Tuesday 7th of July 2026 06:15:28 PM
Home Blog Page 172

पलामू एसपी ने रक्तदान कर घायल युवक की बचाई जान

0

पलामू एसपी ने रक्तदान कर घायल युवक की बचाई जान
सूचना मिलने के घँटे भर के भीतर एमएमसीएच पहुंचे एसपी किया रक्तदान

मेदिनीनगर (उज्ज्वल दुनिया)। पलामू एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने आज सहृदयता का परिचय देते हुए रक्तदान कर हुसैनाबाद में हुई एक दुर्घटना में घायल सलमान की जान बचाई है। जानकारी के अनुसार, पलामू एसपी को पता चला कि सेवा सदन रोड स्थित डाॅ. विजय सिंह के क्लीनिक में हुसैनाबाद में उक्त घायल युवक का इलाज चल रहा है और उसे बी पाॅजिटिव रक्त की जरूरत है। इसके बाद उन्होंने एमएमसीएच परिसर स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान किया। इसके बाद वे घायल युवक से मिलने सेवा सदन रोड स्थित डाॅ. विजय सिंह के क्लीनिक पहुंचे। इस दौरान उन्हें सड़क पर लगे जाम की समस्या का भी सामना करना पड़ा। घायल सलमान कल हैदरनगर-मोहम्मदगंज मुख्य पथ के सोनबरसा गांव के समीप ट्रैक्टर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया था। वह टायर रिपेयरिंग दुकान के मालिक अफरोज खान का 14 वर्षीय पुत्र है। तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से उसका एक पैर पूरी तरह टूट गया है। स्थानीय एमएमसीएच में कोई व्यवस्था नहीं रहने की वजह से अफरोज खान ने अपने पुत्र सलमान को डाॅ. विजय सिंह के क्लीनिक में भर्ती करा दिया है। इधर, सेवा सदन रोड में जाम में फंसे पलामू एसपी ने तत्काल शहर थाना प्रभाारी व यातायात प्रभारी को मौके पर बुलाकर सेवा सदन रोड में सड़क पर लगे वाहनों को हटवाया। साथ ही सड़क पर लगे दुकान के सामानों को भी जब्त कर शहर थाना भेजवाया। एसपी ने मौके पर निर्देश दिया कि किसी भी स्थित में सड़क पर दुकान, ठेला आदि नहीं लगे इसका शहर थाना पुलिस पालन करवाये। हालांकि इस दौरान जो दुकान व वाहन सड़क के किनारे थे उन्हें छोड़ दिया गया। अतिक्रमण हटवाने में शहर थाना प्रभारी अरूण कुमार महथा, यातायात प्रभारी रूद्रानंद सरस, टीओपी प्रभारी-वन रेवाशंकर राणा, संतोष कुमार गुप्ता, जगमोहन बानरा समेत टाइगर मोबाइल व पुलिस के जवान लगे हुए थे।

सरकार गिराने की साजिश पर झामुमो

0
किसके इशारे पर कांग्रेस विधायकों को बदनाम किया गया?
किसके इशारे पर कांग्रेस विधायकों को बदनाम किया गया?

रांची। झारखंड में हेमन्त सोरेन की सरकार गिराने की कथित साजिश कहीं आगे चलकर कांग्रेस और झामुमो के बीच विवाद न बन जाए । ये अंदाजा बहुत से राजनीति विश्लेषक लगा रहे हैं और इसके ठोस कारण भी हैं।

कांग्रेस विधायकों को बदनाम करने का मामला

जिस तरह इस पूरे मामले में कांग्रेस विधायकों के नाम उछाले जा रहे हैं, उससे झारखंड कांग्रेस के अधिकतर विधायक बेहद नाराज़ हैं। वे इसे कांग्रेस को बदनाम करने की साजिश बता रहे हैं। लेकिन बड़ा सवाल है कि कांग्रेस विधायकों को बदनाम कौन कर रहा है? क्या इस कथित खरीद-फरोख्त में इरफान अंसारी और उमाशंकर अकेला का नाम भाजपा ने लिया है ?नहीं, कांग्रेस के इन दोनों विधायकों का नाम मीडिया में लीक पुलिस ने किया है, आखिर किसके इशारे पर?

