Monday 6th of July 2026 01:36:15 AM
Home Blog Page 132

सोनाहातू में किया गया 78 करोड़ रुपए की जलापूर्ति योजनाओं का शिलान्यास

0

दीप प्रज्वलित कर समारोह का उद्घाटन करते विधायक, सांसद, मंत्री

हर घर नल योजना के तहत 13 हजार परिवार को मिलेगी शुद्ध पेयजल

सवांददाता-अबधेश महतो
सोनाहातू: सोनाहातू प्रखंड के मारांगकिरी फुटबॉल मैदान में शुक्रवार को झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर, रांची के सांसद संजय सेठ, आजसू सुप्रीमों सह सिल्ली विधायक सुदेश महतो ने संयुक्त रूप से तीन वृहद जलापूर्ति योजना का शिलान्यास किए। सोनाहातू प्रखंड के दुलमी जलापूर्ति योजना 43 करोड़ 65 लाख की लागत से बनेगी। जिसमें 7 पंचायत के 25 गांव के 6409 परिवार को पेयजल उपलब्ध होगा। राहे प्रखंड के बंसिया जलापूर्ति योजना ओर हलमाद जलापूर्ति योजना का ऑन लाईन शिलान्यास किया गया जिसका विधिवत शिलान्यास 11 सितम्बर ओर 12 सितंबर को कार्यस्थल में विधायक द्वारा किया जायेगा। तीनों योजनाओं का स्वीकृति 2019 में पूर्व मंत्री रामचन्द्र सहिस के द्वारा किया गया था।

शिलान्यास समारोह में मंत्री मिथलेश ठाकुर ने कहा कि विपरीत परिस्थिति में भी झारखंड सरकार बेहतर काम कर रही है। हमारी सरकार हर क्षेत्र में झारखंडी जन भावनाओं के अनुरूप काम कर रही है। पेयजल विभाग में तीव्र गति से बड़ी योजनाओं में काम हो रहा है। स्वच्छ भारत मिशन योजना में केंद्र सरकार की राशि नहीं मिलने के कारण कुछ योजनाएं प्रभावित हो रही है। वर्तमान में राज्य में 9 लाख परिवार को घर में नल के माध्यम से पेयजल उपलब्ध हो रहा है। सरकार 2024 तक हर घर में नल से जल देने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जल सहिया का मानदेय जल्द दिया जायेगा। वही रांची के सांसद संजय सेठ ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र सरकार गांव और गरीबों के हित में योजना दे रही है। हर घर नल योजना केंद्र सरकार की महत्वकांक्षी योजना है।

आजसू सुप्रीमो सह सिल्ली विधायक सुदेश महतो ने कहा कि हर घर मे नल से पेयजल पहुंचना हमारा लक्ष्य है। सूखते जल स्रोतों पर सरकार को ध्यान देने की जरूरत है। केंद्र सरकार के इस महत्वकांक्षी योजना को शत प्रतिशत हम सफल करेंगे। तीनों योजनाओं को पूर्ण करने के लिए ग्रामीणों की सहयोग की जरूरत है। दो साल में योजना पूर्ण होगी और इसे पूर्ण करने में ग्राम सभा के साथ गांव लोग अपना योगदान अवश्य देंगे। मौके पर रांची जिला परिषद अध्यक्ष सुकरा मुंडा, प्रमुख रमेश लोहरा,उप प्रमुख अनिता देवी, विभाग के अधीक्षण अभियंता निरंजन प्रसाद, पूर्व जिप उपाध्यक्ष चितरंजन महतो सहित आजसू सोनाहातू प्रखंड कमिटि, सिल्ली ,सोनाहातू ओर राहे के भाजपा और झामुमो प्रखंड कमिटि उपस्थित थे।

ट्रेन पकड़ने जा रहे टेंपो सवार को स्कार्पियो ने मारी टक्कर, हादसे में महिला समेत दो की मौत, तीन जख्मी

0

ट्रेन पकड़ने जा रहे टेंपो सवार को स्कार्पियो ने मारी टक्कर,
हादसे में महिला समेत दो की मौत, तीन जख्मी

मेदिनीनगर (उज्ज्वल दुनिया)। मेदिनीनगर शहर के रेड़मा स्थित जनकपुरी के पास गुरूवार की देर रात लगभग 10.30 हुए सड़क हादसे में एक महिला समेत दो की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से जख्मी हो गये हैं। मृतकों में नीलांबर पितांबरपुर प्रखंड के महरजा निवासी बचिया देवी(45) पति कृष्णा महतो एवं रोहित मेहता(25) पिता नागेंद्र मेहता (पिपरा खुर्द) शामिल हैं। वहीं, गंभीर रूप से जख्मी कुंदरी गांव के सुनील मेहता(26) पिता छविनाथ महतो, सुधीर कुमार(24) पिता संजय महतो व मंदीप कुमार(20) पिता मनोज महतो का इलाज स्थानीय एमएमसीएच में चल रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में सभी घायलों को मेदनी राय मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां बचिया देवी को एमएमसीएच में ही चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि रांची रेफर किये एक अन्य युवक रोहित मेहता की रिम्स में इलाज के क्रम में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार पिपरा खुर्द तथा महरजा एवं कुंदरी गांव निवासी 8-10 लोग पंजाब जाने के लिए जम्मूतवी एक्सप्रेस पकड़ने डालटनगंज रेलवे स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान स्टेशन से महज दो किमी दूर जनकपुरी के समीप अनियंत्रित स्कॉर्पियो(जेएच01एआर2121) ने टेंपो में सामने से टक्कर मार दिया। पुलिस घटनास्थल से दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो व टेंपो को जब्त कर शहर थाना ले गई है। इलाजरत मनदीप ने बताया कि वे लोग रिश्तेदार को रेलवे स्टेशन छोड़ने के लिए टेंपो से जा रहे थे। उनलोगों को ट्रेन से जालंधर जाना था। इसी बीच अचानक जनकपुरी के समीप अनियंत्रित स्कार्पियो ने टेंपो टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इधर, मृतका बचिया देवी के शव का एमएमसीएच में अंत्यपरीक्षण के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बताया जाता है कि उनके पति कृष्णा परिवार के साथ पंजाब में रहकर अपना आटा-चक्की का व्यवसाय करते हैं। भाई की मौत के बाद महिला अपने बेटे के साथ गांव लौटी थी। श्राद्ध कर्म की समाप्ति के बाद वापस अपने पति कृष्णा महतो के पास पंजाब जा रही थी। मृतका के पुत्र विकास कुमार ने बताया कि उनका डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन से जम्मू-तवी ट्रेन में टिकट था। उनकी मां की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि मौसेरा भाई रोहित कुमार(24)के सिर में गंभीर चोट आई थी, जिसे रिम्स रेफर कर दिया गया था।

