Thursday 13th of August 2026 08:59:04 PM
Homeआतंकवादजम्मू-कश्मीर: कठुआ में मुठभेड़ के दौरान दो आतंकी ढेर, पांच सुरक्षाकर्मी घायल

जम्मू-कश्मीर: कठुआ में मुठभेड़ के दौरान दो आतंकी ढेर, पांच सुरक्षाकर्मी घायल

जम्मू: जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के सुदूर वन क्षेत्र में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आतंकियों को मार गिराया गया, जबकि पांच सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। गुरुवार को सुरक्षाबलों ने करीब पांच आतंकियों के एक समूह को निशाना बनाया, जो इस इलाके में घुसपैठ कर रहा था।

अधिकारियों के अनुसार, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि ये वही आतंकी थे जो पहले सान्याल वन क्षेत्र में घेराबंदी तोड़कर भाग निकले थे या फिर यह कोई नया समूह था। मुठभेड़ के दौरान भारी गोलीबारी और विस्फोट हुए।

कैसे शुरू हुई मुठभेड़?
यह मुठभेड़ घटी जोथाना के जखोले गांव के पास हुई, जहां शुरुआती गोलीबारी में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। घायल पुलिसकर्मी को कठुआ के अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रेफर किया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

दोपहर तक चार और सुरक्षाकर्मी घायल हो गए, जिन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस संयुक्त अभियान में जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG), सीमा सुरक्षा बल (BSF) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) शामिल थे।

रविवार को हिरानगर सेक्टर में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी समूह को रोकने की कोशिश की थी, लेकिन वे बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन के बावजूद भागने में सफल रहे। अब आशंका जताई जा रही है कि वही आतंकी समूह 30 किलोमीटर दूर फिर से सक्रिय हुआ है।

मुठभेड़ में क्या-क्या मिला?
सोमवार (24 मार्च) को सुरक्षा बलों ने हिरानगर मुठभेड़ स्थल से चार लोडेड मैगजीन, एम4 कार्बाइन, दो ग्रेनेड, बुलेटप्रूफ जैकेट, स्लीपिंग बैग, ट्रैकसूट और आईईडी बनाने की सामग्री बरामद की।

कठुआ आतंक का नया गढ़ बन रहा?
कठुआ जिला हाल के वर्षों में आतंकवादियों के लिए नई घुसपैठ का केंद्र बन गया है। यहां से आतंकी उधमपुर, डोडा और किश्तवाड़ के ऊंचे इलाकों में पहुंचते हैं और फिर कश्मीर घाटी तक पहुंचने की कोशिश करते हैं। पिछले एक साल में जम्मू क्षेत्र में कई आतंकी घटनाएं सामने आई हैं।

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 2024 में जम्मू क्षेत्र में आतंकवाद से जुड़ी घटनाओं में कुल 44 लोगों की मौत हुई, जिनमें 18 सुरक्षाकर्मी और 13 आतंकी शामिल थे। अकेले डोडा, कठुआ और रियासी जिलों में नौ-नौ हत्याएं दर्ज की गईं, जबकि किश्तवाड़ में पांच, उधमपुर में चार, जम्मू और राजौरी में तीन-तीन तथा पुंछ में दो लोगों की मौत हुई।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments