का बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही इचाक पुलिस के गश्ती दल अधिकारी संजय कुमार यादव दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लेते हुए घायलों को अस्पताल भिजवाया।
साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज हजारीबाग भेज दिया।
दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर थाना ले जाया गया। घटना के बाद पिकअप सवारी का चालक जंगल की ओर भाग गया।
हादसा इतना भयानक था कि घायलों की चीख- पुकार से सुनसान जंगल में कोहराम मच गया।
लोग पानी के लिए त्राहिमाम कर रहे थे। चरवाहों ने बताया कि किसी तरह घायलों के परिजनों को फोन से सूचना दी गई, उसके बाद एंबुलेंस और पुलिस वहां पहुंची।
उज्ज्वल दुनिया, हजारीबाग। हजारीबाग में जैन समाज के लोगों ने मंगलवार को श्रुत पंचमी अनुष्ठान मनाया।
दिगंबर जैन समाज के मीडिया प्रभारी विजय लुहाड़िया ने बताया कि ज्येष्ठ शुक्ल पंचमी तिथि को श्रुत पंचमी में रूप में मनाने का विधान है।
जैन समाज में इस दिन का विशेष महत्व है। लॉकडाउन के कारण सभी लोगों ने घर पर रह कर ही पूजा-अर्चना की।
कथा है कि गुजरात के गिरनार पर्वत की चन्द्र गुफा में धरसेनाचार्य ने पुष्पदंत एवं भूतबलि मुनियों को सैद्धांतिक देशना दी, जिसे सुनने के बाद मुनियों ने ग्रंथ रचकर ज्येष्ठ शुक्ल पंचमी को प्रस्तुत किया।
सभी श्रावक बंधु अपने घर पर जिनवाणी को अच्छे से सजाया व जिनवाणी माता की पूजा की। संध्या में घर-घर आरती हुई।
बिहार में लोजपा के बाद अब कांग्रेस टूट की कगार पर खड़ी है। दरअसल दल-बदल कानून से बचने के लिए कम से कम 13 कांग्रेस विधायकों को पाला बदलना होगा। 10 विधायक पाला बदलने को तैयार हैं, तीन विधायकों का जुगाड़ हो ही रहा था कि भांडाफोड़ हो गया । कांग्रेस नेता प्रेमचंद मिश्रा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस से जेडीयू में गये अशोक चौधरी इस पूरे तोड़फोड़ के मास्टरमाइंड हैं ।
बिहार कांग्रेस के 10 विधायक पाला बदलने को तैयार, 13 की जरुरत
अल्पसंख्यक और पुराने कांग्रेसी विधायक टूटने को तैयार नहीं
अशोक चौधरी कांग्रेस को तोड़ने के मिशन में कब का सफल हो चुके होते अगर एन वक्त पर एक अल्पसंख्यक विधायक ने धोखा नहीं दिया होता। उत्तरी बिहार के इस विधायक ने अपने वोटरों की नाराजगी से डर कर पाला बदलने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, उसने एक पुराने कांग्रेसी नेता को पूरे मामले की जानकारी भी दी। इसके बाद पटना से दिल्ली तक फोन की घंटियां बजने लगी।
नीतीश कांग्रेस से दुश्मनी न लें तो बेहतर- प्रेमचंद मिश्रा
कांग्रेस नेता प्रेमचंद मिश्रा ने कहा है कि नीतीश कुमार समझदार व्यक्ति हैं । वे जानते हैं कि भाजपा के साथ उनकी सरकार लंबे वक्त तक नहीं चलेगी। बिहार में जल्द ही महागठबंधन की सरकार बनने वाली है। नीतीश अपना दरवाजा कांग्रेस और महागठबंधन के लिए बंद करना नहीं चाहेंगे। उन्होने कहा कि जिस अशोक चौधरी पर नीतीश इतना भरोसा कर रहे हैं, वो कांग्रेस से निकाला हुआ गद्दार है।