 

नक्सलियों के नापाक मंसूबो पर पानी फिरा, सीरीज में लगाए गए 50 आईईडी बम बरामद

0

प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी देते एसपी

सरायकेला: सरायकेला जिले में सुरक्षा बलों को गुप्त सूचना के आधार पर नक्सलियों के खिलाफ अभियान में एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। जहां सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के इरादे से दलभंगा ओपी अंतर्गत निमडीह- पाण्डबुरु से कूदाहातु जाने वाली जंगली कच्ची पहाड़ी रास्ते मे सीरीज में लगे 25 केन बम बरामद किए है प्रत्येक का वजन 3 से 5 किलोग्राम है। वही पुलिस को रूगुडीह से डोडारदा जाने वाली जंगली कच्ची पहाड़ी रास्ते मे भी सीरीज में लगे करीब 25 केन बम मिले है। प्रत्येक का वजन 2 से 3 किलोग्राम है।

अभियान के दौरान बरामद आईईडी को बम निरोधक दस्ता के द्वारा सावधानी पूर्वक विनष्ट कर दिया गया। शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस कर जानकारी देते हुए सरायकेला के एसपी आनंद प्रकाश ने बताया कि उक्त आईईडी बम से सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने हेतु अनल दा के दस्ता के द्वारा प्लान्ट किया गया था, जिसे समय रहते बरामद कर विनष्ट कर दिया गया, अन्यथा पुलिस पार्टी एवं ग्रामीणों को भारी जान माल की क्षति हो सकती थी।

आगे उन्होंने कहा कि इस अभियान का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक पुरुषोत्तम कुमार और सीआरपीएफ 21सी 157 बटालियान के नीरज सिंह राठौर ने किया। जिसमें जिला बल के अलावा सीआरपीएफ की एफ 157, ए 157 और झारखंड जगुआर की एजी 07, 25 के अलावा बीडीडीएस टीम 5 एववं सैट 39 के जवान शामिल थे। एसपी आनंद प्रकाश ने अभियान में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारियों ओर कर्मियों को पुरस्कृत करने के लिए अनुशंसा भेजने की घोषणा की है।

वैक्सीनेशन को लेकर पीएम मोदी ने की उच्च स्तरीय बैठक

0

नई दिल्ली, एजेंसियां। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को देश में कोरोना वायरस से संबंधित स्थिति और टीकाकरण अभियान की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के एक दिन पहले केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा था कि भारत अभी भी कोरोना की दूसरी लहर से गुजर रहा है और यह अभी खत्म नहीं हुआ है।

उन्होंने कहा था कि देश के 35 जिले अभी भी साप्ताहिक कोविड सकारात्मकता दर 10 फीसद से अधिक की रिपोर्ट कर रहे हैं, जबकि यह 30 जिलों में पांच से 10 फीसद के बीच है। भारत की आधी से अधिक वयस्क आबादी को एंटी-कोरोनावायरस वैक्सीन की कम से कम एक डोज मिली है, जबकि 18 फीसद को दोनों डोज लग चुके हैं। इसके साथ ही केंद्र सरकार ने गुरुवार को कहा था कि देश में कोरोना के टीकाकरण की कुल संख्या 72 करोड़ को पार कर गई है।

देश में कल 34,973 नए कोरोना के मामले दर्ज किए गए, जो पिछले दिन की तुलना में 19 फीसद कम हैं। समाचार एजेंसी रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में भारत ने कई और अस्पतालों में नए बेड की व्यवस्था की है। इसके साथ ही 100 से अधिक ऑक्सीजन टैंकर आयात किए हैं, जो कुल मिलाकर लगभग 1,250 हैं। इस बीच केंद्र सरकार ने अस्पतालों में लगभग 1,600 ऑक्सीजन प्लांट्स के निर्माण को मंजूरी दे दी है। हालांकि पिछले महीने की शुरुआत में 300 से कम स्थापित किए गए थे, क्योंकि आयात में समय लगता है।

दलितों को बाबा साहेब ने जो अधिकार दिए हैं, उससे मुझे वंचित किया गया

0
बाबा साहेब के संविधान और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संरक्षण में दलितों की आवाज बुलंद हो रही है
बाबा साहेब के संविधान और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संरक्षण में दलितों की आवाज बुलंद हो रही है

 

  • समाज के प्रति समर्पण और बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के प्रति मेरे विश्वास का प्रतीक हैं मेरे आंसू

 

