
दोस्त ने किया अपहरण, मांगे थे 20 लाख, 21 घंटे के अंदर जीएलए काॅलेज के पास से अपहृत दिलकश बरामद
दोस्त ने किया अपहरण, मांगे थे 20 लाख
21 घंटे के अंदर जीएलए काॅलेज के पास से अपहृत दिलकश बरामद

मेदिनीनगर (उज्ज्वल दुनिया)। रेहला थाना क्षेत्र के डंडीला गांव निवासी दिलकश रौशन को पलामू पुलिस ने अपहरण की घटना के 21 घंटे के अंदर सकुशल बरामद कर लिया है। इस कांड में एक आरोपी पाटन थाना क्षेत्र के रबदी गांव निवासी आशुतोष पांडेय पिता चंद्रभूषण पांडेय को पुलिस ने मौके पर से गिरफ्तार किया है। वहीं दो अपराधी अंशु सिंह व कमल सिंह भाग गये। अपराधियों के बीच गुत्थमगुत्थी में टाइगर मोबाइल का एक जवान अनिल पासवान घायल हो गये। उनका इलाज स्थानीय एमएमसीएच में चल रहा है। आशुतोष के पिता पाकुड़ में हवलदार के पद पर कार्यरत हैं। वहीं फरार अभियुक्त अंशु सिंह लातेहार के बरवाडीह में सांसद प्रतिनिधि जयवर्द्धन सिंह हत्याकांड में शामिल रहा है। इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में पलामू एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि अपहृत दिलकश अभियुक्त अंशु सिंह का दोस्त था और उसने मिलने के बहाने उसे डंडीला गांव से चियांकी बुलाया था। अंशु के कल शाम 4.30 बजे चियांकी पहुंचने के बाद उसे और आगे दुबियाखांड़ बुलाया। इसके बाद अंशु वहां से दिलकश को जंगल में ले गया। जंगल में ले जाने के बाद वहां दो और लोग मिले, जिसके बाद दिलकश को पता चला कि उसका अपहरण हो गया है। दिलकश के पिता हिदायतुल्ला अंसारी प्रधानाध्यापक हैं और उनसे अंशु के ही मोबाइल से वीडियो काॅलिंग कर अपराधियों ने 20 लाख की फिरौती मांगी। इस दौरान अपराधी उसके कनपटी में रिवाल्वर सटाये हुए थे और उसके साथ मारपीट भी कर रहे थे। इस बीच अपराधियों ने कई बार काॅल किया और सौदा 5.50 लाख पर तय हुआ। इधर, दिलकश के भाई दिलशाद ने मामले की सूचना पुलिस को दी। इस बीच दिलकश के परिजनों ने वीडियो काॅलिंग कर अपराधियों को बताया कि पैसा तैयार है स्थान बताइये। अपराधी आज दोपहर पैसा लेने के लिये स्थानीय जीएलए के पीछे स्थित झाड़ी के पास पहुंचे। इस दौरान पुलिस भी सादे ड्रेस में वहां तैनात थी। अपराधी जैसे ही झाड़ी से निकलकर पैसा लेने के लिये निकले, पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। इस बीच हाथापाई कर दो अपराधी भाग निकले। इस बीच आरोपी आशुतोष दिलकश को मारपीट करने के साथ ही पुलिस का भी धौंस दिखा रहा था। एसपी श्री सिन्हा ने बताया कि अपराधियों के पास से मोटरसाइकिल(जेएच01डीएल5843) व आरोपियों का मोटरसाइकिल(जेएच03 जेड3440) बरामद किया गया है। इस पूरी कार्रवाई में शहर थाना प्रभारी अरूण कुमार महथा, पुअनि पप्पू कुमार मेहता, वरूण कुमार, सौरभ कुमार, टीओपी टू प्रभारी रामजीत सिंह, टीओपी वन के जवान अजित पासवान, अनिल कुमार यादव व जावेदन अंसारी शामिल थे।
धार्मिक स्थलों को खोलने की अनुमति दे सरकार