कांग्रेस डूबता जहाज है, वहां कोई भविष्य नहीं- आरसीपी सिंह
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने कहा कि कांग्रेस अब एक डूबते जहाज की तरह है और इसलिए इसे अतीत की तरह कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। जहां भी लोगों को बोलने और अपने विचार रखने का अवसर नहीं मिलेगा, संगठन पर ध्यान नहीं देंगे, केवल परिवार (नेहरू-गांधी परिवार) पर रहिएगा तो बहुत लंबा नहीं चल पाएगा। निकट भविष्य में बिहार में कांग्रेस विधायकों के पाला बदलने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर आरसीपी सिंह ने कहा कि जब कोई पुल बनता है, तभी पार करेंगे न। जब नौबत आएगी तो देखेंगे।
झारखण्ड मंत्रालय सभाकक्ष में आयोजित आपदा प्रबंधन प्राधिकार की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री
झारखंड सरकार ने स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह हो आठवीं बार बढ़ाया है। मंगलवार को प्रोजेक्ट भवन में आपदा प्रबंधन प्राधिकार की बैठक के बाद कुछ बदलाव के साथ स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह को जारी रखने पर फैसला हुआ । राज्य के सभी जिलों में सभी तरह की दुकानों को शाम चार बजे तक खोलने का फैसला लिया गया है। इस दौरान वीकेंड लॉकडाउन को बरकरार रखा गया है । शॉपिंग माल और डिपार्टमेंल स्टोर खुल सकेंगे । सभी सरकारी एवं निजी कार्यालय 50% कर्मचारियों के साथ 4 बजे अपराह्न तक खुल सकेंगे । शनिवार की शाम 4 बजे से सोमवार के सुबह 6 बजे तक सभी दुकानें ( सब्जी-फल – किराना की दुकान सहित) बंद रहेंगी । स्वास्थ्य सेवा से संबंधित प्रतिष्ठान और दूध के स्टोर खुले रहेंगे ।
क्या है खुला और किस पर है प्रतिबंध 1. सभी जिलों में सभी दुकानें 4 बजे अपराह्न तक खुल सकेंगी .
2. शॉपिंग माल और Departmental स्टोर भी खुल सकेंगे.
3. सभी सरकारी एवं निजी कार्यालय 50% मानव संसाधन के साथ 4 बजे अपराह्न तक खुल सकेंगे.
4. शनिवार की शाम 4 बजे से सोमवार के सुबह 6 बजे तक सभी दुकानें ( सब्जी-फल – किराना की दुकान सहित) बंद रहेंगी. स्वास्थ्य सेवा से संबंधित प्रतिष्ठान और दूध के स्टोर खुले रहेंगे
5. शेष पाबंदी पूर्व की तरह जारी रहेंगी
6. सिनेमा हॉल, क्लब, बार, banquet हॉल, मल्टीप्लेक्स, बंद रहेंगे
7. स्टेडियम, जिम, स्विमिंग पूल और पार्क बंद रहेंगे
8. समस्त शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे
9. आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे पर लाभुकों को घर पर खाद्य सामग्री उपलब्ध करायी जायेगी
10. 5 व्यक्ति से अधिक के इकठ्ठा होने पर प्रतिबंध रहेगा
11. निजी वाहन से एक जिले से दूसरे जिले जाने के लिए, दूसरे राज्य से झारखंड आने के लिए या झारखंड से दूसरे राज्य जाने के लिए ई पास आवश्यक होगा .
12 . कुछ अपवाद को छोड़कर दूसरे राज्य से झारखंड आने वाले को 7 दिन का होम quarantine अनिवार्य होगा.
13 . सार्वजानिक स्थान पर मास्क पहनना और सामजिक दूरी बनाए रखना अनिवार्य है.