आलमगीर आलम बनाम सुप्रियो भट्टाचार्य

झारखंड मुक्ति मोर्चा के सुप्रियो भट्टाचार्य कहते हैं कि सरकार गिराने की साजिश हुई, कांग्रेस के आलमगीर आलम कहते हैं कि ऐसी कोई बात नहीं है । ये कांग्रेस विधायकों को बदनाम करने की साजिश है।

सुप्रियो भट्टाचार्य कहते हैं कि झामुमो के विधायकों को नहीं खरीदा जा सकता, हमारी ट्रेनिंग ही कुछ ऐसी है । इसके साथ ही वो कहते हैं कि कांग्रेस नेतृत्व को अपने विधायकों से बात करनी चाहिए। इसका मतलब क्या हुआ?

शराब ठेके से जुड़ा विवाद या सरकार गिराने की साजिश

कांग्रेस के जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी कहते हैं कि ये सरकार गिराने का मसला नहीं है, बल्कि शराब सिंडिकेट और उससे मिलने वाले कमीशन से जुड़ा विवाद है । रामगढ़ से कांग्रेस विधायक ममता देवी ने भी कुछ ऐसा ही कहा है । अब इन दोनों विधायकों की बात हवा में तो नहीं उड़ा दी जा सकती है ।

मंत्रिमंडल विस्तार पर झामुमो का तंज

सुप्रियो भट्टाचार्य से जब पूछा गया कि क्या ये 12 वें मंत्री के लिए खींचतान है ? तब उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल में किसे रखना है, किसे नहीं, ये मुख्यमंत्री का अधिकार है। लेकिन ठीक उसी वक्त सुप्रियो भट्टाचार्य ने ये भी कहा कि “कुछ प्लेयर इंजर्ड होकर बाहर भी जा सकते हैं, कुछ नये भी आ सकते हैं” । सुप्रियो भट्टाचार्य का ये बयान क्या कहना चाहता है क्या सचमुच कुछ मंत्रियों को बदलकर नये चेहरे को शामिल किया जा सकता है?

लातेहार: हेरहंज प्रखंड में मनरेगा में बड़े स्तर पर अवैध निकासी से हड़कंप

0
हेरहंज प्रखण्ड में लगातार फ़र्जी निकासी का मामला आने के बाद भी नहीं हो रही है योजनाओं की जांच
हेरहंज प्रखण्ड में लगातार फ़र्जी निकासी का मामला आने के बाद भी नहीं हो रही है योजनाओं की जांच

*उज्ज्वल दुनिया (नितेश जायसवाल) 

लातेहार । हेरहंज प्रखण्ड में मनरेगा योजना में बीते दिनों तीन वर्मी कम्पोस्ट में फर्जी निकासी का मामला थमा नही की अब मनरेगा कर्मी और विचोलिये कि मिली भगत से प्रखण्ड मुख्यालय के नाक के नीचे चापाकल के पास सोखता निर्माण के नाम पर योजनाओ में मजदूरों के नाम पर फर्जी निकासी कर ली गई।

यह मामला हेरहंज पंचायत के घूरे गांव का है । मनरेगा साइट के मुताबिक घूरे गांव स्थित बस स्टैंड में चापाकल के पास सोखता निर्माण की स्वीकृति मनरेगा योजना से मिली हुई थी,जिसका योजना संख्या 3406003009/RS/7080901340195 है।इस योजना में बिना कार्य कराए ही मजदूरों के नाम पर दो मास्टर रोल से 1575 रुपये को निकासी की गई है। जिन मजदूरों के नाम पर निकासी हुई है उन मजदूरों का नाम अंकित कुमार,और साहेब परहिया है।

वहीं इसी ग्राम में घूरे देवी मंडप चापाकल के पास सोखता निर्माण के नाम पर धीरज गंझू और अनिता देवी नामक मजदूर के नाम पर 1125 रुपये की निकासी कर ली गई है जबकि कुछ कार्य नही हुआ।

उक्त योजना का योजना संख्या 3406003009/RS/7080901340203 है।

हेरहंज प्रखंड से लगातार फर्जी निकासी की शिकायतें
हेरहंज प्रखंड से लगातार फर्जी निकासी की शिकायतें

बिना काम किए हुए फर्जी निकासी

इस योजना में दो मास्टर रोल से निकासी की गई है। बिना कार्य किये ही हो रही हैं फर्जी तरीके से निकासी।इससे यह पता चलता हैं कि बिचौलियों व मनरेगा कर्मियों की मिलीभगत से पूरे प्रखण्ड में अवैध तरीके से सरकारी खजाने का किया जारहा हैं बन्दरबाँट।

