रांची के सुखदेव नगर की थाना प्रभारी पर लाइन टैंक रोड के रहने वाले संदीप गुप्ता एवं उनके चार साल के बेटे ने मारपीट का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। रांची। सुखदेव नगर थाना प्रभारी ममता कुमारी पर 4 साल के एक बच्चे में बड़ा ही गंभीर आरोप लगाया है। बच्चे का कहना है कि पुलिस आंटी ने डंडा से मारा है। वहीं, उसके पिता को भी मारपीट किया गया है। पीडित पक्ष कोतवाली थाना क्षेत्र के लाइन टैंक रोड में रहने वाले है।
सुखदेव नगर थाना प्रभारी ममता कुमारी ने पिता और चार साल के बच्चे को बुरी तरह पीटा- आरोप
पारिवारिक विवाद को लेकर अपने बेटे के साथ थाने पहुंचे थे संदीप गुप्ता
बच्चे के पिता संदीप गुप्ता ने कहा कि बीते 22 अगस्त की शाम के करीब 7:30 बजे मैं अपने बच्चे को लेकर सुखदेव नगर थाना गया था। मेरी पत्नी मोनिका रॉय पिछले 3 महीने से कुछ पारिवारिक विवाद को लेकर अपने भाई के घर पर रह रही है। 22 अगस्त को मैं थाना मदद के लिए गया था। थाना प्रभारी ने मुझे और मेरे बच्चे को पीटना शुरू कर दिया मेरा बच्चा डरा हुआ है और उसकी तबीयत खराब हो गई है मैंने अपना और अपने बच्चे का मेडिकल करवाया।
सुखदेव नगर थाना प्रभारी ममता कुमारी के खिलाफ शिकायत
मेरे खिलाफ लगाए गये सभी आरोप गलत- ममता कुमारी
सुखदेव नगर थाना प्रभारी ममता कुमारी से बात करने पर उन्होंने कहा कि इस तरह का लगाया गया आरोप पूरी तरह से गलत है। ना बच्चे के साथ कोई मारपीट की गई है और ना ही संदीप गुप्ता के साथ कोई मारपीट की गई है यह आरोप सरासर गलत है।
इस मामले में सिटी एसपी सौरभ ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
केन्द्र की मोदी और ओडिशा की बीजेडी सरकार के खिलाफ जन आंदोलन छेड़ेगी झारखंड मुक्ति मोर्चा
झारखंड मुक्ति मोर्चा ने केन्द्र की मोदी सरकार ने निजीकरण और प्राइवेटाइडेशन की नीति के खिलाफ जन आंदोलन करेगी। पार्टी के केन्द्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि 24 फरवरी 2021 को प्रधानमंत्री मोदी ने उद्योग संघ के परिचर्चा में एक बात कही थी कि सरकार इस देश में इंटरप्राइज की भूमिका में नहीं रहेगी। सरकार मॉनेटाइजेशन और मॉडर्नाइजेशन की भूमिका में आएगी। उसी वक्त देश के अर्थशास्त्रियों ने आसंका जताई थी। उनकी ये आशंका कल सच साबित हुई जब वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 6 लाख करोड़ रुपये प्राप्त करने के लिए देश की सभी संपत्ति जैसे राज्यमार्ग, रेल, उर्जा, पावर, वेयर हाउसेज, नेचुरल गैस पाइपलाइन, कोयला, सभी तरह के खनन, एविएशन, एयरपोर्ट, बंदरगाह, रेलवे के स्टेडियम, लाखों एकड़ सरकारी रेसिडेंशियल लैंड और अर्बन रियल स्टेट की नीलामी की बोली लगा दी।
एक-एक कर सभी सरकारी चीजों को बेच रही है मोदी सरकार
इस देश का 27 प्रतिशत राजमार्ग अब पूंजीपतियों के हवाले हो गया। अब इन राजमार्ग पर प्राइवेट कंपनियां अपनी मर्जी से टोल टैक्स लगाएगी, उनकी इजाजत से ही अब आप उन सड़कों पर चल सकेंगे। इस देश में 400 रेलवे स्टेशन हैं, अब उनको बेचने की तैयारी है. इससे पहले ही उन्होने 15 बड़े एयरपोर्ट को बेच ही दिया था, अब 25 और एयरपोर्ट को बेचने की बात कर रहे हैं. अब वे 90 यात्री ट्रेन बेच देंगे, 1400 किलोमीटर रेलवे पटरी बेच देंगे, 265 गुड शेड्स बेच देंगे। जो मालवाहक ट्रेनों के लिए डेडिकेटेड ट्रैक बनाए हैं, उनको भी बेच देंगे। 27 हजार 600 लंबे रेलवे ट्रैक बेच देंगे। मतलब साफ है कि इस देश का कोई भी सरकारी उपक्रम, अब इस देश का नहीं रहेगा।
“ये देश नहीं बिकने दूंगा” कहने वाले पीएम बताएं कि अब बिकने को बचा क्या है ?
