भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने प्रदेशभर में बंधु तिर्की का पुतला फूंका
रांची । भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उराँव ने कहा कि रूपा तिर्की प्रकरण में आदिवासी समाज के ठेकेदार बनने का ढोंग करने वाले सत्ताधारी दल के नेताओं का असली चेहरा राज्य की जनता के सामने दिख गया।
समीर उराँव ने कहा कि सीबीआई जांच के दौरान मिले ऑडियो-वीडियो क्लिप से ये साफ जाहिर होता है कि हेमन्त सरकार के एजेण्ट के रूप में काँग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष व विधायक बंधु तिर्की पीड़ित परिवार को सीबीआई जांच की मांग के बदले कई प्रलोभन देने में जुटे हुए थे।यह एक बड़े षड्यंत्र की ओर इशारा करता है।इसकी परत दर परत खुलनी की शुरूवात हो चुकी है।
समीर उराँव ने कहा कि एक आदिवासी समाज की बेटी के न्याय की लड़ाई को सत्ता में बैठे हुए लोग किसी भी हाल में दबाना और कुचलना चाहते है। उन्होंने कहा कि हेमन्त सरकार और बंधु तिर्की के इस छलावा से पूरे आदिवासी समाज आहत है एवं स्व रूपा तिर्की की आत्मा भी रो रही है।
दुमका में बंधु तिर्की का पुतला दहन करती लुईस मरांडी
लातेहार उपायुक्त अबू इमरान को निलंबित करने की मांग
झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने राज्यपाल को पत्र लिखकर विधायक बंधु तिर्की और लातेहार के उपायुक्त अबू इमरान पर कार्रवाई करने की मांग की है। रघुवर दास ने कहा है कि सभी प्रमुख समाचार माध्यमों में लातेहार उपायुक्त अबू इमरान और कांग्रेस के विधायक बंधु तिर्की के बीच बातचीत का ऑडियो-वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें उपायुक्त संविधान की शपथ लेने वाले विधायक को मुस्लिम ईलाके में जाने से सिर्फ इसलिए मना कर रहे हैं क्योंकि उनके अनुसार बंधु तिर्की को मुसलमानों ने वोट देकर जीताया है ।
रघुवर दास ने राज्यपाल को लिखा है कि इस तरह की संकिर्ण मानसिकता वाले अफसर को पूरे जिले के कानून व्यवस्था का रखवाला बनाना और उसके हाथों में बेशुमार प्रशासनिक शक्तियां देना शांति व्यवस्था के लिए खतरा हो सकता है।
रघुवर दास ने लिखा है कि अपनी बातचीत के क्रम में यह आईएएस अधिकारी अबू इमरान इस बात की दुहाई दे रहा है कि कांग्रेस के विधायक मुसलमानों की वोट पर ही जीत कर आए हैं। अर्थात कहने का मतलब है कि यदि मुसलमान कांग्रेस को वोट नहीं करते तो कांग्रेस पार्टी चुनाव नहीं जीत पाती ।
वह आईएएस अधिकारी विधायक को समझा रहा है कि क्योंकि वहां का डीसी वहां का बीडीओ और गांव वाले सभी मुसलमान है इसलिए विधायक का वहां पर आना पूर्ण रूप से अनुचित होगा। लातेहार के डीसी द्वारा इस प्रकार की सांप्रदायिक बातें एक राज्य के जनप्रतिनिधि से करना सभी सरकारी नियमों और प्रशासनिक नियमों का उल्लंघन है ।
यह दर्शाता है कि किस प्रकार से झारखंड की वर्तमान सरकार तुष्टिकरण की राजनीति और अल्पसंख्यकों में भेदभाव और आपसी मनमुटाव बढ़ाने के उद्देश्य से इस प्रकार के गंदे और संकीर्ण मानसिकता रखने वाले अधिकारियों का पदस्थापन लातेहार जैसे संवेदनशील जिला में की है।
डीसी लातेहार का आचरण और कार्यशैली अत्यंत निंदनीय तो है ही इसके साथ साथ जिस जनप्रतिनिधि के साथ उनकी बातचीत हो रही है उनकी भी भूमिका अत्यंत निंदनीय, गंदी और तुष्टीकरण की राजनीति से भरपूर नजर आती है।
यदि उक्त कांग्रेसी विधायक के मन में जरा सी भी शर्म होती और अपने कर्तव्य और संविधान के प्रति ली हुई प्रतिज्ञा और शपथ और आस्था होती तो वह खुद ब खुद इस पूरी घटना की शिकायत वरीय अधिकारियों से करता या राज्य के नेताओं को बताता जो कि उसने नहीं किया।
ब्लास्ट के बाद रेलवे का गार्ड रूम पूरी तरह क्षतिग्रस्त