खेल प्रशिक्षण के लिए कोयला मंत्रालय ने राँची को दिए 26 करोड़

0
लोकसभा में संजय सेठ के सवाल पर केन्द्रीय कोयला मंत्री का जवाब 
लोकसभा में संजय सेठ के सवाल पर केन्द्रीय कोयला मंत्री का जवाब

*कोरोना से राहत के लिए राज्य सरकार को दिए 20 करोड़।*

राँची। राँची सांसद संजय सेठ ने लोकसभा सत्र के दौरान बुधवार को कोयला मंत्रालय के द्वारा सीएसआर के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी मांगी और मंत्रालय से नए कार्यों को करने का आग्रह भी किया।

संजय सेठ ने लोकसभा में कोयला मंत्रालय के द्वारा सीएसआर के तहत राँची में राष्ट्रीय स्तर की लाइब्रेरी खोलने की प्रक्रिया शुरू करने व अन्य कार्यों की प्रशंसा भी की। संजय सेठ ने मंत्री से यह भी जानना चाहा कि सीएसआर मद से अब तक रांची में क्या-क्या कार्य किए गए? वही उन्होंने मंत्री से यह भी पूछा कि ऐसे परिवार जो कोरोना संक्रमण से प्रभावित हुए हैं, उनकी सहायता के लिए सीएसआर से मदद करने का कोई प्रावधान है क्या?

जवाब के दौरान केंद्रीय कोयला मंत्री प्रल्हाद जोशी ने सांसद संजय सेठ की तारीफ की और कहा कि अपने क्षेत्र और राज्य के प्रति सांसद बहुत गंभीर रहते हैं। बहुत सक्रिय रहते हैं। कई बार अपने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर मुझसे मिलते हैं, अवगत भी कराते हैं।

मंत्री ने बताया कि झारखंड में खेल क्षेत्र से जुड़े कई कार्य किए गए हैं। खेलगांव में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने का काम चल रहा है। इस क्रम में खेलगाँव (राँची) में वर्ष 2018-19 में 5.28 करोड़ रुपए, 2019-20 में 14.62 करोड़ व 2020-21 में 6.48 करोड़ रुपए खर्च कर खेल अकादमी का संचालन भी किया गया और वर्तमान समय में इसका रखरखाव भी किया जा रहा है।

वहीं मंत्री ने बताया कि कोयला परियोजना से प्रभावित गांव में गहरे बोरवेल की व्यवस्था की गई है। वही झारखंड के कई रेलवे स्टेशनों में लगभग 17 करोड़ की लागत से फैब्रिकेटेड शौचालय की स्थापना का काम चल रहा है।

राँची में ही 1.27 करोड़ की लागत से लाल-लाडली योजना व शिक्षा से संबंधित अन्य कई कार्यक्रम चल रहे हैं। वही राँची जिला में आंगनबाड़ी केंद्रों को मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में उन्नयन करने की दिशा में काम चल रहा है। यह परियोजना लगभग सवा दो करोड़ रुपए की है। इसके तहत कई कार्य हो रहे हैं।

वहीं कोरोना संक्रमण से राहत के लिए झारखंड सरकार को सीसीएल के द्वारा ₹20 करोड़ रुपए दिया गया है। मंत्री ने बताया कि सीएसआर के तहत इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने का काम किया जाता है और समय के साथ इसमें कई चीजें जुड़ती भी हैं। उन्होंने सांसद के सुझाव अमल करने की बात भी कही।

29 JULY 2021

0

[pdf-embedder url=”http://localhost:8090/ud/wp-content/uploads/2021/07/Ujjwal-Duniya-29-July.pdf” title=”Ujjwal Duniya 29 July”]

गिरिडीहः नोट को चार गुना करने का सपना दिखाने वाले पीर बाबा उर्फ प्रभाकर मंडल की तलाश

0

 