हमें आश्चर्य नहीं होगा कि रात को जब हम सोयेंगे तो झारखण्ड राज्य में सोएंगे और जब सुबह उठेंगे तो पता चलेगा कि अब हम अडाणी’खण्ड’ में उठेंगे। ये नये जमाने की गुलामी है। पहले हम अंग्रेजों के गुलाम थे, अब हमें उद्योगपतियों की गुलामी करेंगे। 2014 में प्रधानमंत्री ने कहा था कि रेलवे मेरा पहला प्यार है क्योंकि मेरी जिंदगी रेलवे प्लेटफॉर्म पर शुरु हुई। अब प्रधानमंत्री बताएं कि क्या कोई अपने पहले प्यार का भी सौदा करता है क्या ?
भाजपा जैसा ही आचरण बीजेडी सरकार का
ओडिशा के राजगांगपुर में जिंदल और ओसीएल का प्लांट लगने वाला है. इससे पहले भी वहां लाखों आदिवासी परिवारों को उजाड़ दिया गया। जब वहां के लोगों ने इस अन्याय का विरोध किया, जब वहां के लोगों ने झामुमो के नेतृत्व में विरोध शुरु किया तो हमारी ओडिशा के प्रदेश अध्यक्ष अंजली सोरेन जी को राउरकेला के रेसिडेंसी-इन होटल में हाउस अरेस्ट कर लिया गया। सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि झामुमो किसी भी कीमत पर आदिवासियों की लड़ाई नहीं छोड़ेगी। अब झामुमो का केन्द्रीय नेतृत्व भी उस आंदोलन में शामिल होगा. चंपई सोरेन भी वहां जाएंगे और अगर जरुरत पड़ी तो हेमंत सोरेन और शिबू सोरेन भी उस आंदोलन में शरीक होंगे।
डॉ. अजय कुमार ने मोदी सरकार पर लगाया देश बेचने का आरोप
संजीव कुमार मिश्रा/ उज्ज्वल दुनिया संवाददाता
रांची। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस देश को बेच डाला; चाहे रेलवे स्टेशन हो, एयरपोर्ट हो या बीएसएनएल हो। सब बेच डाला। आने वाले दिनों में और भी कई चीज़ें बिकने वाली है। यह बातें मंगलवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ अजय कुमार ने उज्ज्वल दुनिया संवाददाता संजीव मिश्रा के साथ बातचीत के दौरान कही।
राष्ट्र ध्वज का अपमान बर्दाश्त नहीं
डॉ. अजय कुमार ने आगे कहा कि मोदी के बस दो ही खास मित्र हैं “हम दो और हमारे दो”। उन्होंने कहा कि जिस तरह भाजपा ने राष्ट्रध्वज का अपमान किया, वह बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। जहां पर प्रधानमंत्री मोदी थे, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा जी मौजूद थे उन लोगों की मौजूदगी में राष्ट्रध्वज का अपमान किया गया अगर आज कोई और पार्टी होती तो टीवी चैनलों पर डिबेट होता लेकिन आज कोई इसकी चर्चा नहीं है । इस देश में संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही है। लेकिन अब बहुत हो गया, देश की जनता सब समझ रही है और आने वाले दिनों में देश की जनता भाजपा को सबक सिखाएगी।
बढ़ती बेरोजगारी से नौजवान परेशान
आगे उन्होंने कहा कि दिनोंदिन बेरोजगारी बढ़ रही है 80 करोड़ लोगों को राशन का वितरण किया जा रहा है । इससे साफ पता चलता है कि गरीबी और बढ़ी है। केंद्र सरकार किसानों का कर्ज माफ करने में आनाकानी करती है लेकिन उद्योगपतियों को कर्ज माफी दिया जा रहा है। हिंदू और मुसलमान के नाम पर भाई भाई को लड़ाया जा रहा है।