बोकारो: बोकारो रेलवे स्टेशन के पास बने संयुक्त चालक एवं गार्ड रनिंग रूम में अचानक से हुए विस्फोट में अफरा तफरी मच गई। इस विस्फोट के बाद लोगों को यह समझ नहीं आ रही थी कि आखिर यहां हुआ क्या है। लेकिन थोड़ी देर बाद यह जानकारी मिली की रनिंग रूम के किचन में एलपीजी सिलेंडर विस्फोट हुआ है ।इस विस्फोट में किचन का एक दीवार पूरी तरह ढह गया।
इस हादसे में किचन में खाना बना रहा कुक हराधन और सहयोगी सरिता को हल्की चोट आई है। हालांकि रेलवे के अधिकारी इस मामले को लेकर कुछ भी बोलने से बचते नजर आये। लेकिन बोकारो के ए आर एन अरविंद प्रदीप एस में घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि घायल कुक की स्थिति ठीक है। इलाज के लिए उसे आद्रा रेलवे अस्पताल भेज दिया गया है।
घटना के बाद फायर ब्रिगेड के अधिकारी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा भी ले रहे हैं। जानकारी के मुताबिक रेलवे स्टेशन में लोको पायलट और सहायक लोको पायलट के आराम करने के लिए यह रनिंग रूम बनाया गया है। जहां इन लोगों के लिए एक किचन भी बना हुआ है। जिसमें खाना बनाने का काम होता है ।खाना बनाने का काम किसी वेंडर को दिया हुआ है। आज सुबह जब कुक और उसकी सहयोगी खाना बना रहे थे। इसी दौरान एलपीजी गैस सिलेंडर में जबरदस्त ब्लास्ट हुआ ।
ब्लास्ट इतना जबरदस्त था कि एक दीवार पूरी तरह से ध्वस्त हो गया और वहां रखा पूरा सामान तितर-बितर हो गया। वहां रखे कई सिलेंडर बाहर उड़ गए। खाना बना रहे हराधन को चोट अधिक लगी है। जिसका इलाज कराया जा रहा है। वही सहयोगी सरिता को भी हल्की चोट आई है ।
पहले तो रेलवे के अधिकारी इस मामले पर कुछ भी बोलने से बचते नजर आए। लेकिन बाद में बोकारो रेलवे के एआरएम अरविंद प्रदीप एस ने बताया कि घटना हुई है। एलपीजी गैस सिलेंडर में खाना बनाने के क्रम में ब्लास्ट हुआ है। जिसमें कुक घायल हुआ है। जिसका प्राथमिक उपचार यहां के चिकित्सकों ने किया है। उसके बाद उसको रेलवे अस्पताल आद्रा रेफर कर दिया गया है ।
उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच की जाएगी। हमारा पहला लक्ष्य था कि घायल का इलाज करना। क्योंकि यहां खाना बनाने का जिम्मा वेंडर को दिया गया है। उसके साथ बैठकर पूरे मामले की जानकारी ली जाएगी। आगे इस तरह की घटना नहीं हो उसके लिए जो भी सुरक्षा मानक का इस्तेमाल किया जाना है उसे दुरुस्त किया जाएगा।
फायर ब्रिगेड के अधिकारी सुरेंद्र यादव मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। जहां उन्होंने बताया कि एलपीजी गैस सिलेंडर में अचानक विस्फोट होने की बात कही गई है। गैस सिलेंडर कमर्शियल और घरेलू दोनों हैं । ऐसे में कह पाना अभी मुश्किल है कि किस सिलेंडर के इस्तेमाल का आदेश है।
झारखंड में ऑडियो-वीडियो वायरल कर बदनाम करने का पुराना इतिहास रहा है
पिछले एक हफ्ते में कांग्रेस के दो विधायकों के ऑडियो और वीडियो मीडिया में लीक हुए हैं (या लीक करवाये गये हैं) । तीन दिनों के अंदर कांग्रेस विधायक बंधु तिर्की के दो वीडियो लीक हुए । पहले वीडियो में वो रूपा तिर्की के परिजनों को सीबीआई जांच की मांग छोड़ने के बदले पेट्रोल पंप, नौकरी और न जानें क्या-क्या प्रलोभन देते देखे जा सकते हैं।
दूसरे वीडियो में बंधु तिर्की को डीसी अबु इमरान कहते हैं कि डीसी मुस्लिम, ईलाका मुस्लिम, सीओ मुस्लिम और आपको जीताया भी मुसलमानों ने ही है ।
तीसरा ऑडियो क्लिप कांग्रेस के एक और विधायक इरफान अंसारी का वायरल हो रहा है, जिसमें वो एसडीओ को धमकी देते हुए कहते हैं कि आप अल्पसंख्यकों को परेशान मत कीजिए, ये भाजपा का राज नहीं है।
कहीं जानबूझकर तो लीक नहीं कराए जा रहे हैं वीडियो लीक ?