रांची : झारखंड में धार्मिक स्थल छोड़कर सभी चीजें खुल गयी हैं। यह बात समझ से परे है। मंदिरों के नहीं खुलने से जहां धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं, वहीं बड़ी संख्या में इनसे जुड़े लोग बेरोजगारी से शिकार हो गये हैं। उनके परिवारों का लालन-पालन मुश्किल हो गया है। ये बातें झाारखं के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कही ।
पूरे देश में धार्मिक संस्थाओं को खोल दिया गया, तो झारखंड में क्यों नहीं?
उन्होंने कहा कि देश के दूसरे शहरों में बड़े मंदिर भी भक्तों के लिए खोल दिये गये हैं। पुरी का जगन्नाथ धाम हो या उज्जैन का महाकालेश्वर मंदिर समेत अन्य प्रमुख मंदिर भक्तों के लिए खोल दिये गये हैं। आज मथुरा-वृंदावन, द्वारका सभी स्थानों पर कृष्ण जन्माष्टमी धुमधाम से मनायी जायेगी, लेकिन झारखंड में हेमंत सरकार के तानाशाही रवैये के कारण यहां के कृष्ण भक्त मायुस ही रहेंगे। झारखंड में द्वादर्श ज्योतिर्लिंग बाबा बैद्यनाथ मंदिर से जुड़े पूजारी व दुकानदार आंदोलन कर रहे हैं। मां छिन्नमस्तिका के द्वारा खुलाने के लिए लोग आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन इससे संवेदनहीन हेमंत सरकार का कोई सरोकार नहीं है।
क्या हेमन्त सरकार में कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराने की क्षमता नहीं ?

यह सही है कि कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है, लेकिन कोरोना नियमों का पालन करते हुए जब देश के दूसरे बड़े मंदिर खोले जा सकते हैं, तो झारखंड के मंदिर क्यों नहीं खोले जा रहे हैं। क्या हेमंत सरकार के पास कोविड प्रोटोकॉल को लागू कराने की क्षमता या योग्यता नहीं है। मेरी मांग है कि कोविड प्रोटोकोल का पालन कराते हुए मंदिरों व धार्मिक स्थलों को खोलने की अनुमति देनी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं द्वारा भीड़ इकट्ठा करने पर भी सवाल
सत्ताधारी दलों के नेताओं के स्वागत में कोविड प्रोटोकॉल की धज्जियां उड़ायी जाती हैं, उनक मंत्री भीड़ इक्कठा कर भाषण देते हैं, उस समय हेमंत सोरेन सरकार को कोरोना की याद नहीं आती है। उन पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। क्या तब कोरोना नहीं फैलता है ।
नवरात्र को लेकर भी तुस्टीकरण का आरोप
रघुवर दास ने कहा कि नवरात्र आनेवाले हैं। एक महीने का ही समय बचा हुआ है, लेकिन नींद में सोई हेमंत सोरेन सरकार ने दुर्गा पूजा पर अब तक कोई निर्णय नहीं लिया है। पूजा-पंडाल वाले उनसे आग्रह कर रहे हैं, लेकिन हेमंत सोरेन सरकार की प्राथमिकताएं दूसरी हैं। हेमंत सरकार के तानाशाही रवैये का हिंदू समाज विरोध करता है। सरकार ने शीघ्र कोई निर्णय नहीं लिया, तो भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर कर इसका विरोध करेंगे।
देवघर के पंडे
बाबा वैद्यनाथ धाम के पंडे-पुजारी आज हड़ताल पर हैं। ब्राह्मण समाज को धरना देना पड़ रहा है । दुकानें बंद हैं और व्यापारी पंडा-पुरोहितों के साथ खड़े हैं। सबकी मांग बस एक है कि बाबा वैद्यनाथ मंदिर भक्तों के दर्शन के लिए खोल दिए जाएं । सरकार चाहे तो दर्शनार्थियों से कोविड प्रोटोकॉल का पालन करा ले, लेकिन बाबा का दरबार शिवभक्तों के लिए खोल दे।