हमने 30 सालों में 31 करोड़ लोगों से गरीबी रेखा से उपर पहुंचाया, लेकिन मोदी की सरकार ने पिछले सात सालों में दोबारा उन्हे गरीबी रेखा के नीचे पहुंचा दिया। डॉ अजय कुमार ने कहा कि मोदी सरकार का सिर्फ एक ही लक्ष्य है, किसी तरह आम लोगों की जेब से पैसे निकालकर पूंजीपति दोस्तों की जेब तक पहुंचाना ।
इससे पूर्व रांची एयरपोर्ट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया।
देवघर एम्स के ओपीडी और विश्रामगृह के उद्घाटन के बाद संबोधित करते स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडवाडिया
तमाम विवादों, केन्द्र और राज्य सरकार के बीच खींचतान, भाजपा और झामुमो के बीच क्रेडिट लेने की होड़ के बीच आखिरकार देवघर एम्स के ओपीडी और रात्री विश्राम गृह का उद्घाटन हो ही गया। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने इसका वर्चुअल उद्घाटन किया। देवघर एम्स से पूरे संथाल परगना और बिहार के बांका, भागलपुर आदि जिलों के मरीजों को भी बेहतर ईलाज मुहैया हो सकेगा।
राज्य सरकार के प्रतिनिधि के रुप में हफिजुल हसन रहे मौजूद
इस उद्घाटन समारोह में झारखण्ड सरकार के प्रतिनिधि के रुप में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफिज-उल-हसन मौजूद रहे। देवघर एम्स की ओपीडी में मात्र 30 रूपए में रजिस्ट्रेशन होगा, जिससे ओपीडी में 1 वर्ष तक इलाज करा सकेंगे । इसमें 40 कमरे का ओपीडी है । मरीजों को वेटिंग हॉल सहित कई सुविधाएं भी मिलेगी । पैथोलॉजी जांच की सुविधा भी सस्ती दर पर होगी । इसके साथ ही 60 फ़ीसदी तक की छूट पर दवाएं मिलेगी । जानकारी के अनुसार कोरोना की दवा भी उपलब्ध होगी, मरीज की स्थिति बिगड़ी तो उस समय के लिए भर्ती किया जाएगा जो आईसीयू की तरह काम करेगा ।
देवघर एम्स में कार्यक्रम में शामिल हुए सांसद निशिकांत दूबे और हफिज-उल-हसन
संथाल ही नहीं, पूरे अंग प्रदेश के लोगों को फायदा
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडवाडिया ने ओपीडी और रात्री विश्राम गृह के उद्घाटन के मौके पर कहा कि एम्स से इस क्षेत्र के लाखों लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी, साथ ही दूर दराज के क्षेत्र से ईलाज करने आए लोगों को रात्रि विश्राम गृह में ठहरने की सुविधा मिलेगी । उन्होने कहा कि इस एम्स से सिर्फ संथाल के ही नहीं बल्कि समचे अंग प्रदेश के लोगों को सस्ता और बेहतर ईलाज मिल सकेगा।
महाराष्ट्र की राजनीति हिंसक हो चली है। मुंबई, नासिक, पूणे सहित कई शहरों में भाजपा और शिवसेना के कार्यकर्ताओं में हिंसक झड़प की खबर है। कई जगहों पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। कई शहरों से पत्थरबाजी की खबरें हैं, पूणे के मॉल में तोड़फोड़ की गई, मुंबई में शिवसेना-भाजपा की झड़प में दोनों ओर से दर्जन भर कार्यकर्ता हॉस्पीटल पहुंच गए।
शिवसैनिकों के साथ झड़प के बाद एक भाजपा कार्यकर्ता को ले जाती मुंबई पुलिस
क्या है बवाल की वजह ?