14 . आदेश के उल्लंघन की स्थिति में आपदा प्रबंधन अधिनियम की सुसंगत धारा अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी
झारखंड में मंत्रिमंडल में बदलाव की आहट है। सूत्रों की माने तो हेमंत सरकार के मंत्रीमंडल में कांग्रेस कोटे से एक बदलाव होने जा रहा है। कांग्रेस के एक मंत्री हटेंगे और किसी दूसरे कांग्रेस विधायक को मंत्री बनने का मौका मिलेगा। नये बनने वाले मंत्री के घर अभी से खुशी का माहौल देखा जा रहा है।
कोई आदिवासी क्रिश्चियन विधायक के मंत्री बनने की उम्मीद
कांग्रेस के सूत्रों की माने तो पहले किसी महिला को मंत्री बनने की चर्चा थी। महिला मंत्री की रेस में दीपिका पांडे सिंह ने अपनी तरफ से जोर भी लगाया । लेकिन दीपिका पांडे सिंह को उत्तराखंड का प्रभारी बनाने के बाद ये संभावना लगभग खत्म हो गई। इसके बाद किसी आदिवासी ईसाई को मंत्री बनाने की चर्चा शुरु हुई।
रामेश्वर उरावं को दिल्ली बुलाया गया
मंत्री के नाम को लेकर रामेश्वर उरावं अंतिम दौर की बात करने के लिए दिल्ली गये हैं। कांग्रेस के अंदर चर्चा चल रही थी कि अगर समाज के सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देना है तो फिर दो मंत्री जनरल कैटेगरी से कैसे हैं। अब अगर किसी ईसाई को मंत्री बनाया गया तो कांग्रेस से एक सदान, एक मुसलमान, एक सरना और एक आदिवासी मंत्री होंगे ।
राँची के चुटिया थाना अंतर्गत रेलवे अधिकारी के घर में आदिवासी नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना की जानकारी मिलने के बाद भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की एक प्रतिनिधिमंडल चुटिया थाना पहुंची। चुटिया थाना प्रभारी से मिलकर मामले पर त्वरित व निष्पक्ष कार्रवाई कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग किया। साथ ही पीड़िता एवं उसके परिजनों को पूर्ण रूप से सुरक्षा उपलब्ध कराया जाय। भाजपा महिला मोर्चा की टीम नाबालिग बच्ची के परिजनों से घर जाकर की मुलाकात,हर संभव सहयोग करने का दिया आश्वासन दिया।
आदिवासी नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म की जानकारी लेता भाजपा का प्रतिनिधिमंडल
इस मौके पर भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष आरती कुजूर ने कहा हेमंत सोरेन के अबुआ राज में महिलाओं के साथ विशेषकर आदिवासी महिलाएं एवं बच्चियों के साथ हो रही प्रताड़ना,दुष्कर्म एवं हत्या में लगातार बढ़ोतरी हुई है lहेमंत सरकार महिलाओं को सुरक्षा देने में पूरी तरह से विफल साबित हुई है।जहां एक और महिला थाना प्रभारी रूपा तिर्की जैसी होनहार अधिकारी की हत्या कर दी जाती है और सरकार के संरक्षण में दोषियों को बचाने में लग जाती है।इससे समाज में अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है।वही आदिवासी महिलाओं के साथ लगातार दुष्कर्म की घटना बढ़ी है। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा नाबालिग आदिवासी बच्ची और उसके परिजनों के साथ न्याय मिलने तक साथ खड़ी है।
आदिवासी बच्ची और उसके परिजनों के साथ न्याय मिलने तक चुप नहीं बैठेंगे
महिला मोर्चा की कमेटी में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष गंगोत्री कुजूर, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष आरती कुजूर,मोर्चा महामंत्री सीमा सिंह,महामंत्री मंजू लता, प्रमंडलीय प्रभारी पिंकी खोया,सोनी हेमरोम,रांची महानगर अध्यक्ष अनीता वर्मा उपस्थित थी।