बंधु तिर्की हो या इरफान अंसारी, दोनों में मंत्री बनने की क्षमता है या दोनों कम से कम बोर्ड-निगम के चेयरमैन पद की योग्यता तो रखते ही हैं। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि कहीं पार्टी के अंदर उनके राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी ही तो जानबूझकर ऑडियो- वीडियो लीक नहीं करवा रहे ? इस आशंका को इसलिए भी बल मिल रहा है क्योंकि इरफान अंसारी का जो ऑडियो लीक हुआ है वो क्रिसमस के पहले का है यानि तकरीबन एक साल पुराना। यानि यह किसी भी कीमत पर विवाद में घसीटने की कोशिश लगती है।
हेमंत सोरेन को शपथ लिए दो साल होने को हैं लेकिन 12 वां मंत्री पद और बोर्ड निगमों के चेयरमैन के तमाम पद खाली हैं। इसके अलावा भी कांग्रेस के अंदर ही आपसी वर्चस्व की जंग अंदर ही अंदर चलती रहती है। ऐसे में ये कयास लगाए जा रहे हैं कि कोई अपना और अंदर का आदमी ही कांग्रेस के विधायकों को बदनाम करने की साजिश रच रहा है।
सरायकेला: दक्षिण पूर्व रेलवे के चांडिल-मुरी रेलखंड के बीच स्थित तिरुलडीह रेलवे स्टेशन में मंगलवार रात को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दरअसल मैंन लाइन में चांडिल की ओर से मुरी की ओर जा रही एक मालगाड़ी के एक बोगी में आग लगने की सूचना लेटेमदा रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर ने तिरुलडीह रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर को करीब साढ़े सात बजे दिया।
इस सूचना पर स्टेशन मास्टर ने त्वरित करवाई करते हुए तिरुलडीह रेलवे स्टेशन में मालगाड़ी को रोक दिया। इसके बाद रेल कर्मियों के द्वारा आग को बुझाने का प्रयास किया गया। वही कुछ देर के बाद आग अपने आप बुझ गया। इसके बाद मालगाड़ी के एक बोगी को मैन लाइन में छोड़कर एक साइड वाली बोगी को चांडिल व दूसरे साइड वाली बोगी को मुरी भेज दिया गया है।
इधर एहतियात के तौर पर कोई बड़ा हादसा न हो इसको लेकर घटना की सूचना स्टेशन मास्टर ने करीब साढ़े आठ बजे चांडिल दमकल सेवा को ओर रेलवे विभाग को भी दिया। जहां इसके बाद आरपीएफ के कर्मी, रेलवे के ईएन, आरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट सहित कई कर्मी ओर पदाधिकारियों का तिरुलडीह रेलवे स्टेशन पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ।
इसके बाद सभी अधिकारियों ने वस्तुस्थिति का जायजा लिया। घटना के बीच हटिया से टाटानगर लौट रही मेमू पैसेंजर ट्रेन को करीब चार घंटे तक इलू रेलवे स्टेशन पर रोक कर रखा गया। वही रात के करीब 11 बजकर 25 मिनट में दमकल वाहन पहुंचने के बाद रेलवे के अधिकारी व दमकल कर्मी संतुष्ट हुए। इसके बाद रात के करीब 11 बजकर 40 मिनट में तीसरे नम्बर प्लेटफॉर्म में हटिया-टाटा मेमू पैसेंजर ट्रेन आयी ओर रात करीब 12 बजे हटिया-हावड़ा एक्सप्रेस को पास किया गया।