रांची । मेरे आंसू पांच दिन के छोटे मानसून सत्र के कारण नही छलके है। इन आंसुओं का कारण पिछले दो वर्षों में हेमंत सोरेन की सरकार में अनुसूचित जाति समाज की हो रही अनदेखी के कारण छलकी है। भूखल घासी और उसके परिवार के अन्य सदस्यों की मौत भूख से हो जाना, रघु पासी की मौत ठंढ़ से होना, राज्य भर में दलितों की जमीन का लूट होना छोटी-मोटी बात नहीं है। संथाल परगना में दलितों की जमीन पर कब्जा किसने किया है, जनता को ये जानने का अधिकार है। ये बातें भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष और चंदनकियारी विधायक अमर बाउरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कही ।

समुदाय विशेष द्वारा दलितों की बहु-बेटियों को प्रताड़ित किया जा रहा है

अमर बाउरी ने कहा कि विशेष समुदाय द्वारा दलितों पर जानलेवा हमला होना, दलितों को घर से बेघर करना, दलित समाज की बेटियों के साथ दुर्व्यवहार होना आदि कई ऐसी घटना है जो मेरे आंसू के कारण बने। अमर बाउरी ने कहा कि इन सभी मुद्दों को मैंने सरकार और सदन में उठाने की कोशिश की, लेकिन न तो सरकार का और न ही सदन का संरक्षण मुझे मिला।

हेमंत सोरेन के राज में दलितों पर अत्याचार बढ़ा

अमर बाउरी ने कहा कि मैंने दलितों पर हो रहे अत्याचार, धर्मपरिवर्तन आदि को लेकर जो आवाज उठायी, उससे हेमंत सोरेन की सरकार बौखला गयी है। अमर कुमार बाउरी ने बताया कि 23 अगस्त 2021 को धनबाद जिला के एक नाबालिक लड़की के साथ  अभद्र व्यवहार किया गया। काफी प्रयास के बाद उनके पिता ने एफआईआर दर्ज किया और आरोपी पर पोस्को एक्ट लगाया गया। लेकिन अभी तक उक्त अपराधी की गिरफ्तारी नही हुई है और वह खुलेआम घूम रहा है। चूंकि वह एक दलित परिवार से है, इसलिए शायद अपराधी को यह लगा कि वह कोई भी हरकत कर लेंगे लेकिन एक दलित परिवार अपनी आवाज नहीं उठा सकेगा।

मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र  में थानेदार ने दलित युवकी को पीटा, गालियां दी, लेकिन कोई कार्रवाी नहीं

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधानसभा क्षेत्र बरहेट में बरहेट प्रभारी हरीश पाठक का एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें वे एक युवती की पिटाई करते और कथित तौर पर गाली बकते सुनाई पड़ रहे हैं। पीड़िता राखी कुमारी बरहेट स्थित इरकोन रोड की रहने वाली है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को लिखित तौर पर बताया कि बीते 22 जुलाई को थाना प्रभारी ने हमें थाना बुलाया था। जब हम वहां पहुंचे, तो उन्होंने कहा कि तुम रामू मंडल से शादी करने वाली हो। मैंने बताया कि हम दोनों में प्यार है और रामू मंडल से ही हम शादी करेंगे। इतना सुनते ही थाना प्रभारी ने मुझे गालियां दी। बाल पकड़ कर खींचा, गालियां दी और थप्पड़ से बेतरह मारा। इससे मेरे नाक से खून बहने लगा।

दर्जनों दलितों को लाठी डंडे से पीटा, लेकिन पुलिस ने आरोपियों का ही साथ दिया

उन्होंने कहा कि पश्चिम सिंहभूम के मझगांव थाना क्षेत्र के हतमादौड़ा गांव में कारवां बस्ती है पास में ही मुस्लिम बस्ती भी है। दलित समाज के लोगों अक्सर उनके घरों पर शौचालयों की साफ-सफाई के लिए जाते हैं। 21 मई 2021 को जब कुछ दलित मजदूर साफ सफाई के लिए मुस्लिम बस्ती नहीं जा सके तो इसका विरोध करते हुए मुस्लिम बस्ती निवासी अफाक असरार एवं उनके साथियों ने गांव में घुसकर कारवां बस्ती में रह रहे दलित परिवार के ऊपर लाठी-डंडे, बैट, पत्थर से हमला कर दिया। जिसमें आधे दर्जन से अधिक दलित समाज के लोग घायल हो गये। लेकिन उनका एफआईआर तक नहीं लिखा गया। जब भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने इस मामले पर पहल की तो किसी तरह से इनकी एफ आई आर दर्ज कराई गई। लेकिन उसके बाद भी डीएसपी स्तर के अधिकारियों द्वारा दलितों को डराया धमकाया जा रहा है कि वह इस पूरे मामले को रफा-दफा करें नहीं तो उन लोगों के साथ और भी बुरा व्यवहार हो सकता है।

चिरूडीह मामले में भी दलितों को इंसाफ नहीं

ऐसी ही एक घटना जामताड़ा के चिरुडीह गांव में घटी। जहां मुस्लिम समुदाय के साथ मात्र 6 दलित परिवार भी रहता है। जिसे मुस्लिम समुदाय के ही मो. रमजान मियां एवं उनके लोगों ने जबरन मारपीट कर पहले तो उनके घर पर कब्जा किया, उसके बाद उन्हें मारपीट कर उन्हें घर से बेघर कर दिया। काफी दिनों तक उन्होंने उपायुक्त और स्थानीय जिला प्रशासन से गुहार लगाते रहे, लेकिन किसी ने भी उनकी नहीं सुनी। आखिरकार जब यह मामला भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के पास पहुंचा तो मोर्चा ने इस मामले को राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग तक पहुंचाने का काम किया।