कोरोना महामारी के दौर में भी विपक्ष नकारात्मक राजनीति कर रहा है । विपक्ष के द्वारा रचनात्मक भूमिका अपनाने की आवश्यकता है, यह बातें झारखंड सरकार के कृषि पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री बादल पत्रलेख ने नेपाल हाउस स्थित अपने कार्यालय में प्रेस को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि विपक्ष सरकार के क्रियाकलाप पर अंगुली खड़ा करने का काम कर रही है ।जबकि आंकड़े साफ साफ कह रहे हैं कि विपक्ष जब सत्ता में थी तो उस दौर में उन्होंने किसानों की लगातार अनदेखी की। हम भाजपा समर्थित सरकार की अगर बात करें तो धान अधिप्राप्ति के लक्ष्य में वह आधे में ही सिमट कर रह गई थी, जबकि वर्तमान में हमने तो लक्ष्य से ज्यादा धान अधिप्राप्ति का काम किया है।
उन्होने बताया कि
दो हजार सत्रह अट्ठारह के आंकड़ों को देखें तो 40 लाख क्विंटल धान की अधिप्राप्ति करनी थी, जिस में से मात्र 2133965 क्विंटल धान की अधिप्राप्ति की गई वही दो हजार अट्ठारह उन्नीस में 40 लाख क्विंटल के एवज में मात्र 22 74044 क्विंटल धान की अधिप्राप्ति की गई ,जो निर्धारित लक्ष्य का मात्र 53 फ़ीसदी और 56 फ़ीसदी रहा । वही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार में खाद्य आपूर्ति मंत्री श्री रामेश्वर उरांव की दूरदर्शी सोच की वजह से हमने लक्ष्य से ज्यादा धान की अधिप्राप्ति की है।
बादल ने कहा झारखंड की जनता ने विपक्ष के 12 सांसदो को चुनाव जीता कर लोकसभा भेजा है,आपकी वह सरकार है , हम आग्रह करेंगे कि वह केंद्र सरकार से बकाया राशि का भुगतान जल्द से जल्द करवा दें ,जिससे किसान राहत की सांस ले सकें। यदि यह भुगतान केंद्र सरकार के द्वारा कर दिया जाए तो राज्य सरकार के आंकड़े 742 करोड़ तक पहुंच जाएंगे ।
बादल पत्रलेख ने जानकारी देते हुए बताया की पहली बार 2020-21 में धान अधिप्राप्ति के समय किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का 50 फ़ीसदी राशि का भुगतान किया गया है ,आंकड़ों में देखें तो मात्र 2806 किसान हैं जिनके बैंक खाता में तकनीकी गड़बड़ी की वजह से प्रथम किस्त का भुगतान लंबित है ,तकनीकी सुधार कर उनके भुगतान भी जल्द कर दिए जाएंगे।
ट्राइफेड के नये भवन के उद्घाटन के दौरान अर्जुन मुंडा
जनजातीय कार्य मंत्रालय की अनुषंगी इकाई TRIFED के नये मुख्यालय का उद्घाटन ओखला इंडस्ट्रियल एरिया, नई दिल्ली में किया गया । नई दिल्ली स्थित यह मुख्यालय सभी सुविधाओं से युक्त है। TRIFED जनजातियों के उत्थान और आजीविका के साधन बढ़ाने के लिए कृतसंकल्प है। ये बातें जनजातीय मामलों के केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कही ।
उन्होने बताया कि आज मैंने “संकल्प से सिद्धि – मिशन वन धन” का शुभारंभ किया। माननीय प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के आह्वान के अनुरूप, ट्राईफेड द्वारा कई पहल चलाई जा रही है। आज शुरू की गई अन्य पहलों में वन धन सॉफ्टवेयर एप्लीकेशन प्रमुख है।
अर्जुन मुंडा ने बताया कि वन धन प्रस्तावों को ऑनलाइन प्राप्त करने और उन पर आगे की कार्यवाही करने के लिए डिजाइन की गई इस सॉफ्टवेयर एप्लिकेशन में जहां एक ओर भौगोलिक सूचना प्रणाली (जीआईएस) इंटीग्रेशन उपलब्ध है ।वहीं दूसरी ओर यह एप्लिकेशन वन धन परियोजना के कार्यान्वयन से संबंधित गतिविधियों की निगरानी करने के साथ-साथ संबंधित रिपोर्ट भी तैयार कर सकता है। एक डिजिटल कनेक्ट कार्यक्रम, जिसके तहत दोतरफा संचार प्रक्रिया स्थापित करने का प्रस्ताव है, का भी आज शुभारंभ किया गया।