दरअसल, स्वतंत्रता दिवस के दिन महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने अपने भाषण के दौरान अपने पीछे खड़े सहयोगी से पूछा था कि भाजरत की आजादी के कितने वर्ष हुए ? इसपर पत्रकारों ने भाजपा की ओर से केन्द्र में मंत्री बने नारायण राणे से सवाल पूछा । जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान पूछे गये सवाल के जवाब में नारायण राणे ने कहा कि उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री हैं और उन्हें यह भी नहीं पता कि भारत कितने साल पहले आजाद हुआ ? बाला साहब ठाकरे होते तो उनके कान के नीचे बजाते ।
अपने मुख्यमंत्री के लिए “कान के नीचे बजाने” की बात सुनते ही शिवसैनिक भड़क उठे। उन्होने इसे उद्धव ठाकरे का अपमान बताया। शिवसैनिकों ने मुंबई में नारायण राणे के जुहू स्थित बंगले, महाराष्ट्र बीजेपी के दफ्तर और भी कई जगहों पर पथराव शुरु कर दिया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता भी भड़क उठे और महाराष्ट्र में जगह-जगह शिवसैनिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हुई, जो अब भी जारी है।
कई शहरों में अगजनी और हिंसा की खबरें,एक-दूसरे की संपत्तियों को पहुंचाया नुकसान
नारायण राणे की गिरफ्तारी के आदेश
महाराष्ट्र पुलिस ने केन्द्रीय मंत्री नारायण राणे की गिरफ्तारी के आदेश दिये हैं । इसपर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए नारायण राणे ने कहा कि पुलिस के पीछे छुपकर वार करते हैं। क्या यही उद्धव ठाकरे की मर्दानगी है। मैं कोई ऐरा-गैरा नहीं कि कोई भी आकर गिरफ्तार कर लेगा, केन्द्रीय मंत्री हूं। नारायण राणे ने कहा कि मैं शिवसेना से नहीं डरता। शिवसेना तो उसी दिन खत्म हो गई थी, जिसदिन मैंने शिवसेना छोड़ा था ।
नंगई नहीं छोड़ी तो घर में घुसकर मारूंगा- नीलेश राणे
उधर, नारायण राणे के बेटे नीलेश राणे ने रत्नागिरी के चिपलूण में शिवसैनिकों की गुंडागर्दी और हिंसा पर कहा कि उनके इसी रवैये के कारण महाराष्ट्र को कोई भी शरीफ आदमी आज खुद को शिवसैनिक कहलाना पसंद नहीं कर रहा। बाला साहब ठाकरे शेर थे तो उनका बेटा गद्दार निकल गया। नीलेश राणे ने यहां तक धमकी दी कि अगर उद्धव ने अपने लोगों को नंगई करने से नहीं रोका तो उन्ही के स्टाइल में जवाब दिया जाएगा । नीलेश राणे ने कहा कि इस बार को गलत आदमी से पंगा ले रहा है, घर में घुस कर मारूंगा ।
नारायण राणे और उद्धव ठाकरे के ईगो की लड़ाई में महाराष्ट्र जलने लगा
मध्य प्रदेश के इंदौर के बाणगंगा इलाके में चूड़ी बेचने वाले हरदोई के युवक गोलू उर्फ मोहन सिंह उर्फ तस्लीम अली से पिटाई से जुड़ा वीडियो आपने जरूर देखा होगा । सोशल मीडिया पर इस दावे के साथ वीडियो को शेयर किया जा रहा था कि मुसलमान होने की वजह से गोलू उर्फ मोहन सिंह उर्फ तस्लीम की भीड़ द्वारा मॉब लिंचिंग की गई ।
6 साल की बच्ची से छेड़छाड़ करने पर लोगों ने की थी चूड़ी वाले की पिटाई, 3 फर्जी वोटर कार्ड भी बरामद
तस्लीम के पास से तीन फर्जी वोटर आई-कार्ड बरामद
पुलिस को युवक के पास तीन फर्जी वोटर आईडी बरामद हुई हैं, जिसे उसने हिंदू नाम से बनवा रखा था । पुलिस ने उसके पास तीन फर्जी वोटर आइडी कार्ड मिलने पर दर्ज किया है । जिस मुहल्ले में तस्लीम की पिटाई हुई थी, वहां के स्थानीय लोगों का कहना था कि वो एक छ साल की बच्ची के साथ गलत हरकतें कर रहा था, इसलिए भीड़ ने उसकीसतलाशी ली, मारपीट की और फिर पुलिस को सौंप दिया । नाबालिग से छेड़छाड़ पर उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मामला दर्ज किया गया है । उधर उसके साथ पिटाई करने वाले तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है ।
तीसरे वोटर कार्ड को उसने जलाने की कोशिश की
पुलिस को मिले तस्लीम के पास से एक पहचान पत्र में तस्लीम नाम लिखा हुआ था, तो वहीं दूसरे पहचान पत्र में अस्लीम नाम लिखा हुआ था । वही एक तीसरा आईडी कार्ड भी उसके पास मिला जिसमें उसका नाम गोलू, पिता मोहन सिंह लिखा हुआ था । भीड़ द्वारा तलाशी लेने के दौरान उसने तीसरा पहचान पत्र जलाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ ने उस पहचान पत्र को छीनकर पुलिस को सौंप दिया ।