हजारों परिवारों के समक्ष भूखमरी की स्थिति
देवघर की अर्थव्यवस्था बहुत हद तक बाबा वैद्यनाथ मंदिर पर आश्रित है। पिछले दो सालों से मंदिर बंद हैं, लाखों की संख्या में बाबा के दर्शन को पहुंचने वाले भक्त वैद्यनाथ धाम नहीं आए हैं। दो-दो सावल मेला सन्नाटे में गुजर गया। हजारों परिवार पिछले दो सालों से कमाई नहीं होने के कारण परेशान हैं, उनके समक्ष भूखो मरने की स्थिति है।

बंद के दौरान दुकानें खोलने वालों का सामाजिक बहिष्कार
देवघर बंद का व्यापक असर दिख रहा है। सड़कों पर वाहन नहीं चल रहे हैं। सड़क और गलियों में सन्नाटा पसरा हुआ है। इस सन्नाटे को बीच-बीच में पुलिस की चहलकदमी तोड़ रही है। पंडा धर्मरक्षिणी सभा ने एलान किया है कि जो दुकानदार बंद का विरोध करते हुए अपनी दुकानें खोलेंगे, उनका सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा । पंडा धर्मरक्षिणी सभा का समर्थन देवघर के व्यवसायिक संघ और अन्य सामाजिक संगठन भी कर रहे हैं।
बंद को देखते हुए प्रशासन अलर्ट, हर चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात
बंद के एलान से सतर्क जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रणनीति बनाते हुए जगह जगह सुरक्षा बल को तैनात कर दिया है। मंदिर की गलियों में भी पहरा लगा दिया गया है। बंद को विफल करने की कोशिश के बीच टावर चौक पर बज्र वाहन के साथ सुरक्षा बल तैनात हैं। अभी पूरा सन्नाटा दिख रहा है। दुकान खोलने को लेकर कोई चहल पहल भी नहीं है।
पाकिस्तान के रास्ते भारत से व्यापार करना चाहता है तालिबान

तालिबान भारत के साथ कारोबार करना चाहता है। तालिबान के राजनीतिक विंग के प्रमुख शेर अब्बास तानिकजई (Sher Abbas Stanikzai) ने कहा कि तालिबान चाहता है कि अफगानिस्तान के साथ भारत के रिश्ते उसी तरह जारी रहें जैसे पिछले डेढ़ दशक से चल रहे थे ।
शेर अब्बास तानिकजई (Sher Abbas Stanikzai) ने टेलीविजन चैनलों पर कहा कि भारत इस एरिया का महत्वपूर्ण देश है । अफगानिस्तान और भारत के बीच आर्थिक और सांस्कृतिक रिश्ते बहुत पुराने हैं। हम 1947 से पहले वाला ट्रेड रूट फिर से बहाल करना चाहते हैं। हम पाकिस्तान के रास्ते सड़क मार्ग से भारत के साथ व्यापार करना चाहते हैं। इससे तीनों देशों को फायदा होगा।
इंडियन मिलिट्री अकादमी में ट्रेनिंग ले चुका है तालिबानी कमांडर शेर अब्बास तानिकजई (Sher Abbas Stanikzai)
शेर अब्बास तानिकजई तालिबान के वो सात शीर्ष कमांडर हैं जिनपर देश चलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। लेकिन शेर अब्बास तानिकजई का भारतीय कनेक्शन भी है । ये 1982 बैच के मिलिट्री एकेडमी से पासआउट हैैं। इनके बैैैचमेट प्यार से इन्हें “शेरू” कहकर बुलाते थे।
Some photos of Sher Mohammed Abbas Stanekzai during his days at Indian Military Academy courtesy his coursemate @sandythapar
1. Standing first from left.
2. Standing fourth from left. pic.twitter.com/tQSB2kJ5EA— Rezaul Hasan Laskar (@Rezhasan) August 20, 2021
शेर अब्बास तनिकजई उन 45 विदेशी कैडेट्स में शामिल थे, जिनका चयन भारतीय मिलिट्री एकेडमी के भगत सिंह बटालियन के लिए हुआ था । इनके बैैैचमेट बताते हैं कि शेरू आम लड़का था, जिसका धार्मिक कट्टरपंथ की ओर कोई झुकाव नहीं था ।
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र जी का रांची प्रवास कई मायनों में अहम है
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र जी रांची के प्रवास पर हैं। आम बोलचाल की भाषा में इसे दौरा कहा जाता, लेकिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ा कोई “संघ दीक्षित” प्रचारक इसे प्रवास कहना ज्यादा पसंद करेंगे। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र जी आरएसएस परिवार के माहौल में पले बढ़े और संगठन को सर्वोच्च मानकर चलने वाले प्रचारक रहे हैं। वे अच्छे संगठनकर्ता हैं, लेकिन झारखंड भाजपा में उन्हें नये तरह का अनुभव हो सकता है। संघ की शिक्षा है- “राष्ट्र प्रथम, संघ (परीवार) द्वीतिय और ‘मैं’ सबसे अंत में” । लेकिन झारखंड भाजपा में मेरा अहं सबसे पहले, असके बाद मैं और मेरे लोग और अंत में संगठन और पार्टी ।