स्व. सूर्यदेव सिंह को नमन् करते धनबाद सांसद पीएन सिंह
झरिया : झरिया कतरास मोड़ स्थित सूर्यदेव सिंह चौक व जनता मजदूर संघ में मंगलवार को झरिया के पूर्व विधायक व जनता मजदूर संघ के संस्थापक सूर्यदेव सिंह की 30वीं पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर स्व. सूर्यदेव की प्रतिमा व कार्यालय में तस्वीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
जमसं कार्यालय में स्व. सूर्यदेव सिंह की पत्नी पूर्व विधायक कुंती देवी, पूर्व विधायक संजीव सिंह की पत्नी रागिनी सिंह, सिद्धार्थ गौतम, पुत्री किरण सिंह, इंदु देवी सहित परिवार के लोगों ने पहले उनकी तस्वीर व प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किया। दोपहर में सांसद पशुपतिनाथ सिंह, धनबाद मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, निरसा विधायक अर्पणा सेन गुप्ता ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सिद्धार्थ गौतम हर आनेवाले से व्यक्तिगत रूप से मिल रहे थे। भाजपा कार्यकर्ता सहित अन्य लोगो ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं परिवार के सदस्यों ने पौधारोपण किया।
छोटे से गांव से आकर देखते ही देखते मजदूरों के मसीहा बन गए स्व. सूर्यदेव सिंह
बता दे कि चौदह वर्ष की उम्र में रोजगार की तलाश में ग्रामीण इलाके से निकल कर कोयलांचल पहुंचे। एक ही दशक में वह लोगों के प्रिय व मदजूरों के मसीहा बन बैठे। कोयलांचल की राजनीति दिल्ली की गलियों तक इनकी धमस बन चुकी थी। जिदगी में किसी से कभी भी हार नही मानने वाले सूर्यदेव सिंह भी अंत में जिदगी से हार गए। सूर्यदेव सिंह आरा से लोक सभा का चुनाव लड़े थे। उसके बाद अपनी जन्म भूमि गोनिया छपरा जा कर अपने भाई विक्रमा सिंह को चुनाव लड़ रहे थे। 15 जून 1991 को ह्दयगति रूक जाने से मजदूरों के मसीहा सभी को छोड़ कर चल बसे थे। ..
शारीरिक दूरी का पालन करते हुए दी गई श्रद्धाजंलि
पूरे देश में लॉक डाउन लगा हुआ है। वही हर वर्ष 15 जून को सूर्यदेव सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर झरिया के कतरास मोड़ में कार्यकर्ताओं का हुजूम लगा रहता था। सैंकड़ों लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था किया जाता था। कोरोना महामारी की वजह से इस वर्ष कतरास मोड़ स्थित सूर्यदेव सिंह की प्रतिमा में कुछ ही लोग देखे गए। वही मजदूर व कार्यकर्ता शारीरिक दूरी का पालन करते हुए प्रतिमा व तस्वीर में श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धाजंलि दे अपने घर की और रवाना हो गए।
झरिया की जनता हमारा परिवार- रागिनी सिंह
भाजपा नेत्री रागिनी सिंह ने कहा कि पिछले 29 साल से लगातार मजदूर भाई यहां आते थे। भोजन करते थे। इस वर्ष कोरोना वायरस को लेकर शारीरिक दूरी का पालन करते हुए अपने अपने कार्यालय में पुण्यतिथि बनाया गया है। जिस तरह मजदूरों की सेवा हमारा परिवार करता आ रहा है। उसे आगे भी उसे कायम रखेंगे। झरिया वासियों की हर दुख में हमारा परिवार उसके साथ है। साथ ही कहा कि सभी लोगो को एक पेड़ लगाना चाहिए, ताकि वातावरण स्वच्छ रहे।
सिलीगुड़ी।बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद हो रही राजनीतिक हिंसा का शोर अभी थमा ही नहीं कि अलीपुरद्वार के भाजपा सांसद जॉन बारला उत्तर बंगाल को अलग राज्य बनाने की मांग शुरू कर दी है। मंगलवार को दैनिक जागरण से विशेष बातचीत करते हुए सांसद व आदिवासी विकास परिषद के बड़े नेता जॉन बारला स्पष्ट कहा कि खुले में सांस लेने के लिए जरूरी हो गया है उत्तर बंगाल को अलग राज्य बनाया जाए। उन्होंने कहा कि जिस राज्य में राज्यपाल सांसद विधायक सुरक्षित नहीं है। वैसे राज्य का रहना ना रहना एक बराबर है।