लेकिन डेढ़ महीने गुजर जाने के बाद भी अभी तक न तो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है और ना ही पीड़ित परिवार को जिला प्रशासन की तरफ से रहने और खाने की व्यवस्था की गई है। पीड़ित परिवार आज फिर से रैन बसेरा में अपने छोटे बच्चों, बुजुर्गों के साथ रहने को मजबूर है।

भूखल घासी के परिवार को नहीं मिली मदद

अमर बाउरी ने बताया कि बोकारो जिला के कसमार प्रखंड के करमा पंचायत गांव, शंकरडीह निवासी भूखल घासी की मौत भूख के कारण 6 मार्च 2020 को हो गई थी। जिसके 6 महीने के बाद ही भुखल घासी के बेटे की मौत भी भूख के कारण हो गई। वही 4 सितंबर 2020 को भूखल घासी की बेटी की भी मौत भी भूख के कारण हो गई। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो जाने के बाद भी जिला प्रशासन के तरफ से पीड़ित परिवार को न तो कोई मुआवजा और ना ही किसी प्रकार की खाने की व्यवस्था की गई। वही डेढ़ वर्ष गुजर जाने के बाद भी आज तक कोई भी जिला अधिकारी या सत्ता पक्ष के नेता पीड़ित परिवार की सुध लेने नहीं पहुंचे हैं। इस मामले को लेकर कई बार विधान सभा में सवाल भी उठाये गये।

सात महीने में पहली बार बाइडन और चिनफिंग के बीच फोन पर हुई बात

0

वाशिंगटन अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने द्विपक्षीय रिश्तों की खटास को कम करने के इरादे से चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग से सात महीने में पहली बार फोन पर नब्बे मिनट तक बात की है। इसे लेकर व्हाइट हाउस ने कहा कि बाइडन ने चिनफिंग को यह संदेश दिया कि विश्व की दो बड़ी अर्थ व्यवस्थाएं रहते हुए दोनों देश प्रतिस्पर्धी रहें, मगर भविष्य में ऐसी कोई स्थिति न हो जहां दोनों देशों के बीच संघर्ष के हालात हो जाएं।

बाइडन के पदभार संभालने के बाद से दोनों नेताओं के बीच यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब दोनों देशों के बीच कड़वाहट से भरे मुद्दों की कोई कमी नहीं है। चीन की ओर से किए जा रहे साइबर सुरक्षा उल्लंघन, कोरोनो वायरस महामारी से निपटने के तरीके से अमेरिका नाराज है। हाल ही में व्हाइट हाउस ने चीनी व्यापार नियमों को ‘जबरदस्ती और अनुचित’ बताया था।

हालांकि बाइडन की बातचीत का केंद्र तल्ख मुद्दों पर नहीं था। इसके बजाय उनके कार्यकाल में एनिश्चित रूप से एक मजबूत शुरुआत के लिए अमेरिका-चीन संबंधों के लिए आगे के रास्ते पर चर्चा करने पर केंद्रित था।

व्हाइट हाउस ने एक बयान में कहा, ‘दोनों नेताओं के बीच एक व्यापक, रणनीतिक चर्चा हुई जिसमें उन्होंने उन क्षेत्रों पर चर्चा की जहां हमारे हित मिलते हैं, और उन क्षेत्रों पर जहां हमारे हित, मूल्य और दृष्टिकोण भिन्न होते हैं।’ अमेरिकी सरकार को उम्मीद है कि बढ़ते मतभेदों के बावजूद दोनों पक्ष जलवायु परिवर्तन और कोरियाई प्रायद्वीप पर परमाणु संकट को रोकने सहित आपसी सरोकार के मुद्दों पर मिलकर काम कर सकते हैं।

सत्ता के नशे में मतवाले हाथी की तरह व्यवहार कर रही है हेमंत सरकार

0

दीपक प्रकाश ने कहाः

महिलाओं के कपड़े फाड़े, मुझे और बाबूलाल मरांडी को टारगेट कर लाठिया बरसाई

हमारा मार्च शांतिपूर्ण था, ट्रैफिक को परेशानी न हो, इसका भी ख्याल रखा 

पहले से उन्होने प्लान बनाकर रखा था कि लाठीचार्ज कहां करना है ?

पुलिस ने महिलाओं को टारगेट कर उनपर हमला किया

महिला- ओबीसी और अनुसूचित जाति के कार्यकर्ताओं को टारगेट कर पीटा गया

प्रशासन ने पहले से तय कर लिया था कि कहां पर और किनपर लाठीचार्ज करना है- दीपक प्रकाश
पहले से तय कर लिया था कि कहां पर और किनपर लाठीचार्ज करना है- दीपक प्रकाश

रांची । संघर्ष का नाम ही भाजपा है। विधानसभा में जो जांच कमिटी बनी है वह भाजपा के इस संघर्ष के कारण बनी है। हमारे कार्यकर्ता के पास कोई लाठी नही थी। फिर भी मुकदमा भाजपा पर किया गया। जनता देख रही है कि किस बेदर्दी के साथ लाठी से घायल कर हम पर मुकदमा किया गया है। पुलिस ने गुरुवार को मुकदमा दर्ज किया, वो भी एक दिन पहले की तारीख के दिन। यह केस वैसे सीओ के तरफ से किया गया जो रांची सदर का है और वह घटनास्थल पर मौजूद भी नहीं था।  भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन के दौरान ये बातें कही ।

शिबू सोरेन के कोयला मंत्री रहते कोल इंडिया का कितना बकाया था, क्या उस वक्त डीएमएफ का पैसा आता था ?