दोनों भाईयों की कंकाल बरामद होने के साथ ही फरार हो गया पीर बाबा उर्फ प्रभाकर मंडल
दोनों भाईयों की कंकाल बरामद होने के साथ ही फरार हो गया पीर बाबा उर्फ प्रभाकर मंडल
गिरिडीह । गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड के पंदनाटांड़ निवासी सगे भाई अंशु और चंदन की हत्या करने और बिहार के खैरा में कंकाल मिलने के बाद से गिरिडीह के साथ-साथ बिहार पुलिस की काफी किरकिरी हुई है । दोनों राज्यों की पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा है । हालांकि इन आरोपों के बीच बिहार पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल चार आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया है। वहीं पूरे मामले की गहनता से जांच के लिए एसआईटी भी गठित की गई है । एसआईटी इस कांड के प्रमुख आरोपी पीर बाबा उर्फ प्रभाकर मंडल को खोज कर रही लेकिन इसमें सफलता नहीं मिली है ।
इस मामले की जांच के क्रम के जमुई जिले की पुलिस डीएसपी प्रशांत कुमार, ट्रेनी डीएसपी आदित्य कुमार, एसआई नागेंद्र कुमार और एके आजाद मृतकों के घर पर भी पहुंचे । यहां मृतक चंदन की पत्नी प्रिया देवी और मां अनीता देवी से घटना की जानकारी ली । पुलिस को यह पता चला कि नोट को चार गुना करने का सपना दिखाने वाले पीर बाबा उर्फ प्रभाकर मंडल से दोनों भाइयों का संपर्क कैसे हुआ था । इस दौरान चंदन की पत्नी प्रिया ने जो बताया वह काफी चौंकाने वाला था।
प्रिया के मुताबिक पीर बाबा उसके पति और देवर से अक्सर पैसे ले जाता था । पीर बाबा अपने दो साथियों के साथ मुंबई स्थित घर भी आया था और वहां से भी रुपए लेकर गया था । वह जब अपने पति और देवर से इसके बारे में पूछती तो यही कहा जाता के इसकी जानकारी देने पर मौत हो जाएगी । मृतकों के परिजनों से मिलने के बाद जमुई डीएसपी प्रशांत कुमार ने बताया एसआईटी पूरे मामले की जांच कर रही है । उन्होने दावा किया कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा हो जाएगा।

बैंक अगर डूबा तो 90 दिनों के अंदर ग्राहकों को 5 लाख तक की रकम वापस मिल जाएगी

0
बैंक डूबने पर भी आपके पैसे नहीं डूबेंगे, 90 दिनों के अंदर मिल जाएगी आपकी रकम
बैंक डूबने पर भी आपके पैसे नहीं डूबेंगे, 90 दिनों के अंदर मिल जाएगी आपकी रकम

केंद्रीय मंत्रिमंडल की बुधवार को हुई मीटिंग में डिपॉजिट इंश्योरेंस एंड क्रेडिट गारंटी कॉरपोरेशन (डीआइजीसी) बिल और लिमिटेड लायबिलिटी पार्टनरशिप अमेंडमेंट बिल को अनुमति दी गई। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बताया कि डीआइजीसी बिल के तहत किसी बैंक के मोराटोरियम के तहत होने पर भी 5 लाख रुपये तक के डिपॉजिट का इंश्योरेंस होगा। इसमें सभी बैंकों में किसी भी प्रकार के 5 लाख रुपये तक के डिपॉजिट पर इंश्योरेंस की सुरक्षा मिलेगी।

बैंकों के 98.3 फीसदी ग्राहक कवर हो जाएंगे

सीतारमण ने बताया कि बैंक के मोराटोरियम के तहत होने पर ही यह उपाय लागू होगा। मुश्किल में फंसे बैंक को पहले 45 दिनों में इंश्योरेंस कॉरपोरेशन को सौंपा जाएगा। रिजॉल्यूशन का इंतजार किए बिना 90 दिनों के अंदर प्रोसेस को पूरा कर लिया जाएगा। इससे मोराटोरियम का सामना कर रहे बैंकों को राहत मिलेगी। इसमें सभी डिपॉजिट में से 98.3 प्रतिशत कवर हो जाएंगे। सीतारमण ने बताया कि डिपॉजिट की वैल्यू के लिहाज से यह 50 प्रतिशत से अधिक कवरेज होगी।