गुटों में बंटी भाजपा और पार्टी से पहले स्वयं के अहं का भाव
अभी हाल ही में भाजपा के संगठन महामंत्री बीएल संतोष जी ने झारखंड भाजपा के एक दिग्गज को समझाया था कि “संगठन आपके हिसाब से नहीं चलेगा, आपको संगठन के अनुसार चलना होगा” । अब उस बड़े नेता पर बीएल संतोष जी की बात का कितना असर हुआ ये तो वक्त बताएगा, लेकिन इशारा साफ था कि “ऊपर वाले” को सब मालूम है कि यहां कौन क्या कर रहा है। धर्मपाल जी के रहते नागेन्द्र जी को जिम्मेदारी मिली है तो इसकी भी कोई वजह रही होगी। क्योंकि संघ और बाजपा में कोई काम अकारण नहीं होता। पार्टी को संतरे की फांक की तरह करने वाले (ऊपर से एक लेकिन अंदर से अलग-अलग) समझ लें तो बेहतर ।

नागेन्द्र जी को पुराने वाले संघी ज्यादा भाते हैं, नये जमाने वाले थोड़े कम
नागेन्द्र जी के साथ काम करने वाले लोग बताते हैं कि भाजपा के नवनियुक्त क्षेत्रीय संगठन महामंत्री सरल,सादे और मिलनसार हैं, लेकिन इन्हें कोई तिकड़म या टैंट्रम से भरमा नहीं सकता। खूब पके-पकाये खिलाड़ी हैं। ये कुछ-कुछ पुराने जनसंघी की तरह है । जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं के साथ रहना पसंद करते हैं और धन-प्रदर्शन करने वालों के सख्त खिलाफ हैं। अभी तो वे क्षेत्रीय संगठन महामंत्री बनने के बाद पहली बार आए हैं, थोड़ा माहौल का अंदाजा लेंगे । लेकिन वे ऊपर फिडबैक पूरा मुकम्मल देंगे और दुरुस्त करने मैें कोई रहम नहीं बरतेंगे , इतना यकीन है।
आदिवासी समाज को झामुमो