राज्यसभा सदस्य और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने हेमंत सोरेन से पूछा है कि कांग्रेस के शासन काल में कोल इंडिया का कितना बकाया कितना था ?  गुरुजी के कार्यकाल के समय कोल इंडिया का कितना बकाया था ? जब कि गुरुजी उस वक्त केन्द्र में मंत्री थे। उस वक्त के कालखण्ड में क्या डीएमएफ का पैसा आता था क्या ? जहां खनिज संपदा है वहां के विकास के लिए कितना पैसा आया इसका जवाब मुख्यमंत्री को देना चाहिए ?  उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केन्द्र पर दोष मढ़ कर जनता के साथ छल नहीं कर सकती।

राजनीति से संन्यास कब ले रहे हैं हेमंत सोरेन ?

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केन्द्र पर दोष मढ़ कर जनता के साथ छल नहीं कर सकते। मुख्यमंत्री ने अपने चुनाव के समय कहा था कि हर वर्ष 5 लाख युवाओं को नौकरी दी जायेगी, नहीं तो बेरोजगारी भत्ता दिया जायेगा नहीं तो हेमंत सोरेन राजनीति से सन्यास ले लेंगे। जनता जानना चाहती है कि हेमंत सोरेन कब राजनीति छोड़ रहे है ?

बार-बार न्यायालय की फटकार के बाद भी शर्म नहीं

उन्होंने कहा कि न्यायपालिका ने भी जेपीएससी के चेयरमैन पर टिप्पणी की है कि रोजगार के मामले में जेपीएससी कार्य नहीं कर रही है और न ही जेएसएससी कर रही है। राज्य सरकार अपनी असफलता को छिपाने के लिए तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है। यहां मात्र 28 प्रतिशत ही टीकाकरण किया गया है। रुपा तिर्की हत्याकांड मामले में पुलिस अनरगल बयानबाजी कर रही है।

झारखंड में 15 सीटों पर लड़ने की तैयारी कर रहा है जेडीयू

0
अगले सप्ताह होगी नए अध्यक्ष के नामों की घोषणा
अगले सप्ताह होगी नए अध्यक्ष के नामों की घोषणा

स्क्रैप बन चुके नेताओं के जगह नए लोगों को मिलेगी जगह

बोकारो।  जनता दल यूनाइटेड ने झारखंड में अपनी कोई गरिमा प्राप्त करने के लिए रणनीति तैयार की है जिसके तहत अगले सप्ताह प्रदेश अध्यक्ष के नामों की घोषणा कर दी जाएगी । अध्यक्ष की जिम्मेवारी झारखंड के मूल निवासी को मिलेगी ।  वहीं दूसरी ओर वर्षों से जमे स्क्रैप बन चुके नेताओं को दरकिनार करने का भी निर्णय लिया गया है ।

जेडीयू के केन्द्रीय अध्यक्ष ललन सिंह की रणनीति 

मिली जानकारी के अनुसार इसकी रूपरेखा केंद्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने तैयार कर ली है अगले सप्ताह प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा होगी जबकि इस माह के अंत तक पूरी कमेटी बनकर तैयार हो जाएगी । जनता दल यूनाइटेड 2024 में होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए झारखंड में संगठन मजबूत करने एवं झारखंड के मूल निवासियों को जगह देने का रणनीति तैयार की है

15 विधानसभा सीटों पर लड़ने की तैयारी 

मिली जानकारी के अनुसार झारखंड के 15 विधानसभा सीटों पर जनता दल यूनाइटेड चुनावी रणनीति को ध्यान में रखते हुए अपनी संगठनात्मक स्थिति मजबूत करेगी तथा गठबंधन नहीं होने की स्थिति में भी उन सीटों पर चुनाव लड़ेगी ।

भाजपा और सदन साथ दे तो कोल इंडिया के सभी उपकरण बंद करा दें: हेमंत सोरेन

0
दुर्भाग्य की बात है कि रैयतों का हक मारने वाले भारत सरकार के उपक्रम हैं- सीएम
दुर्भाग्य की बात है कि रैयतों का हक मारने वाले भारत सरकार के उपक्रम हैं- सीएम
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा सदन में कोल इंडिया पर राज्य सरकार के बकाया को लेकर कहा कि कोल इंडिया पर सरकार का लगभग 1.50 लाख करोड़ रुपये बकाया है। लेकिन अभी तक सरकार को बकाया में केंद्र सरकार से केवल 300 करोड़ ही मिले हैं। मुख्यमंत्री का यह बयान गैर संकल्प के दौरान भाजपा विधायक ढुल्लू महतो के पूछे एक सवाल के बाद आया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा और पूरा सदन अगर सहयोग करे, तो बकाया रुपये नहीं मिलने पर सरकार राज्य में चल रही सभी केंद्रीय कोल उपकरण का काम बंद करा देगी। विधायक ढुल्लू महतो के उठाए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने ये बातें कही। विधायक ने कहा था कि धनबाद जिला में खनन के लिए भूमि अधिग्रहण के बाद कई विस्थापित परिवारों को अभी तक नियोजित नहीं किया गया है। इसके कारण रैयतों में भारी असंतोष है। ऐसे परिवारों को जल्द न्याय दिलाने का काम किया जाए.
उन्होंने कहा कि तेतुलमुडी, भूरीडीह और 27 अन्य मौजा के सैकड़ों परिवारों को आज तक सिर्फ आश्वासन ही मिलता रहा है। जबकि राज्य सरकार को केंद्र सरकार द्वारा सभी विस्थापित के साथ न्याय करने के लिए प्रत्येक जिला में उपायुक्त के माध्यम से समस्या का शीघ्र निराकरण का आदेश है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दुर्भाग्य की बात है कि रैयतों का हक मारने वाले भारत सरकार के उपक्रम हैं। यह उपक्रम स्थापित होने के बाद रैयतों के साथ-साथ सरकार को भी परेशान करते हैं