वैक्सीन के प्रति जागरूकता फैलाने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सकारात्मक पहल
गया से श्रीकांत
गया। विष्णुपद मंदिर क्षेत्र में शिविर लगाकर लोगों को कोविड-19 टीका दिया गया। साथ ही लोगों के बीच मास्क का भी वितरण किया गया। यह क्षेत्र वार्ड संख्या 40 के अंतर्गत आता है जहां दो शिविर लगाकर लोगों को टीका दिया गया। पहला कैम्प विष्णुपद परिसर स्थित विश्राम गृह व दूसरा कैम्प विराज मोहनी स्कूल में बनाया गया है। टीकाकरण से पूर्व पार्षद व उनके प्रतिनिधि वैक्सीन लेने को लेकर लोगों को जागरूक किया। उन्होंने खुद सभी घर-घर घूम-घूमकर लोगों को वैक्सीन लेने की अपील के साथ केंद्र पर जाकर इस लाभ को लेने के लिए आग्रह किया। उस दौरान सर्वप्रथम विष्णुपद स्थित विश्राम गृह में टीकाकरण का बनाए गए केंद्र पर पार्षद व उनके प्रतिनिधि पहुंचे। जहाँ उन्होंने अधिक-अधिक लोगों को वैक्सीन लेने की अपील की।
मौके पर पार्षद प्रतिनिधि सुदामा कुमार दुबे ने कहा कि सभी लोग वैक्सीन अवश्य लें। तभी कोरोना को मात दी जा सकेगी। उन्होंने कहा कि कोरोना को हराने के लिए सरकार सभी निर्देशों का पालन करना जरूरी है। सबसे पहले हमें मास्क का प्रयोग अपने जीवन को बचाने के लिए करना चाहिए। उसके बाद दो गज दूरी बनाकर इसके चेन को तोड़ना होगा। अफवाहों पर न दें ध्यान, वैक्सीन अवश्य लें।
वहीं वैक्सीन का पहला डोज लेने वाले अवधेश मिश्र ने कहा मैं पहले डर रहा था लेकिन घर के और सदस्यों के वैक्सीन लेने के बाद आज मैं भी पहला डोज लिया हूँ और 82 दिन के बाद दूसरा डोज भी अवश्य लूंगा।
पहला डोज लेने वाले राजकुमार राजा ने कहा कि पहले और सेंटरों पर काफी भीड़ थी इस कारण अभी तक वैक्सीन नहीं ले पाया था , लेकिन घर के पास ही कैम्प लगा है जिससे आज उन्होंने वैक्सीन का पहला डोज बिना किसी परेशानी के ले लिया है।
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी से निलंबित 11 विधायक अब एकजुट हो गए हैं। इन सभी ने लालजी वर्मा के नेतृत्व में नया दल भी बनाने का फैसला कर लिया है। बसपा से निलंबित नौ विधायक लखनऊ में आज समाजवादी पार्टी में अखिलेश यादव से भी मिलने गए थे। बसपा में कुल 18 विधायकों में से नौ को पार्टी ने निलंबित और दो को निष्काषित किया।
राज्यसभा चुनाव में बसपा से बगावत करने केबाद निलंबन झेल रहे श्रावस्ती के विधायक असलम राईनी ने कहा कि बसपा के बागी सभी 11 विधायक मिलकर अपनी नई पार्टी बनाएंगे। राईनी ने कहा कि हमारे नेता लालजी वर्मा होंगे। उनके साथ ही रामअचल राजभर भी हमारे साथ हैं। हम लोग तो लालजी वर्मा को अपनी पार्टी का मुखिया बनाएंगे। 11 विधायक अब एक साथ हैं। अभी हमारे पास एक विधायक की कमी है, जिसके कारण तत्काल नया दल नहीं बन पा रहा है। इस बीच अगर एक और विधायक साथ आया तो पार्टी बनाएंगे। नए दल का नाम लालजी वर्मा को डिसाइड करना है। लालजी वर्मा ने इस पर कोई टिप्पणी से इन्कार किया है। बसपा से अलग- अलग समय में बाहर किए विधायकों की कुल संख्या 11 है। अलग दल बनाने के लिए कम से कम 12 विधायक होना जरूरी है। उधर सपा प्रमुख से मिले बागी विधायकों में से एक विधायक ने बताया कि अलग दलनही जल्द ही सपा की सदस्यता लेगे। टिकट का आश्वासन मिल गया है।