PFI के 35 लोगों के खिलाफ केस दर्ज
जब इस मामले की सूचना तस्लीम से जुड़े हुए लोगों को लगी तो उन्होंने देर रात सेंट्रल कोतवाली थाने का घेराव कर दिया । काफी तादाद में सेंट्रल कोतवाली थाने पर कई संदिग्ध संगठनों के लोग पहुंचे । इस पूरे घेराव में एसडीपीआई और पीएफआई से जुड़े हुए लोग भी थे । इंदौर कलेक्टर ने कहा कि इस पूरे मामले को लेकर दोनों संगठनों के ऊपर इंटेलिजेंस की नजर रखी जा रही है । पूरे मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने घेराव करने वाले तकरीबन 35 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है ।
आरबीआई के नए नियम के अनुसार, एक लंबी अवधि तक आपने लॉकर को नहीं खोला तो बैंक आपका लॉकर तोड़ सकते हैं ।
7 साल तक नहीं खुला तो बैंक तोड़ सकते हैं आपके लॉकर
बैंक के लिए नए दिशानिर्देश
रिजर्व बैंक इंडिया (RBI) का सेफ डिपॉजिट लॉकर के संबंध में संशोधित दिशानिर्देश जारी किया है. इस नए दिशानिर्देश में बैंकों को लॉकर खोलने की अनुमति दी गई है, अगर लॉकर लंबे समय तक नहीं खोला गया है. भले ही किराए का नियमित रूप से भुगतान किया जा रहा हो.
आरबीआई ने किया संशोधन
बैंकिंग और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में विभिन्न विकास, उपभोक्ता शिकायतों की प्रकृति और बैंकों और भारतीय बैंक संघ (Indian Banks’ Association) से प्राप्त प्रतिक्रिया को ध्यान में रखते हुए, आरबीआई (RBI) ने हाल ही में सुरक्षित जमा लॉकरों के संबंध में अपने दिशानिर्देशों में संशोधन किया और निष्क्रिय बैंक लॉकरों के संबंध में बैंकों को नए निर्देश भी दिए.
महागामा से कांग्रेस विधायक दीपिका पांडे सिंह ने राज्य की नौकरशाही के रवैये पर एक बार फिर सवाल खड़े किए हैं । उन्होने IAS अफसरों द्वारा बार-बार विधायिका की अवहेलना का मामला उठाया है। कांग्रेस विधायक ने कहा कि ऐसा लगता है कि झारखंड की नौकरशाही को किसी की परवाह नहीं ।
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, चांडिल डैम से प्रभावित विस्थापितों के अनुदान मुआवजा हेतु राशि आवंटन उपलब्ध कराने के संबंध में ईचागढ़ विधायक सविता महतो रांची के नेपाल हाउस में जल संसाधन विभाग के सचिव प्रशांत कुमार से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपने पहुंची थी। अपने ज्ञापन में उन्होने विस्थापितों के पुनर्वास भुगतान के मुआवजा के लिए 70 कोरोड़ रुपये की राशि की मांग की। लेकिन जब विधायक सविता महतो ज्ञापन सौंप रही थीं, तब उस वक्त जल संसाधन विभाग के सचिव प्रशांत कुमार अपनी कुर्सी पर बैठे रहे। यही बात महागामा की कांग्रेस विधायक दीपिका पांडे सिंह को खटक गई ।
चांडिल डैम से प्रभावित विस्थापितों के अनुदान मुआवजा हेतु राशि आवंटन उपलब्ध कराने के संबंध में रांची नेपाल हाउस में जल संसाधन विभाग के सचिव प्रशांत कुमार से मिलकर ज्ञापन सौपा और विस्थापितों के पुनर्वास भुगतान के मुआवजा के लिए 70 कोरोड़ की राशि का मांग किया।@HemantSorenJMMpic.twitter.com/YOXr1EY938
दीपिका पांडे सिंह ने अंग्रेजी में अपने ट्वीट में लिखा है कि एक विनम्र महिला सविता महतो जी जनता के काम से चलकर आई हैं। वे खुद खड़ी हैं, लेकिन जनता के पैसों की सैलरी लेने वाले खड़े होने तक की जरुरत नहीं समझते। भगवान बचाए हमारे राज्य को इन जैसे नौकरशाहों से ।
राउरकेला (ओडिशा) राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की बहन व ओड़िशा झामुमो की प्रदेश अध्यक्ष अंजनी सोरेन को राउरकेला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. जमीन अधिग्रहण का विरोध करने को लेकर उन्हें गिरफ्तार किया गया है. अंजनी सोरेन राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन की बेटी हैं. अंजनी ओड़िशा में विस्थापितों को लेकर लगातार आंदोलन कर रही हैं.