महीने भर बाद बड़े पैमाने पर होगी नियुक्ति : हेमंत

0
भाजपा ने पूरे सत्र के दौरान लोकतंत्र की मर्यादा को शर्मशार किया- हेमंत सोरेन
भाजपा ने पूरे सत्र के दौरान लोकतंत्र की मर्यादा को शर्मशार किया- हेमंत सोरेन
रांची। मानसून सत्र के समापन भाषण में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि महीने भर बाद बड़े पैमाने पर नियुक्ति होगी। पहली बार नियुक्ति नियमवली बनाई। जिस तरीके से सरकार झारखंड को मजबूत करने की नींव डाल रही है अब आगे परेशानी नहीं होगी।नियुक्तियों पर लगातार काम हो रहा है।
विपक्ष की भूमिका भी नहीं निभा पा रही भाजपा
समापन भाषण में मुख्यमंत्री के निशाने पर भाजपा रही। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने लोकतंत्र को तार तार कर दिया है। उन्होंने कहा कि सत्ता के बिना भाजपा की स्थिति पानी बिना मछली वाली हो गयी है। वह किसी भी तरह से इन केन प्रकारेण सत्ता हथियाने चाहती है।  लेकिन ऐसे लोगों को सदन में नहीं बल्कि जनता जवाब देती है। अभी बंगाल चुनाव में जनता ने इन्हें जवाब दे दिया है। यह सिलसिला रुकनेवाला नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता इन्हें सबक सिखाने में लगी है। बंगाल में चुनाव हो रहा था लेकिन ऐसा लग रहा था कि भारत पाकिस्तान के बीच युद्ध हो रहा हो। भाजपा जनता की सेवा क्या करेगी यह तो विपक्ष की भूमिका भी नहीं निभा पा रही है।
केंद्र झारखंड के साथ कर रही है सौतेला व्यवहार 
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। सीएम ने कहा कि केंद्र के पास झारखंड का करोड़ों रुपए बकाया है। केंद्र नहीं दे रहा है। हमारा पैसा तो केंद्र नहीं दे रहा हैं लेकिन हमारे खाते  से हजारों करोड़ बिना बताए काट ले रही है। यह असंवैधानिक है। कहा कि हम निर्णय ले सकते हैं अगर निर्णय लिया तो केंद्र सरकार अंधेरे में चल जाएगा। हम ऐसा नहीं करेंगे। देश हित मे कोई काला कानून नहीं ला सकते।
नियोजन नीति में भाषा को समाहित करना गैर कानूनी नहीं 
मुख्यमंत्री ने कहा कि नियोजन में भाषा को लेकर विपक्ष विवाद खड़ा कर रहा है। नियोजन नीति में भाषा को समाहित करना गैर कानूनी नहीं है। क्या भाषा हमारी संस्कृति नहीं है। क्या भाषा को बढ़ावा नहीं देना चाहिए। पूर्व की सरकार ने भाषा को बढ़ावा नहीं दिया। खतियान धारी लोगों और आदिवासियों की संख्या घाटी है। सीएम ने कहा कि हमें गर्व है कि हम भाषा को संरक्षित कर रहे हैं। हमारा प्रयास है कि हर संभव यहां के लोगों को नियोजित किया जाय।
75 प्रतिशत आरक्षण के बाद भी लड़ाई लड़नी होगी
सीएम ने कहा कि इसी सत्र में सरकार ने निजी क्षेत्रों में 75 प्रतिशत आरक्षण का कानून बनाया है। लेकिन इस कानून के बाद भी हमें लड़ाई लड़नी होगी।इन वर्ग के लोगों को और ताकत इकट्ठा करना होगा। यही वजह है कि भारत सरकार को भी अब ओबीसी की ताकत का एहसास होने लगा है ।

राहे और सोनाहातू में किया गया मुख्यमंत्री का पुतला दहन

0

सवांददाता-अबधेश महतो
राहे: पिछड़ों को 27 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर रांची में निकाली गयी सामाजिक न्याय यात्रा के दौरान आजसू कार्यकर्ता पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार शाम को राहे सुभाष चौक और सोनाहातू बाजार चौक में आजसू कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर लाठीचार्ज का और निंदा किया। राहे प्रखंड अध्यक्ष रंगबहादुर महतो के नेतृत्व में भगत सिंह चौक से जुलूस निकाल कर सुभाष चौक में मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया। मौके पर जगन्नाथ मुखर्जी, संतोष मुंडा, मयुकभूषण महतो,अजित सिंह, प्रमोद सिंह, मनोरंजन भोक्ता, हालधर पांडेय, धनंजय महतो, लहरू महली, सुभाष महतो, आदि साथ थे। सोनाहातू में प्रखंड अध्यक्ष अचरज मुंडा के नेतृत्व में पुतला दहन किया गया। मौके पर सुषेन प्रामाणिक, दिलीप कोईरी,निर्मल सेठ, सावना महली, विपिन पाल ,राधा नाथ महतो, दीपक महली,मदन महतो ,फुलेश्वर महली, सुरेश दास आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।