पूरे घटनाक्रम के दौरान यात्री भी काफी परेशान दिखे, वही तिरुलडीह रेलवे स्टेशन के आसपास के कई यात्री घर भी वापस भी लौट गए। वही रेलवे के अधिकारी भी कैमरे के सामने आने से बचते हुए दिखे ओर कुछ भी अधिकारिक बयान देने से इंकार कर दिया
अखाड़ परिषद् के अध्यक्ष नरेन्द्र गिरी ने अपनी मौत से पहले जो सुसाइड लेटर लिखा था उसमें उन्होंने अपने शिष्य आनंद गिरि पर कई सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। उन्होंने लिखा है कि आनंद गिरि उनकी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल करने वाला है, जिसमें वो महिलाओं के साथ आपत्तिजनक स्थिति में हैं।
महंगी गाडियाँ और राजकुमार की तरह जीवन का शौकीन है आनंद गिरि
नरेन्द्र गिरी ने अपने सुसाइड नोट में लिखा है कि आनंद गिरि ने मुझे कहीं का नहीं छोड़ा। इसके साथ ही उन्होंने कुछ अन्य लोगों के भी नाम लिए हैं। उन्होंने लिखा है कि वो पहले ही आत्महत्या करना चाहते थे, लेकिन उनकी हिम्मत नहीं हुई ।
आप भी पढ़ें अखाड़ परिषद के अध्यक्ष नरेन्द्र गिरी का सुसाइड लेटर, जो उनके कमरे से बरामद हुआ।
उज्ज्वल दुनिया संवाददाता, हजारीबाग। हजारीबाग की सदर थाना पुलिस ने भाजपा नेता टोनी जैन को गिरफ्तार कर लिया है।
वह जैन धर्मशाला में एक कार्यक्रम में भाग लेने आए थे। उन पर 58 लाख रुपए गबन का आरोप है।
इस मामले में तीन अन्य आरोपी फरार हैं। इनमें एक राजनीतिक दल से ही जुड़ा व्यक्ति है। वह पुलिस को देखते ही भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस कई बार दोनों के घर पर इश्तेहार चिपका चुकी थी।
बताया जाता है कि रामप्यारी स्टील बर्तन मालिक सुमित कुमार ने टोनी जैन व अन्य पर 58 लाख रुपए की हेराफेरी का आरोप लगाते हुए कांड संख्या-134/2018 दर्ज कराया था।
इसमें उन्हें आरोपी बनाया गया था। घटना के बाद से पुलिस मामले की जांच कर रही थी।
सदर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर टोनी जैन को धर्मशाला से गिरफ्तार कर लिया।
टोनी जैन भाजपा में पूर्व जिला कोषाध्यक्ष के पद पर भी थे।
रूपा तिर्की के परिजनों को सीबीआई जांच के बदले प्रलोभन देना एक बड़े षड्यंत्र का हिस्सा– नवीन जयसवाल
खुद को आदिवासियों का मसीहा/हितैषी बताने वाले नेता ही जब आदिवासी बेटी के लिये न्याय की मांग का सौदा करने लगे तो भला हमारे निश्छल(भोले-भाले) आदिवासी भाई-बहन किस पर विश्वास करें..? न्याय और अन्याय की लड़ाई में कौन उनके साथ खड़ा होगा..?