आदिवासियों की जमीन अधिग्रहण का विरोध करने पर गिरफ्तारी
सुंदरगढ़ जिला के राजगांगपुर व कुत्रा ब्लॉक में जिंदल व ओसीएल कंपनी द्वारा आदिवासियों व मूलवासियों का जमीन अधिग्रहण के खिलाफ जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा के लिये सुंदरगढ़ दौरा के दौरान गिरफ्तार किया गया है. इनके साथ पार्टी के एक दर्जन से अधिक नेता व कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है. अंजनी ने कहा कि राजगांगपुर व सुंदरगढ़ जिला में जमीन अधिग्रहण के खिलाफ आंदोलन करती रहेंगी.
सीएम हेमंत सोरेन ने कार्रवाई को बताया असंवैधानिक
बहन की गिरफ्तारी के बाद झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने ओडिशा सरकार से फोन पर बातचीत की। हालांकि ये पता नहीं लग सका है कि उनवी नवीन पटनायक से बात हुई या नहीं। लेकिन हेमंत सोरेन ने ओडिसा प्रशासन द्वारा बहन की गिरफ्तारी को असंवैधानिक करार दिया है। उन्होने अपने संदेश में कहा कि जहां भी आदिवासियों के साथ ज्यादादती होगी, हम उस दमन के खिलाफ खड़े होंगे। झामुमो पूरी तरह अंजनी सोरेन के संघर्ष के साथ है।
बबलू के परिवार वालों ने पीएम मोदी और भारत सरकार को बारम्बार धन्यवाद दिया
बेरमो। अफगानिस्तान पर तालिबान का नियंत्रण होने के बाद काबुल की स्थिति बहुत खतरनाक होते जा रही है। ऐसे समय में भारत ने अफगानिस्तान में रह रहे अपने सभी भारतीयों को सुरक्षित वापसी के लिए बड़ा अभियान चलाया है। इसी क्रम में बोकारो जिले के बेरमो कोयलांचल स्थित गांधी नगर थाना क्षेत्र स्थित अपने घर पहुंचने पर बबलू का लोगों ने ढोल नगाड़े के साथ फुल माला के साथ स्वागत किया।
मैं मरते दम तक खुद को पाकिस्तानी नहीं कहूंगा- बबलू
इस बीच बबलू काफी भावुक हो गया। उन्होंने कहा कि वहां कि स्थिति काफी भयावह है और चारों तरफ दहशत का माहौल है। हर कोई वहां से भागना चाह रहा है। दो-तीन बार तालिबानी लड़ाके उनके गेस्ट हाउस में भी आए। उसी बीच वहां कुछ लोगों ने कहा कि जब तुमसे पूछे तो बताना कि मैं पाकिस्तानी हूं लेकिन उन्होंने साफ मना करते हुए कहा कि मैं अपने आप को पाकिस्तानी नहीं कहूंगा। मैं अपने वतन भारत का हूं और मैं भारत का ही कहूंगा इसके लिए चाहे वह मेरे साथ जो सलुख करें।
वतन वापसी की सूचना पाकर अग्रवाल कल्याण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष सह झामुमो नेता अनिल अग्रवाल उनके आवास पर गए और उनको मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया। श्री अग्रवाल ने वतन वापसी के इस प्रयास के लिए भारत के प्रधानमंत्री और झारखंड के मुख्यमंत्री को बधाई दी।
पीएम मोदी को दिया धन्यवाद
अफगानिस्तान पर तालिबान का कब्जा होने पर अफगानिस्तान में फंसे भारतीयों सहित बेरमो के गांधीनगर क्षेत्र निवासी बबलू को सकुशल भारत लाए जाने पर भाजपा के पूर्व सांसद रवींद्र कुमार पांडेय, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता राजेश कुमार सिंह, वैभव चौरसिया, झामुमो उलगुलान के केंद्रीय महासचिव बेनीलाल महतो, केंद्रीय सचिव दिगंबर महतो, नरेश महतो, नगर अध्यक्ष बीरन लोहार, युवा व्यवसायी संघ फुसरो के अध्यक्ष आर उनेश, भाजपा के दिनेश सिंह, अनिल गुप्ता आदि ने प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी को बधाई दी है।
रांची। झारखंड पुलिस मुख्यालय ने 84 एएसआई रैंक के पदाधिकारियों तबादला किया है।
286 एएसआई रैंक के पुलिस पदाधिकारियों ने तबादले के लिए पुलिस मुख्यालय में आवेदन दिया था। इनमें सिर्फ 84 पुलिसकर्मियों का ही तबादला हुआ। बाकी 202 पुलिसकर्मियों के आवेदन को अस्वीकृत कर दिया गया।
इससे संबंधित अधिसूचना झारखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा सोमवार को जारी की गयी है।