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में झामुमो-कांग्रेस के सैकड़ो जनजाति कार्यकर्ताओं ने पार्टी में हुए शामिल। सभी का स्वागत करते हुए भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार से 19 माह में ही आदिवासी समाज का मोह भंग हो चुका। अबुआ देश, अबुआ राज की बात करने वाले मुख्यमंत्री के राज में सबसे ज्यादा आदिवासियों की हत्याएं हो रही है। हेमंत सोरेन के सत्ता बनते ही चाईबासा में आदिवासियों की हत्या हुई, सिध्दों-कान्हो के वंशज रामेश्वर मुर्मू की हत्या हुई।
रूपा तिर्की के पिता को ही आरोपी बना दिया
उन्होने कहा कि आदिवासी समाज की होनहार पुलिस बेटी रूपा तिर्की की हत्या हुई। इस हत्या में उनके विधायक प्रतिनिधि का नाम होने के बावजूद वह सरकार के संरक्षण में खुले आम घूम रहे है।पूरे आदिवासी समाज की सीबीआई जांच की मांग को अनसुना कर इसके उलट रूपा के पिता को ही आरोपित बना दिया।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई पाहन,पुजार मानकी,मुंडा आदिवासी समाज के अगुवा के मिलने वाले मानदेय राशि को भी हेमन्त सरकार ने बंद कर दिया। सरना स्थल,जाहेर थान का पिछले सरकार ने सौंदर्य का कार्य शुरू करवाया था, जिसे इस सरकार से बंद कर दिया। इन सब बातों को लेकर आदिवासी समाज मे राज्य सरकार के खिलाफ जबरजस्त रोष है । इसलिए झामुमो-कांग्रेस के जनजाति नेता-कार्यकर्ता लगतार पार्टी छोड भाजपा में शामिल हो रहे है।
आजादी के बाद पहली बार मोदी जी ने 8 आदिवासी मंत्री बनाए- समीर उरावं
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद समीर उराँव ने मिलान समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि देश आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनजाति समाज को साथ मे लेकर सबका साथ,सबका विकास,सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र के साथ तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है।भारत का सांस्कृतिक गौरव पुनः स्थापित हो रहा। जनजाति के सांस्कृतिक धरोहर को पुनर्जीवित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मंत्रिमंडल में 8-8 जनजाति समाज के सांसद को केंद्रीय मंत्रिमंडल में मंत्री बनाकर जनजाति समाज को सम्मान देने का काम किया है,इसके लिए जनजाति समाज मोदी जी के प्रति आभार प्रकट करती है।

मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शिवशंकर उराँव ने कहा कि जनजाति मोर्चा के कार्यकर्ता पार्टी के नीति-सिद्धांतों को जनजाति समाज के बीच जाकर लोगो को पार्टी से जोड़ने का कार्य करे। साथ ही समाज के बीच राज्य सरकार के आदिवासी विरोधी निर्णय को बताने का कार्य करेंगे।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष गंगोत्री कुजूर, महामंत्री आदित्य साहू, रामकुमार पाहन, अशोक बड़ाईक, बिंदेश्वर उराँव, आनंद मुर्मू, रवि मुंडा, अर्जुन मुंडा, रोशनी खलखो उपस्थित थे।
पार्टी में शामिल होने वालों में कांग्रेस एसटी सेल बोकारो के पूर्व अध्यक्ष अशोक सोरेन, हरिदास मुर्मू, हीरालाल मुर्मू, संतोष करमाली, आशीष कुमार, जीतराम हांसदा, झामुमो से पशुपति मांझी, शिवराम मुर्मू, मिहिर मांझी, सोहन मुर्मू, सुनील हेम्ब्रम, लखिन्द्र किस्कु,परमेश्वर मांझी,रामधन टुडू,लालचंद मुर्मू, प्रदीप मुर्मू सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए।
खेल दिवस के उपलक्ष में क्रीड़ा भारती पलामू के द्वारा एकदिवसीय फुटबॉल मैच आयोजित
खेल दिवस के उपलक्ष में क्रीड़ा भारती पलामू के द्वारा एकदिवसीय फुटबॉल मैच आयोजित
पत्रकार एकादश ने शून्य के मुकाबले एक गोल से मैच को अपने नाम किया