लिमिटेड लायबिलिटी पार्टनरशिप एक्ट में संशोधन

मंत्रिमंडल ने लिमिटेड लायबिलिटी पार्टनरशिप एक्ट में पहले संशोधन का भी बुधवार को प्रस्ताव दिया। इसके तहत एलएलपी के लिए कुल 12 गड़बड़ियों को अपराध मानने से हटाया जाएगा। इससे बहुत से स्टार्टअप्स को भी फायदा होगा। एलएलपी की नई परिभाषा आने से इस कैटेगरी में आने वाली फर्मों को आसानी होगी। हाल के वर्षों में कुछ को-ऑपरेटिव बैंकों के दिवालिया होने से इनके डिपॉजिटर्स को बड़ा नुकसान हुआ था। इसी के मद्देनजर डिपॉजिट पर इंश्योरेंस देने का फैसला किया गया है।

फर्जी आइएएस मोनिका को मदद करने के आरोप में विधानसभा के आप्त सचिव पंकज कुमार सस्पेंड

0
मोनिका को विधानसभा के आप्त सचिव ने झारखंड भवन में दिलाया था कमरा
मोनिका को विधानसभा के आप्त सचिव ने झारखंड भवन में दिलाया था कमरा

फर्जी तरीके से आइएएस बन कर अशोक नगर में रहने वाली कुमारी मोनिका को झारखंड भवन दिल्ली में कमरा आवंटित किया गया था । इस फर्जीवाड़े में झारखंड विधानसभा के आप्त सचिव पंकज कुमार की संलिप्तता सामने आई थी । विधानसभा अध्यक्ष के निर्देश के बाद पंकज कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है । उन्हें अब केवल अगले आदेश तक जीवन भत्ता निर्वाह के रूप में मिलता रहेगा ।

अशोक नगर के मकान संख्या C/06 में रह रही थी मोनिका
अशोक नगर के मकान संख्या C/06 में रह रही थी मोनिका

फर्जी आईएएस मोनिका को 23 जुलाई को अरगोड़ा थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया था. पुलिस की जांच में यह बात सामने आई थी कि मोनिका फर्जी आईएएस बन कर मकान संख्या C/06 में रह रही थी. यह डॉक्टर डीके राय का है. जिस घर में रह रही थी उस घर पर मोनिका ने अपना नेम प्लेट लगा रखा थी.

धनबादः दलित महिला को डायन बताकर मैला पिलाने की कोशिश

0
गोनडुडीह ओपी में मामला दर्ज करवाते भुगतभोगी के परिजन
गोनडुडीह ओपी में मामला दर्ज करवाते भुगतभोगी के परिजन

धनबाद। गोन्दुडीह ओपी क्षेत्र के छोटा ख़रीक़ाबाद दास बस्ती में रहने वाले विजय दास ने अपने पड़ोसियों के खिलाफ गोन्दुडीह पुलिस से अपने माँ गीता देवी को डायन बोलकर मारपीट और मैला खिलाने की शिकायत दर्ज कराया है। मामले में बताया जा रहा है कि बीती रात पड़ोसियों में किसी बात को लेकर झगड़ा होने के बाद पड़ोसियों ने गीता देवी नामक महिला के साथ मारपीट एम डायन कहकर मैला पिलाने का काम किया है।

पीड़ित महिला ने क्या बताया ?

भुक्तभोगी महिला ने बताया कि बीती रात पड़ोसी के घर मे एक काली बिल्ली घुस आई, जिसके बाद वह महिला के घर आया और झगड़ा करने के बाद वे लोग महिला से करीब आधे घंटे तक पिटते रहे । इसके बाद लोगों ने महिला को मैला पिलाने की भी कोशिश की ।

करीब सात सालों से महिला को डायन बताकर परेशान कर रहे हैं पड़ोसी

वही पीड़ित परिवार के पुत्र विजय कुमार दास ने बताया कि पड़ोसी हमेशा ही किसी ना किसी बात को लेकर हम लोगो से लड़ाई झगडा करते रहते हैं। कल रात करीब 9 बजे पड़ोस के एक घर मे बिलाई घुसने के बाद सभी 6 पड़ोसियों ने हमारे घर पर हमला करते हुए मेरी माँ को डायन बताकर मारपीट करते हुए जान मारने की बात करने लगे। किसी तरह हम सभी परिवार के लोग जान बचाकर पुलिस के पास आए और सारी बातों को बताया। करीब सात सालो से पड़ोसियों के द्वारा मेरी माँ को डायन बोलकर प्रताड़ित किया जा रहा था। जिससे हम लोगो का जीना मुश्किल हो गया था।