हजारीबाग। जिले के कटकमसांडी मुख्य सड़क पर हटकौना घाटी से पप्पू यादव नामक युवक का अपहरण कर भाग रहे अपराधियों को कटकमसांडी पुलिस ने तीन घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
घटना सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे की बताई जाती है। अपहृत युवक पप्पू यादव पियूष यात्री वाहन का चालक है। बताया गया कि वह पियुष नामक सवारी गाड़ी में सवारी लेकर रोज की भांति हजारीबाग की ओर जा रहा था। इस बीच दो बाइक पर सवार तीन अपराधी पहले से घात लगाकर हटकौना घाटी में बैठे थे। चालक जैसे ही घाटी पर सवारी गाड़ी लेकर पहुंचा, अपराधियों ने चालक पप्पू यादव को गाड़ी से उतार अपनी बाइक पर बैठाकर हजारीबाग की ओर भाग गए।
बाद में अपराधी उसे लेकर बहिमर चौक से डांड़ होते हुए इचाक के रास्ते बरही की ओर भाग गए। अपहरण की खबर मिलते ही कटकमसांडी थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी दल-बल के साथ पीछा कर तीन अपराधियों को बरही-बरकट्ठा रोड पर धर दबोचा और अपहृत युवक को कब्जे में ले लिया। उन्होंने बताया कि अपहर्ता पुलिस की गिरफ्त में हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है। चालक के अपहरण के पीछे क्या वजह है, यह पूछताछ के बाद ही पता चलेगा।
झारखंड में अस्पतालों को सरकार की ओर से शायद लूट की खुली छूट मिली है। आप चाहें तो बुखार के लिए मरीज के घर-बार लिखवा लें, कहीं कोई रोकने वाला नहीं। इन धनपिपासुओं को ऊपर से मेडिकल प्रोटेक्शन बिल भी चाहिए ताकि कोई इन लूटेरों पर सवाल नहीं उठा सके।
रांची का भगवान महावीर मेडिका सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल
रांची की रहने वाली रिजिश्वा पेट दर्द की मामूली शिकायत लेकर भगवान महावीर मेडिका सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पीटल पहुंची। वो 24 घंटे से भी कम समय तक भर्ती रहीं, लेकिन उनको 31 हजार का बिल थमा दिया गया। रिजिश्वा का कहना है कि न कोई ऑपरेशन हुआ न ही किसी तरह की कॉम्पलेक्सिटी थी। फिर भी तरह-तरह की जांच के नाम पर भारी-भरकम बिल थमा दिया गया।
मेडिका ने पेट दर्द की शिकायत पर करीब 31 हजार रुपये का बिल बनाया
मुख्यमंत्री से ट्विटर पर की शिकायत
पीडि़ता ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ट्विटर पर टैग करते हुए लिखा है कि कोई तो नियंत्रण होना चाहिए ? उन्होने अपने ट्विटर वाल पर बिल की कॉपी संलग्न करते हुए लिखा
हेमंत सोरेन सर,
राखी के दिन कल पेट दर्द की इमरजेंसी हालत में मेडिका में भर्ती हुई थी। 24 घण्टे से भी कम रही, और बिल 31 हजार ₹ का बना दिया। ऐसे-ऐसे चीजों के भी पैसे लिए, जो मिले भी नहीं- जैसे मास्क, टॉवल आदि। अल्ट्रासाउंड तक गलत किया, पैसे पूरे लिए. कृपया संज्ञान लें।
सोशल मीडिया पर रांचीवासी जता रहे विरोध
मेडिका की इस लूट पर सोशल मीडिया में लोग तरह-तरह से अपना आक्रोश जता रहे हैं। कांग्रेस नेता अतुल गेरा ने लिखा है कि अफसोस की बात ये है कि उन्होने अपने अस्पताल का नाम तो भगवान महावीर के नाम पर रखा है लेकिन उनका मकसद सिर्फ और सिर्फ पैसे बटोरना है। कहीं जरा सी भी सेवा की भावना नहीं दिखती ।
अशोक कुमार नाम के एक ट्विटर यूजर लिखते हैंः
ये दिन के उजाले में सरेआम डाका डालने की तरह है। सरकार को एक ऐसा नियम बनाना चाहिए कि प्राइवेट अस्पताल सरकारी अस्पतालों की तुलना में ज्यादा से ज्यादा 20 फीसदी अतिरिक्त चार्ज कर सकते हैं।
पत्रकारों और बुद्धिजीवियों ने भी जताया रोष
मेडिका की इस हरकत पर शहर के पत्रकारों और अन्य बुद्धीजीवियों ने भी नाराजगी जताई है। टाइम्स ऑफ इंडिया के पत्रकार मुकेश लेखते हैं कि
एक दिन से भी कम समय तक एडमिट होने पर 30 हजार से ऊपर का बिल! और आप इसको लूट भी नहीं कर सकते । और हम इन लोगों के लिए मेडिकल प्रोटेक्शन बिल की मांग कर रहे हैं ?