ये बातें हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने कही । उन्होंने कहा कि झारखंड की बेटी रूपा तिर्की की मौत संदेहास्पद परिस्थितियों में हो जाती है । उसके परिजनों के साथ-साथ पूरा विपक्ष चीख-चीख कर सीबीआई जांच की मांग सरकार से करता है,मगर झारखंड सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंगती है । खुद को आदिवासियों की हितैषी बताने वाली वर्तमान झारखंड सरकार और उसका पूरा सरकारी महकमा दोषियों को बचाने में जुट जाता है,सिर्फ इसलिए कि आरोप एक ऐसे शख्स पर है जो सूबे के मुखिया का सबसे करीबी है,और उनका प्रतिनिधि भी है ।
नवीन जायसवाल ने कहा कि बात यहीं खत्म नहीं होती । कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और आदिवासियों के स्वघोषित मसीहा सत्तारूढ़ दल के एक विधायक आदिवासी बेटी की मौत का सौदा करने पहुंच जाते हैं । रूपा के परिजनों को सीबीआई जांच की मांग नहीं करने के लिए प्रलोभन देते हैं । डीएसपी रैंक का एक अधिकारी रूपा के पिता को धमकी देता है । उस पर झूठे मुकदमे करवाता है,सिर्फ इसलिए की न्याय की जो मांग उसके परिजन कर रहे हैं उसको दबाया जा सके ।
हटिया विधायक ने सवाल किया कि क्या एक पिता अपनी बेटी के लिए इंसाफ की मांग भी नहीं कर सकता ? एक आदिवासी परिवार की बेटी का छोटे से गांव से सीमित संसाधनों में पढ़-लिख कर दरोगा बनना पूरे राज्य के लिए गौरव की बात थी । रूपा अपने कार्यों एवं ईमानदारी की वजह से पूरे राज्य का नाम रौशन कर रही थी । अचानक उसकी मौत संदेहास्पद परिस्थितियों में हो जाती है । मॄत्योपरांत उसकी तस्वीरें और अन्य कई परिपेक्ष्यों को सुनने व देखने के उपरांत ये साफ-साफ प्रतीत होता है कि रूपा की मृत्यु पूरी तरह संदिग्ध है । संभव है कि रूपा तिर्की किसी बड़ी साजिश की शिकार हो गयी हो,पर सत्ता में बैठे लोग अपनी पोल खुलने के डर से उसकी मौत का सौदा करने में लगे हुए थे ।
नवीन जायसवाल ने कहा कि अब जबकि माननीय उच्च न्यायालय ने रूपा तिर्की की मौत को असामान्य मानते हुए सीबीआई जांच कराने की बात कही है तो सीबीआई को ये भी जांच करना चाहिए कि किन परिस्थितियों में और किस मकसद से कांग्रेस पार्टी के विधायक बंधु तिर्की जी रूपा के परिजनों को सीबीआई जांच की मांग नहीं करने और राज्य सरकार द्वारा गठित कमिटी से ही न्यायिक जांच करवाने के फैसले पर सहमति जताने के लिए बाध्य कर रहे थे । कहीं ये अपरोक्ष रूप से दोषियों को बचाने की कवायद तो नहीं थी..? आखिर ऐसी क्या परिस्थितियां रही होंगी कि माननीय विधायक जी को घंटों बैठ कर सीबीआई की कमियां और उसकी बुराई बताने तथा राज्य सरकार द्वारा गठित टीम की तारीफ के पुल बांधने पड़े । सीबीआई जांच के दौरान मिले ऑडियो क्लिप से ये साफ जाहिर होता है कि सरकार के दूत के रूप में बंधु तिर्की पीड़ित परिवार को सीबीआई जांच की मांग के बदले कई प्रलोभन देने में जुटे हुए हैं । ऐसे में ऑडियो में की गई वार्ता को भी संदेहास्पद मानते हुए सीबीआई को इसके दूसरे पहलुओं को भी खंगालना चाहिये ।
उन्होंने कहा कि एक आदिवासी बेटी के न्याय की लड़ाई को कौन और क्यों दबाना चाहता है , ये सत्य सबके सामने आना चाहिए ? झारखंड की बेटी को हर हाल में इंसाफ मिलना ही चाहिये ।आदिवासी समाज के हितैषी होने का ढोंग रचने वाले सत्तारूढ़ दल और उसके नेताओं का असली चेहरा राज्य की जनता के सामने दिख गया है। उन्होंने कहा कि आदिवासी के नाम पर आदिवासियों का शोषण करने वालों से आदिवासी जनता सावधान रहे ।
गिरिडीह । गिरिडीह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत गिरिडीह जमुआ रोड के बीच कोवाड जंगल में एक महिला की गला रेत कर हत्या कर दी गई है। फिलहाल अभी महिला का कुछ पता नहीं चला है । महिला नई साड़ी एवं चप्पल भी साथ में पायी गई है और जिस जगह पर महिला की गला रेत कर हत्या की गई है उस जगह पर एक पानी का बोतल भी पाया गया है ।