गोन्दुडीह ओपी में सभी के विरुद्ध मामला दर्ज कराए हैं और न्याय की मांग करते है।वही ओपी प्रभारी ने बताया मामले में पीड़िता के बेटे की शिकायत पर कांड संख्या 147/504,506,3/4 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।आगे अपने वरीय अधिकारियों के निर्देश और जाँच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

न्यूक्लियस मॉल के मालिक सहित तीन बड़े व्यापारियों के ठिकानों पर इनकम टैक्स की रेड

0
लालपुर में हरी निवास पर भी की गई छापेमारी
लालपुर में हरी निवास पर भी की गई छापेमारी

आयकर विभाग की टीम रांची के तीन बड़े वायापारियों के घरों पर छापा मारा। इसमें न्यूक्लियस मॉल के मालिक बिष्णु अग्रवाल भी शामिल हैं। इनकम डिपार्टमेंट की टीम इनके रांची, झालदा समेत अन्य जगहों पर कागजों की जांच कर रही है। इनके अलावा शाकंभरी बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड के मालिक पवन बजाज के कांके रोड स्थित ठिकानों पर, कोसी कंसल्टेंसी प्राइवेट लिमिटेड और सनसिटी इमपेक्स प्राइवेट लिमिटेड के ठिकानों छापेमारी की गई।

शाकंभरी बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड के मालिक पवन बजाज के कांके रोड स्थित ठिकानों पर, कोसी कंसल्टेंसी प्राइवेट लिमिटेड और सनसिटी इमपेक्स प्राइवेट लिमिटेड के ठिकानों पर जांच चल रही है।  बुधवार सुबह से इनकम टैक्स की इन तीनों कंपनियों के ठिकानों पर पहुंचकर कागजात की जांच में जुटी हुई है। हालांकि विभाग की ओर से ये नहीं बताया गया कि किस मामले को लेकर छापामारी की जा रही है।

रांची के अपर बाजार में भवनों को तोड़े जाने के खिलाफ गोलबंद हुए व्यापारी

0
रांची के व्यापारियों ने नगर आयुक्त के आदेश के खिलाफ संघर्ष का किया एलान
रांची के व्यापारियों ने नगर आयुक्त के आदेश के खिलाफ संघर्ष का किया एलान

राजधानी रांची के अपर बाजार में भवनों को तोड़े जाने का निर्देश के विरोध पर रांची शहर बचाओ समिति का गठन किया गया। बुधवार को महावीर चौक स्थित कपड़ा व्यवसाई कमिटी के कार्यलय में अपर बाजार के भवन मालिको की बैठक हुई।

जनप्रतिनिधियों से मिलकर आंदोलन में साथ देने की अपील करेंगे व्यापारी

इस बैठक में सारे विषयो पर विस्तार से चर्चा की गई । और यह तय किया गया कि सरकार के आदेश के खिलाफ दो तरह से लड़ाई लड़ी जाएगी। पहला जो कि कानूनी होगी और दूसरा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसमे कई समितिया जुड़ेंगी खास कर चैम्बर ऑफ कॉमर्स।इसके अलावा व्यवसाईयों ने तय किया है कि वे जनप्रतिनिधियों से मिलकर अपना पक्ष रखेंगे।

अपर बाजार के 12 भवनों को 15 दिन में तोड़ने का आदेश

गौरतलब है कि मंगलवार को नगर निगम के आयुक्त मुकेश कुमार ने 12 भवनों को 15 दिनों के अंदर तोड़ने का आदेश दिया है। इसमें शहर का प्रतिष्ठित बीकेबी मॉल,  मोदी संस, रंगीला, अलका जेवेलर्स आदि शामिल है। इसके अलवा अपर बाज़ार के अधिकतर भवनों को नोटिस और कुछ पर बिना नक्शे का भवन निर्माण के तहत यूसी केस दायर किया गया है। अपर बाजार बहुत पहले से बसा हुआ है और सभी भवन 70 से 80 साल पुराने हैं। उस समय न तो नगर निगम था और न ही आरआरडीए ताकि लोग नक्शा पास करवा सकें।

क्या कहते हैं भवन मालिक ?