आजसू पार्टी के कार्यकर्ताओं पर चले हर एक लाठी का हिसाब देना होगा: चितरंजन महतो

0

सवांददाता-अबधेश महतो
सोनाहातू। आजसू पार्टी द्वारा निकाले गए सामाजिक न्याय मार्च के दौरान पुलिस द्वारा कार्यकर्ताओं पर किये गए बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज के विरोध में पूर्व जिप उपाध्यक्ष चितरंजन महतो के नेतृत्व में सोनाहातू प्रखण्ड के पूर्वी क्षेत्र बारेंदा चौक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंका गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि आजसू पार्टी के जिला संगठन सचिव सह पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष चितरंजन महतो जी उपस्थित हुए। मौके पर पूर्व जिप उपाध्यक्ष ने कहा कि न्याय मार्च में आजसू पार्टी के कार्यकर्ताओं पर सरकार ने जिस बर्बरता से बल प्रयोग किया, उसकी घोर निंदा निंदा करते है। झामुमो महागठबंधन की सरकार लाठी के दम पर पिछड़ों की आवाज को दबाना चाहती है लेकिन शायद वर्तमान सरकार यह भूल गयी है कि आजसू पार्टी संघर्ष की उपज है। दुनिया की कोई भी ताकत हमें चुप नहीं करा सकती। वही अजसु नेता अशोक महतो ने कहा कि लाठीचार्ज की घटना की जितनी भी निंदा की जाय कम। सामाजिक न्याय यात्रा के तहत पिछड़ा आरक्षण बढ़ाने की यह लड़ाई पूरे राज्य में वृदह स्वरूप ग्रहण करेगी। चाहे हमारी प्रतिबद्धता की बाजी लग जाए, पिछड़ा आरक्षण बढ़ाने की मांग और जनभावना के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे। 6 अगस्त से शुरू हुआ यह आंदोलन हेमंत सोरेन सरकार के लिए चेतावनी है। ज्ञात हो कि आजसू पार्टी ने पूरे राज्य में सामाजिक न्याय मार्च कर लोगों से दस लाख स्मरण पत्र पर हस्ताक्षर लिया था और 6, 7 एवं 8 सितंबर को कोविड गाइडलाइंस का अनुपालन करते हुए आठ-आठ जिला के नेता, कार्यकर्ता और समर्थक स्मरण पत्र लेकर राँची कूच किये।कल शांतिपूर्ण ढंग से पिछड़ों की मांग को लेकर मोराबादी स्थित बापू वाटिका से मुख्यमंत्री सचिवालय निकले कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज शुरु कर दी थी। मौके पर आजसू नेता अशोक महतो,बसंत महतो, डॉ विश्व्नाथ महतो,राजकिशोर सिंह मुंडा,श्याम चांद महतो,विपिन महतो,निर्मल महतो,ओमप्रकाश महतो,पुरन्दर महतो,जितेंद्र महतो,मुकेश महतो,दिनेश महतो,लंकेश्वर महतो,दिलीप महतो,झरीराम महतो,तपन तिवारी,गणेश तिवारी, महकम महतो,तुलसी महतो सहित अन्य सैकडों कार्यकर्ता मौजूद थे।

रांची मेयर आशा लकड़ा को बर्खास्त कर सकती है राज्य सरकार, महाधिवक्ता की मांगी राय

0
निकायों में जन प्रतिनिधियों और अधिकारियों के कार्य क्षेत्रों तथा अधिकार पर महाधिवक्ता से मांगा मंतव्य
निकायों में जन प्रतिनिधियों और अधिकारियों के कार्य क्षेत्रों तथा अधिकार पर महाधिवक्ता से मांगा मंतव्य

राँची: रांची नगर निगम सहित प्रदेश के नगर निकायों में महापौर और नगर आयुक्त तथा अध्यक्ष और कार्यपालक पदाधिकारियों के बीच उठ रहे विवादों को देखते हुए राज्य सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग नें निकायों में जन प्रतिनिधियों और अधिकारियों के कार्य क्षेत्रों तथा अधिकार पर महाधिवक्ता से मंतव्य मांगा है। महाधिवक्ता की ओर दिए गए मंतव्य से विभाग नें पत्र लिखकर सभी निकायों को अवगत करा दिया है ।

महाधिवक्ता द्वारा दिए गए मंतव्य का महत्वूर्ण अंश इस प्रकार है।

○नगरपालिका अधिनियम के मुताबिक नगर निकायों में आयोजित होनेवाली पार्षदों की बैठक बुलानें का अधिकार केवल और केवल नगर आयुक्त/ कार्यपालक पदाधिकारी/विशेष पदाधिकारी को है।

 

○ नगरपालिका अधिनियम के अनुसार पार्षदों के साथ बुलायी गयी किसी भी बैठक के लिए एजेंडा तैयार करनें का अधिकार भी नगर आयुक्त/कार्यपालक पदाधिकारी को ही है।

 

○ बैठक के एजेंडा और कार्यवाही में महापौर और अध्यक्ष की कोई भूमिका नही है।

 

○ किसी भी आपातकालिन कार्य को छोड़ किसी भी परीस्थिति में महापौर व अध्यक्ष को अधिकार नही है कि वो एजेंडा में कोई बदलाव लाएं।

 

○ बैठक के बाद अध्यक्ष और महापौर को स्वतंत्र निर्णय का कोई अधिकार नही है। बैठक की कार्यवाही बहुमत के आधार पर तय होगी।

 

○महापौर और अध्यक्ष को ये अधिकार नही है कि वो किसी भी अधिकारी एवं कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी करें।

 

○महापौर और अध्यक्ष को यह अधिकार नही है कि वो किसी भी विभाग या कोषांग के द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करें।

 

○किसी भी बैठक में अगर महापर उपस्थित नही हैं तो उप महापौर कार्यवाही पर हस्ताक्षर करेंगे। अगर दोनों अनुपस्थित हैं तो पार्षदों द्वारा चयनित प्रोजाइडिंग ऑफिसर हस्ताक्षर करेंगे।

○अगर बैठक में महापौर मौजूद हैं और पार्षदों की सहमति से जो निर्णय हुआ है उसपर आधारित कार्यवाही पर महापौर हस्ताक्षर नही करते तो नगर आयुक्त और कार्यपालक पदधिकारी को अधिकार है कि वो राज्य सरकार को अनुशासनात्मक कार्रवायी के लिए लिखें। अगर ऐसा होता है तो राज्य सरकार को अधिकार है कि वो महापौर को पदमुक्त कर दे।