बताया जाता है कि मंगलवार की शाम को गाय चरा रही महिला जब जंगल की तरफ मवेशी को लाने गयी तो उसकी नजर शव पर पड़ी । महिला ने शोर मचाया तो लोगों की भीड़ जमा हो गई । इसी बीच रास्ते से गुजर रहे नगर थाना प्रभारी रामनारायण चौधरी भीड़ देखकर रुके । उन्होंने इसकी सूचना आलाधिकारियों को दी, जिसके बाद एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह और मुफस्सिल प्रभारी विनय राम मौके पर पहुंचे।
मृतक महिला के एक पैर में चप्पल है. वहीं शव के पास नए चाकू का कवर भी मिला है । ऐसी संभावना है कि महिला को जंगल में ही मारा गया होगा. हालांकि अभी पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है ।
आसपास के इलाके से भी किसी महिला के लापता होने की जानकारी ली जा रही है । मृतक महिला की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी । महिला की उम्र लगभग 30 साल बतायी जा रही है ।
एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह ने कहा कि महिला की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है । हत्यारों की भी खोज की जा रही है । जल्द ही मामले का खुलासा हो जाएगा ।
आदिवासियों के हितैषी नहीं, सरकार का दलाल बन फोन कर रहे थे बंधु तिर्की
रांची। साहेबगंज में पदस्थापित आदिवासी महिला दरोगा रूपा तिर्की मौत मामले में रूपा के परिजनों को सीबीआई जांच की मांग छोड़ने के लिए कांग्रेस के विधायक बंधु तिर्की द्वारा प्रलोभन देने का ऑडियो और वीडियो सीबीआई को प्राप्त हुआ है।
आदिवासी समाज की हितैषी की ढोंग रचने वाली झामुमो, काँग्रेस का चेहरा राज्य की जनता के सामने दिख गया है। कि किस प्रकार से आदिवासी समाज की बेटी रूपा तिर्की मामले में राज्य सरकार केस की लीपापोती में लगी हुई थी, ये बातें भाजपा विधायकदल नेता एवम पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कही।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सरकार में शामिल लोग किसी भी हाल में सीबीआई जांच कराने के पक्षधर नही रहे है,क्योंकि उन्हें पता था कि सीबीआई जांच होने से रूपा तिर्की की संदेहास्पद अवस्था मे हुई मौत का राज परत दर परत खुलने से उनके लोग फंसेंगे। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के साथ इस छलावा के लिए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष विधायक बंधु तिर्की को इस प्रकरण के लिए कभी माफ नही करेगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा शुरू से ही इस घटना पर सीबीआई जांच की मांग कर रही थी। आगे माननीय उच्च न्यायालय ने इसकी पुष्टि की।
मवेशी तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी, 104 मवेशियों के साथ 18 तस्कर गिरफ्तार
गिरिडीह। गिरिडीह जिले में मवेशी तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। जिले की बगोदर पुलिस ने 12 पिकअप वैन के साथ 104 मवेशियों को जब्त किया है और 18 तस्करों को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ नौशाद आलम के नेतृत्व में टीम गठित कर बगोदर थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थानों पर अभियान चलाया गया। इसी दौरान इन पिकअप वैन को जब्त किया गया, जिनमें मवेशियों को क्रूरतापूर्वक लादकर बिहार से जीटी रोड होते हुए बंगाल की ओर ले जाया जा रहा था।