एक भवन मालिक, नारायण मुरारका का कहना है कि भवनों को इसी तरह से पास किया जाए और आज के अनुसार और कुछ पेनल्टी के साथ रेगूलराइज कर दिया जाए। इस पर सभी भवन मालिक सहमत हैं और सिर्फ उसी भवनों को तोड़ा जाए जिन्होने बाद में अतिक्रमण किया हो। व्यापारियों ने एकजुट होकर कहा कि पहले से ही कोरोना का मार झेल रहे व्यापारियों को अब ऐसे परेशान किया जा रहा है।

जगरनाथ महतो दोबारा बनें शिक्षा मंत्री, हफीजुल हसन को निबंधन एवं अल्पसंख्यक कल्याण

0
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने स्वास्थ्य लाभ ले रहे जगरनाथ महतो से मुलाकात की
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने स्वास्थ्य लाभ ले रहे जगरनाथ महतो से मुलाकात की

स्वास्थ्य लाभ लेकर वापस लौटे जगरनाथ महतो को दोबारा शिक्षा मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा वे उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग का भी काम देखेंगे । जगरनाथ महतो की जगह शिक्षा मंत्रालय का काम देख रहे हफीजुल हसन को उनके दिवंगत पिता का मंत्रालय यानि अल्पसंख्यक कल्याण मंत्रालय दिया गया है । इसके अलावा हफीजुल हसन पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के भी मंत्री बनाए गये हैं । हफीजुल हसन निबंधन विभाग भी देखेंगे ।

आलमगीर आलम को संसदीय कार्य विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग एवं पंचायती राज विभाग दिया गया है । यानि गांवों के विकास से जुड़ा लगभग हर विभाग आलमगीर आलम के पास है। इस तरह उनपर झारखण्ड के गांवों के विकास की जिम्मेदारी होगी ।

रामेश्वर उरांव को वित्त विभाग, योजना एवं विकास विभाग,  वाणिज्य कर विभाग एवं खाद्य सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग की जिम्मेवारी सौंपी गयी है । झारखण्ड की हेमन्त सरकार ने नोटिफिकेशन जारी कर मंत्रियों के विभाग में फेरबदल की जानकारी दी ।

जगन्नाथ महतो से मिलने पहुंचे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने स्वास्थ्य लाभ ले रहे शिक्षा मंत्री जगन्नाथ महतो से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। शिक्षा मंत्री को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं से मुख्यमंत्री अवगत हुए और चिकित्सकों को आवश्यक निदेश दिया। इस मौके पर पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर भी मौजूद थे।

तालिबान पर कहर बनकर टूटा अफगानिस्तान डिप्टी चीफ उमरी को मार गिराया

0

काबुल/इस्लामाबाद, एजेंसी। अफगानिस्तान में चल रही जंग में पिछले 24 घंटे के दौरान सेना ने पकतिया प्रांत में तालिबान के डिप्टी चीफ अब्दुल हक उमरी को मार गिराया। अब्दुल हक दोहा में अफगान सरकार से वार्ता में भाग ले रहे तालिबान के एक नेता का बेटा है। इसके अलावा तालिबान का शीर्ष आतंकी मुल्ला शफीक भी लड़ाई में ढेर हो गया। इधर अफगान राष्ट्रपति ने कहा है कि अफगान समस्या का सैन्य समाधान नहीं हो सकता। हम तालिबान से सीधे वार्ता को तैयार हैं। अफगान सेना और तालिबान के बीच चल रहे युद्ध में सेना को दो सफलता मिलीं। पकतिया प्रांत में तालिबान का डिप्टी कमांडर अब्दुल हक उमरी मारा गया।

उमरी ग्वांतानामो जेल में बंद था, जिसे 2015 में छोड़ा गया था

दोहा में चल रही वार्ता में भाग ले रहे तालिबान के सबसे कम उम्र नेता अनस हक्कानी ने ट्वीट कर पुष्टि की है कि अब्दुल हक वार्ता में शामिल मोहम्मद नबी उमरी का पुत्र है, जिसकी अफगान सेना के हाथों मौत हो गई है। मोहम्मद नबी उमरी ग्वांतानामो जेल में बंद था, जिसे 2015 में छोड़ा गया था। उसके साथ छोड़े गए चार अन्य कैदी भी इस समय अफगान सरकार से दोहा में चल रही वार्ता में शामिल हैं। एएनआइ के अनुसार जौजान प्रांत में चल रहे युद्ध के दौरान तालिबान के शीर्ष आतंकी मुल्ला शफीक को भी मार दिया गया है।

 