मेदिनीनगर (उज्ज्वल दुनिया)। बिरसानगर शाहपुर स्थित सहोदय विद्यालय में खेल दिवस के उपलक्ष में क्रीड़ा भारती पलामू के तत्वधान में पत्रकार एकादश एवं शिक्षक एकादश के बीच एक दिवसीय मैत्री फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया। मैच के मुख्य अतिथि पलामू के समाजसेवी सोनू सिंह नामधारी तथा पलामू क्रीडा भारती के संयोजक सह पलामू प्रभारी श्याम बाबू, सचिव सुमित कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम को प्रारंभ किया। अतिथियों ने खेल दिवस एवं भारत के प्रसिद्ध हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के विषय में प्रकाश डालते हुए कहां की आज की खिलाड़ियों को मेजर ध्यानचंद से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। मुख्य अतिथि सोनू सिंह नामधारी ने कहा कि पलामू में खेल की असीम संभावनाएं हैं बस खिलाड़ियों को उपयुक्त अवसर मिलना बाकी रह गया है। मौके पर श्याम बाबू ने कहा कि क्रीड़ा भारती पलामू के प्रतिभाओं को खेल के क्षेत्र में उपयुक्त प्लेटफार्म प्रदान करेगी। मौके पर हिंदुस्तान अखबार के वरिष्ठ पत्रकार सतीश सुमन ने पत्रकारों को खेल के क्षेत्र में भी अच्छे प्रदर्शन के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि पत्रकार सभी क्षेत्रों में आज अपनी प्रतिभा को लोहा मनवा रहे हैं। तत्पश्चात अतिथियों के द्वारा सभी खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त करते हुए अतिथियों ने फुटबॉल को किक करके मैच प्रारंभ किया गया। पत्रकार एकादश के कप्तान प्रभात खबर के पत्रकार शेखर सिंह ने टॉस जीता। पलामू शिक्षक कप्तान शिक्षाविद राहुल चतुर्वेदी ने साइड लेने का फैसला लिया।


30 मिनट के हाफ चांस तक दोनों ही टीमें 0-0 की बराबरी पर रही। दोनों ही तरफ से गोल करने के कई मौके बने परंतु कोई टीम बढ़त बनाने में सफल नहीं हो सकी। मध्याह्न के बाद दोनों ही टीमें कुछ खिलाड़ियों में परिवर्तन करते हुए एक बेहतर रणनीति के साथ मैदान में उतरी। पत्रकार एकादश के तरफ से उज्जवल दुनिया न्यूजपेपर के ब्यूरो प्रमुख नंद किशोर भारती, संवाददाता आफताब आलम उत्कल मेल के ब्यूरो प्रमुख अजीत पाठक, भास्कर के संवाददाता धर्मेंद्र जायसवाल एवं पत्रकार एकादश के कप्तान शेखर सिंह ने मध्यान्ह के बाद काफी आक्रमक खेल खेलते हुए मध्यान्ह के लगभग 10 मिनट के बाद ही मैदानी गोल दागकर पलामू शिक्षक एकादश को सकते में डाल दिया। शिक्षकों की तरफ से ऑक्सब्रिज स्टार के निदेशक कप्तान राहुल चतुर्वेदी, डिवाइन एकेडमी के निदेशक एसपी दुबे, एस एल ए स्कूल के निदेशक मुकेश अग्रवाल तथा ओरिएंट स्कूल के प्राचार्य धीरज मेहता ने ऑफेंसिव गेम खेलते हुए गोल करने की कई मौके बनाए परंतु अंततः सफल नहीं हो सके। पत्रकार एकादश ने एक गोल की बढ़त बनाने के बाद शिक्षक एकादश पर अपना दबदबा बनाए रखी और अंत तक एक गोल की बढ़त के साथ मैच अपने नाम करने में सफल होगई। शिक्षक एकादश ने भी पूरे जोशो खरोश के साथ अपना प्रतिभा को साबित की परंतु अपने एक गोल की हार से अपने आप को नहीं बचा सकी। अंत में मैच के विजेता पत्रकार एकादश को विनिंग कप तथा उपविजेता को रनर कप देकर सम्मानित किया गया। मौके पर पत्रकार एकादश के तरफ से थर्ड आई ऑफ झारखंड के संपादक दिलीप कुमार, पत्रकार संजीत यादव, धर्मेंद्र जायसवाल, अजीत पाठक, अनिल चैधरी, शमशेर आलम, छोटू तथा शिक्षक एकादश की तरफ से आरएन सिंह, खेल शिक्षक सनत चटर्जी, अभिषेक कुमार, चंदन कुमार, कौशल कुमार सहोदय विद्यालय के प्राचार्य आदि लोग उपस्थित थे। रैफरी के रूप में मुख्य रूप से दीपेंद्र कुमार सिंह थे।
कार्यकर्ताओं को केंद्र बिंदु में रखकर करेंगे काम