एसडीपीओ ने बताया कि जीटी रोड अटका से तीन और जीटी रोड घंघरी टोल प्लाजा के पास 9, कुल 12 पिकअप वैन को जब्त किया गया है। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई में कुल 104 मवेशियों को बरामद किया गया है। इनमें 65 बड़े एवं 39 छोटे मवेशी शामिल हैं। इन मवेशियों को मधुबन स्थित गौशाला भेज दिया गया है। गिरफ्तार लोगों को जेल भेज दिया गया है। एसडीपीओ ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर वाहन चेकिंग अभियान चलाकर पुलिस की ओर से यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि वाहनों को जब्त करने के बाद गिरफ्तार लोगों से कागजातों की मांग करने पर लोगों ने असमर्थता जतायी। गिरफ्तार लोगों में गाड़ियों के ड्राइवर और खलासी मुख्य रूप से शामिल हैं।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने हेमन्त सरकार में शामिल कांग्रेस झामुमो और राजद पर जमकर निशाना साधा। प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने हेमन्त सरकार पर आरक्षण के नाम पर नॉटंकी करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि केंद्र में पिछड़ों के लिए 27 और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग के लिए 10 फीसदी लागू है। केंद्र सरकार की तरह झारखंड में भी आरक्षण लागू करे हेमन्त सरकार।
दीपक प्रकाश ने कहा कि जिन्हें आरक्षण लागू करना है वे आरक्षण के नाम पर नाटक कर रहे हैं। पिछड़ों को कांग्रेस ने सबसे ज्यादा छलने का काम किया है। और जेएमएम ने सर्वाधिक पिछड़ा समाज को ठगने का कार्य किया है। और अब घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं। ओबीसी पिछड़ा समाज के हमदर्द बनने का प्रयास कर रहे हैं।
दीपक प्रकाश ने कहा कि पिछड़ा आयोग को दर्जा, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को 10 फीसदी आरक्षण देने का कार्य मोदी जी ने किया। जबकि लंबे समय तक यूपीए की सरकार थी। मेडिकल में मोदी जी ने 27 फीसदी आरक्षण दिया।
उन्होंने कहा कि एक तरफ राज्य में कांग्रेस सरकार में शामिल है और फिर धरना किसके खिलाफ दे रही है। झारखंड की जनता इनके चाल, चरित्र को जानती है। कैबिनेट में आपके लोग शामिल हैं। ड्रामेबाजी छोड़ पिछड़ों को व आर्थिक रूप से पिछड़े हैं उन्हें आरक्षण दें।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पिछड़ों का दिखावा करती रही है। राहुल सोनिया की बजाए पिछड़ा को राष्ट्रीय अध्यक्ष क्यों नहीं बनाते। जेएमएम पिछड़ा मोर्चा खड़ा करे। उन्होंने कहा कि अपनी असफलताओं को छुपाने के लिए नॉटंकी कर रही है। नाटक बंद कर राज्य के विकास, गरीबी, शिक्षा, चिकित्सा, पानी, सड़क, भूख, के लिए सोचना शुरू करें। उन्हें डर है कि भाजपा की सरकार आने वाली है। इसलिए विधवा विलाप कर रही है।
मेदिनीनगर (उज्ज्वल दुनिया)। डालटनगंज-रांची एनएच 39 पर सतबरवा थाना क्षेत्र के दुबियाखांड़ में सिम्मी नामक यात्री बस का अचानक ब्रेक फेल कर गया। घटना के बाद बस में सवार 50 यात्रियों ने किसी तरह बस से कूदकर अपनी जान बचायी, जिससे यात्रियों को हल्की चोटें आयी. हालांकि चालक द्वारा तत्काल सुझबूझ दिखाए जाने से बस हादसे का शिकार होने से बाल बाल बच गया। जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के दुबियाखांड डीएवी कॉलेज के समीप डालटनगंज से बरवाडीह की और जा रही सिम्मी नामक बस संख्या (जेएच 03टी0187) का अचानक ब्रेक फेल हो गया, जिससे बस पर सवार करीब 50 यात्रियों की जान बाल बाल बची। बताया जाता है कि सोमवार के 3 बजे के करीब बस डालटनगंज से चलकर लातेहार के बरवाडीह जा रही थी। इसी बीच इंजीनियरिंग कॉलेज के ढलान पर सिम्मी बस का ब्रेक फेल हो गया।ड्राइवर के द्वारा यात्रियों को सूचना दी गई कि बस का ब्रेक फेल हो गया है। यात्रियों ने साहस का परिचय देते हुए बस से छलांग लगाना शुरू कर दिया। इसी बीच चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए गाड़ी को गियर में डाल दिया, जिससे बस की रफ्तार धीमी हो गई। नतीजा यात्रियों को बस से छलांग लगाकर उतरने में ज्यादा परेशानी नहीं हुई। हालांकि उतरने के क्रम में कई लोगों को मामूली चोट आयी है। बस रुकने के बाद मौजूद सवारियों ने बस मालिक पर जमकर गुस्से का इजहार किया। यात्रियों ने बताया कि बस काफी जर्जर अवस्था में है। थोड़ी सी लापरवाही अगर होती तो बहुत बड़ा हादसा हो जाता।