विपक्षी एकता को मजबूत करने के लिए

0

नई दिल्ली : पांच दिनों की यात्रा पर दिल्ली पहुंची पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। इस दौरान 2024 के लोकसभा चुनावों के विपक्षी एकता के स्‍वरूप पर दोनों विपक्ष के प्रमुख नेत्री बातचीत की। इससे पहले मंगलवार को कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता कमल नाथ और आनंद शर्मा ने ममता बनर्जी से मुलाकात की थी।पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि सोनिया जी ने मुझे चाय पर आमंत्रित किया था। राहुल जी भी वहां थे। हमने सामान्य रूप से राजनीतिक स्थिति, पेगासस जासूसी मामले और देश में कोरोना ​​स्थिति पर चर्चा की। साथ ही विपक्ष की एकता पर भी चर्चा की। यह बहुत अच्छी मुलाकात थी। मुझे लगता है कि भविष्य में सकारात्मक परिणाम सामने आने चाहिए।

 

 

घूस लेते एसीबी के हत्थे चढ़ा राजस्व कर्मचारी, शहर के रेड़मा चैक पर ले रहा था घूस

0

पलामू में एसीबी ने अंचल उपनिरीक्षक को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा

मेदिनीनगर (उज्ज्वल दुनिया)। झारखंड में घूस लेने में एक और कर्मचारी एसीबी के हत्थे चढ़ा है। पलामू एसीबी की टीम ने आज सतबरवा अंचल के राजस्व उपनिरीक्षक गौरव कुमार को शहर के मुख्य चैराहा पर चार हजार रूपये घूस लेते धर दबोचा है। वह सतबरवा के बकोरिया गांव निवासी महेंद्र उरांव पिता कैलाश उरांव से खानदानी जमीन को आॅनलाइन कराने के एवज में रेड़मा चैक पर घूस ले रहा था। एसीबी की टीम ने आरोपी राजस्व कर्मचारी गौरव कुमार को घूस लेते पकड़े जाने के बाद मेडिकल जांच कराकर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जानकारी के अनुसार बकोरिया निवासी महेंद्र उरांव की खानदानी जमीन के कागजात ऑनलाइन नहीं हो पाए हैं और इस कार्य के लिये उक्त आरोपी राजस्व कर्मचारी महेंद्र उरांव को लगातार दौड़ा रहा था। इस संबंध में शिकायतकर्ता महेंद्र उरांव ने बताया कि सतबरवा के बकोरिया स्थित मेरे खानदानी जमीन जिसका खाता 112 व प्लाॅट 1056, 1058, 40, 162, 164, 354, 360 एवं 361 है। इन सभी जमीनों का कुल रकबा 141 डिसमिल है। शिकायतकर्ता ने बताया कि सतबरवा सीओ को आवेदन देने के बाद भी अब तक खाता प्लाॅट आनलाइन नहीं हुआ है। जब इस संबंध में राजस्व उपनिरीक्षक गौरव कुमार से बात की तो उन्होंने कहा कि चार हजार रूपये दोगे तब तुम्हारा जमीन का खाता प्लाॅट आॅन लाइन होगा। पास में पैसा नहीं होने की बात कहने पर उसने व्यवस्था कर आने को कहा। इसके बाद वादी ने मामले की शिकायत पलामू एसीबी में की। महेंद्र ने घूस देने की बाबत कर्मचारी से बात की तो उसने उसे घूस की रकम लेकर रेडमा चैक पर बुलाया। राजस्व कर्मचारी ने रेड़मा चैक पर जैसे ही घूस की रकम ली, एसीबी की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम ने उक्त राजस्व कर्मचारी के बारालोटा स्थित घर पर भी छापामारी की है। इससे पूर्व शिकायत के बाद पलामू एसीबी की टीम ने मामले का सत्यापन किया। सत्यापन में मामला को सही पाते हुए पलामू थाना कांड सं. 09/2021 दिनांक 27.07.2021 पंजीकृत कर एक धावा टीम का गठन किया। टीम ने महेंद्र से घूस लेते राजस्व कर्मचारी को आज गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार राजस्व उपनिरीक्षक गौरव कुमार(25) पिता चंद्रदीप प्रसाद बिहार के नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के ओकनावां गांव निवासी है। पलामू एसीबी ने जनवरी 2021 से अब तक आधा दर्जन से अधिक लोगों को घूस लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। कुछ दिनों पूर्व सतबरवा से घूस लेते एक रोजगार सेवक गिरफ्तार किया गया था।