- खाली मंत्री पद पर कांग्रेस विधायक को मिल सकती है जिम्मेवारी
- 20 सूत्री एवं निगरानी समिति में कार्यकर्ताओं को मिलेगा स्थान
- झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर से बातचीत
- कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के जन्मदिन पर उनसे खास बातचीत
बोकारो । कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद प्रथम बार बोकारो स्थित अपने घर पहुंचे राजेश ठाकुर ने बातचीत करते हुए अपनी प्राथमिकताओं पर विस्तार पूर्वक चर्चा किया । उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को केंद्र बिंदु में रखकर काम करेंगे । जिस तरह आलाकमान ने एक छोटे कार्यकर्ता को बड़ी जिम्मेदारी दी है उसी तरह झारखंड के अंदर कार्यकर्ताओं को भी जिम्मेवारी मिलेगी ।
राजेश ठाकुर ने कहा कि आमतौर पर लोग जिम्मेवारी मिलकर अपने आपको केंद्र बिंदु मानकर काम करने लगते हैं जिसके कारण गलतफहमी बैठती है एवं विवाद का जन्म होता है । हमने कार्यकर्ताओं को केंद्र बिंदु में रखकर संगठन को मजबूत करने का निर्णय लिया है ।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रखंड स्तर से लेकर राज्य स्तर तक 20 सूत्री एवं निगरानी समिति में किसी विधायक के बजाएं कार्यकर्ता को जिम्मेदारी मिलेगी तथा बोर्ड निगम में विधायकों को जिम्मेवारी मिली है ।
12 वें मंत्री पद पर कांग्रेस का हक
इसके साथ ही राजेश ठाकुर ने यह भी संकेत दिया कि अभी एक मंत्री का पद खाली है तथा मंत्री पद की जिम्मेवारी किसी कांग्रेस विधायक को मिलेगी । उन्होंने कहा कि संगठन ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी है । वे बेहतर तालमेल एवं समन्वय के साथ संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे तथा सभी को मौका मिलेगा ।सरकार एवं संगठन के बीच बेहतर तालमेल एवं समन्वय है कहीं किसी तरह का मतभेद नहीं है ।
एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में कांग्रेस मजबूत शक्ति के रूप में उभरेगी । समाज के सभी वर्गों एवं तबकों को उचित सम्मान एवं स्थान मिलेगा ।
उल्लेखनीय है कि रविवार को श्री राजेश ठाकुर का जन्मदिन था ।उनके कोऑपरेटिव कॉलोनी स्थित आवास पर जन्मदिन एवं अध्यक्ष बनने पर बधाई देने का सिलसिला दिनभर जारी रहा एवं लोगों की भीड़ लगी रही ।
अपराधियों ने आम्रपाली कोल परियोजना के तीन कर्मियों को गोली मारी, तीनों रांची रेफर

उज्जवल दुनिया संवाददाता/ गीतांजलि/ कृष्ण मुरारी
चतरा। जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के आम्रपाली परियोजना में कार्य कर रहे आरकेटीसी कंपनी के कर्मियों पर रविवार की दोपहर में अपराधियो ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। इसमें तीन कर्मी शोलकस राज, अमित ठाकुर और सरोज कुमार नामक कंपनी के कर्मी घायल हो गए हैं।

प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को रांची रेफर कर दिया गया है।
बताया जाता है कि आम्रपाली परियोजना के होनहे गांव में आरकेटीसी कोल परिवहन कंपनी के कैंप कार्यालय में अपराधियों ने कंपनी के कर्मियों पर निशाना साधा। हालांकि तीनों कर्मी खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। टंडवा थाना पुलिस गोली चलाने वाले अपराधियों की धर पकड़ में जुट गई है।
लेवी वसूली के लिए पहले भी हो चुकी है गोलीबारी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अपराधियों ने पिस्टल से पांच-छह बार फायरिंग की। इसके अलावा अपराधियों की ओर से कैंप कार्यालय में बम भी फेंका गया था, जो ब्लास्ट नहीं हो सका। इधर घटना की जानकारी मिलते ही चतरा एसपी टंडवा रवाना हो गए। टंडवा की मगध और आम्रपाली कोल परियोजना में इसके पूर्व भी लेवी की वसूली को लेकर उग्रवादी और अपराधिक गुटों ने यहां कई बार गोलीबारी की है।