हमारे लिए तो बिहार-झारखंड के लोग आपस में भाई-भाई हैं- नीतीश
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मगही-भोजपुरी वाले बयान पर पहली बार टिप्पणी की है। नीतीश कुमार ने कहा कि राजनीति में पॉलिटिकल माइलेज लेने के लिए बयानबाज़ी की जाती है, लेकिन मुझे नहीं लगता है कि हेमंत सोरेन बिहारी या फिर भोजपुरी-मगही बोलने वालों से नफरत करते हैं।
नीतीश कुमार ने कहा कि हमारे लिए तो बिहार-झारखंड भाई-भाई हैं। जिन्हें दोनों राज्यों के लोगों के बीच झगड़ा लगवा कर फायदा होता है तो वे फायदा उठा लें, हमें तो इससे कोई फायदा नजर नहीं आता।
झारखंड के रहने वाले भी अपने ही हैं- नीतीश
पटना में जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि झारखंड और बिहार भाई-भाई हैं। हम तो झारखंड वालों को अपना ही मानते हैं। नीतीश ने कहा अगर किसी को इससे राजनीतिक लाभ होता है तो वो ले।
नीतीश ने कहा कि 2000 में बिहार दो हिस्सों में बंटा, पहले तो एक ही था। हमारा स्नेह आज भी पड़ोसी राज्य पर बना हुआ है। बिहार के लोगों को झारखंड के प्रति पूरा प्रेम है। झारखंड के लोग भी बिहार वालों को पंसद करते हैं। बिहार के लोगों की झारखंड वासियों के प्रति गलत भावना नहीं है। नीतीश ने कहा कि बिहार-झारखंड एक ही परिवार के हैं। लोग राजनीति को ध्यान में रखते हुए बोलते रहते हैं, ये बात समझ नहीं आती।
किसी भाषा को बोलने से कोई अच्छा या खराब आदमी थोड़ी न होता है?
नीतीश ने कहा जिस वक्त बिहार और झारखंड अलग हुए थे तब लोगों में मायूसी थी। लोग कहते थे कि झारखंड अलग हो गया तो बिहार बरबाद हो जाएगा, लेकिन अब बताइए कि क्या है कुछ याद? नीतीश ने कहा कि जो भाषा बिहार में बोली जाती है क्या वो झारखंड के लोग नहीं बोलते? इन सब बातों के विषय में सोचना नहीं चाहिए। नीतीश ने कहा कि अगर इसका किसी को लाभ मिलता है तो वो ले, हम तो इस तरह की बातों के बारे में नहीं सोचते।
कल तक तो बिहार-झारखंड एक ही था, फिर आपस में नफरत कैसा ?
नीतीश कुमार ने कहा कि कलतक तो हम सब एक ही थे । आज भी न जाने कितने ऐसे लोग होंगे जो एक-दूसरे राज्य में नौकरी करते होंगे। फिर आपस में नफरत पालकर, मन में कड़वाहट पालकर क्या हासिल होगा, मुझे समझ में नहीं आता । हो सकता है कि बिहार या बिहार की किसी भाषा को गाली देने से उनको कुछ वोट का फायदा होता होगा। अगर ऐसा है तो उनको मेरी शुभकामनाएं।
हेमंत सोरेन ने कहा था कि भोजपुरी और मगही भाषा झारखंड की नहीं बिहार की है। झारखंड का बिहारीकरण किया जा रहा है। हेमंत ने कहा था कि भोजपुरी में महिलाओं को गंदी-गंदी बातें कही जाती हैं।
सरायकेला: सरायकेला जिला में जंगली हाथियों का तांडव जारी है ओर जंगली हाथियों के तांडव से लोग दहशत में है। इधर सोमवार को ईचागढ़ थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर (कुड़माबेड़ा) गांव में रात के करीब 9 बजे सतु महतो(62) नामक एक बुजुर्ग व्यक्ति को कुचलकर जान ले ली। बताया जा रहा है कि मृतक सतू महतो बिरडीह टोला रहाड़डीह श्राद्धभोज खाने गया था, वही भोज खाने के बाद घर लौटने के क्रम में जंगली हाथी ने चपेट में ले लिया और कुचल कर जान ले लिया। इधर घटना के बाद क्षेत्र के लोगो मे दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार तत्कालीन उपमुख्यमंत्री स्व.सुधीर महतो के कार्यकाल के दौरान मृतक सतु महतो के पत्नी को भी जंगली हाथी ने कुचलकर जान ले लिया था। उस दौरान वन विभाग ने इन्हें ढाई लाख रुपये का मुआवाजा दिया था। बता दे कि बीते 24 अगस्त 2021 को भी जंगली हाथी ने ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत जारगोडीह गांव में झुंड से बिछड़े एक जंगली हाथी ने 58 वर्षीय राम कृष्ण महतो नामक एक वृद्ध वर्षीय व्यक्ति को पटक पटक कर जान ले लिया था।