 

झारखंड सरकार की लापरवाही से मेडिकल छात्रो का करियर दांव पर

0
...तो इस वर्ष भी नहीं हो सकेगा मेडिकल के छात्रों का एडमीशन
…तो इस वर्ष भी नहीं हो सकेगा मेडिकल के छात्रों का एडमीशन

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने झारखंड के तीन नये मेडिकल कॉलेजों में नामांकन के लिए राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के मानकों के अनुरूप व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि समय से मानक पूरे नहीं किये गये, तो पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी झारखंड के मेडिकल के छात्रों को नुकसान सहना पड़ेगा। यह छात्रों के भविष्य के साथ राज्य की छवि को भी खराब करेगा।

उन्होंने लिखा कि जैसा कि आप जानते हैं वर्ष 2014 के पूर्व झारखंड में तीन मेडिकल कॉलेज कार्यरत थे। 2014 से 2019 के बीच राज्य में पांच नये मेडिकल कॉलेज की स्थापना की गयी। इससे राज्य में 300 एमबीबीएस की सीटें बढ़ने का रास्ता साफ हुआ। लेकिन 2019 में आपकी सरकार आने के बाद से इस क्षेत्र में काम की गति मंद पड़ गयी। इस कारण झारखंड के होनहार छात्रों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। या तो छात्र अच्छे नंबर लाकर भी नामांकन से वंचित हो जा रहे हैं या दूसरे राज्यों में जाकर मेडिकल की पढ़ाई करनी पड़ रही है।

रघुवर दास ने लिखा है कि आने वाले सत्र में डाल्टनगंज, दुमका और हजारीबाग के तीन नए मेडिकल कॉलेजों में मेधावी छात्रों के प्रवेश को लेकर इस सरकार को बिलकुल भी चिंता नहीं है। चर्चा यह है कि राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग दिल्ली फिर से इन तीन नए मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश की अनुमति नहीं देगा। मेडिकल कॉलेज अपनी कमियों का हवाला दे रहे हैं। यदि प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई तो यह सैकड़ों छात्रों को चिकित्सा में उनके करियर से वंचित कर देगा। ऐसा होने पर इन तीन नए मेडिकल कॉलेजों में एक-एक सौ (कुल तीन सौ) छात्र प्रवेश से बाहर हो जाएंगे।

क्या यह सरकार बता सकती है कि इन तीन नए मेडिकल कॉलेजों में फैकल्टी क्यों खाली हैं? मुझे पता है कि डाल्टनगंज के पोखराहा में मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज संकायों की भारी कमी का सामना कर रहा है। मुझे बताया गया है कि इस सरकार ने इस कॉलेज से चार फैकल्टी सदस्यों का तबादला सर्जरी, ऑर्थो, गायनिक और पैथोलॉजी विभाग से किया है, लेकिन आज तक यहां कोई प्रतिस्थापन नहीं भेजा गया है। क्यों? स्वास्थ्य विभाग में स्थानांतरण एक बहुत ही आकर्षक व्यवसाय है। मैं कहता हूं कि यह इस सरकार में एक उद्योग है।

हेमन्त सरकार के तुष्टिकरण के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा: दीपक प्रकाश

0
कार्यालय में काला बिल्ला लगाकर  काला दिवस मानते प्रदेश अध्यक्ष सांसद दीपक प्रकाश एवम अन्य पदाधिकारी
कार्यालय में काला बिल्ला लगाकर काला दिवस मानते प्रदेश अध्यक्ष सांसद दीपक प्रकाश एवं अन्य पदाधिकारी

हेमन्त सरकार की तुष्टिकरण नीति के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विधानसभा घेराव में हुए लाठीचार्ज के विरोध में प्रदेश के सभी 27 सांगठनिक जिलों के कार्यकर्ताओं ने काला दिवस मनाया। काला दिवस पर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने काला बिल्ला लगाकर विरोध दर्ज किया। प्रदेश कार्यालय में भी पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने काला बिल्ला लगाकर काम किया।

महज दो सालों में इतनी बदनाम सरकार नहीं देखी

लाठीचार्ज में घायल प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि सरकार लाठी के दम पर तुष्टिकरण नीति लागू करना चाह रही है।
इतिहास में शायद ही कोई सरकार होगी जिसके खिलाफ मात्र 2 साल में इतना जनाक्रोश होगा। प्रकाश ने कहा कि नारी शक्ति पर प्रहार और अत्याचार झारखंड की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।

जितनी ज्यादा लाठियां बरसाओगे, उतनी जल्दी तुम्हारी सरकार जाएगी

दीपक प्रकाश ने कहा कि मुख्यमंत्री जी आज आपने जितनी भी लाठियां भाजपा कार्यकर्ताओं पर बरसाई है, आपकी कुर्सी उतनी ही जल्दी जाएगी। सरकार कान खोलकर सुन ले, आज पुलिस के भेष में झामुमो के गुंडों ने जो हमारे कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया है इससे हम डरने और पीछे हटने वाले नही हैं बल्कि तुष्टिकरण के खिलाफ आंदोलन और तेज होगा।

घेराव में शामिल सभी कार्यकर्ताओं का आभार- धर्मपाल सिंह

भाजपा के संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की पक्षधर है । कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति में भारतीय संस्कृति को चोट पहुचाने की हर संभव कोशिश की है। परंतु भारतीय जनता पार्टी इस कोशिश को कभी भी सफल नही होने देगी। धर्मपाल सिंह ने तुष्टिकरण के खिलाफ संघर्ष में सदन से सड़क तक शामिल सभी कार्य कर्ताओं का आभार प्रकट किया।