बोकारो स्टील प्लांट ने आत्मनिर्भर भारत की ओर बढ़ाया कदम

सेल -बोकारो इस्पात संयंत्र के सीआरएम-3 की इकाई एचडीजीएल में पहली बार 450 जीएसएम की हाई कोटिंग थिकनेस के साथ 350 मेगा पास्कल से अधिक इल्ड स्ट्रेंथ वाले हाई स्ट्रेंथ गैल्वनाइज्ड क्वायल का उत्पादन किया गया है जो आयात विकल्प के रूप में अनाज और खाद्य भंडारण के लिए साइलो विनिर्माण क्षेत्र में देश के इस्पात बाज़ार की आवश्यकताओं को पूरा करेगा ।
बोकारो स्टील द्वारा स्वदेशी तकनीक से तथा आईएस ग्रेड 277:2018 GP350&EN 10346: S350GD + Z350 जीएसएम के अनुसार विकसित यह उत्पाद ” आत्मनिर्भर भारत” के मिशन को भी मजबूत करेगा । इस तरह के इस्पात की देश में काफी मांग है और फिलहाल इसे अधिकतर दूसरे देशों से आयात किया जाता है ।

आयात विकल्प के तौर पर बीएसएल में स्पेशल ग्रेड स्टील का उत्पादन जुलाई, 2021 में स्पेशलिटी स्टील के लिए प्रोडक्शन-लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) योजना शुरू करने के सरकार के फैसले की पृष्ठभूमि में एक अहम कदम है जिसे निदेशक प्रभारी अमरेंदु प्रकाश के नेतृत्व में सीआरएम-3 व अन्य सहयोगी विभागों द्वारा किया जा रहा है ।
बोकारो स्टील प्लांट को सेल में पहली बार स्टील के इस ग्रेड को विकसित करने का गौरव भी प्राप्त है । अधिशासी निदेशक (संकार्य) अतनु भौमिक ने सीआरएम-3, आरएंडसी लैब तथा आरडीसीआईएस की टीम को बहुत ही कम समय में लागत-प्रभावी तरीके से 450 जीएसएम की हाई कोटिंग थिकनेस वाले हाई स्ट्रेंथ गैल्वनाइज्ड क्वायल पहली बार सफलता पूर्वक विकसित करने पर बधाई दी ।
इससे पहले बोकारो स्टील प्लांट ने सेल की अनुसंधान इकाई आरडीसीआईएस के साथ मिलकर कई लैब और प्लांट ट्रायल के बाद जीपी 350 + 450 GSM को विकसित किया. ट्रायल के सफल होने के उपरान्त लगभग 300 टन क्वायल को रोलिंग किया गया है ।
इनका योगदान रहा
मुख्य महाप्रबंधक(सीआरएम-3) राजन प्रसाद, मुख्य महाप्रबंधक(क्वालिटी) पी एस कानन, मुख्य महाप्रबंधक(आरडीसीआईएस) एन मंडल, महाप्रबंधक (सीआरएम-3) केके सिंह की टीम में शामिल उप महाप्रबंधक(आरसीएल) आर डोद्रे, सहायक महाप्रबंधक(सीआरएम-3) महेश सिंह, सहायक महाप्रबंधक(आरडीसीआईएस) संतोष कुमार, प्रबंधक (सीआरएम-3) परिचय भट्टाचार्जी, प्रबंधक (आरसीएल) निखिल प्रताप सिंह एवं अन्य का जीपी 350+ 450 जीएसएम के सफल विकास में अहम् योगदान रहा ।
उल्लेखनीय है कि सीआरएम-3 की एचडीजीएल लाइन निर्माण स्टील ग्रेड के साथ-साथ ब्रॉडगेज रेंज के साथ उच्च गुणवत्ता वाले स्टील ग्रेड का उत्पादन करने में भी सक्षम है और देश की जरूरतों के अनुरूप आने वाले समय में आयात विकल्प के तौर पर स्पेशियलिटी स्टील के नए ग्रेड विकसित करने को कटिबद्ध है ।