रांची के वरिष्ठ पकार अनिमेश नचिकेता लिखते हैंः
बिना पूछे कर देते हैं हजारों रुपये के जांच। ऐसी ऐसी चीजों के बिल जोड़े, जो मरीज को दिए तक नहीं। रांची का मेडिका भगवान महावीर के नाम वाला यह हॉस्पिटल बस लोगों को लूट रहा है। न किसी से डर और न शासन का इकबाल, जरा भी इसे…।
कोल्हान विश्वविद्यालय में संथाली, हो, कुडुख, कुरमाली तथा मुंडारी भाषा की पढ़ाई के लिए शिक्षकों के पद सृजन की हेमन्त सोरेन ने स्वीकृति दी
कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा के अंतर्गत आने वाले अंगीभूत महाविद्यालयों और स्नातकोत्तर केंद्रों में संथाली हो कुडुख, कुरमाली तथा मुंडारी भाषा के संचालन के लिए शिक्षकों के पद सृजन संबंधी प्रशासी पदवर्ग समिति के लिए संलेख प्रस्ताव को मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने स्वीकृति दे दी है। राज्य के विश्वविद्यालयों में क्षेत्रीय एवं जनजातीय भाषा की पढ़ाई सुनिश्चित करने की दिशा में सरकार के द्वारा यह कदम उठाया जा रहा है ।
कुल 159 शिक्षकों के पद किए जाने हैं सृजित
कोल्हान विश्वविद्यालय में क्षेत्रीय एवं जनजातीय भाषा के अंतर्गत संथाली, हो, कुडुख, कुरमाली तथा मुंडारी भाषा में कुल 159 शिक्षकों के पद सृजन का प्रस्ताव है ।इसमें सहायक अध्यापक के 147, सह प्राध्यापक के 8 और प्राध्यापक के 4 पद शामिल हैं
महाविद्यालयों एवं स्नातकोत्तर केंद्रों में कितने पदों का होना है सृजन
विश्वविद्यालय के अंतर्गत आनेवाले 14 अंगीभूत महाविद्यालयों में 135 शिक्षकों के पद सृजन का प्रस्ताव है । इसमें कुडुख भाषा में 6, संथाली भाषा में 39, हो भाषा में 39, कुरमाली भाषा में 39 और मुंडारी भाषा में 12 शिक्षकों के पद का सृजन होना है । वही, स्नातकोत्तर केंद्रों में संथाली, हो, कुरमाली और मुंडारी भाषा में 6-6 पद समेत कुल 24 शिक्षकों के पद सृजित किए जाने हैं ।
उद्योग सचिव पूजा सिंघल अब झारखण्ड खनिज विकास निगम लि. की प्रबंध निदेशक भी
रांची। उद्योग सचिव पूजा सिंघल को अपने कार्यों के अतिरिक्त झारखण्ड खनिज विकास निगम लि. का प्रबंध निदेशक भी बनाया गया है । शैलेश चौरसिया और किरण कुमार पासी के विभाग की अदला-बदली हुई है । राज्य परियोजना एवं मध्याह्न भोजन के निदेशक शैलेश चौरसिया को परिवहन आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है । वहीं परिवहन आयुक्त के पद पर पदस्थापित किरण कुमार पासी को राज्य परियोजना निदेशक (सर्व शिक्षा अभियान) बनाया गया है। किरण कुमार पासी अगले आदेश तक अपने कार्यों के अतिरिक्त प्राथमिक शिक्षा, मध्याह्न भोजन प्राधिकार एवं जेसीइआरटी के निदेशक की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है ।
दो आइएएस अधिकारियो का तबादला, एक को अतिरिक्त प्रभार